जापानी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, जापान अतिरिक्त 25 रूसी व्यक्तियों की संपत्ति को फ्रीज करेगा और 81 रूसी संगठनों को निर्यात पर रोक लगाएगा।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नाटो और जी-7 नेताओं की बैठक के बाद कहा कि अगर जरूरी हुआ तो पश्चिमी ताकतें रूस के खिलाफ और प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक जो प्रतिबंध लगाए गए हैं उनका असर दिखा है और हमें ऐसे प्रयास जारी रखने चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर यूक्रेन में मानवीय संकट के लिए रूस को दोषी ठहराया है। प्रस्ताव में तुरंत संघर्ष विराम लागू करने और लाखों नागरिकों समेत घरों, स्कूलों और अस्पतालों की सुरक्षा करने की अपील की गई है। प्रस्ताव रूस की आक्रामकता के ‘गंभीर मानवीय परिणामों’ की निंदा करता है। प्रस्ताव में कहा गया है कि दुनिया ने पिछले कई दशकों में इतना बड़ा मानवीय संकट यूरोप में नहीं देखा था।
यूक्रेन की नौसेना ने दावा किया है कि इसने बेर्ड्यांस्क शहर के पास रूस के एक बड़े जहाज को नष्ट कर दिया है।
नाटो के नेताओं ने गठबंधन महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है, ताकि वह यूक्रेन पर रूसी हमले से उत्पन्न सुरक्षा संकट से निपटने में 30 देशों की सदस्यता वाले सैन्य संगठन के संचालन में मदद कर सकें। स्टोल्टेनबर्ग ने ट्वीट किया कि मैं महासचिव के तौर पर अपना कार्यकाल 30 सितंबर 2023 तक बढ़ाने के नाटो नेताओं के फैसले से सम्मानित महसूस कर रहा हूं।
रूस-यूक्रेन संघर्ष पर नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) की आपात बैठक के बाद नाटो महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने अपने भविष्य और आजादी के लिए असाधारण बहादुरी और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन करने के लिए यूक्रेनी नागरिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाटो रूस पर अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाना जारी रखेगा।
रूस के हमले की वजह से देश छोड़ने वाले यूक्रेनी नागरिकों के लिए अमेरिका बड़ी तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार अमेरिका एक लाख यूक्रेनी नागरिकों को शरण देने की योजना बना रहा है। माना जा रहा है कि अमेरिकी प्रशासन जल्द ही इसका एलान कर सकता है।
रूसी बलों ने खारकीव पर ब्लैक सी से कैलिबर मिसाइलें दागी हैं। खारकीव के मेयर ओलेह सिनिएहुबोव ने कहा कि 24 मार्च को क्षेत्र पर 44 हमले हो चुके हैं।