राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने शपथ ग्रहण के कुछ ही घंटों बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन से अमेरिका के बाहर निकलने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए। कोरोना महामारी के वक्त ट्रंप इस संगठन पर काफी हमलावर थे। व्हाइट हाउस में आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के साथ डब्ल्यूएचओ पक्षपात कर रहा है। यहां चीन को तवज्जो दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हमें ठगा है।
इससे पहले ट्रंप ने शपथ लेने के तत्काल बाद अमेरिका के पेरिस जलवायु समझौते से बाहर होने की घोषणा की थी। व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप एक बार फिर अमेरिका को पेरिस जलवायु समझौते से बाहर करने जा रहे हैं। ट्रंप ने शपथ ग्रहण के कुछ घंटों बाद ही कैपिटल वन एरिना में कार्यकारी आदेशों के अपने पहले सेट पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान पेरिस जलवायु संधि से हटने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए गए।
कैपिटल वन एरिना में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "उन्होंने कहा कि जे6 बंधकों के बारे में बात मत करो जिन्हें तुम आज रिहा करने जा रहे हो... हम ओवल ऑफिस जा रहे हैं... हम उन बंधकों को रिहा करने के लिए हस्ताक्षर करेंगे जिन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है..."
उन्होंने कहा कि ने कहा कि MAGA हमारे देश और दुनिया के इतिहास में सबसे सफल राजनीतिक अभियान, आंदोलन था। अभी हमारा काम ख़त्म नहीं हुआ है। हमें अभी बहुत लंबा सफ़र तय करना है। क्या आप जानते हैं कि जब मैं अपना भाषण दे रहा था, तो बाइडेन ने अपने पूरे परिवार को माफ़ कर दिया।
रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने की अपनी योजना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा "हम इसे जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश करेंगे। अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध कभी शुरू नहीं होता।"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "...हम राष्ट्रपति शी के साथ बैठकें और कॉल करने जा रहे हैं, मैंने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति शी से बात की थी...मेरी फ़ोन पर बातचीत बहुत अच्छी थी।"
विदेश नीति पर मेरी प्राथमिकता अमेरिका को सुरक्षित रखना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कई कार्यकारी कार्रवाइयों पर हस्ताक्षर किए व प्रेस के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान विदेश नीति पर बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि विदेश नीति पर मेरी प्राथमिकता अमेरिका को सुरक्षित रखना होगी।
पेरिस जलवायु समझौते से बाहर हुआ अमेरिका
कैपिटल वन एरिना में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैं अनुचित एकतरफा पेरिस जलवायु समझौते से तुरंत हट रहा हूं। चीन द्वारा प्रदूषण फैलाए जाने के दौरान अमेरिका अपने उद्योगों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। इसके बाद उन्होंने पेरिस जलवायु संधि से हटने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए।
ट्रंप ने की इस्राइली बंधकों के परिवारों से मुलाकात
कैपिटल वन एरिना में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तो, अब काम शुरू होता है। हम जीत गए लेकिन अब काम शुरू होता है। हमें उन्हें (गाजा में बंधकों को) घर वापस लाना है। आज रात मैं जे6 बंधकों को छोड़ने के लिए उनके क्षमादान पर हस्ताक्षर करने जा रहा हूं और जैसे ही मैं निकलूंगा, मैं ओवल ऑफिस जाऊंगा और बहुत से लोगों के लिए क्षमादान पर हस्ताक्षर करूंगा।
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी के कैपिटल वन एरिना में गाजा में बंधक बनाए गए इस्रइली बंधकों के परिवारों से मुलाकात की।
जेडी वेंस ने ट्वीट कर जताया आभार
इस दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ट्वीट किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका के 50वें उपराष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ लेना एक अविश्वसनीय सम्मान है। मैं अमेरिकी लोगों की सेवा करने के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। आइए अमेरिका को फिर से महान बनाएं!
भारत-अमेरिकी रिश्ते प्रगाढ़ होंगे : भारतीय समुदाय
वैश्विक भारतीय समुदाय की गैर-लाभकारी संस्था ‘इंडियास्पोरा’ ने सोमवार को ट्रंप को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नए प्रशासन के तहत अमेरिका-भारत संबंध और प्रगाढ़ होंगे। संस्थापक-अध्यक्ष एमआर रंगास्वामी ने कहा, ट्रंप ने नागरिक अधिकार, राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में कई भारतीय-अमेरिकियों को नियुक्त किया है।
दोनों देशों में दिखेगा मजबूत तालमेल
एफआईआईडीएस के संस्थापक खांडेराव कांड ने कहा, ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान अमेरिका और भारत के बीच मजबूत तालमेल देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा, डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में भारत-अमेरिकी तालमेल रूस-यूक्रेन संकट जैसे मुद्दों पर राजनयिक प्रयास बढ़ाएगा।
कैपिटल वन एरिना पहुंचे वेंस और ट्रंप
47वें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प कैपिटल वन एरिना पहुंचे। इसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और द्वितीय महिला उषा वेंस अपने बच्चों इवान, विवेक और मीराबेल के साथ वाशिंगटन डीसी के कैपिटल वन एरिना पहुंचे।
जेडी वेंस के उपराष्ट्रपति बनने पर आंध्र में फोड़े गए पटाखे
सोमवार को जेडी वेंस अमेरिका के अगले उपराष्ट्रपति बने। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी के वडलुरू में पटाखे जलाकर खुशी मनाई गई। बता दें कि जेडी वेंस की पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस के मूल रूप से यहीं की निवासी है।
अमेरिकी विदेश मंत्री के रूप में मार्को रुबियो के नाम पर सीनेट की सहमति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मंत्रिमंडल में मार्को रुबियो अमेरिकी विदेश मंत्री होंगे। सीनेट ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर मोहर लगा दी है।
47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा 2015 में शुरू हुई थी, शायद उससे 20 साल पहले से लोग मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहते थे। फिर एक दिन मैंने इसे आजमाने का फैसला किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 2020 के चुनाव में पूरी तरह से धांधली हुई थी लेकिन यह ठीक है। इसमें अच्छी बात यह थी सबको पता चला कि वे कितने बुरे थे। ऐतिहासिक रूप से यह एक बहुत बड़ी घटना है।
कुछ दस्तावेजों पर ट्रंप ने किए हस्ताक्षर
47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में अपने शपथ ग्रहण के बाद डोनाल्ड ट्रं ने कैपिटल हिल में हस्ताक्षर समारोह में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
वहीं, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा कि आज वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करना एक बड़ा सम्मान है।
मेलानिया ट्रंप की तारीफ की
47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में अपने संबोधन के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने मेलानिया ट्रंप की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेरे पास एक अविश्वसनीय प्रथम महिला हैं। उन्होंने कहा कि आप पहले भी एक अच्छी प्रथम महिला रही हैं।
दक्षिण सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल करेंगे घोषित- ट्रंप
ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में आगे कहा कि वे अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर एक राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करेंगे। इसका उद्देश्य अमेरिका पर हो रहे विनाशकारी आक्रमण को रोकना है और इसके लिए वे सेना को सीमा पर तैनात करेंगे।
पनामा नहर पर ट्रंप ने व्यक्त चिंता
अपने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने पनामा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पनामा नहर बनाने में बहुत ज्यादा पैसा खर्च हुआ और इस प्रक्रिया में 38,000 लोगों की जान गई, और यह पूरी तरह से एक गलत फैसला था। उन्हें लगता है कि यह उपहार अमेरिका को कभी नहीं देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पनामा ने अमेरिका से किए गए वादों को तोड़ा है और संधि की शर्तों का उल्लंघन किया है।
अमेरिकी जहाजों और नौसेना के साथ बुरा व्यवहार
ट्रंप ने ये भी कहा कि पनामा नहर में अमेरिकी जहाजों और अमेरिकी नौसेना के साथ ठीक से व्यवहार नहीं किया जा रहा है, और यह ठीक नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि चीन पनामा नहर का संचालन कर रहा है, जबकि यह अमेरिका द्वारा पनामा को दिया गया था, और अब अमेरिका इसे वापस लेना चाहता है।
जे6 बंधकों के पर ट्रंप का बयान
पेल्टियर 1975 से एफबीआई के दो एजेंटों की हत्या के अपराध में संघीय जेल में बंद हैं। अब वह जेल के बदले अपनी बची सजा अपने घर में नजरबंदी में बिताएंगे। 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में अपने शपथग्रहण के बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि मैं जे6 बंधकों के बारे में बात करने जा रहा था, लेकिन आपको यह जानकर खुशी होगी कि यह कार्रवाई है, न कि शब्द और आप उन पर बहुत सारी कार्रवाई देखेंगे।
ट्रंप के शपथ ग्रहण पर इलिनोइस के समर्थक का बयान
डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनने पर पूरी दुनियाभर में बातचीत हो रही है। वहीं दूसरी ओर उनके समर्थकों में भी काफी खुशी देखने को मिल रहा है। जहां इलिनोइस के एक ट्रंप समर्थक ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद उनके भाषण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ट्रंप का भाषण बहुत शानदार था और उन्हें विश्वास है कि ट्रंप न केवल अमेरिका के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए महान काम करेंगे। इसके साथ ही, इस समर्थक ने यह भी कहा कि ट्रंप तीसरे विश्व युद्ध को खत्म करने में मदद करेंगे, जो उनके अनुसार शुरू होने वाला था।
मिसिसिपी से ट्रंप के समर्थक डेविड की खुशी
मिसिसिपी से ट्रंप के समर्थक डेविड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद उनके भाषण की सराहना कर रहा है। डेविड ने कहा कि ट्रंप का भाषण बहुत अच्छा था और वह इसे अब तक का सबसे अच्छा भाषण मानते हैं। वे ट्रंप के अगले चार वर्षों का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि ट्रंप अमेरिका को फिर से महान बनाएंगे, इसे सुरक्षित करेंगे और इसे ईश्वर के साथ जोड़े रखेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, 'मेरी सबसे गौरवपूर्ण विरासत शांति निर्माता और एकीकरणकर्ता की होगी। मैं शांति निर्माता और एकीकरणकर्ता बनना चाहता हूं। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि कल से, मेरे पदभार ग्रहण करने से एक दिन पहले, मध्य पूर्व में बंधक अपने परिवारों के पास वापस आ रहे हैं। अमेरिका पृथ्वी पर सबसे महान, सबसे शक्तिशाली, सबसे सम्मानित राष्ट्र के रूप में अपना सही स्थान पुनः हासिल करेगा, जिससे पूरी दुनिया में विस्मय और प्रशंसा की भावना पैदा होगी।
हम मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी रखने जा रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण के बाद एलान किया।
'हम फिर से दुनिया की सबसे मजबूत सेना का निर्माण करेंगे। हम अपनी सफलता को न केवल उन लड़ाइयों से मापेंगे जिन्हें हम जीतते हैं, बल्कि उन युद्धों से भी मापेंगे जिन्हें हम समाप्त करते हैं और शायद उन युद्धों से भी जिनमें हम कभी शामिल नहीं होते।'
सबसे पहले मैं अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल का एलान करता हूं। सभी अवैध घुसपैठ तुरंत बंद होती हैं और हम करोड़ों अपराधियों को वापस भेजने का काम शुरू करेंगे। हम 'मैक्सिको में ही रहो' नीति के तहत काम करेंगे। हम पकड़ो और छोड़ो नीति को खत्म करेंगे। हम दक्षिणी सीमा पर सुरक्षाबलों को भेजेंगे, ताकि हमारे देश में घुसपैठ बंद हो सके।
आज, मैं ऐतिहासिक कार्यकारी आदेशों की एक श्रृंखला पर हस्ताक्षर करूंगा और इन कार्यों के साथ, हम अमेरिका की पूर्ण बहाली और सामान्य ज्ञान की क्रांति शुरू करेंगे।
इस सप्ताह मैं उन सभी सेवा सदस्यों को बहाल करूंगा जिन्हें वैक्सीन अनिवार्यता का विरोध करने के कारण हमारी सेना से अन्यायपूर्ण तरीके से निष्कासित कर दिया गया था और उन्हें पूरा वेतन दिया जाएगा। और मैं हमारे योद्धाओं को ड्यूटी के दौरान कट्टरपंथी राजनीतिक सिद्धांतों और सामाजिक प्रयोगों के अधीन होने से रोकने के लिए एक आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा। यह तुरंत समाप्त होने जा रहा है। हमारे सशस्त्र बलों को अमेरिका के दुश्मनों को हराने के अपने एकमात्र मिशन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए स्वतंत्र किया जाएगा।
आज मार्टिन लूथर किंग दिवस है और उनके सम्मान में, हम उनके सपने को साकार करने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे। हम उनके सपने को साकार करेंगे।
जो लोग हमारे काम को रोकना चाहते हैं, उन्होंने मेरी आज़ादी छीनने की कोशिश की और मेरी जान लेने की कोशिश की है। कुछ महीने पहले पेंसिल्वेनिया के एक खूबसूरत मैदान में एक हत्यारे की गोली मेरे कान को चीरती हुई निकल गई। लेकिन मुझे तब लगा था, कि मेरी जान किसी कारण से बचाई गई थी। मुझे अमेरिका को फिर से महान बनाने के लिए भगवान ने बचाया था।
इस पल से ही अमेरिका का और नीचे गिरना खत्म होता है। हमारे देश का गौरवशाली भाग्य अब फिर जागेगा। पिछले आठ वर्षों में मेरा कई बार परीक्षण हुआ और मुझे कई बार चुनौतियां मिलीं। यह किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति से ज्यादा था। मुझे इस रास्ते में काफी कुछ सीखने को मिला। अपने गणतंत्र को वापस पाने का रास्ता मेरे लिए बिल्कुल आसान नहीं था।
हमारे पास सरकार थी, जो कि विदेश में सीमाओं की रक्षा के लिए असीमित संसाधन-फंडिंग लगाती थी, लेकिन अमेरिका की सीमा और यहां रहने वाले अपने ही लोगों की रक्षा से इनकार करती थी। हमारी सरकार अब इमरजेंसी के दौरान भी अहम सेवाएं नहीं दे सकती। चक्रवाती तूफान की बात हो या लॉस एंजेलिस में आग की, जो कि अभी भी तबाही मचा रही है। इससे सबसे अमीर और ताकतवर लोगों के घर तबाह हो गए। हम ऐसा नहीं होने दे सकते।
हमारे पास एक स्वास्थ्य प्रणाली है, जो कि आपदा के समय कोई काम नहीं कर सकता, जबकि हम दुनिया में सबसे ज्यादा रकम खर्च करते हैं। हमारी शिक्षा प्रणाली पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है, जिसमें शिक्षकों और बच्चों को कई बार शर्मिंदा होना पड़ता है। अब यह सब बदल जाएगा और बहुत तेजी से बदलेगा।
मैं राष्ट्रपति के तौर पर लौट रहा हूं। अमेरिका के पास इस मौके को फिर से हासिल करने का मौका है। लेकिन हमें अपने सामने आने वाली चुनौतियों का ईमानदारी से सामना करना होगा। ऐसी कई चुनौतियां हैं, लेकिन हम इन्हें खत्म कर देंगे। हम आज जब यहां इकट्ठा हुए हैं, सरकार एक विश्वास के संकट का सामना कर रही है। कई साल तक एक उग्र और भ्रष्ट शासन नागरिकों से ताकत और उनकी संपत्ति हासिल करती रही है। यह नागरिक हमारे समाज के स्तंभ हैं।
अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- आप सबका बहुत शुक्रिया। सभी का बहुत शुक्रिया। उपराष्ट्रपति, सभी पूर्व राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस। अमेरिका का स्वर्णिम काल अभी से शुरू होता है।
ट्रंप ने आगे कहा, इस दिन के बाद से हमारा देश उभरेगा और पूरी दुनिया में चमकेगा। यह हर देश के लिए जलन का कारण बनेगा। ट्रंप प्रशासन के हर दिन मैं हर वक्त अमेरिका फर्स्ट की नीति पर काम करुंगा। हमारी स्वयतत्ता जारी रहेगी। न्याय का तराजू संतुलित रहेगा।
हमारे प्राथमिकता आजाद, संपन्न देश खड़ा करने की होगी। अमेरिका जल्द ही काफी ज्यादा बेहतर स्थिति में होगा। एक बदलाव की हवा देश में बह रही है। अमेरिका के पास इस मौके को पकड़ने का जबरदस्त अवसर है।
हमारी सरकारों में हम किसी को भी अपना फायदा नहीं उठाने देंगे। हमारी सुरक्षा फिर से हासिल की जाएगी। न्याय मंत्रालय को पक्षपाती, जहरीला और हिंसक हथियार बनाने की कोशिश को खत्म किया जाएगा। हमारी प्राथमिकता एक गौरवशाली, संपन्न और आजाद देश बनाने की होगी। अमेरिका जल्द ही ज्यादा महान, मजबूत और पहले से कहीं ज्यादा बेहतर होगा।
पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को फिर से अमेरिका के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति @realDonaldTrump को संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण पर बधाई! मैं एक बार फिर साथ मिलकर काम करने, दोनों देशों को लाभ पहुंचाने और दुनिया के लिए बेहतर भविष्य को आकार देने के लिए तत्पर हूं। आने वाले सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं!
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
जेडी वेंस ने अमेरिका के नए उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली।
उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित जेडी वेंस वाशिंगटन डीसी के कैपिटल रोटुंडा रूम में 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ शपथ लेने वाले हैं।
अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वाशिंगटन डीसी स्थित यूएस कैपिटल में शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंचे।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के सदस्य नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अमेरिकी कैपिटल पहुंचे।
पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश और बराक ओबामा भी शामिल
कैपिटल हिल में दिग्गजों का जमावड़ा
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल।
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और काई ट्रंप भी शामिल
विवेक रामास्वामी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी भी शपथ समारोह में शामिल हुईं।
शपथ समारोह में टेक दिग्गजों का जमावड़ा
डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में तमाम पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के जज और चीफ जस्टिस पहुंचे।
डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट मंत्री भी समारोह में पहुंचे
डोनाल्ड ट्रंप का परिवार भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचा।
अमेरिका की निर्वतमान प्रथम महिला जिल बाइडन
अमेरिकी दिग्गज एलन मस्क भी समारोह में पहुंचे।
नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करने के लिए कैपिटल हिल पहुंचे।
नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में अपने शपथ ग्रहण के लिए कैपिटल हिल पहुंचे।
निवर्तमान अमेरिकी प्रथम महिला जिल बाइडन और नवनिर्वाचित अमेरिकी प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस से रवाना हुईं।
निवर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस से रवाना हुए।
निवर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, 'अमेरिकी लोगों, आपकी सेवा करना हमारे जीवन का सम्मान रहा है।'
यूएस कैपिटल रोटुंडा बिल्डिंग में बड़ी स्क्रीन पर निवर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की तरफ से व्हाइट हाउस में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करते हुए दिखाए जाने पर 'यूएसए, यूएसए' के नारे से पूरा परिसर गूंजने लगा।
वाशिंगटन डीसी में यूएस कैपिटल रोटुंडा बिल्डिंग में मौजूद एक अन्य ट्रंप के समर्थक ने कहा, 'मैं मूल रूप से चीन से हूं, लेकिन अभी मैं फ्लोरिडा के जैक्सनविले में रह रहा हूं। मैं ट्रंप को बहुत पसंद करता हूं। मुझे उम्मीद है कि हमें एक बेहतर भविष्य मिलेगा।'
वहीं ट्रंप के दूसरे समर्थक का कहना हैं कि, 'ट्रंप का वापस कार्यालय में आना बहुत बढ़िया है। मैं उनके द्वारा फिर से अमेरिका को प्राथमिकता देने पर ध्यान केंद्रित करने को लेकर उत्साहित हूं। बहुत लंबा समय बीत चुका है। हमने एक लंबे समय तक ऐसा समय देखा है जब अन्य हित अधिक महत्वपूर्ण रहे हैं'।
वाशिंगटन डीसी के यूएस कैपिटल रोटुंडा बिल्डिंग में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में दो सबसे अच्छे दोस्त, एमरी और ब्रिजेट भी पहुंची हैं। वे कहती हैं, 'हम डोनाल्ड ट्रंप को बहुत पसंद करते हैं। हम अगले चार वर्षों के लिए बहुत उत्साहित हैं। यह अद्भुत होने वाला है... हमने लाइन में इंतजार किया। थोड़ी ठंड थी और हम मैडिसन स्क्वायर गार्डन में रैली के लिए भी गए और वह अद्भुत था। इसलिए हम उनके स्वास्थ्य, खुशी, सफलता और सुरक्षा की कामना करते हैं। और भगवान डोनाल्ड ट्रंप को आशीर्वाद दें।'
वाशिंगटन डीसी के यूएस कैपिटल रोटुंडा बिल्डिंग में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। ट्रंप के समर्थक जॉन कहते हैं, 'मैं हवाई से यहां आया हूं और मैं उत्साहित हूं। मैं इस बात से उत्साहित हूं कि ट्रंप हमारे देश के लिए क्या करने जा रहे हैं - अमेरिका को फिर से महान बनाना।'
वाशिंगटन डीसी में निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन ने 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले व्हाइट हाउस में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का स्वागत किया।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सेंट जॉन्स चर्च में शपथ ग्रहण दिवस प्रार्थना सेवा में भाग लिया। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट किया, 'आज वाशिंगटन डीसी में संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री मोदी के विशेष दूत के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला।'
अमेरिका के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस का व्हाइट हाउस में निवर्तमान उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और उनके पति डगलस क्रेग एमहॉफ ने स्वागत किया।
यूएस कैपिटल रोटुंडा बिल्डिंग को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरी तरह से सजाया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप, जिन्होंने महाभियोग, आपराधिक अभियोग और हत्या के दो प्रयासों को पार करके दूसरी बार व्हाइट हाउस का चुनाव जीता। सोमवार (अमेरिकी समय के अनुसार) को 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। जबकि रिपब्लिकन देश की संस्थाओं को नया स्वरूप देने की तैयारी कर रहे हैं। नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह, जिसे भीषण ठंड के कारण खुले में नहीं आयोजित किया जा रहा है, दोपहर 12 बजे (पूर्वी समय) से शुरू होगा। लेकिन उत्सव पहले शुरू हो जाएगा, जब आने वाले राष्ट्रपति सेंट जॉन्स एपिस्कोपल चर्च में सेवा के लिए पहुंचे हैं।
जो बाइडन ने अपने कार्यकाल के आखिरी दिन ओवल ऑफिस में काम करने वाले लोगों से मुलाकात की है। इसका वीडियो POTUS की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया गया है, जिसमें लिखा गया है, मेरे लिए, पीपुल्स हाउस हमेशा से सभी का स्वागत करने के बारे में रहा है। अमेरिका, इस पवित्र स्थान पर मुझ पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद। मुझे पिछले चार सालों में ओवल ऑफिस के दरवाजे पहले से कहीं ज्यादा खुले हुए देखकर बहुत खुशी हुई है।
वाशिंगटन डीसी में लोग यू.एस. कैपिटल रोटुंडा बिल्डिंग - के बाहर इकट्ठा होना शुरू हो गए हैं। अब से कुछ घंटे बाद रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रंप- अपने दूसरे कार्यकाल और 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।
आव्रजन नीतियों को फिर से बनाने के लिए कार्यकारी आदेशों की एक श्रृंखला जारी करेंगे डोनाल्ड ट्रंप
व्हाइट हाउस के एक नए अधिकारी ने बताया कि, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका की आव्रजन नीतियों को फिर से बनाने, शरण की पहुंच को खत्म करने, दक्षिणी सीमा पर सैनिकों को भेजने और जन्मसिद्ध नागरिकता को खत्म करने के उद्देश्य से आदेशों की एक श्रृंखला जारी करने जा रहे हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर राष्ट्रपति ट्रंप के लिए प्रधानमंत्री मोदी का पत्र लेकर वॉशिंगटन पहुंचे।
राष्ट्रपति जो बाइडन ने डॉ. एंथनी फाउची, सेवानिवृत्त जनरल मार्क मिली और हाउस कमेटी के सदस्यों को क्षमा कर दिया है, जिन्होंने कैपिटल पर 6 जनवरी के हमले की जांच की थी। बाइडन ने आने वाले ट्रंप प्रशासन की तरफ से संभावित 'बदले' के खिलाफ सुरक्षा देते हुए अंतिम घंटों में अपने कार्यालय की असाधारण शक्तियों का उपयोग किया है।
कुछ देर बाद शुरू हो जाएंगी शपथ ग्रहण समारोह की औपचारिकताएं
डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह की औपचारिकताएं कुछ देर बाद शुरू हो जाएंगी। ट्रंप सबसे पहले वाशिंगटन डीसी के व्हाइट हाउस के पास स्थित सेंट जॉन एपिस्कोपल चर्च में प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के साथ व्हाइट हाउस में चाय पीने पहुंचेंगे।
वॉशिंगटन में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है, लोगों से प्रशासन में घरों में रहने की अपील की है। बर्फीले तूफान और भारी बर्फबारी की आशंका लगातार बनी हुई है।
ब्लेयर हाउस में ट्रंप ने बिताई रात
ट्रंप ने परंपरा कायम रखते हुए शनिवार की रात ब्लेयर हाउस में बिताई, जो व्हाइट हाउस (राष्ट्रपति कार्यालय) के सामने पेन्सिल्वेनिया एवेन्यू में राष्ट्रपति का आधिकारिक अतिथि निवास है। वह शहर से लगभग 30 मील पश्चिम में वर्जीनिया के स्टर्लिंग में अपने गोल्फ क्लब में एक पार्टी में शामिल होने के बाद ब्लेयर हाउस पहुंचे।
डोनाल्ड ट्रंप संविधान की रक्षा के नाम पर 35 शब्दों की शपथ लेंगे। ट्रंप अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन और अपनी मां की बाइबिल पर हाथ रखकर शपथ लेंगे। अमेरिका के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ट्रंप को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद ट्रंप भाषण देंगे। पिछली बार ट्रंप ने शपथ लेने के बाद 16 मिनट का भाषण दिया था।
ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने डोनाल्ड ट्रंप की अवैध अप्रवासियों को निर्वासित करने की योजना की कड़ी निंदा की है। अमेरिका और मैक्सिको के बीच दीवार खड़ी करने के फैसले की आलोचना करते हुए पोप फ्रांसिस ने कहा कि ट्रंप ईसाई नहीं हैं। एक इटैलियन टॉक शो में पोप फ्रांसिस से जब ट्रंप की निर्वासन योजना को लेकर पूछा गया तो उन्होंने इसे अपमानजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि 'समस्याओं को हल करने का ये तरीका नहीं है और न ही ऐसे समस्याएं हल होंगी।' कई अमेरिकी बिशप ने भी ट्रंप की योजना की आलोचना की है।
डोनाल्ड ट्रंप अपने पिछले कार्यकाल की तुलना में ज्यादा ताकतवर राष्ट्रपति साबित होंगे। इसकी वजह है अमेरिका में ट्रंप को मिल रहा भरपूर समर्थन। ट्रंप के फैसलों पर पूरी दुनिया की नजरें रहेंगी। खासकर टैरिफ को लेकर ट्रंप का रुख कैसा रहेगा, इसे लेकर पूरी दुनिया में आशंका का माहौल है। साथ ही अवैध आव्रजन पर ट्रंप का रुख सख्त रहने वाला है। पहले ही दिन ट्रंप कई कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे, जिनमें अमेरिकी की सीमाओं पर आपातकाल लागू किया जाएगा और अवैध अप्रवासियों को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से जुड़ी पांच अहम बातें-
अमेरिका के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण के बाद लंच कार्यक्रम होगा, जिसमें ट्रंप के साथ विभिन्न हस्तियां शामिल होंगी।
शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल रोटुंडा में इंडोर आयोजित किया जाएगा। आम तौर पर यूएस कैपिटल में खुली जगह पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम होता है, लेकिन इस बार खराब मौसम के चलते शपथ ग्रहण कार्यक्रम इंडोर आयोजित हो रहा है। डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति होंगे। शपथ ग्रहण के बाद ट्रंप देश को संबोधित करेंगे।
मशहूर संगीतकार कैरी अंडरवुड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में प्रस्तुति देंगे।
ट्रंप शपथ ग्रहण के बाद पहले ही दिन 100 के करीब कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे, जिनमें 6 जनवरी 2020 को हुई हिंसा के दोषियों को माफ करने का आदेश भी शामिल हो सकता है। दोषियों की रिहाई को देखते हुए उस जेल के बाहर जश्न का माहौल है, जहां हिंसा के दोषी बंद हैं।
शपथ ग्रहण से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने नई क्रिप्टो करेंसी लॉन्च की है। इस क्रिप्टो करेंसी को 'ट्रंप मीम कॉइन' नाम दिया गया है। लॉन्चिंग के बाद ही इस क्रिप्टोकरेंसी की कीमत लगातार बढ़ रही है। इससे डोनाल्ड ट्रंप की कुल संपत्ति में भी उछाल आने का अनुमान है।
डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन में भारतीय मूल के एक युवक की हत्या कर दी गई है।
ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया के शीर्ष नेताओं के साथ ही उद्योग जगत के बड़े नाम शामिल होंगे। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की तरफ से विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल होंगे। इनके अलावा क्वाड देशों के विदेश मंत्री, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, हंगरी के राष्ट्रपति विक्टर ओर्बान भी शामिल होंगे। चीन के राष्ट्रपति को भी न्योता भेजा गया था, लेकिन उनकी जगह चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग अमेरिका पहुंचेंगे। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी। मेटा सीईओ मार्क जुकबर्ग, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला और गूगल सीईओ सुंदर पिचई समेत कई तकनीकी दिग्गजों के भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
ट्रंप सरकार में जगह पाने वाले नेताओं के लिए सीनेट की वोटिंग प्रक्रिया कल शुरू हो सकती है। दरअसल प्रशासन में जगह पाने वाले नेताओं को सीनेट की पुष्टि की जरूरत होती है। यही वजह है कि जब कल ट्रंप शपथ लेंगे तो सीनेट की भी बैठक शुरू हो जाएंगी।
ट्रंप के शपथ ग्रहण में शामिल होने अमेरिका जा रहे चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, अमेरिका में ट्रंप के साथ ही एलन मस्क और अमेरिकी उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।
वैश्विक भारतीय समुदाय की गैर-लाभकारी संस्था इंडियास्पोरा ने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि नए प्रशासन के तहत अमेरिका-भारत संबंध और मजबूत होते रहेंगे। इंडियास्पोरा के संस्थापक-अध्यक्ष एमआर रंगास्वामी ने कहा, 'इंडियास्पोरा और भारतीय-अमेरिकी समुदाय की ओर से मैं अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देना चाहता हूं। मुझे उम्मीद है कि अमेरिका में नए राजनीतिक माहौल के बीच अमेरिका-भारत संबंध और मजबूत होते रहेंगे।' रंगास्वामी ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान दोनों देशों के संबंध मजबूत हुए। अपने दूसरे कार्यकाल में ट्रंप ने नागरिक अधिकार, राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कई भारतीय-अमेरिकियों को नियुक्त किया है। इनमें हरमीत कौर ढिल्लों, विवेक रामास्वामी, काश पटेल, जय भट्टाचार्य और श्रीराम कृष्णन प्रमुख हैं।
ट्रंप पहले ही दिन करीब 100 कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे। जिन कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, उनमें आव्रजन, सीमा सुरक्षा, ऊर्जा और शासन से संबंधित आदेश शामिल हो सकते हैं। ट्रंप के एक करीबी नेता ने यह दावा किया है। ट्रम्प सरकार में व्हाइट हाउस डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ़ पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे स्टीफ़न मिलर ने बताया कि कार्यकारी आदेशों के तहत दक्षिणी सीमा पर आपातकाल घोषित करने, सीमाओं पर सैन्य तैनाती , तस्करों को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' घोषित किया जाएगा। साथ ही 'मेक्सिको में बने रहो' नीति को बहाल करना, 'पकड़ो और छोड़ो' नीति को समाप्त करना और ऊर्जा से संबंधित आपातकाल घोषित करना शामिल होगा।
शपथ ग्रहण से एक दिन पहले विक्ट्री रैली में ट्रंप ने कहा कि हमें टिकटॉक को बचाने की जरूरत है। हम अपना बिजनेस चीन को नहीं दे सकते। ट्रंप के इस एलान के कुछ देर बाद ही अमेरिका में टिकटॉक की सेवाएं फिर से चालू हो गईं। गौरतलब है कि अमेरिकी कानून के तहत अमेरिका में शनिवार शाम से टिकटॉक की सेवाएं बंद हो गईं थी।
शपथ से पहले बाइडन प्रशासन के कार्यकाल पर हमला
उत्साहित समर्थकों के गर्मजोशी भरे स्वागत से अभिभूत निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ ग्रहण से चंद घंटे पहले वॉशिंगटन में आयोजित मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) रैली में कहा, 'हम अपने देश को पहले से कहीं अधिक महान बनाने जा रहे हैं... हम कल दोपहर को अपने देश को उसका गौरव वापस लौटाने जा रहे हैं।'
समारोह में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में अरबपति एलन मस्क और ली ग्रीनवुड शामिल रहे। ग्रीनवुड ने "गॉड ब्लेस द यूएसए" गाने के साथ ट्रंप के चुनावी अभियान और प्रचार को धार दी थी। कार्यक्रम में मौजूद एक अन्य हस्ती- अभिनेता जॉन वोइट ने ट्रंप को हीरो करार दिया। उन्होंने कहा, एक ऐसा व्यक्ति जिसने अमेरिकी लोगों पर कभी भरोसा नहीं छोड़ा। यही कारण है कि हमने भी इन पर भरोसा बनाए रखा। ट्रंप के कार्यकाल में डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में सेवाएं देने को तैयार स्टीफन मिलर ने कहा, 'हम अपना देश और अपना लोकतंत्र वापस पाने वाले हैं।'
ट्रंप ने शपथ से पहले वाशिंगटन में विक्ट्री रैली में भाग लिया। कड़ाके की ठंड के बावजूद अमेरिका में ट्रंप समर्थकों के बीच खासा उत्साह दिखा। 20,000 से ज़्यादा सीटों वाले कैपिटल वन एरिना में किड रॉक की परफॉर्मेंस हुई। बारिश और बर्फ़बारी के बावजूद "ऑल समर लॉन्ग" गीत सुनकर लोगों का जोश दोगुना हो गया।
मैसाचुसेट्स से वॉशिंगटन फैंस, अमेरिकियों का सम्मान करने की अपील
कार्टर और कैथरीन भी डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक हैं। दोनों मैसाचुसेट्स से वाशिंगटन आए हैं। उन्होंने कहा, 'हम डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन करने मैसाचुसेट्स से यहां आए हैं। हम उनके राष्ट्रपति बनने को लेकर उत्साहित हैं। हम अन्य देशों को प्राथमिकता देते-देते थक चुके हैं और हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम अमेरिकियों का सम्मान करें।'
डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण में टेक्सास से वाशिंगटन पहुंची महिला प्रशंसक
ट्रंप के शपथ ग्रहण को लेकर उत्साहित उनकी एक महिला समर्थक ने अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री के बाहर कहा, वे टेक्सास के ह्यूस्टन में रहती हैं। उन्होंने कहा कि वे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए वाशिंगटन आई हैं। बतौर अमेरिकी नागरिक उनके लिए यह एक शानदार दिन है। महिला ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व की अनुभूति होती है कि ट्रंप ने अमेरिका को सही रास्ते पर वापस लाने के लिए काफी प्रयास किए। वे इसकी सराहना भी करती हैं।
Donald Trump Oath Ceremony LIVE: अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिवंगत सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। ट्रंप श्रद्धांजलि देने के लिए अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री पहुंचे।
भारत में रेत की कलाकृति बनाकर ट्रंप को दी गई बधाई
इससे पहले भारत में ओडिशा के सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी के समुद्र तट पर रेत की कलाकृति बनाकर ट्रंप को राष्ट्रपति बनने की बधाई दी। सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने रविवार को 47 फुट लंबी सैंड आर्ट बनाई। उन्होंने अपनी कलाकृति में ट्रंप के अलावा अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज और देश की संसद को भी प्रदर्शित किया। पटनायक ने इस कलाकृति में ट्रंप को बधाई देने के साथ-साथ वेलकम टू व्हाइट हाउस का संदेश भी लिखा। पद्मश्री से सम्मानित भारत के इस सैंड आर्टिस्ट ने स्वीकार किया कि वह अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप के 'बड़े प्रशंसक' हैं। उन्होंने कहा, ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। इसलिए उन्होंने 47 फुट लंबी कलाकृति तैयार की है।