फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ukraine Russia War Live: यूक्रेन की मानवाधिकार आयुक्त का दावा, 1.21 लाख बच्चों समेत छह लाख नागरिक जबरन रूस ले जाए गए

Sat, 09 Apr 2022 12:10 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मास्को/ वाशिंगटन

खास बातें

रूसी हमले के बाद से यूक्रेन के हालात बदतर होते जा रहे हैं। इनकी जंग 44वें दिन में पहुंच गई है और नतीजा सिफर है। इस बीच यू्क्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि बोरोड्यांका शहर के हालात बहुत खराब हैं। यहां बूचा से बुरी स्थिति है। वहीं युद्ध अपराधों के आरोपी रूस को  संयुक्त राष्ट्र ने मानवाधिकार परिषद से बाहर कर दिया है। उधर, दोनेत्स्क में एक रेलवे स्टेशन पर हुए हमले में मरने वाले लोगों की संख्या 50 हो गई है। यूक्रेन ने इस हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है जबकि रूस ने इसमें अपना हाथ होने से इनकार किया है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने आज बूचा का दौरा किया।
विज्ञापन
रूस-यूक्रेन युद्ध - फोटो : Social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:09 AM, 09-Apr-2022

जेलेंस्की ने कहा- रूस को दंडित किया जाना जरूरी

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूसी सेना पर जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। जेलेंस्की ने एक बयान में कहा कि यह एक ऐसी बुराई है जिसकी कोई सीमा नहीं है और अगर इसे दंडित नहीं किया गया, तो यह कभी नहीं रुकेगा। साथ ही यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने भी रूस पर नागरिकों के जानबूझकर वध करने का आरोप लगाया।

11:02 PM, 08-Apr-2022

यूक्रेन को मास्टिफ बख्तरबंद वाहन देगा ब्रिटेन

ब्रिटेन ने यूक्रेन को 'मास्टिफ' बख्तरबंद वाहन भेजने का एलान किया है। देश के रक्षा सचिव बेन वॉलेस ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वह यूक्रेन को ऐसे कितने वाहन भेजेंगे। इसे चलाने का प्रशिक्षण देने के लिए ब्रिटेन के सैनिक यूक्रेन के एक पड़ोसी देश पहुंचेंगे।

10:47 PM, 08-Apr-2022

मकरीव में रूसी सैनिकों ने 132 नागरिकों की हत्या की

मकरीव के मेयर वेदिम तोकर ने कहा है कि शहर में रूसी सैनिकों ने 132 नागरिकों की हत्या की है। उन्होंने कहा कि गोलाबारी में 40 फीसदी शहर तबाह हो चुका है। यह शहर राजधानी कीव से 50 किलोमीटर पश्चिम की ओर है और यहां की आबादी लगभग 10 हजार है। यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने इसे 22 मार्च को रूस के कब्जे से मुक्त कराया था।

विज्ञापन
10:32 PM, 08-Apr-2022

दावा: यूक्रेनी नागरिकों को जबरन अपने देश ले जा रहा रूस

यूक्रेन की मानवाधिकार आयुक्त ल्यूडमिला डेनिसोवा ने कहा है कि रूसी सैनिक छह लाख यूक्रेनी नागरिकों को जबरन यहां से रूस ले गए हैं। इनमें एक लाख 21 हजार बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि खारकीव क्षेत्र के इजयुम शहर से नागरिकों को जबरन रूस ले जाया जा रहा है। डेनिसोवा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब रूस की सेना ने इस तरह की हरकत की हो।

10:09 PM, 08-Apr-2022

'मानवता के खिलाफ अपराध है रेलवे स्टेशन पर हुआ हमला'

यूक्रेन की महाभियोजक इरीना वेनेडिक्टोवा ने कहा है कि दोनेत्स्क में क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर हुआ हमला मानवता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह मानवता के खिलाफ अपराध है। इस मामले में एक प्री-ट्रायल जांच शुरू की गई है।

विज्ञापन
09:30 PM, 08-Apr-2022

जॉनसन और स्कोल्ज ने की रेलवे स्टेशन पर हमले की निंदा

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ एक संयुक्त प्रेसवार्ता में यूक्रेन के दोनेस्त्स्क क्षेत्र में क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर नागरिकों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। जॉनसन ने कहा कि यह हमला दिखाता है कि व्लादिमीर पुतिन की सेना कितना नीचे गिर चुकी है। वहीं, स्कोल्ज ने कहा कि मैं मानता हूं कि पुतिन इन युद्ध अपराधों के लिए जिम्मेदार हैं।

09:05 PM, 08-Apr-2022

ओडेसा में लागू होगा वीकेंड कर्फ्यू

यूक्रेन के ओडेसा में मिसाइल हमले की धमकी के बाद सप्ताहांत पर कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है।

08:55 PM, 08-Apr-2022

यूरोपी आयोग की अध्यक्ष ने किया बूचा का दौरा

यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने आज यूक्रेन के बूचा का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बूचा में हमने मानवता को बिखरते हुए देखा है। बूचा के लोगों के साथ पूरी दुनिया इसका शोक मना रही है। हम इस महत्वपूर्ण लड़ाई में यूक्रेन के साथ खड़े हैं। उनके साथ स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री एडुआर्ड हेगर और विदेश मामलों व सुरक्षा नीति के लिए यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि जोसेप बोरेल भी मौजूद रहे। बोरेल पूर्व में कह चुके हैं कि ईयू बूचा और अन्य शहरों में कथित युद्ध अपराधों की जांच के लिए 7.5 मिलियन यूरो आवंटित करेगा।

08:24 PM, 08-Apr-2022

यूरोपीय संघ रूसी कोयला प्रतिबंधित करने पर सहमत हुआ

यूक्रेन में युद्ध को लेकर यूरोपीय संघ के देश ऊर्जा उद्योग पर पहले प्रतिबंध के तहत रूसी कोयले पर प्रतिबंध लगाने पर सहमत हुए हैं। लेकिन 27 देशों ने तेल और प्राकृतिक गैस पर व्यापक प्रतिबंध लगाने में असमर्थता व्यक्त की है। यूरोपीय संघ के कार्यकारी आयोग ने कहा कि कोयले पर प्रतिबंध से रूस को प्रति वर्ष चार अरब यूरो (334 अरब पांच करोड़ 48 लाख 20 हजार रुपये) का नुकसान हो सकता है। 

07:42 PM, 08-Apr-2022

रेलवे स्टेशन हमले में मरने वालों की संख्या 50 हुई

दोनेत्स्क के गवर्नर पाव्लो किरिलेंको ने बताया है कि क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर हुए रॉकेट हमले में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है। उन्होंने कहा कि मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल है। यूक्रेन ने इस हमले का आरोप रूस पर लगाया है। वहीं, रूस ने इस हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है। यूक्रेन में अमेरिकी दूतावास ने भी इस हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है।

07:29 PM, 08-Apr-2022

रूस ने निकाले पोलिश दूतावास, वाणिज्य दूतावास के 45 कर्मचारी

रूस ने अपने यहां स्थित पोलैंड के दूतावास और वाणिज्य दूतावास के 45 कर्मचारियों को देश से निकालने का एलान किया है। रूस ने यह कार्रवाई पोलैंड के ऐसे ही एक कदम के जवाब में की है। 23 मार्च को पोलैंड के आंतरिक मंत्री मारियुस्ज कमिंस्की ने 45 रूसी राजनयिकों को जासूसी के आरोप में देश से निकालने की घोषणा की थी। 

07:11 PM, 08-Apr-2022

'रूसी सैनिकों ने चेर्निहीव में 700 लोगों की हत्या की'

चेर्निहीव के मेयर व्लादिस्लाव अट्रोशेंको ने कहा है कि शहर पर कब्जे के दौरान रूसी सैनिकों ने लगभग 700 लोगों की हत्या की। इसमें नागरिक और सैनिक दोनों शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एक महीने कब्जे के दौरान रूसी सैनिकों ने 70 फीसदी शहर को तबाह कर दिया है। 

07:02 PM, 08-Apr-2022

'बूचा के बाद भी तुर्की में बातचीत करना चाहते हैं रूस और यूक्रेन'

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तुर्की के अधिकारियों ने कहा है कि बूचा से नरसंहार की तस्वीरें सामने आने के बाद भी यूक्रेन और रूस तुर्की में बातचीत करना चाहते हैं।

05:49 PM, 08-Apr-2022

ट्रेन स्टेशन हमले पर बोले जेलेंस्की, बुराई की कोई सीमा नहीं

दोनेत्स्क के क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर रूस की ओर से रॉकेट हमले को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि बुराई की कोई सीमा नहीं है। अगर इसे दंडित नहीं किया गया तो यह कभी नहीं रुकेगी। इस हमले में कम से कम 39 लोगों की मौत हुई है औक 87 घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस बार-बार नागरिकों पर हमले कर रहा है।

05:32 PM, 08-Apr-2022

स्लोवाकिया ने यूक्रेन भेजा एस-300 एयर डिफेंस सिस्टम

रूस के हमले का सामना कर रहे यूक्रेन की मदद के लिए स्लोवाकिया ने उसे एस-300 एयर डिफेंस सिस्टम भेजा है। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री एडुआर्ड हेगर ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि यह डिफेंस सिस्टम अधिक से अधिक निरपाध यूक्रेनी नागरिकों की जान बचाने में मदद करेगा। 

05:18 PM, 08-Apr-2022

आने वाले दिनों में और गंभीर हो सकते हैं यूक्रेन में हालात

यूक्रेन के नेताओं ने कहा है कि रूस के सैनिक सब कुछ तबाह करके देश से वापस जा रहे हैं। इसकी वजह से आने वाले दिनों में और अधिक भयावह स्थिति देखने को मिल सकती है। रूसी सैनिकों के हमलों के बाद यूक्रेन के कई शहरों में इमारतें, सड़कें और यातायात के साधन तबाह हो गए हैं। आम नागरिकों की मौत के मामलों में भी लगातार इजाफा हो रहा है, जिसकी दुनियाभर में निंदा की जा रही हैं।

04:57 PM, 08-Apr-2022

जापान ने आठ रूसी राजनयिकों को निकालने का एलान किया

जापान सरकार ने कहा है कि वह यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर अपने देश से आठ रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर रही है। जापान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हिकारिको ओनो ने शुक्रवार को इस फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उप विदेश मंत्री ताकेओ मोरी ने रूसी राजदूत मिखाइल गालुजिन को इस बारे में सूचित कर दिया है।

04:46 PM, 08-Apr-2022

दोनेत्स्क में हुए हमले में मृतकों की संख्या 39 हुई

दोनेत्स्क में क्रामातोर्स्क रेलवे स्टेशन पर हुई स्ट्राइक में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। क्षेत्रीय गवर्नर पावलो किरिलेंको ने कहा कि रूस के इस रॉकेट हमले में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई है और 87 घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

04:30 PM, 08-Apr-2022

मिसाइल हमले में हमारा हाथ नहीं: रूस

पूर्वी यूक्रेन के क्रामातोर्स्क में एक रेलवे स्टेशन पर हुए मिसाइल हमले में क्रेमलिन ने रूस का हाथ होने से इनकार किया है। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूसी सशस्त्र बल शुक्रवार को क्रामातोर्स्क में किसी अभियान पर नहीं थे। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि जिस मिसाइल से हमला हुआ उसका इस्तेमाल केवल यूक्रेन की सेना करती है। यह वैसी ही मिसाइल है जिससे 14 मार्च को दोनेत्स्क पर हमला किया गया था।

04:15 PM, 08-Apr-2022

रूसी कोयले पर ईयू का प्रतिबंध अगस्त से शुरू होगा

यूरोपीय संघ (ईयू) की ओर से रूस के कोयले पर प्रतिबंध की शुरुआत अगस्त से होगी। रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को लेकर ईयू के पांचवें पैकेज में कुछ अपवादों के साथ कई रूसी जहाजों को इसके दायरे में लाया गया है। इसके अलावा आयात-निर्यात के प्रतिबंध और सख्त किए गए हैं।

04:00 PM, 08-Apr-2022

यूके ने लगाए पुतिन और लावरोव की बेटियों पर प्रतिबंध

अमेरिका की तरह यूनाइडेट किंगडम (यूके) ने भी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की बेटियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।

02:36 PM, 08-Apr-2022

रेलवे स्टेशन पर रॉकेट हमला, 30 से ज्यादा की मौत 

यूक्रेन के दोनेत्स्क में रूसी रॉकेट द्वारा हमला किया गया है। यह रॉकेट हमला एक रेलवे स्टेशन पर हुआ। दोनेत्स्क के गवर्नर ने बताया कि, जिस समय हमला हुआ उस समय हजारों लोग यहां से बाहर निकलने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। वहीं रेलवे अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि, मिसाइल हमले में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। 

01:39 PM, 08-Apr-2022

यूक्रेन का दावा- रूस के 19 हजार सैनिकों को मार गिराया

01:37 PM, 08-Apr-2022

एक सप्ताह में यूक्रेन के उत्तर से पूर्व में होगी रूसी सैनिकों की तैनाती- रिपोर्ट

ब्रिटेन के खुफिया विभाग ने बताया कि यूक्रेन के उत्तर से पूर्व में रूसी सैनिकों की दोबारा तैनाती में कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उत्तरी क्षेत्र को पूरी तरह खाली करने के बाद कुछ सैनिकों को डोनाबास में तैनात किया जा सकता है। 

12:50 PM, 08-Apr-2022

बूचा की सामूहिक कब्र से मिला 15 साल की लड़की का शव 

यूक्रेन के महाभियोजक ने बताया कि बूचा की सामूहिक कब्र से वयस्क शवों के बीच एक 15 साल की लड़की का शव भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि वयस्कों की अपेक्षा बच्चों के और भी ज्यादा शव मिलने की आशंका है।

12:41 PM, 08-Apr-2022

यूक्रेन करेगा रूसी सम्पत्तियों का राष्ट्रीयकरण

रूस से जंग में यूक्रेन को काफी नुकसान हुआ है। अब यूक्रेन ने अपने नुकसान की भरपाई रूसी सम्पत्तियों से करने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, यूक्रेन में मौजूद सभी रूसी सम्पत्तियों का राष्ट्रीयकरण किया जा रहा है, जिससे सैन्य नुकसान की भरपाई की जा सके। 

12:37 PM, 08-Apr-2022

यूक्रेन में 1611 नागरिकों की मौत 

रूसी हमलों में यूक्रेन में अब तक 1611 नागरिकों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़े संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इसमें 131 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 2227 लोग घायल हैं। 

12:28 PM, 08-Apr-2022

रूस ने ओडेसा पर फिर किया हमला

रूस ने यूक्रेन के ओडेसा पर फिर से हमला किया है। इस बार हमला काला सागर की ओर से किया गया है। ओडेसा नगर परिषद के मुताबिक, रूसी मिसाइल हमले ने क्षेत्र के कुछ बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है।

11:26 AM, 08-Apr-2022

बूचा में मारे गए 163 लोगों के शवों की पहचान

बूचा नरसंहार में मारे गए 163 लोगों के शवों की पहचान कर ली गई है। बूचा के मेयर ने बताया कि, अभी तक 320 शव मिले हैं। हर दिन शव बढ़ते ही जा रहे हैं, जिसमें से 163 लोगों की पहचान की गई है। 

11:22 AM, 08-Apr-2022

यूक्रेन को 500 मिलियन यूरो की मदद देगा यूरोपीय संघ

यूरोपीय संघ ने यूक्रेन को हथियारों के लिए 500 मिलियन यूरो का प्रस्ताव दिया है। यूरोपीय संघ के अध्यक्ष ने भी यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 500 मिलियन यूरो जारी करने के प्रस्ताव का समर्थन किया है।

11:20 AM, 08-Apr-2022

रूस ने दी थी यूएन सदस्य देशों को धमकी

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से रूस को बाहर कर दिया गया है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र में वोटिंग से पहले रूसी राजनायिकों की ओर से सदस्य देशों को पत्र लिखा गया था। इसमें रूस के खिलाफ वोट न करने को लेकर धमकी भी दी गई थी। रूस ने कहा था कि, ऐसा करके आप दुश्मनी की तरफ कदम बढ़ाएंगे। 

10:36 AM, 08-Apr-2022

रूस से तेल व गैस आयात पर प्रतिबंध वाले बिल पर अमेरिकी सांसद एकमत

रूस से गैस व तेल के आायात पर पूरी तरह प्रतिबंध वाले बिल पर अमेरिकी संसद एकमत नजर आई। यूएस कांग्रेस के उच्च सदन में सर्वसम्मति से यह बिल पास किया गया। अब सिर्फ इस पर राष्ट्रपति जो बाइडन के हस्ताक्षर होने हैं। 

09:37 AM, 08-Apr-2022

रूसी मीडिया ने जारी किया बूचा नरसंहार का वीडियो

रूसी मीडिया मेडुजा की ओर से बूचा नरसंहार का वीडियो जारी किया गया है। इसमें मरे हुए लोगों को दिखाया गया है। यह वीडियो 23 से 30 मार्च के बीच का है, जिसे ड्रोन के द्वारा बनाया गया। इसमें शव और रूसी सैन्य उपकरण देखे जा सकते हैं। 

08:49 AM, 08-Apr-2022

रूसी सेना के कब्जे से मुक्त हुआ सूमी

यूक्रेन का सूमी पूरी तरह से रूसी कब्जे से मुक्त हो गया। सूमी ओब्लास्ट के गवर्नर ने फेसबुक पर बताया कि, यह क्षेत्र रूसी सेना से मुक्त हो गया है और यूक्रेन की सेना यहां दोबारा अपना कब्जा जमा चुकी है। हालांकि, कहीं-कहीं धमाकों की आवाज अभी भी आ रही है। 

08:09 AM, 08-Apr-2022

रूस ने मानी सैन्य नुकसान की बात 

यूक्रेन से छिड़ी जंग के बीच पहली बार रूस ने माना है कि, उसे काफी सैन्य नुकसान हुआ है। रूस ने इस जंग को सबसे निराशाजनक माना है। क्रेमलिन प्रवक्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, हमें सैनिकों का बहुत नुकसान हुआ है। यह हमारे लिए बड़ी त्रासदी है। दरअसल, यूक्रेन में रूस को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उम्मीद से परे यूक्रेनी सेना से उसे कड़ा प्रतिरोध मिल रहा है। 

07:58 AM, 08-Apr-2022

इरपिन शहर में तीन दिन का कर्फ्यू

यूक्रेन के इरपिन शहर में तीन दिन का कर्फ्यू लगाया गया है। इरपिन के मेयर की घोषणा के मुताबिक, आज रात नौ बजे से 11 अप्रैल सुबह नौ बजे तक कर्फ्यू रहेगा। इस दौरान शहर में किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

07:38 AM, 08-Apr-2022

Ukraine Russia War Live: यूक्रेन की मानवाधिकार आयुक्त का दावा, 1.21 लाख बच्चों समेत छह लाख नागरिक जबरन रूस ले जाए गए

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 44वां दिन है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि, बोरोड्यांका शहर के हालात बहुत खराब हैं। यहां बूचा से बुरी स्थिति है। रूसी सेना का मुकाबला करने के लिए उन्होंने नाटो देशों से तत्काल हथियारों की मांग की है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें