ताइवान के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भूकंप प्रभावित ताइवान के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के तुरंत बाद, इसके राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन ने बुधवार को चुनौतीपूर्ण समय में समर्थन के लिए उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। ताइवान के उपराष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने भी मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री का समर्थन और एकजुटता इस कठिन समय में ताइवान के लोगों के लिए ताकत का स्रोत है। राष्ट्रपति त्साई ने 'एक्स' पर कहा, 'हम इस चुनौतीपूर्ण समय में आपके दयालु शब्दों और समर्थन के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत आभारी हैं। आपकी एकजुटता ताइवान के लोगों के लिए बहुत मायने रखती है क्योंकि हम सभी तेजी से ठीक होने की दिशा में काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि ताइवान में बुधवार को एक चौथाई सदी का सबसे शक्तिशाली भूकंप आया, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 800 से अधिक घायल हो गए।
पीएम मोदी ने भूकंप प्रभावित ताइवान के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ताइवान में आए भूकंप में जानमाल के नुकसान पर दुख जताया और देश के लोगों के प्रति भारत की एकजुटता व्यक्त की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'आज ताइवान में भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान से बहुत दुखी हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हम ताइवान के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं क्योंकि वे सह रहे हैं।
ताइवान के अधिकारियों ने कहा कि द्वीप में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद 70 मजदूर दो कोयला खदानों में फंस गए हैं।
सना हाशमी ने कहा कि प्राधिकरण ने भूकंप के हालातों से निपटने के लिए जल्द कदम उठाए। कुछ क्षेत्रों में कुछ घंटों के लिए बिजली चली गई थी। मेट्रो, हाईस्पीड ट्रेन फिर से शुरू कर दी गई है। जहां ताइपे जैसे हालात नहीं हैं, वहां काफी हद तक जीन सामान्य हो गया है।
न्यू ताइपे शहर के झिंडियन जिले में इमारतों को नुकसान पहुंचा।
बचावकर्मी फंसे हुए लोगों की तलाश कर रहे हैं। क्षतिग्रस्त इमारत से बचाए जाने के बाद एक व्यक्ति की सहायता करते बचाव कर्मचारी।
एक रिपोर्ट के अनुसार, ताइवान के बिजली ऑपरेटर ताइपावर का कहना है कि भूकंप के झटकों से शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। देश भर में 87,000 से अधिक लोग बिना बिजली के रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि वर्तमान में बहाली का काम चल रहा है।