फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bangladesh Crisis News Live: मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त; हसीना के दो मंत्री हिरासत में

Wed, 07 Aug 2024 12:07 AM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ढाका

खास बातें

Sheikh Hasina Resignation Live News in Hindi: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपना देश छोड़कर फिलहाल भारत में हैं और ऐसी खबरें हैं कि वह यहां से लंदन जा सकती हैं। बांग्लादेश में सेना के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन करने की तैयारी चल रही है और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर सकते हैं। 
विज्ञापन
बांग्लादेश में बवाल जारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:55 PM, 06-Aug-2024

मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने यूनुस की नियुक्ति का एलान किया। प्रेस सचिव ने मंगलवार रात को बताया कि राष्ट्रपति और भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के समन्वयकों के बीच हुई बैठक के दौरान अंतरिम सरकार की नियुक्ति का फैसला लिया गया।

10:39 PM, 06-Aug-2024

कोलकाता में बांग्लादेश उप उच्चायोग की बढ़ी सुरक्षा

पड़ोसी देश बांग्लादेश में अशांति के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को कोलकाता में बांग्लादेश उप उच्चायोग के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बताया कि न्यू मार्केट क्षेत्र में बाजारों, मॉल, भोजनालयों और रेस्तरां के बाहर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। बांग्लादेश उप उच्चायोग कार्यालय के बाहर सहायक आयुक्तों के रैंक के कुल 20 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सादे कपड़ों में अधिकारियों को भी वहां तैनात किया गया है। जबकि न्यू मार्केट, फ्री स्कूल स्ट्रीट और पार्क स्ट्रीट क्षेत्रों के पास होटलों और रेस्तरां में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून और व्यवस्था को बाधितो करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

10:26 PM, 06-Aug-2024

पूर्व बांग्लादेशी विदेश मंत्री भी हिरासत में लिए गए

बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री हसन महमूद और पूर्व राज्य मंत्री जुनैद अहमद पलक को मंगलवार को ढाका हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया, जब वे देश से भागने की कोशिश कर रहे थे। एक अखबार ने एयरपोर्ट एविएशन सिक्योरिटी के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि महमूद ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिल्ली जाने के लिए उड़ान पकड़ने के लिए गए थे। उन्हें बांग्लादेश से भागने की कोशिश करते समय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया। हसन महमूद अपदस्थ हसीना सरकार में विदेश मंत्री थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूर्व विदेश मंत्री ने पहले भारत के साथ एक भूमि बंदरगाह के माध्यम से भागने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी गई थी।

विज्ञापन
09:55 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में विदेशी ताकतें हैं- पूर्व उच्चायुक्त

बांग्लादेश में भारत के पूर्व उच्चायुक्त पिनाक रंजन चक्रवर्ती ने बांग्लादेश के राजनीतिक हालात पर कहा, बांग्लादेश ने पहले भी कई ऐसे संकट देखे हैं। मुख्य रूप से उनके आंतरिक कारणों से ऐसा कई कारणों से हुआ है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि बांग्लादेश में विदेशी ताकतें हैं जो नहीं चाहती थीं कि हसीना सरकार बनी रहे। उनकी भावनाएं और पीड़ा समझी जा सकती है। भारत बांग्लादेश में होने वाले घटनाक्रम पर नजर रखेगा। एक नई सरकार बनेगी और हम इससे निपटेंगे जैसा कि हमने पहले किया है।
 

08:55 PM, 06-Aug-2024

कल से ढाका में हवाई सेवा शुरू करेगी विस्तारा

हिंसा के बाद राजनीतिक संकट से गुजर रहे बांग्लादेश में रहने और जाने वालों के लिए राहत भरी खबर हैं। जानकारी के मुताबिक टाटा ग्रुप की एयरलाइन विस्तारा कल से बांग्लादेश की राजधानी ढाका के लिए हर दिन दो फ्लाइट्स संचालित करेगी। विस्तारा एयरलाइन के एक अधिकारी के अनुसार, एयरलाइन अपने निर्धारित समय के अनुसार बुधवार से सेवाएं शुरू करेगी। जिसमें हफ्ते में दो हवाई सेवाएं ढाका से मुंबई और तीन सेवाएं दिल्ली से ढाका के लिए होंगी।

विज्ञापन
08:13 PM, 06-Aug-2024

राष्ट्रपति ने छात्र आंदोलन के नेताओं से की मुलाकात

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार को बंगभवन में छात्र आंदोलन के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की और देश की मौजूदा स्थिति के साथ अंतरिम सरकार के गठन पर चर्चा की। इन नेताओं में शामिल एक नेता के हवाले से एक स्थानीय समाचार पत्र ने बताया कि राष्ट्रपति और छात्र आंदोलन के नेताओं के बीच बैठक मंगलवार शाम को शुरू हुई। इस दौरान विरोधी छात्र आंदोलन के 13 सदस्यों का एक समूह ने मौजूदा स्थिति और अंतरिम सरकार के गठन के बारे में बंगभवन में राष्ट्रपति और तीनों सशस्त्र बलों के प्रमुखों के साथ बैठक की है। बता दें कि बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अंतरिम प्रशासन के गठन के लिए रास्ता बनाने के लिए संसद को भंग कर दिया है।

07:56 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में स्थिति हर घंटे बदल रही है- गौरव गोगोई

बांग्लादेश में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि, बांग्लादेश में स्थिति हर घंटे बदल रही है, और इसलिए मैं उम्मीद करता हूं कि जिस तरह से विदेश मंत्री ने सदन में बयान दिया और भाजपा ने कई दलों के साथ चर्चा की, यह आखिरी बैठक नहीं होनी चाहिए।
 

07:31 PM, 06-Aug-2024

'अंतरिम सरकार' का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं- मोहम्मद यूनुस

ढाका: नोबेल विजेता मोहम्मद यूनुस ने कहा बांग्लादेश में 'अंतरिम सरकार' का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं- सूत्र

07:24 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में फंसे छात्रों की वापसी के लिए महाराष्ट्र सरकार ने गठित की टीम

महाराष्ट्र सरकार ने बांग्लादेश में पढ़ रहे राज्य के करीब 20 छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए अधिकारियों की एक टीम गठित की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इन छात्रों की एक सूची विदेश मंत्रालय के साथ साझा की गई है। अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र के करीब 20 छात्र पड़ोसी देश में हैं, बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र सरकार, बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग और छात्रों के परिवारों के बीच समन्वय के लिए अधिकारियों की एक टीम गठित की है और यह फंसे हुए छात्रों से भी संपर्क कर रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विदेश मंत्रालय से बात की है और तत्काल कार्य योजना की आवश्यकता पर बल दिया है।

07:05 PM, 06-Aug-2024

यूरोप जा सकती हैं शेख हसीना!

भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शेख हसीना अगले 48 घंटों में भारत छोड़ सकती है। शेख हसीना की यात्रा के लिए प्रबंध भी किया गया है। सूत्रों के अनुसार वे भारत से यूरोप जा सकती हैं।

06:19 PM, 06-Aug-2024

हिरासत में लिए गए बांग्लादेश के पूर्व आईटी मंत्री जुनैद अहमद पलक

बांग्लादेश के पूर्व दूरसंचार और आईसीटी राज्य मंत्री जुनैद अहमद पलक को हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने हिरासत में लिया। एक स्थानीय समाचार पत्र के अनुसार पूर्व मंत्री अपने दो सहयोगियों के साथ दोपहर करीब 3 बजे हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। जहां उन्हें विमान में चढ़ने से रोक दिया गया और बाद में अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

06:08 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार नहीं होना चाहिए- रामदेव

वहीं बांग्लादेश में हिंसा पर योग गुरु बाबा रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, बांग्लादेश में हिंदुओं पर किसी भी तरह की क्रूरता या अत्याचार नहीं होना चाहिए - चाहे वो वहां व्यापार करने वाले हिंदू हों, या वहां के हिंदू मंदिर हों या वहां रहने वाले भारतीय हों। इसके लिए पूरे देश को एकजुट होना होगा। मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि पहली बार पूरा विपक्ष सरकार के साथ है और यही भारत की नीति होनी चाहिए। वरना जिस तरह से इस्लामिक कट्टरपंथ दुनिया भर में फैल रहा है और जिस तरह से भारत के पड़ोस में दस्तक दे चुका है, वह देश के लिए खतरनाक हो सकता है। यह एकता आने वाले समय में भी बनी रहनी चाहिए। जो लोग आरक्षण, जाति, धार्मिक कट्टरता के नाम पर देश को बांटना चाहते हैं - यह ठीक नहीं है। इसलिए भारत की राजनीति मुद्दों पर केंद्रित होनी चाहिए।

05:18 PM, 06-Aug-2024

आज शाम ढाका रवाना होगा एयर इंडिया का विमान

वहीं बांग्लादेश में उड़ानें रद्द करने के बाद एयर इंडिया ने ट्वीट किया है, इसमें लिखा गया है कि एयर इंडिया 6 अगस्त 2024 को दिल्ली-ढाका-दिल्ली सेक्टर पर अपनी शाम की उड़ानें AI237/238 संचालित करेगी। इसके अलावा, ढाका में मौजूदा स्थिति के कारण, एयर इंडिया 4 से 7 अगस्त 2024 के बीच ढाका से आने-जाने वाली किसी भी एयर इंडिया की उड़ान की कंफर्म बुकिंग के साथ ग्राहकों को संशोधित उड़ान पर एक बार छूट दे रही है, अगर वे ऐसा करना चाहते हैं। ये सुविधा 5 अगस्त या उससे पहले बुक किए गए टिकट पर उपलब्ध होंगे। हम फिर कहेंगे कि एयर इंडिया में, हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिक जानकारी के लिए, कृपया हमारे संपर्क केंद्र से 011 69329333, 011 69329999 पर संपर्क करें या हमारी वेबसाइट http://airindia.com पर जाएं।

05:07 PM, 06-Aug-2024

ढाका में इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र में लूटपाट और आगजनी 

कल बांग्लादेश के ढाका में मौजूद इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र में लूटपाट और आगजनी की गई। बांग्लादेश की राष्ट्रीय राजधानी में 5 अगस्त को जमकर हिंसा फैल गई थी।

04:47 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में हिंसक भीड़ ने 24 लोगों को जिंदा जलाया

बांग्लादेश में आवामी लीग पार्टी के एक नेता के होटल में हिंसक भीड़ ने एक इंडोनेशियाई नागरिक समेत कम से कम 24 लोगों को जिंदा जला दिया। जानकारी के मुताबिक पीड़ितों में से ज्यादातर लोग जो होटल में ठहरे हुए थे, उन्हें सोमवार देर रात जिंदा जला दिया गया। बता दें कि हिंसक भीड़ ने जोशोर जिले में आवामी लीग के महासचिव शाहीन चक्कलादार के जाबिर इंटरनेशनल होटल में आग लगा दी थी।

04:37 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 440 हुई
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर जाने के बाद 100 और लोगों की मौत के साथ देश में मंगलवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 440 हो गई, जबकि हिंसा प्रभावित देश में स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सेना की तरफ से प्रयास जारी हैं। मंगलवार को सामान्य स्थिति में लौटने के संकेत मिले, पुलिस और सेना सड़कों पर गश्त कर रही थी।

04:17 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में जो कुछ हुआ उससे तेहरान की चिंताएं बढ़ी- ईरान

बांग्लादेश में जारी अशांति के बीच भारत में ईरान के राजदूत इराज इलाही ने कहा कि देश में जो कुछ भी हुआ है, उसने लोगों के जीवन को लेकर तेहरान की चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि बांग्लादेश के साथ उसके पारंपरिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में शांति या स्थिरता की कमी सभी क्षेत्रों को प्रभावित करेगी। ईरानी दूत ने कहा, बांग्लादेश इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण देश है। यह एक बड़ा मुस्लिम देश है। ईरान के बांग्लादेश के साथ पारंपरिक संबंध हैं। बांग्लादेश में जो कुछ हुआ है, उसने लोगों के जीवन, इस देश की स्थिरता और क्षेत्र की स्थिरता के बारे में हमारी चिंताएं बढ़ा दी हैं।

04:09 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में सत्ता का हस्तांतरण 'शांतिपूर्ण, पारदर्शी' हो- यूएन

वहीं संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने बांग्लादेश के मुद्दे पर चर्चा करते हुए इस बात पर जोर दिया है कि यह महत्वपूर्ण है कि बांग्लादेश में सत्ता का हस्तांतरण 'शांतिपूर्ण, पारदर्शी' हो और जवाबदेह तरीके से हो और देश के सभी लोगों की सार्थक भागीदारी के लिए खुला हो। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में सत्ता का हस्तांतरण मानवाधिकारों की तरफ से निर्देशित होना चाहिए, जो देश के अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप हो और सैकड़ों और हजारों लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

04:04 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश की स्थिति पर हम नजर बनाए हुए हैं- जयशंकर

लोकसभा में बांग्लादेश के ताजा हालात पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मद्देनजर हम वहां की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनकी सुरक्षा के लिए कई संस्थाएं प्रयास कर रही हैं। हम इसका स्वागत करते हैं।

03:59 PM, 06-Aug-2024

वहां अल्पसंख्यकों को परेशान किया जा रहा है- राजीव शुक्ला

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने बांग्लादेश के मुद्दे पर कहा कि - विदेश मंत्री जयशंकर की तरफ से दिया गया बयान पिछले दो दिनों की स्थिति के आधार पर था। उन्होंने कहा कि वे वहां अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षा व्यवस्था कर रहे हैं। वहां 18 हजार भारतीय हैं। हमने सुना है कि वहां अल्पसंख्यकों को परेशान किया जा रहा है, इस्कॉन मंदिर में तोड़फोड़ की गई। हमें सख्त रुख अपनाने और यह सब रोकने की कोशिश करने की जरूरत है। हम ऐसा नहीं होने दे सकते। हसीना सरकार हमारे प्रति दोस्ताना थी, अब हम नई सरकार के बारे में नहीं जानते, हमें नई सरकार से सख्ती से निपटने की जरूरत है।

03:58 PM, 06-Aug-2024

उत्तर 24 परगना के पेट्रापोल पहुंचे बीएसएफ के महानिदेशक

बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना के पेट्रापोल पहुंचे।

03:53 PM, 06-Aug-2024

यह विदेश नीति की विफलता- प्रियांक खड़गे

वहीं बांग्लादेश के राजनीतिक संकट पर कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा, यह विदेश नीति की पूरी तरह विफलता है। हम इस क्षेत्र के लिए बड़े भाई हुआ करते थे, जहां कोई भी उथल-पुथल होने पर हर देश मदद के लिए भारत की ओर देखता था। दुर्भाग्य से, चीनी प्रभाव बढ़ रहा है और यह मोदी सरकार की नीतियों की गंभीर विफलता है।

03:51 PM, 06-Aug-2024

चुनाव के बाद से बांग्लादेश की राजनीति में काफी तनाव- जयशंकर

राज्यसभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारत-बांग्लादेश के रिश्ते कई दशकों से बेहद करीबी रहे हैं। हाल ही में हुई हिंसा को लेकर चिंताएं सभी राजनीतिक दलों में हैं। जनवरी 2024 में चुनाव के बाद से बांग्लादेश की राजनीति में काफी तनाव, गहरे मतभेद और ध्रुवीकरण बढ़ा है।
 

03:30 PM, 06-Aug-2024

ढाका में खत्म हुआ कर्फ्यू, हालात हो रहे सामान्य

बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार को सत्ता से अपदस्थ करने के बाद अब हालात थोड़े सामान्य होने की तरफ बढ़ रहे हैं। राजधानी ढाका में कर्फ्यू खत्म हो गया है और हालात सामान्य हो रहे हैं। 

03:03 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश की संसद भंग

बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने संसद भंग कर दी है। इसके साथ ही बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। वहीं नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस भी अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो गए हैं। 

02:52 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में 19 हजार भारतीय नागरिक मौजूद

विदेश मंत्री ने कहा कि 'हम अपने राजनयिक मिशनों के माध्यम से बांग्लादेश में भारतीय समुदाय के साथ निकट और निरंतर संपर्क में हैं। वहां अनुमानित 19,000 भारतीय नागरिक हैं, जिनमें से लगभग 9000 छात्र हैं। जुलाई में अधिकांश छात्र वापस लौट आए... हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी नजर रखे हुए हैं। उनकी सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समूहों और संगठनों द्वारा पहल की खबरें हैं। स्वाभाविक रूप से, हम कानून और व्यवस्था बहाल होने तक बहुत चिंतित रहेंगे। इस जटिल स्थिति में हमारे सीमा सुरक्षा बलों को असाधारण रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। पिछले 24 घंटों में, हम ढाका में अधिकारियों के संपर्क में हैं।'
 

02:44 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश के हालात पर जयशंकर ने राज्यसभा में दिया बयान

बांग्लादेश के हालात पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा को जानकारी दी। राज्यसभा में बोलते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, 'हमारी समझ यह है कि सुरक्षा प्रतिष्ठानों के नेताओं के साथ बैठक के बाद, ही प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला किया। बहुत कम समय में, उन्होंने कुछ समय के लिए भारत आने की मंज़ूरी मांगी। वे कल शाम दिल्ली पहुंचीं।' विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि 19 हजार भारतीय बांग्लादेश में मौजूद हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वह ढाका की सेना के संपर्क में हैं। 

01:53 PM, 06-Aug-2024

अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए माने मोहम्मद यूनुस

नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में मोहम्मद यूनुस के प्रवक्ता के हवाले से यह दावा किया जा रहा है। 

01:16 PM, 06-Aug-2024

सर्वदलीय बैठक में राहुल गांधी ने कही ये बात

बांग्लादेश मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति के भविष्य को लेकर चिंता जताई, खास तौर पर बांग्लादेश में हाल ही में हुई घटनाओं के मद्देनजर। सरकार द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद गांधी ने राष्ट्रीय हित में उठाए गए कदमों के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस घटना में विदेशी ताकतें शामिल थीं और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति के बारे में चिंता जताई, जिसमें उनकी संपत्तियों पर हमलों की रिपोर्ट का हवाला दिया गया।

12:32 PM, 06-Aug-2024

सीमा पर सुरक्षा हालात का जायजा लेने पहुंचे बीएसएफ डीजी

बांग्लादेश में जारी संकट के बीच बीएसएफ के डीजी दलजीत सिंह चौधरी बंगाल में उत्तर 24 परगना स्थित बांग्लादेश सीमा पर पहुंचे हैं। वहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बीएसएफ के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। 
 

12:26 PM, 06-Aug-2024

तस्लीमा नसरीन ने शेख हसीना पर साधा निशाना

निर्वासित जीवन जी रहीं बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने बांग्लादेश के हालात के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर निशाना साधा है। शेख हसीना ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा है कि 'शेख हसीना ने इस्लामी कट्टरपंथियों को खुश करने के लिए मुझे साल 1999 में देश से बाहर कर दिया था और फिर कभी भी मुझे बांग्लादेश में दाखिल होने की इजाजत नहीं दी। अब छात्र आंदोलन में मौजूद उन्हीं इस्लामी कट्टरपंथियों ने शेख हसीना को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया है।' 

11:55 AM, 06-Aug-2024
बांग्लादेश के हालात पर हुई सर्वदलीय बैठक - फोटो : एक्स/एस जयशंकर

विदेश मंत्री ने सर्वदलीय बैठक को लेकर कही ये बात

सर्वदलीय बैठक के बाद भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सर्वदलीय बैठक के दौरान मिले समर्थन के लिए विपक्षी पार्टियों की सराहना की। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, 'आज संसद में सर्वदलीय बैठक में बांग्लादेश में चल रहे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। सर्वसम्मति से मिले समर्थन और समझ की सराहना करता हूं।'

11:29 AM, 06-Aug-2024

कौन है नाहिद इस्लाम, जिसने बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन का किया नेतृत्व

बांग्लादेश में जिन विरोध प्रदर्शनों के चलते शेख हसीना को देश छोड़कर भागना पड़ा, उनके पीछे नाहिद इस्लाम का नाम बताया जा रहा है। नाहिद समाजशास्त्र का छात्र और छात्र नेता है। नाहिद इस्लाम को अक्सर बांग्लादेशी ध्वज को अपने माथे पर बांधे देखा जाता है। बांग्लादेश के युवाओं में नाहिद इस्लाम की अच्छी पकड़ है। नाहिद इस्लाम ने शुरुआत में आरक्षण के विरोध में छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया और बाद में इसी आंदोलन के चलते बांग्लादेश में सरकार गिर गई।

10:36 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश का विमान वापस लौटा

बांग्लादेश के हालात पर सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक खत्म हो गई है। वहीं खबर है कि शेख हसीना को लेकर भारत आया बांग्लादेश वायुसेना का विमान आज सुबह वापस लौट गया है। बांग्लादेश में अराजकता चरम पर पहुंच गई है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से तबाह है। इसके चलते बांग्लादेश की जेलों में बंद कई कैदी फरार हो गए हैं। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है और कई मंदिरों में तोड़फोड़ की खबरें हैं। 

10:15 AM, 06-Aug-2024

शेख हसीना के बेटे ने पाकिस्तान पर लगाए आरोप

शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने आशंका जताई कि उनके देश में जारी बवाल के पीछे पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। साथ ही उन्होंने इसके पीछे अमेरिका की भूमिका से भी इनकार नहीं किया। 

10:05 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक संसद भवन में बुलाई गई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश के हालात पर जानकारी देंगे। विपक्ष की तरफ से राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बैठक में शामिल हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने संसद में बांग्लादेश के मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रस्ताव पेश किया है। ऐसे में विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश के हालात पर संसद में भी जानकारी दे सकते हैं। 
 

09:45 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में कई थानों में तोड़फोड़ और आगजनी

बांग्लादेश में हिंसा का दौर अभी भी जारी है और शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद भी प्रदर्शनकारी सड़कों पर डटे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में छह पुलिस थानों में तोड़फोड़ और आगजनी की। प्रदर्शनकारी पुलिस थानों से हथियार भी लूट ले गए। प्रदर्शनकारी आवामी लीग के नेताओं और अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं। वहीं बांग्लादेश में जारी बवाल को शांत करने के लिए सेना प्रमुख आज प्रदर्शनकारियों के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। 

09:10 AM, 06-Aug-2024

हाई अलर्ट पर बीएसएफ

बांग्लादेश में जारी हिंसा के बाद बीएसएफ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऐसी रिपोर्ट्स मिली हैं कि बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक सीमा पार कर भारत की सीमा में दाखिल होने की फिराक में हैं। 

08:54 AM, 06-Aug-2024

बेटे ने कहा- अब नाती-पोतों के साथ समय बिताएंगी शेख हसीना

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वाजेद ने कहा कि शेख हसीना ने देश को अच्छी सरकार दी और अब वह अपने नाती-पोतों के साथ समय बिताएंगी और राजनीति में वापसी नहीं करेंगी।

08:39 AM, 06-Aug-2024

बंगाल पुलिस ने लोगों से की भड़काऊ वीडियो साझा न करने की अपील

बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच बंगाल में भी अलर्ट है। बंगाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी तरह की भड़काऊ वीडियो को साझा न करें। साथ ही भारत बांग्लादेश सीमा पर भी सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।

08:27 AM, 06-Aug-2024

खालिदा जिया को जेल से रिहा करने की तैयारी

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मुहम्मद शहाबुद्दीन ने एलान किया है कि संसद भंग करने के बाद जल्द ही अंतरिम सरकार का गठन कर लिया जाएगा। साथ ही पूर्व पीएम खालिदा जिया की रिहाई के भी आदेश दे दिए गए हैं। वहीं विश्व बैंक ने कहा है कि वह बांग्लादेश के हालात पर नजर रखे हुए हैं और बांग्लादेश में जारी हिंसा और पीएम शेख हसीना के देश छोड़ने का विश्व बैंक के कर्ज कार्यक्रम पर क्या असर होगा इसकी समीक्षा की जा रही है। 

07:57 AM, 06-Aug-2024

Bangladesh Crisis News Live: मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त; हसीना के दो मंत्री हिरासत में

बांग्लादेश के छात्र संगठनों के नेताओं ने मोहम्मद यूनुस से अपील की है कि वह बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करें। रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार बन सकते हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें