केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने बताया है कि यूक्रेन में एक और भारतीय को गोली लगी है, जिसका इलाज चल रहा है। पौलेंड बॉर्डर पर भारतीयों को लेने गए जनरल वीके सिंह ने कहा कि मुझे आज सूचना मिली कि कीव से आ रहे एक छात्र को गोली लगी है और उसे बीच में ही वापस ले जाया गया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के कार्यालय के प्रमुख के सलाहकार ने जपोरिजिया एनपीपी में लगी आग का एक वीडियो ट्वीट किया है।
दे कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडेसा, बिला त्सेरकवा और वोलिन ओब्लास्ट में हवाई हमले की चेतावनी दी गई है। निवासियों को निकटतम जगहों पर आश्रय लेने के लिए कहा गया है।
यूक्रेन के चेर्नीहीव क्षेत्र में हवाई हमले में कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है। आपातकालीन सेवाओं के हवाले से रॉयटर्स ने यह रिपोर्ट दी है।
रोमानिया के बुखारेस्ट से विशेष इंडिगो उड़ान से दिल्ली वापस लौटे 219 भारतीय नागरिकों का दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने स्वागत किया।कैलाश चौधरी ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की निकासी की निगरानी कर रहे हैं। ऑपरेश नगंगा तब तक शुरू रहेगा जब तक कि प्रत्येक भारतीय नागरिक घर वापस नहीं आ जाते। उनके दूसरे देशों में रहने से लेकर लैंडिंग के बाद उन्हें उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।"
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने कहा कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन पर हमले रोकने के लिए एक बार फिर कहा है, लेकिन पुतिन अभी ऐसा नहीं करेंगे। मैक्रों ने ट्वीट किया, ‘‘इस समय तो उन्होंने इससे इनकार किया है।’’ फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने पुष्टि की कि उन्होंने गुरुवार को पुतिन से फोन पर बात की थी और कहा कि वह संवाद जारी रखेंगे ताकि और अधिक मानवीय त्रासदी न हो। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘हमें हालात बदतर होने से रोकने चाहिए।’’
रूसी सेना ने यूक्रेन के एक प्रमुख बंदरगाह पर नियंत्रण कर लिया और देश को उसकी तटरेखा से अलग करने के प्रयासों के तहत एक अन्य की घेराबंदी कर ली है। वहीं, यूक्रेन ने अपने नागरिकों से आक्रमणकारियों के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध छेड़ने का आह्वान किया है। डनाइपर नदी पर बसे शहर एनेरहोदार में लड़ाई तब हुई है जब दोनों पक्षों ने खूनखराबे को रोकने के उद्देश्य से एक और दौर की वार्ता के लिए बैठक की। यह शहर देश के लिए करीब एक चौथाई ऊर्जा उत्पादन के लिए जिम्मेदार है।
बाइडन प्रशासन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी कुछ लोगों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की। नई पाबंदियों के तहत पुतिन के प्रेस सचिव दमित्री पेसकोव और रूस के बड़े उद्योगपति अलीशेर बुरहानोविच के साथ ही पुतिन के एक और करीबी पर निशाना साधा गया है। अमेरिका के विदेश विभाग ने यह घोषणा भी की कि वह 19 रूसी कारोबारियों और उनके परिजनों तथा संबंधियों पर वीजा पाबंदी लगा रहा है।
रूस के साथ वार्ता कर रहे यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने कहा कि दोनों पक्ष नागरिकों को निकालने तथा मानवीय मदद देने के लिए सुरक्षित गलियारे बनाने के अस्थायी समझौते पर पहुंच गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोदोलियाक ने कहा कि रूस और यूक्रेन एक प्रारंभिक समझौते पर पहुंच गए हैं कि उन इलाकों में संघर्ष विराम लागू किया जाएगा जहां सुरक्षित गलियारे बनाए गए हैं। उन्होंने पोलैंड की सीमा के समीप बेलारूस में गुरुवार को हुई वार्ता में भाग लिया।
यूक्रेन और रूस के बीच दूसरे दौर की बातचीत खत्म हो गई है। रायटर्स के मुताबिक, दोनों पक्षों ने तीसरे दौर की वार्ता के लिए सहमति जताई है। अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेन को बातचीत में अच्छे नतीजे नहीं मिले हैं। लेकिन दोनों देश इस बात पर सहमत हुए कि यूक्रेन में फंसे लोगों को निकालने के लिए कॉरिडोर बनाया जाए।
रूसी सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन की सेना ने भारत और चीन के नागरिकों को बंधक बनाया है। विदेशी छात्रों को यूक्रेन ने बंधक बनाया है। करीब तीन हजार भारतीय छात्रों को बंधक बनाया गया है। हम भारतीय छात्रों को बाहर निकालने में पूरी मदद करेंगे। रूसी सेना की ओर से रिहायशी इलाकों में हमला नहीं किया जा रहा है। यूक्रेन ने इन इलाकों में सैनिक और टैंक तैनात किए हैं। कोई फासिस्ट ही ऐसा कर सकता है।
पुतिन ने कहा कि यूक्रेनी सेना विदेशियों को जाने नहीं दे रही है। रूसी सैनिकों ने बंधकों को रिहा कराया है।
यूक्रेन के दक्षिण में दो प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की तरफ रूसी सेना तेजी से बढ़ रही है। यूक्रेन सरकार द्वारा संचालित परमाणु कंपनी एनरगोटॉम के कार्यवाहक प्रमुख पेट्रो कोटिन ने यह जानकारी दी। कोटिन ने कहा कि यूक्रेन अभी भी यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र जापोरिज्जिया सहित दोनों संयंत्रों को नियंत्रित करता है, लेकिन रूसी सैनिक जापोरिज्जिया संयंत्र और दक्षिण यूक्रेन बिजली संयंत्र के 21 मील भीतर तक आगे बढ़ गए हैं। जापोरिज्जिया संयंत्र एनरहोडा में स्थित है और यहां के मेयर ने कहा है कि यूक्रेनी सेना शहर पर नियंत्रण के लिए रूसी सैनिकों से जूझ रही है।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, एनरहोडर शहर में नीपर नदी पर एक प्रमुख ऊर्जा केंद्र की तरफ एक बड़ा रूसी सेना का काफिला आगे बढ़ रहा है।
यूक्रेन के उत्तरी शहर चेर्निहाइव पर रूसी हमले में कम से कम 22 नागरिक मारे गए हैं। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, बचाव दल मलबा में अन्य लोगों को खोज रहे हैं।
यूएनएचआरसी में भारत ने कहा, भारत पहले ही यूक्रेन को मानवीय सहायता भेज चुका है, जिसमें दवाएं, चिकित्सा उपकरण और अन्य राहत सामग्री शामिल है। हम आने वाले दिनों में और सहायता भेज रहे हैं। यह एक तत्काल आवश्यकता है जिसे पूरा किया जाना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 49वें सत्र में भारत ने कहा कि हम हिंसा तुरंत खत्म करने और शत्रुता को समाप्त करने का आग्रह करते हैं। मानव जीवन की कीमत पर कभी कोई समाधान नहीं आ सकता है। मतभेदों और विवादों को निपटाने के लिए संवाद और कूटनीति ही एकमात्र समाधान है।
हम यूक्रेन में फंसे हजारों भारतीयों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। हम पड़ोसी देशों के साथ मिलकर उनकी निकासी के लिए काम कर रहे हैं। हम यूक्रेन में लोगों के मानवाधिकारों के सम्मान और संरक्षण का आह्वान करते हैं।
बेलारूस ने विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की बातचीत चल रही है।
रूस पर पश्चिमी देशों द्वारा प्रतिबंध लगाने का सिलसिला जारी है। कनाडा ने अपने देश में रूस और बेलारूस से आयात पर 35 फीसदी टैरिफ लगा दिया है। एएफपी ने कनाडा के डिप्टी पीएम के हवाले से यह जानकारी दी है।
रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा, बेलारूस के इलाके में रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधियों के बीच सीधी बातचीत चल रही है। हमें उम्मीद है कि वे इस स्थिति को समाप्त करेंगे, डोनबास में शांति बहाल करेंगे और यूक्रेन में सभी लोगों को शांतिपूर्ण जीवन में लौटने में सक्षम बनाएंगे।
रूसी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करने के लिए यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल बेलारूस पहुंचा। रूसी समाचार एजेंसी तास ने दी जानकारी।
रायटर्स के मुताबिक, यूक्रेन की संसद ने देश में रूस और रूसी नागरिकों की संपत्ति जब्त करने का बिल पास किया।
यूक्रेन के चेर्निहाइव क्षेत्र में गुरुवार को रूसी हवाई हमले में दो स्कूलों और निजी घरों पर हुए हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। चेर्निहाइव गवर्नर ने एक ऑनलाइन पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य जारी है। राज्य की आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, अभी नौ लोगों की मौत हो गई है और चार घायल हो गए हैं। कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट है कि पास के इलाके में केवल कई स्कूल, किंडरगार्टन और एक अस्पताल था।
यूक्रेन संकट के बीच उड्डयन मंत्रालय का कहना है कि लगभग 3,500 भारतीयों के साथ 17 उड़ानें शुक्रवार को भारत आने की उम्मीद है। अगले 2 दिनों में 7,400 से अधिक लोगों को विशेष उड़ानों से भारत वापस लाया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पहली एडवाइजरी जारी होने के बाद से कुल 18,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 30 उड़ानें यूक्रेन से 6,400 भारतीयों को वापस ला चुकी हैं। अगले 24 घंटों में 18 उड़ानें शेड्यूल की गई हैं।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर बताया- हंगरी के विदेश और व्यापार मंत्री पीटर सिजार्टो के साथ सार्थक बैठक हुई। 2000 से अधिक छात्रों को पहले ही वापस लाने में मदद कर चुके हैं और हर तरह से हमारी मदद कर रहे हैं।
अमेरिकी राजनयिक डोनाल्ड लू ने कहा कि भारत-रूस का शीत युद्ध से संबंध है, जैसे शीत युद्ध में पाकिस्तान के साथ हमारा गठबंधन महत्वपूर्ण था। लेकिन जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं एक नया भारत, पाकिस्तान और नया रूस बनाया जा रहा है।
यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बीच भारत पर सीएएटीएसए प्रतिबंध लगाए जाने के सवाल पर लू ने कहा कि हम यह समझने की प्रक्रिया में हैं कि क्या भारत के साथ साझा की जाने वाली रक्षा प्रौद्योगिकी रूस के साथ उसके ऐतिहासिक संबंधों को देखते हुए सुरक्षित रखी जा सकेगी।
यूक्रेन का दक्षिणी बंदरगाह मारियुपोल रूसी सैनिकों से घिरा हुआ है, आंतरिक मंत्रालय के सलाहकार एंटोन हेराशचेंको ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने तत्कालीन सोवियत शहर की नाजी जर्मनी की घेराबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि कब्जा करने वाले इसे लेनिनग्राद में बदलना चाहते हैं, जहां दो साल की नाकाबंदी के दौरान लगभग 10.5 लाख लोग मारे गए थे।
यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लियेन ने गुरुवार को कहा कि अगर यूक्रेन में स्थिति बिगड़ती है तो यूरोपीय संघ रूस के खिलाफ अतिरिक्त कदम उठाएगा। ईयू रूस की बदले की कार्रवाई को लेकर भी तैयारी कर रहा है, जिसमें अपनी ऊर्जा आपूर्ति में विविधता लाना शामिल है। लियेन ने कहा कि हमारा उद्देश्य क्रेमलिन की अपने पड़ोसियों पर युद्ध छेड़ने की क्षमता में कटौती करना है। हमें रूसी गैस, तेल और कोयले से छुटकारा पाने की जरूरत है। इस मामले में आगे बढ़ने का हमारा संकल्प पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि हमने नहीं बल्कि पश्चिमी देशों ने परमाणु युद्ध की बात की है। लावरोव ने कहा कि रूस के दिमाग में ऐसी कोई बात नहीं चल रही है।
रूस के एखो मोस्किवी रेडियो स्टेशन से यूक्रेन पर रूसी हमले की कवरेज के बाद इसे ऑफ एयर कर दिया गया है। रेडियो स्टेशन के संपादक और रूस के प्रमुख पत्रकारों में से एक एलेक्सी वेनेडिक्टोव ने टेलीग्राम पर लिखा कि अधिकारियों ने पहले उन्हें संकेत दिया था कि ऐसा फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एखो मोस्किवी के निदेशक मंडल ने बहुमत से इस रेडियो चैनल और वेबसाइट को बंद करने का फैसला किया है। गजप्रोम मीडिया होल्डिंग की प्रेस सेवा ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस को इस जानकारी की पुष्टि की है।
भारतीय वायु सेना ने बताया कि ऑपरेशन गंगा के तहत पहले चार आईएएफ सी-17 विमानों ने रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के हवाई क्षेत्रों का उपयोग करके 798 भारतीय नागरिकों को निकाला। इन्होंने 9.7 टन राहत सामग्री की भी आपूर्ति की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कोसिके, स्लोवाकिया में यूक्रेन से निकाले गए भारतीय छात्रों के एक समूह को रवाना किया।
रूस के ताबड़तोड़ हमले के बीच यूक्रेन के 15 शहरों पर हवाई हमलों का अलर्ट जारी किया गया है। अब तक डर से 10 लाख लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है।
यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से घर में रहने की अपील की गई है।