फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ukraine Russia war Live: रूस पर प्रतिबंध लगाता रहेगा अमेरिका, यूट्यूब ने रूसी मीडिया चैनलों को पूरी दुनिया में ब्लॉक किया

Sat, 12 Mar 2022 07:00 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मास्को/ वाशिंगटन

खास बातें

यूक्रेन पर रूसी हमले का आज 17वां दिन है। इतना लंबा समय हो जाने के बाद भी दोनों देशों के बीच जंग समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। रूस की ओर से यूक्रेन के कई शहरों पर हमले जारी हैं। युद्ध के दो हफ्तों के दौरान यूक्रेन के 1,00,000 नागरिक क्राको और करीब 2,00,000 नागरिक वारसॉ में शरण लेने पहुंचे हैं। ऐसे में दोनों देश अब शरणार्थियों को स्वीकार करने में असमर्थ हैं। वहीं यूट्यूब ने विश्व स्तर पर रूसी राज्य द्वारा वित्त पोषित मीडिया चैनलों को ब्लॉक कर दिया है।
विज्ञापन
यूक्रेन रूस के बीच युद्ध जारी - फोटो : twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:50 AM, 12-Mar-2022

ड्यूश बैंक भी रूस में अपना कारोबार को बंद करेगा

17 दिन के बाद भी रूस की ओर से यूक्रेन के कई शहरों पर हमले जारी हैं। वहीं युद्ध पर लगाम लगाने के लिए बड़ी कंपनियां रूस में अपना काम बंद कर रही हैं। इस कड़ी में ड्यूश बैंक भी अब रूस में अपना कारोबार को बंद करेगा।

05:56 AM, 12-Mar-2022

पीएम ट्रूडो ने कहा कनाडा के लोग यूक्रेन के साथ

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने यूक्रेन के समर्थन में कहा कि कनाडा के लोग यूक्रेन के साथ खड़े हैं और हमारे जी7 साझेदार देश अधिक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो रूस को आर्थिक रूप से अलग-थलग कर देगा, पुतिन और उनके समर्थकों पर दबाव डालेगा।

04:30 AM, 12-Mar-2022

लुहांस्क पर रूस का 70 फीसदी नियंत्रण

लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदई ने जानकारी दी कि लुहांस्क ओब्लास्ट के 70 फीसदी हिस्से पर रूस का नियंत्रण हो गया है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि रूसी सेना कीव के करीब आ रही है और आवासीय क्षेत्रों की ओर तोपखाने से फायरिंग कर रही है।

विज्ञापन
04:23 AM, 12-Mar-2022

यूट्यूब ने विश्व स्तर पर रूसी मीडिया चैनलों को किया ब्लॉक

अमेरिकी ऑनलाइन वीडियो शेयरिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने कहा कि वह रूस द्वारा वित्त पोषित मीडिया चैनलों को वैश्विक स्तर पर तुरंत प्रभाव से ब्लॉक कर रहा है। साथ ही कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि हमारे कंटेट को लेकर दिशानिर्देश साफ है कि हम हिंसक घटनाओं से जुड़ी सामग्री को नहीं रखते हैं। हम यूक्रेन में रूस के आक्रमण के बारे में सामग्री को हटाते हैं जो इस नीति का उल्लंघन करता है। वहीं ड्यूश बैंक भी रूस में अपना कारोबार को बंद करेगा।

04:02 AM, 12-Mar-2022

अमेरिका रूस पर लगाता रहेगा प्रतिबंध

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि हम यूक्रेन के साथ प्रतिबद्ध और एकजुट रहेंगे। हम रूस पर प्रतिबंधों को लगाते रहेंगे और इनमें कोई राहत नहीं होगी। ऐसे प्रतिबंध रूस पर तब तक थोपना जारी रखेंगे जब तक कि पुतिन अपना रास्ता नहीं बदलते और उनके यूक्रेन पर आक्रमण नरम नहीं पड़ते।

विज्ञापन
03:39 AM, 12-Mar-2022

रूसी बैंकों से केवल नगद रूबल निकाल सकते हैं

रूस के सेंट्रल बैंक ने आज घोषणा की कि विदेशी बैंकों से धन हस्तांतरण प्राप्त करने वाले रूसी केवल रूबल में नकद निकाल सकते हैं। रूस ने यह कदम पश्चिमी प्रतिबंधों से निपटने के लिए उठाया है।

03:32 AM, 12-Mar-2022

अमेरिका ने रूसियों पर लगाया प्रतिबंध

उत्तर कोरिया के हथियार कार्यक्रम के समर्थन करने पर अमेरिका ने रूसियों पर प्रतिबंध लगाया।

03:27 AM, 12-Mar-2022

पेंटागन ने दिया रूस पर बयान

अमेरिका की रक्षा एजेंसी पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि यह चुनाव का युद्ध है। राष्ट्रपति पुतिन एक राजनयिक स्थिति से सहमत होकर कम से कम बमबारी और विनाश को अभी रोक सकते हैं। वह एक ऐसे राष्ट्र के खिलाफ कर रहे हैं जिसने किसी को उकसाया और रूस को कोई खतरा नहीं पेश किया।

03:27 AM, 12-Mar-2022

क्राको में एक लाख और वारसॉ में यूक्रेन के दो लाख नागरिक शरण लेने पहुंचे

यूक्रेन की स्टेट बॉर्डर गार्ड सर्विस के हवाले से कीव इंडिपेंडेंट ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि युद्ध के दो हफ्तों के दौरान यूक्रेन के 1,00,000 नागरिक क्राको और करीब 2,00,000 नागरिक वारसॉ में शरण लेने पहुंचे हैं। ऐसे में दोनों देश अब शरणार्थियों को स्वीकार करने में असमर्थ हैं।

03:21 AM, 12-Mar-2022

अमेरिका ने रूसी शराब के आयात पर लगाया प्रतिबंध 

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि अमेरिका ने अपने जी7 भागीदारों के साथ मिलकर आज रूस को जवाबदेह ठहराने के लिए और कदम उठाए हैं। हमने यह सुनिश्चित करने के लिए धनी रूसी वर्ग के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई की घोषणा की कि रूस की सरकार यूक्रेन पर अपने आक्रमण के लिए एक गंभीर आर्थिक और कूटनीतिक कीमत चुकाएगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि वाणिज्य विभाग ने रूस और बेलारूस को अमेरिकी लग्जरी सामानों के निर्यात पर नए नियंत्रण लगाए हैं। हमने रूसी शराब, समुद्री भोजन और गैर-औद्योगिक हीरों पर आयात प्रतिबंध भी लगाया है।

02:57 AM, 12-Mar-2022

अमेरिका ने कहा- रूस कर रहा दुष्प्रचार 

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने रूस पर निशाना साधते हुए कहा कि रूस ने जैविक और रासायनिक हथियारों के बारे में दुष्प्रचार फैलाने के लिए सयुंक्त राष्ट्र मंच का उपयोग करके आज यूएनएससी की बैठक बुलाई।

नेड प्राइस ने बताया कि रूसी अधिकारियों ने 24 फरवरी से लगभग 14,000 युद्ध का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। साथ ही कहा कि इस बेवजह के युद्ध से बचकर शरण लेने के लिए 25 लाख से अधिक लोग देश छोड़कर भाग गए हैं। एक शांतिपूर्ण पड़ोसी पर अन्यायपूर्ण युद्ध छेड़ते हुए, पुतिन अपने ही देश में असंतोष का सामना कर रहे हैं और विरोध को रोकने के लिए अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।

02:49 AM, 12-Mar-2022

मास्को का कीव के दावों से इनकार

रूसी मीडिया स्पुतनिक के मुताबिक मास्को ने कीव के उन दावों से इनकार किया जिनमें कहा गया था कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूसी सेना द्वारा कब्जा करने के बाद खतरा बढ़ सकता है।

02:29 AM, 12-Mar-2022

रूस फैला रहा यूक्रेन के खिलाफ झूठ

यूएनएससी की बैठक में यूक्रेन के राजदूत सर्गेई किस्लिट्स्या ने कहा कि हम अच्छी तरह से जानते हैं कि पुतिन जिस उन्मादी जुनून के साथ यूक्रेन में अस्तित्वहीन जैविक या रासायनिक हथियारों या खतरों के बारे में बता रहे हैं, वह बहुत खतरनाक है। यह वास्तव में रूस द्वारा एक और भयानक झूठ का संचार करना है। उन्होंने कहा कि तो आप यूक्रेन के खिलाफ और क्या उपयोग करने जा रहे हैं? अमोनिया या फास्फोरस? आपका अगला लक्ष्य क्या होगा? रूसी सैनिकों ने यूक्रेन में स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और विरासत स्थलों सहित सभी साइटों को पहले ही नष्ट कर दिया है।

02:17 AM, 12-Mar-2022

चोरनोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र की मरम्मत शुरू

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने यूक्रेन के परमाणु नियामक के हवाले से कहा कि तकनीशियनों ने चोरनोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र में क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत शुरू कर दी है। ऑफ-साइट विद्युत शक्ति अभी भी डाउन है। डीजल जनरेटर के लिए अतिरिक्त ईंधन दिया गया है। वहीं कर्मचारियों के लिए अभी वहां काम करना मुश्किल है।

02:02 AM, 12-Mar-2022

रूस ने मार ली है अपने पैर पर कुल्हाड़ी

यूएनएससी बैठक में यूक्रेन के प्रतिनिधि सर्गेई किस्लिट्स्या ने रूस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बैठक को बुलाकर आक्रमणकारी देश ने अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है। यूक्रेन एक स्वास्थ्य प्रणाली चलाता है जो अपने अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पूरा निर्वहन करता है। बाकी रूस पुतिन और उनके पागल गुर्गों का एक झुंड है। उन्होंने कहा कि रूस अपने नागरिकों को सुरक्षा की जानकारी नहीं देता कि उसके हजारों सैनिकों के शरीर सड़ रहे हैं। 

यूएनएससी बैठक में यूक्रेन के प्रतिनिधि सर्गेई किस्लिट्स्या ने कहा कि मुझे खेद है कि सुरक्षा परिषद में अब इस तरह के पागल प्रलाप को बढ़ावा देने के लिए रूसी संघ द्वारा हेरफेर किया जा रहा है।

01:20 AM, 12-Mar-2022

मायकोलायिव में रूसी सेनाएं कर रही गोलाबारी 

एक मीडिया एजेंसी ने एक क्षेत्रीय गवर्नर के हवाले से जानकारी दी कि रूसी सेनाएं मायकोलायिव के यूक्रेनी बंदरगाह पर गोलाबारी कर रही हैं। वहीं यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मारियुपोल में गोलाबारी के कारण 1,582 नागरिक मारे गए हैं।

01:10 AM, 12-Mar-2022

रूस का दावा: यूक्रेन अमेरिका के साथ मिलकर कर रहा खतरनाक जैविक प्रयोग

रूस ने संयुक्त राष्ट्र में जानकारी दी कि रूसी रक्षा मंत्रालय के पास अब ऐसे दस्तावेज हैं जो पुष्टि करते हैं कि यूक्रेन में कम से कम 30 जैविक सीमाओं वाला एक नेटवर्क था, जहां घातक बीमारियों के रोगजनक गुणों को मजबूत करने के लिए खतरनाक जैविक प्रयोग किए गए थे। साथ ही रूस ने कहा कि यह काम अमेरिकी की रक्षा एजेंसी की देखरेख में किया जा रहा है और इसे फंड किया जा रहा है। इसका जोखिम यूक्रेन में कट्टरपंथी राष्ट्रवादी समूहों के हितों को देखते हुए बहुत वास्तविक है, जो अमेरिका के साथ मिलकर खतरनाक रोगजनकों के साथ काम कर रहे हैं।

01:10 AM, 12-Mar-2022

सैन्य जैविक खतरों पर बोला रूस

रूस के स्थायी प्रतिनिधि ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि हम यूएन से यूरोपीय देशों में लोगों के लिए एक बहुत ही वास्तविक जैविक खतरे के बारे में सोचने का आह्वान करते हैं, जो यूक्रेन से बायोएजेंट के अनियंत्रित प्रसार के परिणामस्वरूप हो सकता है। अगर ऐसा कोई परिदृश्य है तो पूरा यूरोप इसकी चपेट में आ जाएगा। 

साथ ही रूस ने कहा कि हमने यह बैठक बुलाई क्योंकि रूस यूक्रेन में एक विशेष सैन्य अभियान का आयोजन कर रहा है, हमने कीव शासन द्वारा आपातकालीन सफाई के कुछ चौंकाने वाले तथ्यों की खोज की, जो कि कीव द्वारा अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के समर्थन से लागू किए गए एक सैन्य जैविक कार्यक्रम के निशान हैं।

12:55 AM, 12-Mar-2022

यूक्रेन के मारियुपोल शहर में मारे गए 1582 नागरिक

यूक्रेन पर रूसी हमले का आज 16वां दिन है। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि 11 मार्च तक, लुत्स्क, निप्रो और इवानो-फ्रैंकिवस्क को गोलाबारी की गई थी। कीव और खार्किव क्षेत्रों की गोलाबारी जारी है। मारियुपोल की नाकाबंदी और गोलाबारी के कारण 1,582 नागरिक मारे गए।

12:47 AM, 12-Mar-2022

नाटो और रूस के बीच सीधा टकराव मतलब 'तृतीय विश्व युद्ध'

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को लेकर बयान दिया कि हम नाटो के एक-एक इंच क्षेत्र की पूरी ताकत से एकजुट और मजबूत नाटो की रक्षा करेंगे। लेकिन हम यूक्रेन में रूस के खिलाफ युद्ध नहीं लड़ेंगे। नाटो और रूस के बीच सीधा टकराव तृतीय विश्व युद्ध है, जिसे रोकने के लिए हमें प्रयास करना चाहिए।

12:19 AM, 12-Mar-2022

बाइडन ने की यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बात

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की। उन्होंने युद्धग्रस्त यूक्रेन नागरिकों के लिए चल रही सुरक्षा, मानवीय और आर्थिक सहायता पर चर्चा की। साथ ही राष्ट्रपति बाइडन ने ट्वीट किया कि मैंने उन्हें यूक्रेन पर अपने हमले के लिए रूस पर लागत बढ़ाने के लिए जी7 और यूरोपीय संघ के साथ समन्वय में जो कार्रवाई कर रहे हैं, उसके बारे में उन्हें अपडेट किया। 

11:51 PM, 11-Mar-2022

सैन्य जैविक गतिविधियों पर भ्रामक जानकारी दे रहा अमेरिका

यूएनएससी में रूस ने बयान दिया कि संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रतिनिधि यूक्रेन में सैन्य जैविक गतिविधियों के बारे में भ्रामक जानकारी प्रदान कर रहे हैं। उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नुलैंड ने मूल रूप से इस तथ्य की पुष्टि की कि यूक्रेनी प्रयोगशालाओं में खतरनाक अध्ययन किए जा रहे थे।

11:47 PM, 11-Mar-2022

यूरोप रूस में लक्जरी सामानों के निर्यात पर लगाएगा प्रतिबंध 

एक मीडिया एजेंसी के हवाले से यूरोपीय आयोग के प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोप रूस में लक्जरी सामानों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाएगा।

10:51 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन संकट पर भारत ने वार्ता और कूटनीति को एकमात्र रास्ता

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा है कि हम उम्मीद करते हैं कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रही वार्ता का सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा। कूटनीति और वार्ता के अलावा इस विवाद का समाधान करने का कोई और तरीका नहीं है। यूक्रेन में बिगड़ते मानवीय हालात तुरंत कार्रवाई की मांग करते हैं।

10:45 PM, 11-Mar-2022

संयुक्त राष्ट्र को बायोलॉजिकल वेपन प्रोग्राम की जानकारी नहीं

निरस्त्रीकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र की उच्चायुक्त इजुमी नाकामित्सू ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र को किसी बायोलॉजिकल वेपन प्रोग्राम के बारे में जानकारी नहीं है। 1972 की बायोलॉजिल वेपन्स कन्वेंशन ने बायोलॉजिकल और टॉक्सिन वेपन्स के विकास, उत्पादन, अधिग्रहण, हस्तांतरण और भंडारण पर रोक लगाती है।

10:45 PM, 11-Mar-2022

हमले में शामिल हो सकता है बेलारूस: यूक्रेन

यूक्रेन के सामरिक संचार केंद्र ने कहा है कि मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके बेलारूसी समकक्ष अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने बीच हुई बैठक के बाद बेलारूस यूक्रेन पर हमले की शुरुआत कर सकता है। केंद्र ने एक बयान में कहा कि शुरुआती डाटा के अनुसार बेलारूस के सैनिक 11 मार्च को रात नौ बजे (स्थानीय समयानुसार) यूक्रेन पर हमले में शामिल हो सकते हैं।

10:30 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन में बायोलॉजिकल वेपन प्रोग्राम नहीं: अमेरिका

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में संयुक्त राष्ट्र के लिए अमेरिका के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा है कि यूक्रेन के पास बायोलॉजिकल हथियार प्रोग्राम नहीं है। ऐसी कोई यूक्रेनी बायोलॉजिकल वेपन लैबोरेटरी नहीं हैं जिनका समर्थन अमेरिका कर रहा है। ये न तो रूस की सीमा के पास हैं और न ही दुनिया में कहीं और।

10:05 PM, 11-Mar-2022

जपोरिजिया का पूरा नियंत्रण लेने की कोशिश में रूस: यूक्रेन

यूक्रेन क सरकारी परमाणु ऊर्जा कंपनी एनर्गोएटम ने कहा है कि रूसी अधिकारियों ने जपोरिजिया परमाणु संयंत्र में गुसने की और पूरा नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। रूसी बलों ने संयंत्र के यूक्रेनी कर्मचारियों को कहा है कि प्लांट अब रूसी परमाणु कंपनी रोसैटम के नियंत्रण में हैं।

09:28 PM, 11-Mar-2022

सुनिश्चित करेंगे कि रूस को वित्तीय मदद न मिल सकें: अमेरिका

अमेरिका ने कहा है कि जी7 नेता इस बात को सुनिश्चित करने पर सहमत होंगे कि रूस अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक जैसे बहुपक्षीय वित्तीय संस्थानों से वित्तीय मदद हासिल न कर सके। राष्ट्रपति बाइडन एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे जो रूसी संघ में स्थित किसी भी व्यक्ति को लग्जरी वस्तुओं के निर्यात को समाप्त कर देगा।

09:16 PM, 11-Mar-2022

पुतिन एक हमलावर, उन्हें कीमत चुकानी होगी: बाइडन

यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस के खिलाफ शुरू से सख्त रुख अपनाए अमेरिका ने रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों का एलान किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक हमलावर हैं और उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। बाइडन ने कहा कि अमेरिका रूस के साथ कारोबार स्थिति को डाउनग्रेड करेगा, रूसी शराब, समुद्री भोजन और डायमंड के आयात पर प्रतिबंध लगाएगा।

09:02 PM, 11-Mar-2022

रूस ने यूक्रेन में खोया अपना तीसरा मेजर जनरल

पश्चिमी अधिकारियों ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन में अपने तीसरे मेजर जनरल को खो दिया है। एक अनुमान के अनुसार रूस ने अपनी सेनाओं के नेतृत्व के लिए मेजर जनरल रैंक के 20 अधिकारियों को तैनात किया है।

08:55 PM, 11-Mar-2022

गंभीर कूटनीति में शामिल नहीं होना चाहते पुतिन: कमला हैरिस

अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन ने गंभीर कूटनीति में हिस्सा लेने की इच्छा का कोई संकेत नहीं दिया है।

08:40 PM, 11-Mar-2022

आरोप: यूक्रेन के हवाई क्षेत्र से रूस ने किया बेलारूस के गांव पर हमला

यूक्रेन ने रूस पर आरोप लगाया है कि रूस ने यूक्रेन के हवाई क्षेत्र से बेलारूस के एक गांव पर हमला किया है। यूक्रेन ने कहा है कि रूस के एक विमान ने हमारे हवाई क्षेत्र ने बेलारूस के एक गांव पर गोलीबारी की। यह बेलारूस को यूक्रेन में युद्ध में शामिल करने की कोशिश है। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार दोपहर 2.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) स्टेट बॉर्डर सर्विस को सूचना मिली कि एक रूसी विमान ने बेलारूम में एक एयरफील्ड से उड़ान भरी है। इस विमान ने यूक्रेन के हवाई क्षेत्र में आने के बाद बेलारूस के गांव कोपानी पर गोलाबारी की।

08:31 PM, 11-Mar-2022

मारियुपोल में हालात बेहद गंभीर: यूक्रेन

यूक्रेन की सरकार ने कहा है कि मारियुपोल में हालात बहुत गंभीर हैं। देश के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि इस बात का पता नहीं है कि रूसी सेना के कब्जे में आ चुके इस शहर में मानवीय मदद कब तक पहुंच पाएगी। मंत्रालय के सलाहकार वेदिम डेनिसेंको ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि मानवीय मदद लेकर गए आठ ट्रक आज मारियुपोल पहुंच पाएंगे या नहीं। 

08:19 PM, 11-Mar-2022

रूस से गैल-तेल-कोयले पर निर्भरता खत्म करने की तैयारी में यूरोपीय आयोग

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने कहा कि मई के अंत तक हम रूसी गैस, तेल और कोयले पर हमारी निर्भरता को 2027 तक समाप्त करने का एक प्रस्ताव पेश करेंगे। यूक्रेन का सदस्यता आवेदन उनकी इच्छा और अपने भाग्य को चुनने के उनके अधिकार की अभिव्यक्ति है। आज हमने यूक्रेन के लिए रास्ता खोल दिया है। वे यूरोपीय परिवार का हिस्सा हैं।

08:07 PM, 11-Mar-2022

रूस से सबसे पसंदीदा राष्ट्र का दर्जा वापस लेगा अमेरिका

अमेरिका की हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलान किया कि अमेरिका यूक्रेन पर रूस के हमले की प्रतिक्रिया में रूस से सबसे पसंदीदा राष्ट्र का दर्जा वापस लेगा। 

07:56 PM, 11-Mar-2022

फिनलैंड ने पुतिन से की युद्ध विराम की अपील

फिनलैंड के राष्ट्रपति साउली नीनिसितो ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से तुरंत युद्ध विराम की अपील की है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में फंसे नागरिकों की निकासी के लिए युद्ध विराम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के साथ गंभीर होता जा रहा युद्ध तेजी से पश्चिमी राय को बदल रहा है।

07:39 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन का दावा, चेर्नोबिल संयंत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई

यूक्रेन के सरकारी परमाणु ऊर्जा नियामक ने कहा है कि रूस ने दावा किया है कि बेरारूसी विशेषज्ञों ने चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कर ली है, लेकिन असल में ऐसा नहीं हुआ है। इसने एक बयान में कहा कि बाहरी विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

07:17 PM, 11-Mar-2022

'पिछले 24 घंटों में रूस की यूक्रेन में कोई बढ़त नहीं'

यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी अरेस्टोविच ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में रूसी सशस्त्र बल यूक्रेन में कोई बढ़त नहीं बना पाए हैं। यूक्रेन में रूस की बढ़त थम गई है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रतिद्वंद्वी को हवाई हमलों, रॉकेट फायर और जमीनी हमलों से व्यावहारिक रूप से हर दिशा में रोक दिया गया है। 

06:58 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन का दावा, कम से कम 78 बच्चे मारे गए

संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन की मानवाधिकार लोकपाल ल्यूडमिला डेनिसोवा ने कहा है कि 24 फरवरी को रूस के हमले की शुरुआत के बाद से यूक्रेन में कम से कम 78 बच्चे मारे जा चुके हैं। 

06:47 PM, 11-Mar-2022

रूस के साथ जंग में हम रणनीतिक टर्निंग प्वाइंट पर: जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के साथ जंग में यूक्रेन एक रणनीतिक टर्निंग प्वाइंट पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह बताना असंभव है कि हमारे पर अभी कितने दिन यूक्रेनी भूमि को मुक्त कराने के लिए हैं। लेकिन हम यह कह सकते है कि हम यह कर के दिखाएंगे। हम अपने लक्ष्य, अपनी जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

06:36 PM, 11-Mar-2022

व्हाट्सएप-इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में रूस

रूस ने व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है।

06:27 PM, 11-Mar-2022

स्विट्जरलैंड ने अपने नागरिकों को दी रूस छोड़ने की सलाह

स्विट्जरलैंड ने अपने नागरिकों को रूस से निकलने की सलाह दी है। स्विस विदेश मंत्रालय ने आज जारी यात्रा एडवायडजरी में कहा कि जिन स्विस नागरिकों की रूस में मौजूदगी अनिवार्य नहीं है उन्हें अपने खुद के साधन से रूस से निकलने की सलाह दी जाती है। हालांकि, यह फैसला नागरिकों पर छोड़ा गया है।

06:11 PM, 11-Mar-2022

रूस में पढ़ रहे भारतीय छात्रों के लिए दिशानिर्देश

रूस में भारतीय दूतावास ने यहां पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि हमें अभी ऐसा कोई सुरक्षा कारण नहीं दिखाई दे रहा है जिसके चलते उन्हें रूस छोड़ना पड़े।

05:54 PM, 11-Mar-2022

वार्ताओं में दिख रहे सकारात्मक संकेत: पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज यूक्रेन और पश्चिमी प्रतिबंधों पर चर्चा के लिए अपने बेलारूसी समकक्ष अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ बैठक की। इस दौरान पुतिन ने कहा कि हमारी तरफ के वार्ताकारों ने बताया है कि कुछ सकारात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि ये वार्ताएं दैनिक आधार पर हो रही हैं।

05:43 PM, 11-Mar-2022

माफिया से जब्त संपत्ति यूक्रेनी शरणार्थियों को देगा इटली

इटली की आंतरिक मंत्री लूसियाना लोमोर्गीज ने कहा है कि सरकार यूक्रेनी शरणार्थियों को रहने का स्थान देने के लिए माफिया से जब्त की गई संपत्ति देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इटली में अब तक 28 हजार शरणार्थी प्रवेश कर चुके हैं। आपराधिक संगठनों से 283 संपत्तियां जब्त की गई हैं जिन्हें लोगों को लंबे समय के लिए देने की तैयारी की जा रही है।

05:31 PM, 11-Mar-2022

रूसी ड्यूमा के 386 सदस्यों के खिलाफ ब्रिटेन ने लगाए प्रतिबंध

ब्रिटेन ने रूसी ड्यूमा के 386 सदस्यों की संपत्तियां जब्त करने और उन पर यात्रा प्रतिबंध लगाने का एलान किया है जिन्होंने पूर्वी यूक्रेन में दो राज्यों की स्वतंत्रता के समर्थन में मतदान किया था। विदेश कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि नए प्रतिबंध इन लोगों को यूके की यात्रा करने पर रोक लगाएंगे और यबां मौजूद उनकी संपत्तियों और व्यवसायों तक पहुंच प्रदान करेंगे।

05:23 PM, 11-Mar-2022

'यूक्रेन में सीरिया जैसे हालात बनाना चाहता है रूस'

यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख मिखाइल पोडोल्याक ने कहा है रूस के मंत्री शोइगू समेत रूसी अधिकारी एलान कर चुके हैं कि 16000 पूर्व आईएसआईएस लड़ाकों को यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि आईएसआईएस को काम पर रखना और रासायनिक हथियारों के बारे में फर्जी पर्चार करना इस बात की ओर संकेत करते हैं कि रूस यूक्रेन में सीरिया जैसे हालात बनाने की कोशिश कर रहा है।

05:16 PM, 11-Mar-2022

बेलारूस के राष्ट्रपति से पुतिन ने की बात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन और पश्चिमी प्रतिबंधों पर चर्चा करने के लिए बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको से बात की है।

05:10 PM, 11-Mar-2022

हर हालत में बनाए जाएं मानवीय कॉरिडोर: नाटो महासचिव

नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) के महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने कहा है कि यूक्रेन में नागरिकों की निकासी और मानवीय मदद पहुंचाने के लिए मानवीय कॉरिडोर बनाना ऐसा काम है जिसे हर हालत में किया जाना चाहिए। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की परमाणु बयानबाजी को खतरनाक बताया और एक बार फिर कहा कि नाटो यूक्रेन में सैनिक या लड़ाकू विमान नहीं भेजेगा। 

04:47 PM, 11-Mar-2022

खारकीव में 48 स्कूल तबाह हुए

खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने बताया है कि शहर पर लगातार बमबारी हो रही है और यहां 48 स्कूल तबाह हो चुके हैं। वहीं, खारकीव के गवर्नर ने आज एक मनोरोग अस्पताल पर हुए हमले की निंदा की और इसे एक युद्ध अपराध बताया। 

04:34 PM, 11-Mar-2022

जो हमारे अभियान से शर्मिंदा हैं वो सच्चे रूसी नहीं: क्रेमलिन

क्रेमलिन ने कहा है कि जो रूसी नागरिक यूक्रेन में हमारे विशेष सैन्य अभियान से शर्मिंदा हैं, वह सच्चे रूसी नहीं हैं। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, 'एक सच्चा रूसी कभी भी रूसी होने पर शर्मिंदा महसूस नहीं कर सकता। अगर कोई ऐसी बात कहता है तो वह रूसी नहीं है। उन्होंने यह बात रूस के अंदर और बाहर लगाए गए ऐसे नारों पर कही जिनमें रूसी होने पर शर्मिंदा होने की बात कही जा रही थी। 

04:27 PM, 11-Mar-2022

नवलनी की प्रेस सचिव को रूस ने अंतरराष्ट्रीय वांटेड लिस्ट में डाला

रूस के अधिकारियों ने जेल में बंद रूसी विपक्षी नेता अलेक्सी नवलनी के प्रेस सचिव को अंतरराष्ट्रीय वांटेड लिस्ट में शामिल किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूसी पुलिस के डाटाबेस में आज दिखाया गया कि कीरा यारमिश एक वांटेड लिस्ट में हैं। यारमिश ने पिछले साल एक अदालत द्वारा कोविड नियमों का कथित उल्लंघन करने के लिए 18 महीनों के लिए गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद रूस छोड़ दिया था। इससे पहले आज ही नवरनी ने मास्को समेत अन्य शहरों में यूक्रेन के खिलाफ प्रदर्शन करने की अपील की थी।

04:12 PM, 11-Mar-2022

यूके सरकार की पूर्व सैनिकों से यूक्रेन न जाने की अपील

यूके सरकार ने ब्रिटेन के पूर्व सैनिकों से अपील की है कि लड़ने के लिए यूक्रेन न जाएं, इसके स्थान पर वह घर से ही चैरिटी आदि के जरिए यूक्रेनी लोगों की मदद करें। मंत्री लियो डोचेर्टी ने कहा है कि हम जानते हैं कि 

04:01 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन में 10 लाख लोग बिना बिजली जी रहे

यूक्रेन की बिजली कंपनी एनर्गोएटम (Energoatom) ने चेतावनी दी है कि देश में लगभग 10 लाख लोग बिना बिजली के रह रहे हैं।

03:47 PM, 11-Mar-2022

25 लाख हुई यूक्रेनी शरणार्थियों की संख्या

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी ने कहा है कि यूक्रेन के शरणार्थियों की संख्या आज 25 लाख हो गई। हमने यह अनुमान भी लगाया है कि यूक्रेन के अंदर लगभग 20 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। इस बेवजह के युद्ध के चलते लाखों लोगों को अपना घर खोना पड़ा है। 

03:31 PM, 11-Mar-2022

कश्मीर: बेटे के लौटने पर भावुक हुए पिता 

कश्मीर में श्रीनगर क संजय पंडिता का बेटा ध्रुव भी यूक्रेन के सूमी में फंसा हुआ था। उन्होंने आज अपने बेटे के वापस लौटने पर कहा, मैं कहना चाहता हूं कि यह मेरा बेटा नहीं लौटा है, यह मोदी जी का बेटा लौटा है। सूमी में हालात को देखते हुए हमें कोई उम्मीद नहीं थी। मेरे बेटे को वहां से निकालने के लिए मैं भारत सरकार का आभारी हूं। 
 

02:31 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन में स्वयंसेवी लड़ाकों को भेजने की तैयारी में पुतिन 

यूक्रेन के कीव पर कब्जा करने के लिए अब पुतिन ने नई योजना तैयार की है। पुतिन यहां अपने सैनिकों की मदद के लिए स्वयंसेवी लड़ाके उतारने की तैयारी कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक, मध्य पूर्व व अन्य जगहों से इन लड़ाकों को यूक्रेन भेजा जा सकता है। इसके अलावा सीरिया में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ लड़ने वाले सैनिकों को भी यूक्रेन में उतारा जा सकता है। 

01:37 PM, 11-Mar-2022

213 भारतीय छात्रों को लेकर उतरा वायु सेना का विमान

यूक्रेन में फंसे 213 अन्य भारतीय छात्रों को लेकर वायु सेना का विमान वापस भारत लौट आया। यह विमान हिंडन एयरबेस पर उतरा।
 

01:30 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन के देनिप्रो में रूस की एयर स्ट्राइक, एक की मौत

यूक्रेन पर हमले के 16वें दिन भी रूस बमबारी रोकने को राजी नहीं है। ताजा जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन के देनिप्रो शहर पर रूस ने एयरस्ट्राइक की। इस दौरान शहर को काफी नुकसान हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में एक नागरिक की मौत हो गई। 

12:47 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन का यूरी गागरिन स्टेडियम तबाह 

रूसी हवाई हमले में चर्नीहीव में एक स्टेडियम पूरी तरह से तबाह को गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस स्टेडियम का नाम पहले अंतरिक्ष यात्री यूरी गागरिन के नाम पर रखा गया था। इसके अलावा एक लाइब्रेरी की इमारत भी ध्वस्त हो गई। 

12:43 PM, 11-Mar-2022

यूक्रेन के दो हवाई अड्डों के पास बम धमाका

यूक्रेन के दो हवाई अड्डों के पास जोरदार बम धमाका हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि पश्चिमी यूक्रेन के शहरों इवानो-फ्रैंकिव्स्क और लुत्स्क में हवाई अड्डों के पास रूस की ओर से जोरदार बम धमाका किया गया है। 

12:32 PM, 11-Mar-2022

चर्नीहीव में पीने के पानी का संकट

यूक्रेन के चर्नीहीव में रूसी हमलों में शहर की वाटर सप्लाई ध्वस्त हो गई। जल प्रबंधन कंपनी चेर्निहिवोडोकानाल के मुताबिक, जल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है, जिससे शहर में पीने के पानी का अकाल पड़ गया है। कंपनी का कहना है कि, उन्होंने हुए नुकसान की लोकेशन का पता लगा लिया है। इसके बावजूद उसे ठीक करने में चार से पांच घंटे और लगेंगे। 

12:00 PM, 11-Mar-2022

मारियुपोल में रूस कर रहा प्रतिबंधित हथियारों का इस्तेमाल- मेयर

मारियुपोल में रूस ने हमले तेज कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां हर आधे घंटे पर रूस बम बरसा रहा है। शहर के मेयर ने आरोप लगाया है कि रूसी सैनिकों द्वारा प्रतिबंधित हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है व सैनिक आवासीय इलाकों को निशाना बना रहे हैं। 

09:57 AM, 11-Mar-2022

यूक्रेन में फंसे 242 छात्र आए वापस 

ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे 242 और छात्र आज भारत वापस लौट आए। इन छात्रों को पोलैंड के रास्ते दिल्ली लाया गया। इनमें से एक छात्र हरदीप ने बताया कि वह सूमी में फंसा था। वहां हर तरफ बमबारी हो रही थी, लेकिन भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने हमारी बहुत मदद की। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहना चाहता हूं। 

09:51 AM, 11-Mar-2022

रूस से मोस्ट फेवरेट नेशन का स्टेटस वापस लेगा अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने घोषणा की कि, अमेरिका-यूरोपीय संघ व जी-7 देश रूस से व्यापार में मोस्ट फेवरेड नेशन का स्टेटस भी वापस लेंगे। दरअसल, यूक्रेन पर आक्रमण के बाद अमेरिका व यूरोपीय संघ लगातार रूस पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। रूस दुनिया का सबसे ज्यादा प्रतिबंधों वाला देश बन गया है। 

09:00 AM, 11-Mar-2022

रूस-यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कराने को तैयार चीन 

रूस-यूक्रेन के बीच शांति समझौता कराने के लिए चीन एक बार फिर से मध्यस्थ बनने को तैयार है। पहले विदेश मंत्री और अब चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता कराने के लिए चीन मध्यस्थता के लिए तैयार है। यह बयान ऐसे समय पर सामने आ रहे हैं, जब चीन यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की आलोचना करने से इंकार कर चुका है।

08:47 AM, 11-Mar-2022

कीव के बाहर फिर तैनात हुआ रूसी काफिला

यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहर फिर से रूसी काफिला देखा गया है। एक अमेरिकी निजी कंपनी ने कहा कि, 10 मार्च को ली गईं सैटेलाइट तस्वीरों में कीव के उत्तर-पश्चिम में फिर से रूसी काफिला देखा गया है। यह काफिला पहले तितर-बितर हो गया था। कहा गया कि तस्वीरों में बख्तरबंद गाड़ियां हवाईअड्डे के नजदीक शहरों में घुसपैठ कर रही हैं। इस काफिले को जंगलों में पेड़ों की कतार में तैनात किया गया है। 

08:35 AM, 11-Mar-2022

रूस ने यूक्रेन में किया था वैक्यूम बम का इस्तेमाल

रूस ने यूक्रेन में वैक्यूम बम के इस्तेमाल की पुष्टि की है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय की ओर से ट्वीट किया गया है। इसमें कहा गया है कि रूसी रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन में TOS-1A हथियार प्रणाली को तैनात किया था। यह हथियार प्रणाली वैक्यूम बमों का इस्तेमाल करती है। एक वैक्यूम बम हवा से ऑक्सीजन को सोख लेता है और मानव शरीर को वाष्पीकृत करने में सक्षम होता है। 

07:45 AM, 11-Mar-2022

Ukraine Russia war Live: रूस पर प्रतिबंध लगाता रहेगा अमेरिका, यूट्यूब ने रूसी मीडिया चैनलों को पूरी दुनिया में ब्लॉक किया

सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक ने रूस को लेकर अपने नियमों में बदलाव किया है। यूक्रेन पर आक्रमण के विरोध में फेसबुक ने रूसी आक्रमण और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बोलने की अनुमति दी है। हालांकि, फेसबुक ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ऐसी टिप्पणी नहीं होनी चाहिए, जिससे नागरिकों को खतरा हो। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें