अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने यूक्रेन पर हमले और नागरिकों पर बमबारी को लेकर रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय युद्ध अपराधों की जांच का आह्वान किया है। पोलैंड की राजधानी वारसा में हैरिस ने कहा कि यूक्रेन पर हमले व निर्दोष नागरिकों व अस्पतालों पर बमबारी को लेकर रूस पर युद्ध अपराध का मुकदमा चलना चाहिए। नाटो के प्रति अमेरिकी समर्थन जताते हुए उन्होंने बुधवार को एक मेटरनिटी होम पर बमबारी में गर्भवती महिलाओं के घायल होने पर दुख जताया।
यूक्रेन के मारियूपोल शहर में एक अस्पताल पर रूसी हमले में एक बच्चे समेत तीन की मौत हो गई।
गुरुवार को सूमी से 600 भारतीय विद्यार्थियों के अंतिम जत्थे को सुरक्षित निकालकर पोलैंड भेज दिया गया। इन्हें वहां से भारत लाया जाएगा। सूमी में रूसी सेना भारी गोलाबारी कर रही हैं। भारत के आग्रह पर इन्हें सुरक्षित गलियारा देकर निकाला गया।
अमेरिकी सदन ने रूसी तेल आयात पर रोक से संबंधित विधेयक पारित किया। बाइडन प्रशासन ने बीते दिनों रूस से तेल व गैस आयात पर पाबंदी का फैसला किया था। यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस पर अमेरिका का यह तगड़ा प्रहार है।
अमेरिका के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव ने यूक्रेन व सहयोगी देशों को 13.6 अरब डॉलर की मदद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह यूक्रेन को 1.5 खरब डॉलर की बहुपक्षीय वित्तीय मदद का हिस्सा है।
राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में स्थित 700 लोग कारों पर सफेद झंडे लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर निकले। यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने कहा कि वोरजेल और इरपिन से करीब 700 लोगों को निकाला गया है। इनमें से कई ने कुछ दिनों से कुछ नहीं खाया है।
उधर अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने नाटो को आगाह किया है कि यूक्रेन को लड़ाकू विमान देना बहुत जोखिम भरा होगा। अमेरिका ऐसे किसी भी प्रस्ताव का विरोध करेगा।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मारियुपोल में बुधवार को बच्चों के अस्पताल पर रूसी बमबारी को नरसंहार करार दिया है। उन्होंने कहा कि रूस ने यहां संघर्ष विराम के बाद भी बम बरसाए। एक समाचार एजेंसी ने दावा किया है कि बच्चों के अस्पताल पर हवाई हमले से 17 कर्मचारी घायल हो गए।
इस बीच बुखारेस्ट से भारतीयों को लेकर आया एक और विशेष विमान आज सुबह करीब 6.30 बजे हिंडन एयरबेस पर उतरा।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन आज तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन के साथ रूस-यूक्रेन के घटनाक्रम पर चर्चा करेंगे।