Trump Event Shooting Live Updates:- वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस डिनर के दौरान अचानक हुई गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। हालात बिगड़ते ही ट्रंप को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बाद में ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर बताया कि प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम रोका गया। उन्होंने कहा कि सभी शीर्ष नेता सुरक्षित हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉशिंगटन डीसी में हुई सुरक्षा घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह जानकर राहत मिली है कि डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। पीएम मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दीं। अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होती और ऐसी घटनाओं की पूरी तरह निंदा की जानी चाहिए।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि सुरक्षा का काम करने के लिए उन्होंने बेहतरीन लोगों को जिम्मेदारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके अनुसार कानून-व्यवस्था की एजेंसियों ने इस बार पहले से भी बेहतर और तेज काम किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक सुरक्षा चूक हुई थी, जहां एक कमजोर जगह की वजह से बड़ी घटना हुई और नुकसान भी हुआ था। ट्रंप ने कहा कि इस बार स्थिति पूरी तरह अलग थी और सुरक्षा व्यवस्था बहुत मजबूत थी। ट्रंप के मुताबिक, हमलावर तेजी से दौड़ रहा था, लेकिन उसे समय रहते रोक लिया गया। उन्होंने कहा कि वह खुद घटना स्थल से काफी दूर थे और हमलावर कार्यक्रम हॉल के दरवाजों तक भी नहीं पहुंच पाया।उन्होंने यह भी बताया कि कमरे की सुरक्षा पूरी तरह बंद थी और सभी लोग अंदर सुरक्षित थे। ट्रंप ने कहा कि अगर दरवाजे पहले न खोले गए होते, तो शायद कार्यक्रम आगे चल सकता था, लेकिन स्थिति को देखते हुए इसे रोकना और बाद में फिर से आयोजित करना ज्यादा सुरक्षित फैसला है।
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह हमला किसी अकेले व्यक्ति (लोन वुल्फ) द्वारा किया गया था, तो ट्रंप ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार आरोपी अकेला ही था और वह मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति जैसा लगता है। ट्रंप ने कहा कि ऐसे लोग खतरनाक होते हैं और उनसे सख्ती से निपटना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसे लोगों को छोड़ा गया तो वे दोबारा भी हमला करने की कोशिश कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस तरह के मामलों में पहले भी कड़ी कार्रवाई की गई है और आरोपी को आजीवन कारावास जैसी सजा मिल रही है। ट्रंप ने कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले में जल्द ही और जानकारी सामने रखेंगी और आरोपी के बारे में पूरी सच्चाई जल्दी सामने आ जाएगी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक और परेशान करने वाली है, जिसने उन्हें गहरा झकझोर दिया है। उन्होंने बताया कि यह जानकर राहत मिली कि डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी और कार्यक्रम में मौजूद अन्य सभी लोग सुरक्षित हैं। शरीफ ने कहा कि उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। उन्होंने ट्रंप के लिए लगातार सुरक्षा और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।
ट्रंप ने कहा कि वह यह नहीं कह सकते कि क्या वह खुद निशाने पर थे, लेकिन ऐसे हमले करने वाले लोग अक्सर अस्थिर होते हैं और उनकी हरकतों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर सुरक्षा के लिए भारी इंतजाम थे और कई सुरक्षाकर्मी अलग-अलग जगहों पर मौजूद थे, यहां तक कि सामान्य लोगों की तरह बैठे हुए भी। ट्रंप के अनुसार, हमलावर को उन तक पहुंचने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती, लेकिन सुरक्षा बलों ने पहले ही उसे रोक दिया और तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की टीम ने बहुत तेज और प्रभावी तरीके से काम किया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें पहले से किसी खतरे की जानकारी थी, तो ट्रंप ने कहा कि उन्हें या उनकी टीम को कोई चेतावनी नहीं मिली थी और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि हमलावर अब पुलिस की हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उसके घर, जो कि कैलिफोर्निया में है, वहां भी जांच कर रही हैं।
ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या अब उनकी टीम को आउटडोर यानी खुले स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों पर फिर से विचार करना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि हर स्थिति में बदलाव संभव नहीं है और कई कार्यक्रमों को खुले में ही करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस जगह घटना हुई, वह सुरक्षित थी, लेकिन हमलावर बहुत दूर लगभग 50 गज से दौड़ता हुआ आया था। ट्रंप के अनुसार वह काफी दूरी से तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन सुरक्षा बलों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और उसे रोक लिया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की प्रतिक्रिया बहुत तेज थी और उन्होंने सही समय पर कार्रवाई की। ट्रंप ने यह भी साफ कहा कि ऐसी घटनाओं को वह बिल्कुल स्वीकार नहीं करेंगे और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ट्रंप से जब पूछा गया कि ऐसी घटनाएं बार-बार उनके साथ क्यों होती हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने इस तरह की घटनाओं और हमलों (हत्या की कोशिशों) पर अध्ययन किया है। उनके अनुसार, अक्सर उन लोगों को निशाना बनाया जाता है जो बड़ा प्रभाव डालते हैं और जिनका काम ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग ज्यादा कुछ नहीं करते, उन्हें आमतौर पर कम ध्यान मिलता है, लेकिन जो बड़े बदलाव लाते हैं, उन्हें ज्यादा खतरा होता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह इसे गर्व की बात नहीं मानते, लेकिन उन्होंने और उनकी टीम ने बहुत काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि पहले अमेरिका को दुनिया में कमजोर या मजाक के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब उनकी नीतियों के बाद देश को दुनिया का सबसे ताकतवर और प्रभावशाली देश माना जा रहा है।
वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में कथित हमलावर को होटल के बाहर सुरक्षा जांच (सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट) के पास तेजी से भागते हुए दिखाया गया है, जबकि उसी समय होटल के बॉलरूम में कार्यक्रम चल रहा था।
ट्रंप द्वारा साझा किए गए इस वीडियो का उद्देश्य यह दिखाना बताया जा रहा है कि सुरक्षा घेरा मौजूद होने के बावजूद हमलावर ने घुसने की कोशिश की और घटना को अंजाम देने की कोशिश की। यह वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और इस पूरी घटना को लेकर कई सवाल फिर से उठने लगे हैं, जबकि जांच एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं देश के सामान्य जीवन को प्रभावित नहीं कर सकतीं और ऐसे लोगों को अपने मकसद में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को उसी समय रोक दिया गया, लेकिन उनकी इच्छा थी कि कार्यक्रम जारी रहे।
ट्रंप ने कहा कि यह कार्यक्रम अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह उस मौके पर एक मजबूत भाषण देने की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे रोकना पड़ा। अब अगली बार वह एक नया और बेहतर कार्यक्रम करेंगे।
ट्रंप ने कहा कि यह घटना उनके लिए भी बेहद चौंकाने वाली थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी मेलानिया के साथ बैठे थे, तभी अचानक एक तेज आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि यह कोई सामान्य आवाज है, लेकिन बाद में समझ आया कि यह गोलीबारी की आवाज थी। उन्होंने कहा कि गोली काफी दूरी से चलाई गई थी और हमलावर सुरक्षा घेरे तक नहीं पहुंच पाया था। ट्रंप ने बताया कि सीक्रेट सर्विस ने तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाल लिया और उन्हें तथा अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
ट्रंप के अनुसार, उनकी पत्नी मेलानिया ने भी तुरंत समझ लिया कि यह खतरे की स्थिति है। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की तेजी और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि पूरी कार्रवाई कुछ ही सेकंड में पूरी हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अमेरिका के कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि इस घटना में देश के दो पहलू सामने आए, एक तरफ एक व्यक्ति की हिंसक और गलत हरकत, और दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था एजेंसियों की तेज और प्रभावी कार्रवाई। टॉड ब्लैंच ने बताया कि पुलिस, FBI और सीक्रेट सर्विस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों की जान बचाई। उन्होंने इन सभी एजेंसियों और उनके कर्मियों की सराहना की, खासकर उस अधिकारी की भी जो इस दौरान घायल हुआ।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही आरोप तय किए जाएंगे। हमलावर के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा, जिसमें गोलीबारी और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप शामिल होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद FBI डायरेक्टर के साथ घटनास्थल पर मौजूद थे और सभी एजेंसियां मिलकर जांच में लगी हुई हैं।टॉड ब्लैंच ने भरोसा दिलाया कि न्याय जरूर मिलेगा और दोषी को सख्त सजा दी जाएगी।
अमेरिका के कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि इस घटना में देश का सबसे बुरा और सबसे अच्छा दोनों रूप देखने को मिला। सबसे बुरा इसलिए क्योंकि एक हमलावर ने इस तरह की हिंसक हरकत की, लेकिन सबसे अच्छा इसलिए क्योंकि कानून-व्यवस्था की एजेंसियों ने तुरंत और सही तरीके से कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि सीक्रेट सर्विस, FBI और मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मिलकर तेजी से हालात संभाले और लोगों की जान बचाई। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी घायल भी हुआ, लेकिन उसकी भी सराहना की गई।
टॉड ब्लैंच ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही आरोप तय किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हमलावर के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए जाएंगे, जिनमें गोलीबारी, हथियार रखने और अन्य आपराधिक धाराएं शामिल होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन पूरा सिस्टम—पुलिस, FBI और सीक्रेट सर्विस—मिलकर काम कर रहा है और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय जरूर मिलेगा और इस घटना के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रंप ने कहा कि इस घटना के बाद सभी अमेरिकियों को चाहिए कि वे अपने मतभेदों को छोड़कर शांति से समस्याओं का समाधान करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में रिपब्लिकन, डेमोक्रेट, निर्दलीय, रूढ़िवादी और उदारवादी सभी मौजूद थे और वहां एकता और आपसी सम्मान का माहौल देखने को मिला। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग मौजूद थे और वहां लोगों के बीच काफी सकारात्मक माहौल और आपसी प्रेम दिखाई दिया, जिसे देखकर वे भी प्रभावित हुए।
ट्रंप ने यह भी कहा कि घटना के दौरान उन्हें और फर्स्ट लेडी को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की तेजी और पेशेवर रवैये की सराहना की। उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे और सभी को सुरक्षित तरीके से संभाला गया। ट्रंप के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी स्थिति को बहुत अच्छे तरीके से नियंत्रित किया और तुरंत कार्रवाई की।
ट्रंप ने कहा कि पूरी स्थिति की समीक्षा के बाद यह सामने आया है कि जिस भवन में कार्यक्रम हुआ था, वह पूरी तरह सुरक्षित नहीं था। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में सुरक्षा को और मजबूत करना बेहद जरूरी है।ट्रंप ने बताया कि इसी वजह से व्हाइट हाउस में एक नए और ज्यादा सुरक्षित बड़े कमरे की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह नया स्थान ड्रोन-प्रूफ और बुलेटप्रूफ ग्लास जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वॉर रूम की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी और सीक्रेट सर्विस तथा सेना भी इसकी मांग करती रही है। ट्रंप के मुताबिक, आज की परिस्थितियों में सुरक्षा का स्तर पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होना चाहिए, क्योंकि खतरे भी अब पहले से अधिक गंभीर हो गए हैं।
ट्रंप ने बताया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और वॉशिंगटन डीसी पुलिस ने मेयर से बातचीत की है और हालात पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान हमलावर को अलग-अलग स्थिति में देखा गया, लेकिन बाद में उसे पूरी तरह काबू में कर लिया गया और वह नियंत्रण में था। ट्रंप ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब देश पर इस तरह का हमला हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ साल पहले पेंसिल्वेनिया के बटलर इलाके में भी एक संभावित हमले की कोशिश हुई थी, और उसके बाद फ्लोरिडा के पाम बीच में भी ऐसी ही स्थिति बनी थी, जहां वह खुद भी करीब से खतरे का सामना कर चुके थे। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों में कानून-व्यवस्था की एजेंसियों ने बहुत अच्छा और तेज काम किया, जिसकी वजह से बड़े हादसे टल गए।
वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद FBI ने जांच तेज कर दी है। इस मामले पर एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत और बहादुरी से कार्रवाई करते हुए हमलावर को काबू में कर लिया और होटल में मौजूद हजारों लोगों की जान बचाई। उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की।
कश पटेल ने कहा कि होमलैंड सिक्योरिटी और मेट्रोपॉलिटन पुलिस के साथ मिलकर FBI ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच अपने हाथ में ले ली है। टीम घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रही है, जिसमें हथियार, गोलियां और खाली खोखे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम लगातार जांच कर रही है और गवाहों से पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत FBI से संपर्क करे। उन्होंने कहा कि कोई भी जानकारी छोटी नहीं होती और हर जानकारी जांच में मदद कर सकती है।
ट्रंप ने बताया कि इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी थी, लेकिन उसकी जान बच गई क्योंकि उसने बेहद मजबूत बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। उन्होंने कहा कि हमलावर ने बहुत नजदीक से और ताकतवर हथियार से गोली चलाई थी, लेकिन जैकेट ने अपना काम किया और बड़ा नुकसान होने से बचा लिया। ट्रंप के मुताबिक, घायल अधिकारी अब ठीक है और उसकी हालत अच्छी है। उन्होंने कहा कि उस अधिकारी का हौसला भी काफी मजबूत है। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने और उनकी टीम ने उस बहादुर सुरक्षाकर्मी को प्यार और सम्मान जताया है। उन्होंने इस घटना में सुरक्षा बलों की बहादुरी और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी वजह से बड़ा खतरा टल गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर हमलावर की तस्वीर साझा की।
ट्रंप ने यह भी कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उन्होंने इस पूरी घटना का वीडियो जारी करने का आदेश दिया है। इस वीडियो में हमलावर की हिंसक हरकतें और सुरक्षाबलों की तेज कार्रवाई को दिखाया जाएगा, ताकि लोगों को सच्चाई स्पष्ट रूप से समझ आ सके। उन्होंने इस हमले को देश के संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने देश की रक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी और साहस के साथ काम किया।
वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। इस मामले पर डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना पूरी तरह अप्रत्याशित थी, लेकिन सीक्रेट सर्विस और कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने बहुत तेजी और बहादुरी से हालात को संभाला। ट्रंप ने बताया कि एक व्यक्ति कई हथियारों के साथ सुरक्षा जांच बिंदु की ओर बढ़ा, लेकिन सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। उन्होंने सीक्रेट सर्विस के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल मीडिया पर एक और बयान जारी कर घटना पर प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन डीसी. में यह एक बेहद असामान्य और तनावपूर्ण शाम रही। उन्होंने अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने तेजी और बहादुरी के साथ हालात को संभाला। उन्होंने जानकारी दी कि गोली चलाने वाले आरोपी को पकड़ लिया गया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने सुझाव दिया था कि कार्यक्रम को जारी रखा जाए, लेकिन अंतिम फैसला पूरी तरह कानून-व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियां ही लेंगी। ट्रंप ने साफ किया कि सुरक्षा एजेंसियां जल्द ही इस पर निर्णय लेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि चाहे जो फैसला लिया जाए, यह शाम पहले जैसी नहीं रह पाएगी और कार्यक्रम को दोबारा आयोजित करना पड़ेगा।
पोस्ट में उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें तय प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम स्थल को तुरंत खाली करने का अनुरोध किया। इस अनुरोध का सम्मान करते हुए उन्होंने और उनकी टीम ने तुरंत वहां से हटने का फैसला लिया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस संवाददाता रात्रिभोज के दौरान अचानक गोलियों की गूंज ने माहौल को दहला दिया। चाक-चौबंद सुरक्षा के दावों के बीच हुई इस सनसनीखेज चूक ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए। हालात इतने बिगड़ गए कि सुरक्षाकर्मियों को तुरंत ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा। ऐसे में अब अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्च कर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अहम जानकारी साझा की है। साथ ही इस पोस्ट में उन्होंने कार्यक्रम को अचानक स्थगित किए जाने की जानकारी दी।