व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के लिए हथियारों और अन्य सहायता के लिए 20 करोड़ डॉलर को मंजूरी दी है। एंटनी ब्लिंकन को बाइडन ने निर्देश दिया कि धन विदेशी सहायता अधिनियम के माध्यम से आवंटित किया जाए और यूक्रेन की रक्षा के लिए नामित किया जाए। नए फंड का इस्तेमाल हथियारों, सैन्य शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए किया जा सकता है। यह अमेरिकी कांग्रेस द्वारा यूक्रेन के लिए आपातकालीन सहायता में 13.6 बिलियन डॉलर को मंजूरी देने के बाद आया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के हमले के बाद से लगभग 1,300 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं। एएफपी ने यह जानकारी दी है।
पुतिन ने मैक्रों से बातचीत में युद्ध समाप्त करने की इच्छा नहीं दिखाई। फ्रांसीसी अधिकारी ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज से बातचीत के दौरान यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने की इच्छा नहीं दिखाई। अधिकारी ने कहा कि फ्रांसीसी और जर्मन नेता ने पूर्ण वार्ता की शर्त के रूप में यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की अपनी अपील दोहराई थी।
स्वयंसेवक के रूप में यूक्रेनी अर्धसैनिक बल में शामिल हुए 21 वर्षीय भारतीय एयरोस्पेस इंजीनियरिंग छात्र आर सैनीकेश के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उसने कोयंबटूर में घर लौटने की इच्छा जताई है। सैनीकेश पिछले महीने जॉर्जियाई राष्ट्रीय सेना में शामिल हुआ था और पिछले महीने युद्ध छिड़ने के बाद रूसी सैनिकों के खिलाफ लड़ रहा था। जॉर्जियाई राष्ट्रीय सेना एक अर्धसैनिक यूनिट है जो ज्यादातर जातीय जॉर्जियाई स्वयंसेवकों द्वारा बनाई गई है और ये युद्ध में यूक्रेन की तरफ से लड़ रहे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सीधे बातचीत की पेशकश की है। उन्होंने पुतिन के साथ येरूशलम में बातचीत की पेशकश रखी है। जेलेंस्की ने इस्राइली प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट से मध्यस्थ बनने को कहा है। कीव इंडिपेंडेंट के हवाले से यह खबर आई है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बात की और यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की अपील की है। एक जर्मन सरकार के प्रवक्ता का हवाला देते हुए रॉयटर्स ने बताया कि 75 मिनट की फोन पर हुई बातचीत में पुतिन, मैक्रों और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज शामिल थे। बातचीत के दौरान, पुतिन ने उन्हें रूस और यूक्रेन के बीच हो रही वार्ता के बारे में जानकारी दी।
इतालवी अधिकारियों ने व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के हिस्से के रूप में रूसी व्यवसायी आंद्रे मेल्निशेंको के स्वामित्व वाले 530 मिलियन यूरो वाले सुपरयाट को जब्त कर लिया है। इसे शुक्रवार शाम को ट्राइस्टे के बंदरगाह में जब्त कर लिया गया था। इतालवी पुलिस ने इस सुपरयाट की पहचान यूरोकेम ग्रुप के अरबपति मालिक, एक प्रमुख उर्वरक उत्पादक और कोयला कंपनी एसयूईके (SUEK) के मालिक मेल्निशेंको की संपत्ति के रूप में की थी।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर से बात करते हुए मेलिटोपोल के मेयर की रिहाई सुनिश्चित कराने की अपील की। मेयर इवान फेडरोव को रूसी सेना ने अगवा कर लिया है। अपने नए वीडियो में जेलेंस्की ने कहा कि मेलिटोपोल में 2000 यूक्रेनी नागरिकों ने रूसी आक्रमण के खिलाफ और मेयर की रिहाई को लेकर प्रदर्शन किया।
मातृ, नवजात और बाल स्वास्थ्य के लिए डब्ल्यूएचओ की संस्था (पीएमएनसीएच) ने कहा कि यूक्रेन में मानवीय संकट को देखते हुए अब समय गंवाना नहीं चाहिए और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को तेजी से भागीदारों के रूप में काम करना जारी रखना चाहिए और इस तबाही को रोकना चाहिए। एक बयान में, 1,000 से अधिक संगठनों के वैश्विक गठबंधन पीएमएनसीएच ने कहा कि यूक्रेन की महिलाओं, बच्चों और किशोरों का जीवन अधर में लटक गया है।
रूस जपारिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में अपने 11 इंजीनियरों को लाया है। यूक्रेन की सरकारी परमाणु कंपनी एनरगोआटॉम (Energoatom) के प्रमुख ने कहा कि रूसी कब्जाधारियों ने संयंत्र के कर्मचारियों से कहा कि उन्हें रूसी राज्य परमाणु ऊर्जा निगम रोसाटॉम के निर्देशों का पालन करना होगा। द कीव इंडिपेंडेंट के हवाले से यह खबर आई है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के उन क्षेत्रों में रूसी हमले जारी हैं जहां यूक्रेन लोगों को निकालने और मानवीय गलियारों के माध्यम से सहायता लाने की कोशिश कर रहा है। दो यूक्रेनी क्षेत्रों, कीव और डोनेट्स्क के राज्यपालों ने अलग-अलग बयानों में यह बात कही है।
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में एक मस्जिद पर गोलाबारी की है, जहां तुर्की के नागरिकों सहित 80 से अधिक वयस्कों और बच्चों ने शरण ली है। मंत्रालय ने दावा किया कि मारियुपोल में सुल्तान सुलेमान की बनाई मस्जिद पर रूस ने आक्रमण किया है। हताहतों के बारे में विवरण नहीं दिया है।