फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Crisis LIVE: इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान में की एयरस्ट्राइक; ईरानी हमलों में 140 अमेरिकी सैनिक घायल

Wed, 11 Mar 2026 08:03 PM IST
Himanshu Singh Chandel वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Israel-Iran War Live Updates: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब बारहवें दिन में प्रवेश कर चुका है। पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है। भारत ने कहा है कि तेजी से बदलती परिस्थितियों पर सरकार की पैनी नजर है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:39 PM, 11-Mar-2026

दुबई एयरपोर्ट के पास गिरा ईरानी ड्रोन, भारतीय समेत चार लोग घायल

ईरान ने बुधवार को एक बार फिर दुबई पर ड्रोन से हमला किया। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो ड्रोन गिरने से घाना के दो नागरिक, एक बांग्लादेशी और एक भारतीय घायल हो गए। 

दुबई मीडिया कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर जारी पोस्ट के अनुसार, "प्राधिकरणों ने पुष्टि की है कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएक्सबी) के आसपास कुछ समय पहले दो ड्रोन हमले किए गए। इन हमलों में दो घानाई नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक घायल हुए, जबकि एक भारतीय नागरिक को थोड़ी चोटें आई हैं। हवाई यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।"

बुधवार को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की थी कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहे हैं। मंत्रालय ने लोगों से सुरक्षा और सतर्कता के निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, "यूएई का हवाई रक्षा बल वर्तमान में ईरान से आने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है। जो आवाजें सुनी गई हैं, वे एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइल और ड्रोन को रोकने की थीं। जनता से अनुरोध है कि सुरक्षा और सतर्कता के निर्देशों का पालन करें। यूएई में ईरान के मिसाइल हमले संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हमलों के जवाब में किए गए हैं, जो 28 फरवरी से जारी हैं।
 

08:03 PM, 11-Mar-2026

रोमानिया के शीर्ष रक्षा निकाय ने अमेरिका के अनुरोध को मंजूरी दी

रोमानिया के शीर्ष रक्षा निकाय ने बुधवार को अमेरिका के उस अनुरोध को मंजूरी दे दी, जिसमें ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान में मदद के लिए इस नाटो देश के सैन्य अड्डों में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ाने और उनका उपयोग करने की बात कही गई थी। राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने रक्षा पर राष्ट्रीय सर्वोच्च परिषद की बैठक के बाद यह जानकारी दी।

बैठक का आयोजन पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव पर चर्चा करने के लिए किया गया था। इस समझौते के तहत विमानों में ईंधन भरने और उपग्रह संचार एवं निगरानी उपकरणों के लिए सैनिकों की अस्थायी तैनाती की अनुमति होगी।
 

07:57 PM, 11-Mar-2026

पश्चिम एशिया संकट: आज दिनभर क्या-क्या घटनाएं हुईं?

 

  • ईरानी मीडिया ने बताया कि पश्चिमी और पूर्वी तेहरान में बमबारी हुई और राजधानी में लड़ाकू विमानों की आवाज सुनी गई।
  • इस्राइल ने लेबनान पर हवाई हमले जारी रखे और देश के दक्षिणी हिस्से में लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया। अब तक 21 लोग मारे जा चुके हैं।
  • हिजबुल्ला ने दावा किया कि उसने दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सेना के ठिकानों को निशाना बनाया, क्योंकि जमीनी संघर्ष तेज हो गया है।
  • इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर यह बमबारी अभियान 'जब तक जरूरी होगा' जारी रहेगा।
  • स्पेन ने इस्राइल से अपने राजदूत को वापस बुलाया। 
  • कतर ने दावा किया कि उसने तीन मिसाइल हमलों को विफल किया है। जबकि ओमान ने दावा किया कि ईरान की ओर से दो ड्रोन हमले किए गए हैं। 
 

विज्ञापन
07:23 PM, 11-Mar-2026

विदेश मंत्री जयशंकर ने रूसी समकक्ष से पश्चिम एशिया संकट पर की चर्चा

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लाइरोव से फोन पर बातचीत की और उनसे पश्चिम एशिया में जारी संकट पर चर्चा की। विदेश मंत्री नेए एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि रूसी विदेश मंत्री के साथ फोन पर अच्छी बातचीत हुई। हमने पश्चिम एशिया संघर्ष और कूटनीतिक प्रयासों पर अपने आकलन साझा किए। साथ ही हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा की भी समीक्षा की। 
 

03:05 PM, 11-Mar-2026

ईरान ने कहा- पश्चिम एशिया में बैंक और वित्तीय संस्थान अब अगला लक्ष्य

ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने घोषणा की है कि अब बैंक और वित्तीय संस्थान को पश्चिम एशिया में संभावित लक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। यह बयान हाल के सैन्य तनाव और एयरस्ट्राइक के मद्देनजर आया है। 
 

विज्ञापन
02:04 PM, 11-Mar-2026

दुबई एयरपोर्ट के पास दो ड्रोन मार गिराए गए, एक भारतीय समेत चार लोग घायल

 दुबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएक्सबी) के पास दो ड्रोन गिराए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना में एक भारतीय नागरिक सहित कुल चार लोग घायल हो गए। दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट के आसपास उड़ रहे दो ड्रोन को मार गिराया। इसके बाद ये ड्रोन एयरपोर्ट के पास गिर गए, जिससे आसपास मौजूद लोगों को चोटें आईं।

01:19 PM, 11-Mar-2026

ईरान के हमलों के बीच कतर ने कहा- मध्यस्थ की भूमिका निभाना संभव नहीं

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच कतर ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात में वह मध्यस्थ की भूमिका नहीं निभा सकता। कतर ने कहा कि जब वह खुद हमलों का सामना कर रहा है, तब ईरान और पश्चिम के बीच बातचीत कराने की स्थिति में नहीं है। कतर के विदेश मामलों के राज्य मंत्री  मोहम्मद बिन अब्दुलअजीज अल-खुलैफी ने कतर द्वारा एक साक्षात्कार में यह बात कही।

अल-खुलैफी ने कहा कि कतर और ओमान दोनों लंबे समय से ईरान और पश्चिमी देशों के बीच संवाद कायम करने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद इन देशों को भी हमलों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा हमले के बीच हम मध्यस्थ की भूमिका नहीं निभा सकते और ईरान को यह समझना चाहिए। क्षेत्र के देश ईरान के दुश्मन नहीं हैं, लेकिन ईरान इस बात को समझ नहीं रहा। इस बीच बुधवार सुबह कतर ने अपने नागरिकों को संभावित ईरानी हमले को लेकर चेतावनी जारी की।

11:46 AM, 11-Mar-2026

दुबई गुरुद्वारा ने समय बदला

दुबई के गुरुद्वारा गुरू नानक दरबार ने सुरक्षा के कारण अस्थायी रूप से समय बदला है। गुरुद्वारा अब सुबह 6 बजे से शाम 7:30 बजे तक खुला रहेगा। यह बदलाव अगले सूचना तक लागू रहेगा।

11:41 AM, 11-Mar-2026

कतर की राजधानी दोहा में धमाके

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को कतर की राजधानी दोहा में कई धमाके हुए। यह घटना ईरान की खाड़ी देशों पर प्रतिशोधी हवाई हमलों के बारहवें दिन हुई। कतर के गृह मंत्रालय ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कहा सुरक्षा खतरा उच्च स्तर का है। सभी से अनुरोध है कि घर पर रहें, बाहर न जाएं और खिड़कियों व खुले क्षेत्रों से दूर रहें ताकि जन सुरक्षा बनी रहे।

11:14 AM, 11-Mar-2026

बंगलूरू हवाईअड्डे पर हवाई क्षेत्र प्रतिबंध के कारण 21 उड़ानें रद्द

केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार को हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के कारण कुल 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं। यह जानकारी हवाईअड्डा प्रबंधक कंपनी बंगलूरू इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने दी। बयान में कहा गया कि 11 मार्च 2026 को लागू हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 11 आगमन और 10 प्रस्थान उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

बयान में यह भी बताया गया कि रद्द की गई उड़ानों में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मार्ग प्रभावित हुए। इनमें अबू धाबी, रियाद, जेद्दा, दमाम, दुबई और दोहा जैसी पश्चिम एशियाई की उड़ानें शामिल थीं, जिनमें हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण व्यवधान देखा गया।

09:41 AM, 11-Mar-2026

ईरान ने अमेरिका की ऊर्जा प्रभुत्व नीति की कड़ी निंदा की

ईरान ने अमेरिका की ऊर्जा प्रभुत्व रणनीति की तीखी आलोचना की है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एसमाईल बघाई ने कहा कि हाल ही में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के पीछे वास्तविक आर्थिक मकसद साफ हो गया है। बघाई ने व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलाइन लिविट के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिका और इस्राइल की हालिया आक्रामकता का मुख्य उद्देश्य ईरान के तेल संसाधनों पर कब्जा करना है।

उन्होंने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने ईरान के ऊर्जा संसाधनों को अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा प्रभुत्व की अंतिम कड़ी के रूप में प्रस्तुत किया है। उनका कहना है कि ईरान का विरोध केवल अपनी सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक समुदाय और ग्लोबल साउथ के हितों की रक्षा के लिए भी है।

08:58 AM, 11-Mar-2026

पश्चिम एशिया में फंसे भारतीय तेल टैंकरों को सुरक्षित निकालने की तैयारी

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वहां फंसे भारतीय तेल टैंकरों को सुरक्षित बाहर निकालने को लेकर भारत सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को क्षेत्र में भेजने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है, ताकि भारतीय जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिया जा सके।

हालांकि इस मामले में अभी तक सरकार या रक्षा मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, हालात को देखते हुए संभावित रणनीति पर चर्चा जारी है। बताया जा रहा है कि अमेरिका और इस्राइल के साथ बढ़े क्षेत्रीय तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास बड़ी संख्या में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इस अहम समुद्री मार्ग के दोनों ओर कई जहाज फंसे होने की खबरें सामने आई हैं, जिनमें भारतीय कंपनियों के जहाज भी शामिल हैं।

08:30 AM, 11-Mar-2026

अमेरिका का दावा- ईरान की 16 माइन बिछाने वाली नौकाएं नष्ट

अमेरिका ने दावा किया है कि उसकी सैन्य कार्रवाई में ईरान की 16 ऐसी नौकाओं को नष्ट कर दिया गया है, जिनका इस्तेमाल समुद्र में बारूदी सुरंगें (माइन) बिछाने के लिए किया जा सकता था। यह कार्रवाई रणनीतिक रूप से बेहद अहम हॉर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की गई।

08:14 AM, 11-Mar-2026

ईरान युद्ध में 140 अमेरिकी सैनिक घायल

अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने मंगलवार को बड़ा खुलासा किया। विभाग के अनुसार इस युद्ध में अब तक करीब 140 अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं। यह पहली बार है जब पेंटागन ने लड़ाई में अमेरिकी सैनिकों को हुए नुकसान का व्यापक आंकड़ा सार्वजनिक किया है। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने बताया कि घायल हुए अधिकांश सैनिकों की स्थिति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में सैनिक इलाज के बाद फिर से अपनी ड्यूटी पर लौट चुके हैं।

07:29 AM, 11-Mar-2026

बहरीन में हवाई हमले का अलर्ट, पूरे देश में सायरन बजाए गए

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बहरीन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि देश के कई हिस्सों में एयर रेड सायरन बजाए गए हैं। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि सायरन बजने के बाद आपात सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं। क्षेत्र में बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए बहरीन सहित खाड़ी देशों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

07:08 AM, 11-Mar-2026

होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पर खतरा बेहद गंभीर

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कतर ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर गहरी चिंता जताई है। कतर के विदेश राज्य मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलअजीज अल-खुलैफी ने कहा कि इस समुद्री मार्ग पर बढ़ते खतरे बहुत गंभीर हैं।उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश इस मुद्दे को लेकर चिंतित हैं और चाहते हैं कि जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए। होर्मुज जलडमरूमध्य खाड़ी देशों के लिए बेहद अहम समुद्री रास्ता है, जहां से तेल और गैस की बड़ी मात्रा दुनिया के बाजारों तक पहुंचती है। ईरान पहले ही इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाने की चेतावनी दे चुका है। ऐसे में क्षेत्रीय और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है।

07:08 AM, 11-Mar-2026

बहरीन में हवाई हमले का अलर्ट, पूरे देश में सायरन बजाए गए

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बहरीन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि देश के कई हिस्सों में एयर रेड सायरन बजाए गए हैं। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि सायरन बजने के बाद आपात सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं। क्षेत्र में बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए बहरीन सहित खाड़ी देशों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

07:08 AM, 11-Mar-2026

कतर ने अमेरिका से शांति की राह पर लौटने की अपील की

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच कतर ने अमेरिका और अन्य देशों से तनाव कम करने की अपील की है। कतर के विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि उनका देश लगातार सभी पक्षों से बातचीत कर रहा है और संघर्ष को खत्म करने के लिए कूटनीतिक समाधान की जरूरत है। मंत्री ने कहा कि कतर की मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के साथ सीधी बातचीत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कतर अमेरिका सहित युद्ध में शामिल सभी पक्षों को शांति के रास्ते पर लौटने और बातचीत की मेज पर आने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। कतर का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य टकराव से पूरे मध्य पूर्व की स्थिरता पर खतरा बढ़ रहा है। इसलिए सभी देशों को मिलकर तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान निकालने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।

07:06 AM, 11-Mar-2026

बगदाद के रिहायशी इलाके में गिरा ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

इराक की राजधानी बगदाद में एक रिहायशी इलाके में ड्रोन गिरने की घटना सामने आई है। इराकी सुरक्षा सूत्रों के अनुसार यह ड्रोन शहर के अल-जिहाद इलाके में एक घर के ऊपर गिरा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन के गिरने के बाद आसपास के इलाके को घेर लिया गया और जांच टीमें मौके पर पहुंच गईं। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ड्रोन किसका था और वह किस उद्देश्य से उड़ाया गया था। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।

07:03 AM, 11-Mar-2026

ईरान ने दागे भारी मल्टी-वॉरहेड मिसाइल, इराक, बहरीन और इस्राइल को बनाया निशाना

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच ईरान ने एक बार फिर बड़े मिसाइल हमले का दावा किया है। ईरानी सेना ने भारी और मल्टी-वॉरहेड मिसाइलों की नई खेप दागने का वीडियो जारी किया है। इन मिसाइलों को इराक, बहरीन और इस्राइल की दिशा में छोड़ा गया बताया गया है। ईरान का कहना है कि यह हमला अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया है। वीडियो में कई मिसाइलों को एक साथ लॉन्च होते देखा जा सकता है। ईरानी सेना के मुताबिक इन मिसाइलों में मल्टी-वॉरहेड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे एक ही मिसाइल से कई लक्ष्य साधे जा सकते हैं। इस हमले के बाद पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है और कई देशों की वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई है।
 

04:12 AM, 11-Mar-2026

तनाव के बीच कतर एयरवेज की उड़ानें जारी, गुरुवार को 29 फ्लाइट संचालित होंगी

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद कतर एयरवेज ने सीमित उड़ान सेवाएं जारी रखने का फैसला किया है। एयरलाइन ने घोषणा की है कि गुरुवार को कुल 29 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इनमें 15 उड़ानें दोहा से अलग-अलग देशों के लिए रवाना होंगी, जबकि 14 उड़ानें विभिन्न शहरों से दोहा पहुंचेंगी। कतर का हवाई क्षेत्र अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है। इसके बावजूद कतर एयरवेज पिछले सप्ताहांत से धीरे-धीरे विशेष उड़ानों की संख्या बढ़ा रही है। एयरलाइन का कहना है कि यात्रियों की आवाजाही बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बरकरार रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। गुरुवार को दोहा से काहिरा, कासाब्लांका, जोहान्सबर्ग, साओ पाउलो, न्यूयॉर्क, फ्रैंकफर्ट, मैड्रिड, लंदन, बीजिंग, मुंबई, नई दिल्ली, इस्लामाबाद, कोलंबो, जकार्ता और मनीला के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी। वहीं लंदन, पेरिस, रोम, नई दिल्ली, जेद्दा, मस्कट, बैंकॉक और मेलबर्न सहित कई शहरों से विमान दोहा पहुंचेंगे।
 

04:10 AM, 11-Mar-2026

यूएन से ईरान की मांग, अमेरिका-इस्राइल की आक्रामकता की निंदा करे विश्व संस्था

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच ईरान ने संयुक्त राष्ट्र से कड़ा रुख अपनाने की मांग की है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से फोन पर बातचीत कर कहा कि विश्व संस्था को अमेरिका और इस्राइल की कार्रवाई की स्पष्ट रूप से निंदा करनी चाहिए। ईरान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक अराघची ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र का मुख्य दायित्व अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। इसलिए सुरक्षा परिषद को मौजूदा हालात में ज्यादा जिम्मेदार और स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान की सरकार और जनता को उम्मीद है कि संयुक्त राष्ट्र इस मामले में ठोस कदम उठाएगा। अराघची ने बातचीत में कहा कि अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई को ईरान आक्रामकता मानता है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया है कि किसी भी देश को दूसरे देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ बल प्रयोग नहीं करना चाहिए।
 

03:51 AM, 11-Mar-2026

ईरानी स्कूल हमले पर अमेरिकी सांसद शूमर ने ट्रंप पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

अमेरिका में ईरान युद्ध को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने ईरान के एक गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले को लेकर झूठ बोला है। यह हमला 28 फरवरी को हुआ था, जिस दिन अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था।

रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले में 160 से ज्यादा स्कूली लड़कियों की मौत हुई थी। शुरुआती जानकारी में कहा गया कि विस्फोट के पीछे अमेरिकी टॉमहॉक मिसाइल हो सकती है। हालांकि अमेरिकी रक्षा विभाग इस घटना की जांच कर रहा है। इसके बावजूद ट्रंप ने दावा किया कि स्कूल पर हमला ईरान ने खुद किया था, लेकिन इसके समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।

चक शूमर ने सोशल मीडिया पर कहा कि ट्रंप का यह दावा गलत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का कोई और वरिष्ठ अधिकारी यह नहीं कह रहा कि ईरान की मिसाइल से स्कूल पर हमला हुआ था। शूमर के मुताबिक इस घटना में करीब 170 लोगों की मौत हुई और यह अब तक युद्ध की सबसे घातक घटना बन चुकी है।
 

03:38 AM, 11-Mar-2026

बहरीन ने 280 से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन मार गिराए

बहरीन की सेना ने कहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 106 मिसाइल और 176 ड्रोन को मार गिराया गया है। सेना के मुताबिक ये हमले नागरिक ठिकानों और निजी संपत्ति को निशाना बना रहे थे, जो अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।

03:38 AM, 11-Mar-2026

ईरान से दागी मिसाइलों पर इस्राइल की जवाबी कार्रवाई

इस्राइली सेना ने कहा कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए उसके रक्षा सिस्टम सक्रिय हो गए हैं। साथ ही नागरिकों को सुरक्षित स्थानों में जाने के निर्देश दिए गए हैं।
 

03:38 AM, 11-Mar-2026

दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह और इस्राइल के बीच झड़प

दक्षिण लेबनान के ऐतारून इलाके में हिजबुल्लाह और इस्राइली सेना के बीच भारी झड़प हुई। दोनों पक्षों ने तोपखाने और रॉकेट का इस्तेमाल किया। इलाके में हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
 

03:38 AM, 11-Mar-2026

तेहरान पर बड़े हमले का दावा

इस्राइली सेना ने कहा है कि उसने तेहरान में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये हमले सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर केंद्रित थे।
 

03:37 AM, 11-Mar-2026

मिस्र ने तनाव कम कराने की पेशकश की

मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलात्ती ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत कर क्षेत्र में तनाव कम कराने में मदद की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में स्थिरता के लिए संवाद जरूरी है।
 

03:37 AM, 11-Mar-2026

यूएई ने कहा, ईरान से आ रही बैलिस्टिक मिसाइलों से निपट रहे

संयुक्त अरब अमीरात ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ईरान से आ रही बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में लगी है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
 

03:37 AM, 11-Mar-2026

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जताई गहरी चिंता

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान के विदेश मंत्री से फोन पर बातचीत कर पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध पर चिंता जताई। उन्होंने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करने और नागरिक ठिकानों पर हमले से बचने की अपील की।
 

03:37 AM, 11-Mar-2026

बगदाद हवाई अड्डे के पास अमेरिकी शिविर पर ड्रोन हमला

इराक की राजधानी बगदाद में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास अमेरिकी दूतावास के एक लॉजिस्टिक कैंप पर ड्रोन हमला हुआ है। अभी तक यह साफ नहीं है कि इस हमले में कोई हताहत हुआ है या नहीं। पिछले कुछ दिनों में इस इलाके में कई हमले हो चुके हैं।
 

03:37 AM, 11-Mar-2026

सऊदी अरब ने तेल क्षेत्र के पास दो ड्रोन गिराए

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि शायबा तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे दो ड्रोन को मार गिराया गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक ये ड्रोन रेगिस्तानी इलाके में ही नष्ट कर दिए गए और तेल प्रतिष्ठान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
 

03:36 AM, 11-Mar-2026

ईरान सरकार के ठिकानों पर हमले तेज करेगा इस्राइल

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के सरकारी ठिकानों पर हमले और तेज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इस्राइल पहले ही कई अहम लक्ष्यों पर हमला कर चुके हैं और आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज होगी। ईरान के स्वास्थ्य उपमंत्री के मुताबिक इन हमलों में अब तक 1200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और हजारों घायल हुए हैं।
 

03:36 AM, 11-Mar-2026

हिजबुल्लाह ने इस्राइली ठिकानों पर रॉकेट दागे

लेबनान के सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह ने कहा है कि उसने इस्राइल के कई सैन्य ठिकानों पर रॉकेट हमले किए हैं। संगठन के मुताबिक उसके लड़ाकों ने लेबनान सीमा के पास खियाम क्षेत्र में इस्राइली सैनिकों और सैन्य वाहनों के जमावड़े को निशाना बनाया। इसके अलावा कफर युवाल के पास अजाल पहाड़ी और फातिमा गेट इलाके में भी रॉकेट दागे गए।
 

03:36 AM, 11-Mar-2026

ईरान की जनता से नेतन्याहू की अपील

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान की जनता से अपने देश की इस्लामी सरकार को हटाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई अब नहीं रहे और जनता को किसी नए तानाशाह को स्वीकार नहीं करना चाहिए। नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइल ऐसे हालात बना रहा है जिसमें ईरान की जनता अपने भविष्य का फैसला खुद कर सके।
 

03:36 AM, 11-Mar-2026

संयुक्त राष्ट्र में ईरान का आरोप, हजारों नागरिक ठिकाने निशाना बने

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरवानी ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों में करीब दस हजार नागरिक ठिकाने निशाना बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें करीब आठ हजार घर शामिल हैं और मरने वालों की संख्या 1300 से ज्यादा हो गई है। इरवानी ने सुरक्षा परिषद पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया और कहा कि अगर दुनिया ने अभी कदम नहीं उठाया तो भविष्य में किसी भी देश के साथ ऐसा हो सकता है।
 

03:35 AM, 11-Mar-2026

अमेरिका पर हमले की योजना के आरोपों को ईरान ने बताया झूठ

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के उस दावे को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि ईरान अमेरिकी सेना पर हमला करने की योजना बना रहा था। अराघची ने कहा कि यह आरोप पूरी तरह झूठ है और इसका उद्देश्य अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को सही ठहराना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान इस्राइल की योजना का हिस्सा है और इसकी कीमत आम अमेरिकी नागरिक चुका रहे हैं। ईरान का कहना है कि वह केवल अपने बचाव के लिए कदम उठा रहा है।
 

03:35 AM, 11-Mar-2026

बेरूत हमले को ईरान ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरवानी ने बेरूत में हुए हमले की कड़ी निंदा की है। ईरान का कहना है कि इस हमले में उसके चार राजनयिक मारे गए हैं। इरवानी ने कहा कि ये अधिकारी सुरक्षा से जुड़े आधिकारिक काम के लिए लेबनान में मौजूद थे और उनकी मौजूदगी लेबनान के विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय में थी। ईरान ने इस हमले को गंभीर आतंकी कार्रवाई बताया है और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का साफ उल्लंघन है। तेहरान ने आरोप लगाया है कि यह हमला इस्राइल ने किया।
 

03:35 AM, 11-Mar-2026

इराक का संदेश, जमीन से किसी देश पर हमला नहीं होने देंगे

इराक के प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनके देश की जमीन का इस्तेमाल किसी दूसरे देश पर हमले के लिए नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने इराकी शहरों को निशाना बनाए जाने की भी निंदा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि बगदाद सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इराक का क्षेत्र किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए लॉन्चिंग पैड न बने।

03:33 AM, 11-Mar-2026

ईरान और मिस्र के बीच क्षेत्रीय तनाव पर बातचीत

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और मिस्र के विदेश मंत्रियों के बीच फोन पर बातचीत हुई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने मिस्री समकक्ष बद्र अब्देलात्ती से कहा कि ईरान की सेना आत्मरक्षा के अपने अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी ठिकानों पर किए गए हमले आत्मरक्षा के तहत किए गए कदम हैं। अराघची ने यह भी कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना संबंध बनाए रखना चाहता है। वहीं मिस्र पहले ही अरब देशों पर हुए हमलों की आलोचना कर चुका है और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बता चुका है।
 

01:15 AM, 11-Mar-2026

होर्मुज जलडमरूमध्य में अब भी मजबूत स्थिति में ईरान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान का प्रभाव अभी भी मजबूत बना हुआ है। क्षेत्रीय हालात पर नजर रखने वाले विश्लेषकों का कहना है कि ईरान के पास इस अहम समुद्री रास्ते पर दबाव बनाने की क्षमता अभी भी मौजूद है। विश्लेषक ओसामा बिन जावैद के मुताबिक ईरान को हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के लिए जहाजों की जरूरत नहीं है। अगर ईरान लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा पैदा कर दे तो जहाजों की बीमा कंपनियां इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को कवर देने से हिचक सकती हैं। ऐसी स्थिति में बिना औपचारिक नाकेबंदी के भी इस जलमार्ग से गुजरने वाला समुद्री व्यापार प्रभावित हो सकता है।

01:14 AM, 11-Mar-2026

सऊदी अरब से संपर्क, ईरान से भी संवाद, संतुलन साधने में जुटा पाकिस्तान

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद से फोन पर बातचीत की। यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब ईरान अपने खाड़ी पड़ोसी देशों पर लगातार हमले कर रहा है और क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को पत्र लिखकर उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर संवेदना जताई है। इस कदम से साफ संकेत मिलता है कि पाकिस्तान ईरान और सऊदी अरब दोनों के साथ संतुलन बनाकर चलने की कोशिश कर रहा है।
 

01:08 AM, 11-Mar-2026

युद्ध बजट खर्च नहीं, निवेश है- इस्राइल के वित्त मंत्री 

इस्राइल के वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच ने कहा है कि ईरान के खिलाफ युद्ध के लिए बनाया जा रहा विशेष बजट कोई खर्च नहीं बल्कि भविष्य की सुरक्षा में निवेश है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ जारी वीडियो संदेश में उन्होंने बताया कि सरकार का मंत्रिमंडल जल्द ही इस विशेष युद्ध बजट को मंजूरी देने के लिए बैठक करेगा। स्मोट्रिच ने कहा कि देश की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए जरूरी आर्थिक संसाधन जुटाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के हालात में मजबूत अर्थव्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक यह बजट इस्राइल की रक्षा क्षमता को और मजबूत करेगा।

01:06 AM, 11-Mar-2026

होर्मुज इलाके में अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाएगा ईरान

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले किसी भी अमेरिकी सैन्य जहाज या उसके सहयोगियों के जहाज को निशाना बनाया जाएगा। आईआरजीसी नौसेना प्रमुख अलीरेजा तंगसीरी ने कहा कि अगर अमेरिकी बेड़ा या उसके सहयोगी इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करते हैं तो ईरान की मिसाइलें और आत्मघाती ड्रोन उन्हें रोक देंगे। यह बयान उस दावे के बाद आया है जिसमें अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा था कि अमेरिकी नौसेना ने एक तेल टैंकर को जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकाला था। बाद में यह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी गई। ईरान ने इस दावे को पूरी तरह झूठा बताया है।

12:51 AM, 11-Mar-2026

West Asia Crisis LIVE: इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान में की एयरस्ट्राइक; ईरानी हमलों में 140 अमेरिकी सैनिक घायल

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध के लिए सरकार एक विशेष बजट बनाएगी। उन्होंने वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच के साथ देश को वीडियो संदेश जारी कर यह घोषणा की। नेतन्याहू ने बताया कि इस युद्ध को जारी रखने और सेना की जरूरतों को पूरा करने के लिए अरबों शेकेल का अलग बजट तय किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के बावजूद इस्राइल की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। सरकार का मानना है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए रक्षा खर्च बढ़ाना जरूरी है। इस बजट का इस्तेमाल सैन्य अभियानों, सुरक्षा इंतजामों और युद्ध से जुड़े अन्य खर्चों के लिए किया जाएगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें