फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Russia Ukraine War Live: जेलेंस्की ने रूसी सेना और रूस को मानव सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया, कहा- बुका और कीव में हुए जघन्य अपराध को दोहराया जा रहा

Fri, 08 Apr 2022 07:29 AM IST
संजीव कुमार झा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मॉस्को/वाशिंगटन

खास बातें

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग को 43 दिन बीत चुके हैं। दोनों में से कोई देश झुकने के लिए तैयार नहीं है। यूक्रेन के मैरियूपोल में रूस ने खतरनाक तरीके से तबाही मचाई है। वहीं यूक्रेन पर हमले के लिए रूस को संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने के संबंध में अमेरिका द्वारा प्रस्तावित कदम पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में आज मतदान हुआ। 93 सदस्यों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। भारत ने अपने पुराने रुख की तरह यहां भी मतदान से दूरी बनाए रखी।
विज्ञापन
यूक्रेन में हालात - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:44 AM, 08-Apr-2022

यूक्रेन में स्वास्थ्य संस्थानों पर 100 से अधिक हमले: डब्ल्यूएचओ

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि उसने यूक्रेन में स्वास्थ्य संस्थानों पर 100 से अधिक हमलों की पुष्टि की है। साथ ही उसने रूसी सैनिकों से घिरे शहर मैरियूपोल में मानवीय पहुंच का आह्वान किया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा, "अबतक स्वास्थ्य संस्थानों पर हमलों की 103 घटनाओं की पुष्टि की गई है, जिसमें 73 लोग मारे गए हैं और 51 घायल हुए हैं, इनमें स्वास्थ्य कार्यकर्ता और मरीज शामिल हैं।" डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अदनोम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे "विकट अवस्था को चिह्नित करने वाली घटना" कहा।

05:35 AM, 08-Apr-2022

सख्त प्रतिबंधों की जरूरत : यूक्रेन

जेलेंस्की ने एक बार फिर रूस और हथियारों के खिलाफ "साहसी" प्रतिबंधों के लिए अनुरोध किया है। जेलेंस्की ने कहा कि मैं एक बार फिर जोर देता हूं कि और प्रतिबंधों की जरूरत है। यहां तक कि मजबूत प्रतिबंधों की भी जरूरत है। निर्णयों के मूल्यांकन के लिए साहस एक मानदंड होना चाहिए। जेलेंस्की ने कहा, "रूस के खिलाफ सबसे मजबूत प्रतिबंध जहां तक संभव हो लगाने होंगे।"

04:25 AM, 08-Apr-2022

जेलेंस्की बोले- 'बहादुर होना हमारा ब्रांड है'

वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपने देर रात के राष्ट्रीय संबोधन में अपने राष्ट्र की बहादुरी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि "बहादुर होना हमारा ब्रांड है।" उन्होंने कहा, "हम हमेशा बहादुर रहे हैं। दुनिया में सबसे बहादुर। मुझे इस बात का यकीन है। क्योंकि जो यूक्रेनियन ने किया ऐसा और कौन कर सकता है? अत्याचार की किसी भी अभिव्यक्ति के खिलाफ लगातार लड़ना और स्वतंत्रता की रक्षा करने के लिए और किसमें इतना साहस है? हर चुनाव में, क्रांतियों में और युद्ध में में हमने यह साबित किया है।" जेलेंस्की ने कहा, "जमीन पर, हवा में और समुद्र में पूरी रूसी सेनाओं के खिलाफ लड़ने का साहस और किसमें है? रूसी बख्तरबंद वाहनों के खिलाफ निहत्थे जाने का साहस और किसमें है, जहां रूसी अस्थायी रूप से कुछ जगहों पर कब्जा करने में कामयाब रहे? दुनिया को यह बताने की हिम्मत और कौन कर सकता है कि कपट एक बुरा हथियार है? और यह सिर्फ हमने बताया ही नहीं, बल्कि दुनिया में ईमानदारी और बहाल करने के लिए इसे समझाया भी। वास्तव में, यह हमारा ब्रांड है। हमारे होने का यही अर्थ है। यूक्रेनियन होना यानी बहादुर होना।"

विज्ञापन
03:22 AM, 08-Apr-2022

जेलेंस्की ने रूसी सेना औ रूस को मानव सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया

अपने ताज संबोधन में, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि "रूस और रूसी सेना स्वतंत्रता, मानव सुरक्षा, मानव अधिकारों की अवधारणा के लिए पृथ्वी पर सबसे बड़ा खतरा हैं।" मैरियूपोल में उन्होंने कहा, "वही क्रूरता, वही जघन्य अपराध" जो बूका और कीव क्षेत्र में हुए थे" उसे दोहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रूस एक प्रोपेगेंडा के तहत झूठ फैला रहा है कि जो उन्होंने बूका में देखा वो रूसी सेना ने नहीं बल्कि यूक्रेन के रक्षकों द्वारा मारे गए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि "हम उन आक्रमणकारियों से निपट रहे हैं जिनके पास इंसानियत के नाम पर कुछ नहीं बचा है। खुद के द्वारा की गई हत्याओं को सही ठहराने के लिए, वे मारे गए लोगों को केवल एक दृश्य के रूप में प्रचार कर रहे हैं। यह एक अलग तरह का युद्ध अपराध है, जिसके लिए प्रत्येक प्रचारक को जवाबदेह ठहराया जाएगा।"

02:46 AM, 08-Apr-2022

यूरोपीय संघ यूक्रेन को 500 मिलियन यूरो की सैन्य सहायता देगा

यूरोपीय परिषद के प्रमुख चार्ल्स मिशेल ने गुरुवार को यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 500 मिलियन यूरो (540 मिलियन डॉलर) जारी करने के प्रस्ताव का समर्थन किया। मिशेल ने ट्वीट किया, "एक बार प्रस्ताव के स्वीकृत होने के बाद यह यूक्रेन के लिए सैन्य उपकरणों के लिए पहले से प्रदान किए गए यूरोपीय संघ के समर्थन को 1.5 अरब यूरो तक बढ़ाया जाएगा।" उन्होंने अतिरिक्त धन का प्रस्ताव के लिए यूरोपीय संघ के राजनयिक प्रमुख जोसेप बोरेल को भी धन्यवाद दिया। इस प्रस्ताव पर गुरुवार को 27 यूरोपीय संघ के देशों ने राजदूत स्तर पर सहमति व्यक्त की।

विज्ञापन
02:02 AM, 08-Apr-2022

ब्रिटेन यूक्रेन के लिए नए सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा करेगा

ब्रिटेन यूक्रेन के लिए सैन्य सहायता के एक नए पैकेज की घोषणा करने की तैयारी कर रहा है और उसने नई मिसाइल प्रणालियों और बख्तरबंद वाहनों का प्रदर्शन किया है। ब्रिटेन को विश्वास है कि ये हथियार लड़ाई के अगले चरणों में कीव की मदद कर सकता है।रक्षा खरीद राज्यमंत्री जेरेमी क्विन और जेम्स हेप्पी ने बुधवार को यूक्रेन के उप रक्षा मंत्री वोलोदिमिर हैवरिलोव के साथ सैलिसबरी मैदान में बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि ब्रिटेन किन अतिरिक्त हथियारों की आपूर्ति कर सकता है।

01:04 AM, 08-Apr-2022

अमेरिका द्वारा यूक्रेन को सैन्य सहायता देना जारी रहेगा: जेन साकी

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि "रूस-यूक्रेन संघर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक हमने यूक्रेन को सुरक्षा सहायता के तहत 1.7 अरब डॉलर के हथियार उपलब्ध कराए हैं। हम यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य सहायता देना बंद नहीं कर रहे हैं और न ही रोक रहे हैं।"

12:24 AM, 08-Apr-2022

ईयू ने रूस पर कोयला आयात समेत नए प्रतिबंध लगाए

यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने रूस के विरुद्ध नए प्रतिबंध लगाने को मंजूरी दे दी है, जिसमें कोयले के आयात पर पाबंदी शामिल है। कीव के बाहरी इलाकों में आम लोगों की हत्या की खबरें सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि कोयले के आयात पर पाबंदी, रूस के ऊर्जा उद्योग पर ईयू द्वारा लगाया गया पहला प्रतिबंध होगा। कोयले पर ईयू के प्रतिबंध से रूस को हर साल 4.4 अरब डॉलर का नुकसान हो सकता है। इस बीच ईयू ने तेल के आयात पर भी प्रतिबंध लगाने पर काम करना शुरू कर दिया है।

11:44 PM, 06-Apr-2022

नाटो के सदस्य देश यूक्रेन को और अधिक हथियारों की आपूर्ति करने पर सहमत

यूक्रेन में आम लोगों पर अत्याचार की खबरों के बीच, नाटो के सदस्य देश गुरुवार को यूक्रेन को और अधिक हथियारों की आपूर्ति करने पर सहमत हो गए। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि रूस पूर्वी डोनबास क्षेत्र में बड़ा हमला कर सकता है। नाटो ने एक संगठन के रूप में यूक्रेन को सैनिकों या हथियारों की आपूर्ति करने से इनकार किया है हालांकि, सदस्य देशों ने कीव को विमान रोधी और टैंक रोधी हथियार उपलब्ध कराए हैं। ब्रसेल्स में सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की एक बैठक के बाद नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा, ‘‘आज की बैठक से स्पष्ट संकेत मिला है कि सहयोगी देशों को और अधिक सहायता करनी चाहिए तथा और उपकरण देने चाहिए।’’

10:38 PM, 07-Apr-2022

दोनेत्स्र में एयरस्ट्राइक से रुकीं निकासी ट्रेनें

दोनेत्स्क क्षेत्र में बारविंकोव स्टेशन के पास हुई रूसी एयरस्ट्राइक की वजह से तीन निकासी ट्रेनों का संचालन रुक गया है। यूक्रेनी मीडिया के अनुसार इन ट्रेनों से हजारों की संख्या में लोग इस इलाके से निकलने वाले थे।

09:56 PM, 07-Apr-2022

यूक्रेन के विदेश मंत्री ने नाटो से की हथियारों की मांग

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने आज नाटो मुख्यालय में कहा कि हमें जितने ज्यादा हथियार मिलते हैं और जितनी जल्दी ये यूक्रेन पहुंच जाते हैं, उतनी ज्यादा जानों के बचाया जा सकता है। और शहर व गांव बर्बाद नहीं होंग, और कोई बूचा नहीं होगा। उन्होंने इससे पहले कहा था कि डोनाबास में लड़ाई द्वितीय विश्व युद्ध जैसी हो सकती है। उधर, यूक्रेन की सेना का कहना है कि रूस एक बार फिर कीव पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है।

09:31 PM, 07-Apr-2022

यूएनजीए में भी मतदान से दूर रहा भारत

संयुक्त राष्ट्र महासभा में रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग से बाहर करने के लिए मसौदा प्रस्ताव पर मतदान हो गया है। 93 सदस्यों ने इस प्रस्ताव के समर्थन में मतदान किया है। वहीं, 24 सदस्यों ने इसका विरोध किया और 58 सदस्य मतदान से दूर रहे। भारत ने भी मतदान से दूरी बनाई है।

09:19 PM, 07-Apr-2022

डोनाबास की लड़ाई दूसरे विश्व युद्ध जैसी होगी: कुलेबा

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा है कि यूक्रेन के डोनाबास में लड़ाई दूसरे विश्व युद्ध जैसी हो सकती है। उन्होंने कहा कि रूस की तैयारियों से हमने जो देखा है वह यह है कि यह स्थानीय अभियान नहीं होगा। हमें हजारों टैंकों, विमानों और बख्तरबंद वाहनों समेत बड़े स्तर की लड़ाई की आशंका है।

09:03 PM, 07-Apr-2022

कीव पर फिर कब्जे की कोशिश कर सकता है रूस

यूक्रेन की सेना ने कहा है कि अपनी सेना को एकजुट करने के बाद रूस फिर से कीव पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है।

08:48 PM, 07-Apr-2022

द्निप्रो के मेयर ने बच्चों-महिलाओं से किया शहर छोड़ने का अनुरोध

यूक्रेन के शहर द्निप्रो के मेयर बोरिस फिलातोव ने यहां रहने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से शहर छोड़ने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि रूस देश के पूर्वी क्षेत्रों में हमले तेज कर सकता है। जो लोग यहां से जाने में सक्षण हैं उन्हें निकल जाना चाहिए। 

08:22 PM, 07-Apr-2022

रूस ने मतदान के लिए किया आह्वान

संयुक्त राष्ट्र महासभा के विशेष आपात सत्र के दौरान रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि हम इस मसौदा प्रस्ताव को मतदान के लिए रखना चाहते हैं। हम यहां उपस्थित सभी लोगों से आपके निर्णय पर वास्तव में विचार करने और पश्चिमी देशों और उनके सहयोगियों द्वारा मौजूदा मानवाधिकार के आर्किटेक्चर को नष्ट करने के प्रयास के खिलाफ मतदान करने का आह्वान करना चाहते हैं।

08:17 PM, 07-Apr-2022

'मानवाधिकार परिषद से रूस को बाहर करना विकल्प नहीं कर्तव्य है'

यूएनजीए के विशेष आपात सत्र में यूक्रेन के प्रतिनिधि ने कहा है कि रूसी संघ की यूएनएचआरसी में सदस्यता को रद्द करने का अधिकार कोई विकल्प नहीं है, बल्कि एक कर्तव्य है।

08:08 PM, 07-Apr-2022

यूक्रेन में रूस के कृत्य मानवता के खिलाफ: यूक्रेन

यूएनजीए के आपात सत्र में यूक्रेन के प्रतिनिधि ने कहा कि हम इस समय एक अनोखी स्थिति में हैं। एक संप्रभु राष्ट्र के क्षेत्र पर यूएनएचआरसी के एक सदस्य ने मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन किया है। उसके कार्य युद्ध अपराध के बराबर हैं और मानवता के खिलाफ हैं।

08:02 PM, 07-Apr-2022

यूएनएचआरसी से रूस को निकालने पर मतदान आज

यूक्रेन संकट को लेकर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग (यूएनएचआरसी) से रूस को बाहर करने की मांग की जा रही है। इसे लेकर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में आज मतदान होगा। इसके लिए विशेष आपातकालीन सत्र की शुरुआत हो गई है।

07:51 PM, 07-Apr-2022

नाटो महासिचव ने बताया युद्ध खत्म करने का सबसे आसान तरीका

नाटो महासचिव जेंस स्टोल्टेबर्ग ने आज ब्रसेल्स में नाटो विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध कई वर्षों तक जारी रह सकता है और इसे समाप्त करने का सबसे आसान रास्ता यही है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी सेना को वापस बुलाएं। उन्हें विवाद के समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।

07:42 PM, 07-Apr-2022

यूक्रेन को और मदद उपलब्ध कराएगा नाटो

स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि हमने इस बात पर चर्चा की है कि यूक्रेन की मदद करने के लिए हम और क्या कर सकते हैं। इसमें साइबर सुरक्षा सहयोग और केमिकल और बायोलॉजिकल खतरों से निपटने में उपकरण उपलब्ध कराना शामिल है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के संभावित उल्लंघनों पर हर रिपोर्ट का पालन किया जाना चाहिए या उस पर गौर किया जाना चाहिए। निश्चित रूप से, अंतरराष्ट्रीय कानून का कोई भी उल्लंघन और कोई भी युद्ध अपराध हमेशा अस्वीकार्य है।

07:31 PM, 07-Apr-2022

यूक्रेन में जो हो रहा है उसे पूरी दुनिया देख रही है: स्टोल्टेनबर्ग

नाटो के महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि यूक्रेन में जो हो रहा है उस पर पूरी दुनिया नजर बनाए हुए है। हमने देखा है कि चीन रूस की आक्रामकता की निंदा नहीं करना चाहता है। बीजिंग राष्ट्रों के अपने रास्ते चुनने के अधिकार पर सवाल उठाने में मास्को के साथ शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर चुनौती है। नाटो सहयोगियों और हमारे सहयोगियों द्वारा लगाए गए प्रतिबंध अभूतपूर्व हैं।

06:14 PM, 07-Apr-2022

बूचा में 90 फीसदी शवों पर गोलियों के निशान

बूचा के मेयर एनाटोली फेडोरक ने कहा है कि यहां मृत पाए गए लगभग 90 फीसदी शवों पर गोली के घाव हैं, छर्रों के नहीं। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या रोज बढ़ रही है। शहर में तीन सामूहिक कब्रें पाई गई हैं।

05:55 PM, 07-Apr-2022

'यूक्रेन संकट के हल के लिए वार्ता में बेलारूस को शामिल करना जरूरी'

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा है कि यूक्रेन में विवाद को समाप्त करने के लिए हमारे देश का बातचीत में शामिल होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैं अगले कुछ दिनों में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात कर सकता हूं। लुकाशेंको ने कहा कि बेलारूस की पीठ पीछे कोई अलग समझौता नहीं हो सकता है। आप हमें इसमें खींच लाए हैं और बेलारूस की बात वार्ताओं में सुनी जानी जरूरी है।

05:44 PM, 07-Apr-2022

बूचा को लेकर रूसी सैनिकों की बातचीत सामने आई

जर्मनी की समाचार वेबसाइट डेर स्पीगल (Der Spiegel) ने बताया है कि जर्मन इंटेलिजेंस ने रूसी सैनिकों की बातचीत इंटरसेप्ट की है। जानकारी के अनुसार रूसी सैनिक बूचा में नागरिकों की हत्या पर बात कर रहे थे। रूसी सैनिकों ने यह भी कहा कि यूक्रेन के युद्ध बंदी को पूछताछ के बाद गोली मार दी गई। 

05:12 PM, 07-Apr-2022

एयर कनाडा ने निलंबित की वैंकूवर-नई दिल्ली उड़ान सेवा

एयर कनाडा ने वैंकूवर-नई दिल्ली उड़ानों को निलंबित करने का फैसला किया है। एयरलाइन ने कहा कि यह कदम यूक्रेन युद्ध के चलते उठाया गया है।

05:00 PM, 07-Apr-2022

पुतिन के बेटियों पर प्रतिबंध का फैसला समझने में मुश्किल: क्रेमलिन

अमेरिका की ओर से रूस के खिलाफ लगाए गए नए प्रतिबंधों के तहत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की बेटियों को भी लाने के फैसले पर क्रेमलिन ने प्रतिक्रिया दी है। क्रेमलिन ने कहा कि हम अमेरिका के इस निर्णय से हतप्रभ हैं। क्रेमलिन ने अमेरिका के इस कदम को समझने और समझाने में मुश्किल बताया है। 

04:25 PM, 07-Apr-2022

बूचा नरसंहार पर भारत में रूस के दूतावास ने दी प्रतिक्रिया

यूक्रेन के बूचा में हुए जघन्य हमलों को लेकर भारत में रूस के दूतावास ने प्रतिक्रिया दी है। इसने कहा कि बूचा के हालात दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नाजी अपराधों के दौरान के बुरे सपनों को वापस लाया है। दूतावास ने कहा कि रूस इस युद्ध अपराध में शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए दृढ़ता से खड़ा है। मुख्य चुनौती वास्तव में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है। अफसोस की बात है कि मॉस्को के खिलाफ अब तक बड़े पैमाने पर खोखले आरोप लगे हैं, जबकि इस बात के सबूत हैं कि वास्तव में एक झूठा ऑपरेशन था, जिसे कीव ने ही अंजाम दिया था। जब हम न्याय चाहते हैं तो इस सबूत को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है।

04:09 PM, 07-Apr-2022

जेलेंस्की और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष की बैठक कल

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की शुक्रवार को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात करेंगे। जेलेंस्की के प्रवक्ता सर्ही निकिफोरोव ने बताया कि यह बैठक यूक्रेन की राजधानी कीव में होगी।

03:57 PM, 07-Apr-2022

ऑस्ट्रिया ने चार रूसी राजनयिकों को निकाला

ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि चार रूसी राजनयिकों को देश से बाहर निकालने का फैसला लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि ये लोग अपने राजनयिक दर्जे के अनुरूप गतिविधियां नहीं कर रहे थे।

12:49 PM, 07-Apr-2022

यूक्रेन उतरा बेरहमी पर

बूचा हत्याकांड का बदला लेने के लिए यूक्रेनी सैनिक भी बेरहमी पर उतर आए हैं। पश्चिमी कीव के एक गांव में पकड़े गए रूसी सैनिकों की बर्बरता से हत्या करते हुए वीडियो सामने आया है।  न्यूयॉर्क टाइम्स ने इस वीडियो की पुष्टि की है। वीडियो में एक शख्स की आवाज सुनाई दे रही है, वह कहते सुनाई पड़ता है यह अभी भी जीवित है। इन लुटेरों को फिल्माओं। देखो, यह अभी भी जीवित है। यह सांस ले रहा है। 

10:59 AM, 07-Apr-2022

यूक्रेन के बूचा में पकड़े गए संदिग्ध, रूसी जासूस होने का शक

यूक्रेनी शहर बूचा में कमांडो ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा है। उनपर रूसी जासूस होने का शक है।

09:46 AM, 07-Apr-2022

साल भर चल सकती है रूस-यूक्रेन जंग, NATO के महासचिव की चेतावनी

नाटो महासचिव जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में महीनों या साल भी लग सकते हैं, इसलिए सहयोगी देशों को रूसी आक्रमण का मुकाबला करने में यूक्रेन का समर्थन करना जारी रखना चाहिए।

09:27 AM, 07-Apr-2022

रूस के खिलाफ युद्ध जीत सकता है यूक्रेन

अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने बुधवार को दावा किया कि यूक्रेन रूस के खिलाफ युद्ध जीत सकता है। उन्होंने इसके पीछे पुतिन की चाल का असफल होना बताया है। उन्होंने कहा कि पुतिन एक भी रणनीतिक उद्देश्य में सफल नहीं हो सके हैं।

08:56 AM, 07-Apr-2022

देखें वीडियो

08:14 AM, 07-Apr-2022

अमेरिका ने पुतिन की बेटी पर लगाए प्रतिबंध

व्हाइट हाउस ने रूस पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की, जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 2 बेटियों पर पहली बार व्यक्तिगत प्रतिबंध शामिल हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने इसकी जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि इस प्रतिबंध के तहत वे दोनों अब अमेरिकी बैंक से या कंपनी से किसी भी तरह के लेन-देन नहीं कर पाएंगी।

08:02 AM, 07-Apr-2022

ब्रिटेन ने रूस के खिलाफ लगाए अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध

रूस को युद्ध के मैदान से पीछे धकेलने के लिए ब्रिटेन ने बुधवार को अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। जिसमें देश के सबसे बड़े बैंक स्बेरबैंक की संपत्ति के लेन-देन पर पूर्ण रोक और ब्रिटेन से रूस जाने वाले सभी निवेश को समाप्त करना भी शामिल है। वहीं प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बयान देते हुए कहा कि यूक्रेनी शहर बुचा में रूसी सेना द्वारा नागरिकों पर किए गए हमले नरसंहार से कुछ कम नहीं दिखते।

07:49 AM, 07-Apr-2022

Russia Ukraine War Live: जेलेंस्की ने रूसी सेना और रूस को मानव सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया, कहा- बुका और कीव में हुए जघन्य अपराध को दोहराया जा रहा

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग 43वें दिन भी जारी है। दोनों में से कोई देश झुकने के लिए तैयार नहीं है। यूक्रेन के मैरियूपोल में रूस ने खतरनाक तरीके से तबाही मचाई है। यहां के महापौर ने बताया कि शहर में अब तक 5000 लोगों की मौत हो चुकी है।  महापौर वाडियम बोइचेंको ने बुधवार को बताया कि मारे गए लोगों में 210 बच्चे हैं। वहीं यूक्रेन पर हमले के लिए रूस को संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने के संबंध में अमेरिका द्वारा प्रस्तावित कदम पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में गुरुवार को मतदान होगा।  

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें