रूसी पत्रकारों के साथ यूक्रेनी राष्ट्रपति के साक्षात्कार में दावा किया कि रूस ने शहर से नागरिकों को निकालने के प्रयासों के दौरान मारियुपोल से 2,000 बच्चों को "चोरी" की है।
रूस के अधिकारियों ने यूक्रेन पहुंचने वाले संदेशों पर लगाम लगाने के प्रयासों के तहत जर्मनी के समाचार पत्र 'बिल्ड' की वेबसाइट को बंद कर दिया है। रूस के संचार एवं मीडिया नियामक रोस्कोमनाडजोर ने कहा कि हमने अभियोजकों के अनुरोध पर बिल्ड की वेबसाइट को बंद कर दिया है। रूस में इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पहले ही पाबंदी लगाई जा चुकी है।
यूक्रेन के सैन्य खुफिया प्रमुख किरिलो बुडानोव ने कहा है कि रूस, यूक्रेन को दो टुकड़ों में विभाजित करने की कोशिश कर सकता है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार बुडानोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यह महसूस किया है कि वह पूरे देश (यूक्रेन) को तो निगल नहीं सकते, इसलिए वह ‘कोरियाई परिदृश्य’ के तहत यूक्रेन को संभवत: विभाजित करने का प्रयास करेंगे।
पूर्वी यूक्रेन में लुहांस्क क्षेत्र के एक अलगाववादी नेता ने कहा है कि हमारा क्षेत्र रूस में शामिल होने के लिए जनमत संग्रह करना चाहता है। ‘लुहांस्क पीपुल्स रिपब्लिक’ के प्रमुख लियोनिद पासेचनिक ने कहा कि हम आने वाले दिनों में एक जनमत संग्रह करा सकते हैं, जिसमें भाग लेने वाले लोगों से पूछा जा सकता है कि क्या वे इस क्षेत्र को रूस का हिस्सा बनाने का समर्थन करते हैं। रूस ने लुहांस्क और पड़ोसी दोनेत्सक क्षेत्रों में अलगाववादियों का समर्थन किया है। 2014 में क्रीमिया पर मॉस्को के कब्जे के तुरंत बाद वहां विद्रोह हुआ था।
रूसी मिसाइल हमलों में यूक्रेन के रिव्ने ओब्लास्ट में एक तेल डिपो पूरी तरह तबाह हो गया है। रिव्ने के गवर्नर विताली कोवल ने बताया कि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।
यूक्रेन के डिप्टी पीएम इरीना वीरेश्चुक ने दावा किया है कि रूस 40 हजार यूक्रेनियों को जबरन किसी अज्ञात जगह पर ले गया है। इन नागरिकों को मानवीय गलियारों के माध्यम से ले जाया गया है। इनके बारे में यूक्रेन को तब जानकारी नहीं थी।
यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, उसने दोनेत्स्क व लुहांस्क पर हुए सात हमलों को निष्क्रिय कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रूस को यहां आठ टैंकों, आठ बख्तरबंद वाहनों, तीन वाहनों और एक मोर्टार का नुकसान हुआ है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि, यूक्रेन अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक जुट हुआ है। देश स्वतंत्र रूप से जीने के लिए एक हुआ है। न कि बीमार लोगों की बुरी कल्पनाओं को पूरा करने के लिए एकजुट हुआ है।