फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Russia Ukraine War Live: रूसी सेना ने किए अस्पताल पर हवाई हमले, 17 घायल, अमेरिका ने कहा- रूस कर सकता है रासायनिक हमला

Thu, 10 Mar 2022 06:38 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कीव/मास्को/ वाशिंगटन

खास बातें

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 14वां दिन है। 14 दिन बाद भी रूस के कब्जे से कीव काफी दूर है। इस बीच रूस पर प्रतिबंध बढ़ते ही जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने साफ कर दिया है कि अमेरिका रूस से कच्चे तेल व गैस को आयात नहीं करेगा। इस बीच पेप्सिको ने भी रूस में उत्पादन और ब्रिक्री को बंद कर दिया है। 
विज्ञापन
जेलेंस्की और पुतिन - फोटो : Social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:37 AM, 10-Mar-2022

एंटनी ब्लिंकेन ने की यूक्रेन के विदेश मंत्री से बात

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन और यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने बुधवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों ने रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा और मानवीय सहायता पर चर्चा की।

04:50 AM, 10-Mar-2022

रासायनिक हमले की चेतावनी

व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन में संभावित रूसी रासायनिक हमले की चेतावनी दी है।

04:19 AM, 10-Mar-2022

आईएमएफ ने यूक्रेन को 1.4 बिलियन डॉलर मदद की मंजूरी दी

रूस के आक्रमण में बुरी तरह तबाह हुए यूक्रेन को आईएमएफ बोर्ड ने 1.4 बिलियन डॉलर मदद की मंजूरी दी है।

विज्ञापन
03:48 AM, 10-Mar-2022

आज वह दिन है जो सब कुछ बयां कर रहा है कि कौन किस तरफ है

कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के हवाले से कहा कि आज वह दिन है जो सब कुछ बयां कर रहा है। यह बयां कर रहा है कि कौन किस तरफ है। मारियुपोल के एक अस्पताल पर रूसी बम गिरा। अब तक 17 लोग घायल हो चुके हैं। बचावकर्मी अभी भी मलबे से लोगों को बचा रहे हैं।

03:44 AM, 10-Mar-2022

यूक्रेनी वायु सेना के पास कई स्क्वाड्रन

पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि यूक्रेनी वायु सेना के पास वर्तमान में पूरी तरह से मिशन-सक्षम विमानों के कई स्क्वाड्रन हैं। हम मानते हैं कि यूक्रेनियन इन्वेंट्री में विमान जोड़ने से रूसी क्षमताओं के सापेक्ष यूक्रेनी वायु सेना की प्रभावशीलता में महत्वपूर्ण बदलाव नहीं आएगा। 

हमारा मानना है कि मिग-29 को स्थानांतरित करने से लाभ कम है। इसे एस्केलेटरी के रूप में गलत माना जा सकता है और इसके परिणामस्वरूप एक महत्वपूर्ण रूसी प्रतिक्रिया हो सकती है जो नाटो के साथ सैन्य वृद्धि की संभावनाओं को बढ़ा सकती है। हम इस हस्तांतरण को 'उच्च जोखिम' के रूप में भी आंकते हैं

विज्ञापन
03:40 AM, 10-Mar-2022

यूक्रेन की रक्षा का समर्थन करने का सबसे अच्छा तरीका उन्हें हथियार देना है

पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि हम इस समय यूक्रेनी वायु सेना को अतिरिक्त लड़ाकू विमानों के हस्तांतरण का समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि यूक्रेन की रक्षा का समर्थन करने का सबसे अच्छा तरीका उन्हें हथियार और सहायता प्रदान करना है, जिसकी उन्हें रूसी आक्रामकता, विशेष रूप से, एंटी-आर्मर और वायु रक्षा को हराने के लिए सबसे अधिक आवश्यकता है।

02:10 AM, 10-Mar-2022

अमेरिका रूसी परमाणु ऊर्जा आपूर्तिकर्ता पर लगा सकता है प्रतिबंध

अमेरिका कथित तौर पर रूसी परमाणु ऊर्जा आपूर्तिकर्ता रोसाटॉम के खिलाफ प्रतिबंधों पर विचार कर रहा है।

01:56 AM, 10-Mar-2022

यूक्रेन अपने संवेदनशील डेटा और सर्वर को दूसरे देश में स्थापित करने की तैयारी में

एक वरिष्ठ साइबर सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि रूस का आक्रमण यूक्रेन पर कम होता नहीं दिख रहा है। इसलिए यूक्रेन अपने संवेदनशील डेटा और सर्वर को संभावित रूप से दूसरे देश में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा है। 

12:31 AM, 10-Mar-2022

अस्पताल पर हवाई हमला, 17 कर्मचारी घायल

रूस लगातार यूक्रेन के अस्पतलों पर हमला कर रहा है। एक समाचार एजेंसी के हवाले से एक अधिकारी ने कहा कि मारियुपोल बच्चों के अस्पताल पर हवाई हमले से 17 कर्मचारी घायल हो गए।

11:04 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन के आसमान की सुरक्षा के लिए हथियार उपलब्ध कराएंगे: ब्रिटेन

ब्रिटेन की वित्त सचिव लिज ट्रूस ने कहा है कि यूक्रेन के आसमान की सुरक्षा का सबसे बेहतर तरीकी से एंटी एयर हथियार व्यवस्था के जरिए की जा सकती है जो यूके अब यूक्रेन को उपलब्ध कराने जा रहा है। ब्रिटेन के लोग यूक्रेन के साथ खड़े हैं। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन भी मौजूद रहे।

10:40 PM, 09-Mar-2022

मारियुपोल में अस्पताल पर हमले में 17 के घायल होने की खबर

यूक्रेन के दोनेक्स्क क्षेत्र के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने कहा है कि मारियुपोल में आज बच्चों के अस्पताल और मातृत्व वार्ड पर हुए रूस के हमले में 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ गर्भवती महिलाएं भी हैं। उन्होंने रूस पर युद्ध विराम के दौरान हमला करने का आरोप लगाया।

10:29 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन में अब तक कम से कम 516 नागरिकों की मौत

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायोग ने कहा है कि 24 फरवरी से रूस के हमले की शुरुआत के बाद से यूक्रेन में कम से कम 516 नागरिकों की जान जा चुकी है और 908 घायल हुए हैं। उच्चायोग का कहना है कि असली आंकड़े इससे कहीं अधिक हो सकते हैं। अधिकतर लोगों की जान गोलाबारी, मिसाइल व एयर स्ट्राइक में गई है।

10:12 PM, 09-Mar-2022

सूमी से पोलैंड पहुंचे भारतीय छात्र, जताया आभार

सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र पोलैंड पहुंच गए हैं। यहां पहुंचने के बाद इन छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूक्रेन की सरकार और यहां के लोगों, भारत सरकार, इंडियन वर्ल्ड फोरम, रेड क्रॉस और कीव में भारतीय दूतावास को धन्यवाद कहा।
 

09:59 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन को एंटी टैंक, एंटी एयरक्राफ्ट हथियार भेजेगा ब्रिटेन

यूके (यूनाइटेड किंगडम) के रक्षा सचिव ने कहा है कि ब्रिटेन यूक्रेन को स्टारस्ट्रीक एंटी एयरक्राफ्ट हथियार और जैवेलिन एंटी टैंक मिसाइलों की एक छोटी खेप भेजने की तैयारी कर रहा है। 

09:43 PM, 09-Mar-2022

रूसी स्ट्राइक की चपेट में आया बच्चों का अस्पताल

यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा है कि रूस की ओर से मारियुपोल में किए जा रहे हमले की चपेट में एक बच्चों का अस्पताल और मातृत्व केंद्र आ गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के एक सलाहकार के अनुसार इस हमले के चलते कई गर्भवती महिलाएं और बच्चे मलबे के नीचे दब गए हैं।

09:30 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन ने गेहूं, जई और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया

यूक्रेन सरकार ने गेहूं, जई और अन्य खाद्य अनाज के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। यूक्रेन के अधिकारी यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि वे रूस के साथ गहन युद्ध के दौरान लोगों को भोजन उपलब्ध करा सकें। एक सरकारी घोषणा के अनुसार, इस सप्ताह पेश किए गए कृषि निर्यात पर नए नियम भी मोटे अनाज, कुट्टू, चीनी, जीवित मवेशी और मांस एवं इसके अन्य ‘उप-उत्पादों’ के निर्यात पर रोक लगाते हैं। यूक्रेन के कृषि और खाद्य नीति मंत्री रोमन लेशचेंको ने सरकारी वेबसाइट और अपने फेसबुक पेज पर जारी एक बयान में कहा, ‘‘यूक्रेन में मानवीय संकट,’’ बाजार को स्थिर करने और ‘महत्वपूर्ण खाद्य उत्पादों में आबादी की जरूरतों को पूरा करने’ के लिए निर्यात प्रतिबंध की आवश्यकता है।

09:18 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन में फंसे छात्रों की धमकी- पैदल ही कर देंगे सीमा के लिए कूच

युद्ध प्रभावित यूक्रेन के सूमी में फंसे विद्यार्थियों ने एक वीडियो में भारतीय झंडे लेकर यह धमकी दी कि वे पैदल ही रूस की सीमा के लिए कूच करेंगे। उनके इसी वीडियो से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मीडिया में हल्ला मच गया और फिर भारतीय अधिकारी उन्हें वहां से जल्द निकालने की कोशिश में जुट गए। मेडिकल छात्रा जिसना जिजी ने कहा, ‘‘ हम अधिकारियों को यथाशीघ्र निकालने का अनुरोध कर रहे थे क्योंकि हमारे संसाधन खत्म होने लगे थे और गोलाबारी लगातार हो रही थी लेकिन अनुरोधों का बहरे कानों पर कोई असर नहीं हुआ। कोई जवाब नहीं मिलने से परेशान होकर हमने सोशल मीडिया पर वीडियो डालने का फैसला किया। वह फैल गया और घंटों के अंदर हमें सरकार से जवाब मिला, हमें निकाला जा रहा है।’’ जिसना उन 700 मेडिकल विद्यार्थियों का हिस्सा है जिन्होंने पैदल ही सीमा तक पहुंचने का फैसला किया था।

09:01 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन को मिग लड़ाकू विमानों की आपूर्ति करने के लिए पोलैंड तैयार

पोलैंड के प्रधानमंत्री ने बुधवार को कहा कि उनका देश यूक्रेन को रूस निर्मित अपने मिग लड़ाकू विमानों की आपूर्ति सीधे नाटो के माध्यम से करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत गंभीर फैसला है, जो उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सभी सदस्य देशों द्वारा किया जाना चाहिए क्योंकि यह व्यापक सुरक्षा को प्रभावित करता है। प्रधानमंत्री मेतयुस्ज मोरावेकी ने कहा कि रूस के आक्रमण का मुकाबला कर रहे यूक्रेन को मिग-29 लड़ाकू विमान उपलब्ध कराने के सवाल पर फैसला करना अब नाटो और अमेरिका पर निर्भर करता है। प्रधानमंत्री ने वियना की यात्रा पर कहा, ‘‘इस युद्ध में पोलैंड कोई पक्ष नहीं है और नाटो भी इस युद्ध में एक पक्ष नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विमान सौंपने जैसा, इस तरह का एक गंभीर फैसला जरूरत ही आम सहमति से और एक स्वर से नाटो के सभी सदस्य देशों द्वारा किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि इस विषय पर वार्ता जारी है।

08:48 PM, 09-Mar-2022

हंगरी के प्रधानमंत्री से हुई पीएम मोदी की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान से फोन पर बात की। दोनों के बीच यूक्रेन की मौजूदा स्थिति पर बात हुई। दोनों ने युद्ध को जल्दी रोकने और रूस-यूक्रेन को बातचीत की मेज पर पहुंचाने कीे लिए कोशिशें जारी रखने पर सहमति जताई। 

08:28 PM, 09-Mar-2022

सूमी से निकाले गए 600 भारतीय पोलैंड रवाना

यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी शहर सूमी से सुरक्षित निकाले गए लगभग 600 भारतीय छात्रों का अंतिम बड़ा समूह ल्वीव से पोलैंड के लिए एक विशेष ट्रेन में सवार हो चुका है और इसके बृहस्पतिवार को भारत के लिए उड़ान भरने की संभावना है। छात्र एक अन्य विशेष ट्रेन से पोल्तावा से पश्चिमी यूक्रेन स्थित ल्वीव पहुंचे। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, "राजदूत ने ल्वीव रेलवे स्टेशन पर सूमी विश्वविद्यालय के 600 भारतीय छात्रों के साथ विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वे पोलैंड की यात्रा करेंगे और कल उनके भारत के लिए निकासी उड़ानों में सवार होने की उम्मीद है। सुरक्षित रहें, हिम्मत रखें।"

08:13 PM, 09-Mar-2022

30 लाख यूक्रेनियों को होगी भोजन संबंधी मदद की जरूरत

वर्ल्ड फूड प्रोग्राम ने कहा है कि 30 लाख से अधिक यूक्रेनी नागरिकों को भोजन संबंधी सहायता की आवश्यकता होगी। संयुक्त राष्ट्र की इस एजेंसी ने कार्यकारी निदेशक डेविड बीसली ने वॉरसॉ में यह बात कही। यहां उन्होंने पोलैंड के विदेश मंत्री से इस देश में आने वाले यूक्रेनी शरणार्थियों की मदद पर चर्चा की।

08:01 PM, 09-Mar-2022

चीन ने लगाया नाटो पर आरोप

चीन ने नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) पर आरोप लगाया है कि उसने रूस और यूक्रेन के बीच तनाव को युद्ध की स्थिति तक पहुंचाया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ ललिजियान नए अमेरिका से कहा कि वह चीन की चिंताओं को गंभीरता से ले और यूक्रेन मुद्दे व रूस के साथ संबंधों को संभालने में अपने अधिकारों या हितों को कम करने से बचे।

07:48 PM, 09-Mar-2022

खारकीव के इजयुम से नहीं हो सकी नागरिकों की निकासी

यूक्रेन के पूर्वी खारकीव में रूसी सेना की गोलाबारी के चलते इजयुम से नागरिकों की निकासी संभव नहीं हो सकी। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने यह बात कही है। नागरिकों की निकासी के लिए आज घोषित किए गए छह मानवीय कॉरिडोर में से एक इजयुव से लोजोवा के लिए निर्धारित किया गया था।  लेकिन गवर्नर ने कहा कि इजयुम के प्रवेश पर बसें केवल इंतजार ही करती रहीं। 

07:31 PM, 09-Mar-2022

जयशंकर ने की इतालवी विदेश मंत्री से बात

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध को लेकर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज अपने इतालवी समकक्ष लुइगी डि मायो के सात बातचीत की। जयशंकर ने कहा कि हमने तत्काल युद्ध विराम और विवाद के समाधान के लिए वार्ता व कूटनीति के रास्ते पर लौटने की अहमियत दोहराई।

07:20 PM, 09-Mar-2022

रोमानिया पहुंची यूक्रेन के लिए मदद की दूसरी खेप

रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में भारतीय दूतावास ने कहा है कि भारत से यूक्रेन के लिए मानवीय मदद की दूसरी खेप बुखारेस्ट पहुंच गई है। यह खेप भारतीय वायु सेना की एक विशेष उड़ान के जरिए बुखारेस्ट पहुंची जहां इसे यूक्रेन भेजने के लिए रोमानियाई अधिकारियों कौ सौंप दिया गया है।

07:08 PM, 09-Mar-2022

चेर्नोबिल संयंत्र में सुरक्षा पर कोई असर नहीं: आईएईए

चेर्नोबिल परमाणु पावर प्लांट में विद्युत आपूर्ति बाधित होने का सुरक्षा पर कोई गंभीर असर नहीं पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने एक बयान में यह जानकारी दी है। 

06:56 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेनी शरणार्थियों के लिए ब्रिटेन में वीजा राहत नहीं

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने यूक्रेनी शरणार्थियों के लिए वीजा आवश्यकताओं को समाप्त करने से इनकार कर दिया है। यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेनी नागरिकों के लिए वीजा मुक्त यात्रा की अनुमति दी है लेकिन जॉनसन ने इससे इनकार किया है। उन्होंने कहा कि हम जितना संभव होगा उतनी राहतें देंगे लेकिन जांच आवश्यक है।

06:47 PM, 09-Mar-2022

जेलेंस्की की रूसी सैनिकों से युद्ध से हटने की अपील

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक वीडियो संदेश में रूस के सैनिकों को संबोधित किया है। जेलेंस्की ने रूसी सैनिकों से वापस लौटने का अनुरोध किया है। उन्होंने इंटेलिजेंस जानकारी का उल्लेख करते हुए कहा कि रूसी कमांडर सब समझते हैं।

06:39 PM, 09-Mar-2022

मारियुपोल में रूस ने चार लाख लोगों को बंधक बनाया: यूक्रेन

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने आरोप लगाया है कि मारियुपोल में रूसी बल मानवीय मदद और नागरिकों की निकाली में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं और उन्होंने चार लाख से अधिक लोगों को बंधक बना रखा है। मारियुपोल से नागरिकों की निकासी के लिए अस्थायी युद्ध विराम और मानवीय कॉरिडोर की शुरुआत के एलान हो रहे हैं लेकिन इनका कुछ असर नहीं दिख रहा क्योंकि दोनों देश एक-दूसरे पर उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं। 

06:24 PM, 09-Mar-2022

ब्रिटेन में रूसी विमानों का उड़ान भरना अपराध

ब्रिटिश सरकार ने बुधवार को नए कानून की घोषणा की है। इसके तहत किसी भी रूसी विमान के लिए यूके में उड़ान भरना या उतरना अपराध होगा। यह कानून रूस के खिलाफ ब्रिटेन के नए एविएशन प्रतिबंधों का हिस्सा है। यह कार्रवाई रूस के यूक्रेन पर हमले के विरोध में की जा रही है।

06:15 PM, 09-Mar-2022

चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र में रिपेयरिंग के लिए युद्ध विराम की मांग

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने रूस से युद्ध विराम की अपील की है ताकि चेर्नोबिल परमाणु पालर प्लांट को विद्युत आपूर्ति फिर से शुरू की जा सके। यूक्रेन का सरकारी पावर ऑपरेटर कह चुका है कि रूसी बलों ने पावर प्लांट को ग्रिड से अलग कर दिया है। देश की सरकारी परमाणु कंपनी एनर्गोएटम ने चेतावनी दी है कि हवा से रेडियोएक्टिव बादल यूक्रेन, बेलारूस, रूस और यूरोप के अन्य क्षेत्रों में पहुंच सकते हैं। अगर हालात ऐसे ही रहे तो वहां प्लांट में मौजूद सभी कर्मचारियों को खतरनाक रेडिएशन का सामना करना पड़ेगा। 

05:59 PM, 09-Mar-2022

एनेर्होदर से मानवीय कॉरिडोर से निकले नागरिक

यूक्रेन के एनेर्होदर शहर से नागरिकों का एक समूह रूस की ओर से अस्थायी युद्ध विराम पर पर सहमति जताए जाने के बाद एक मानवीय कॉरिडोर के रास्ते निकला है। इनमें अधिकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। शहर के मेयर ने यह जानकारी दी है। 

05:50 PM, 09-Mar-2022

चेर्नोबिल संयंत्र की इलेक्ट्रिकल ग्रिड हुई क्षतिग्रस्त: यूक्रेन

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा है कि चेर्नोबिल परमाणु पावर प्लांट और इसके सभी परमाणु केंद्रों को आपूर्ति करने वाली एकमात्र इलेक्ट्रिकल ग्रिड क्षतिग्रस्त हो गई है। इस परमाणु संयंत्र पर अब रूस का कब्जा है। कुलेबा ने कहा कि मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करता हूं कि वह रूस से तुरंत युद्ध विराम करने की मांग करे और बिजली आपूर्ति फिर से व्यवस्थित करने के लिए इकाइयों की रिपेयरिंग करने की अनुमति दे।

05:44 PM, 09-Mar-2022

खरसन में रूस ने हिरासत में लिए 400 यूक्रेनी नागरिक

रूस के नेशनल गार्ड ने 400 यूक्रेनी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ये यूक्रेनी खरसन पर रूसी बलों के कब्जे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। यूक्रेन के सैन्य हाई कमांड ने यह जानकारी दी है। इसने एक बयान में कहा कि अब रूस के कब्जे वाले खरसन में प्रदर्शन करने के लिए सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

05:20 PM, 09-Mar-2022

रूस ने कहा- यूक्रेन में सैन्य बॉयोलॉजिकल प्रोग्राम के सबूत मिले

रूस ने अपने यह आरोप फिर से दोहराए हैं कि अमेरिका यूक्रेन में एक सैन्य बायोलॉजिकल प्रोग्राम का समर्थन किया है जिसमें प्लेग और एंथ्रेक्स जैसे घघातक पैथोजेन शामिल हैं। पेंटागन ने रूस के इन आरोपों को निराधार बताया है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि यूक्रेन में हमारे विशेष सैन्य अभियान के दौरान इक कथित कार्यक्रम के सबूत मिले हैं।

05:14 PM, 09-Mar-2022

सुमी से रवाना हुआ 700 भारतीयों का समूह

यूक्रेन के सुमी में फंसे 700 भारतीयों का आखिरी बड़ा समूह पोलटावा से एक विशेष ट्रेन से रवाना हो गया है। इनके गुरुवार को पोलैंड से भारत के लिए उड़ान भरने की योजना है। यह ट्रेन इन लोगों को ल्वीव तक ले जाएगी। यहां से उन्हें बस के जरिए पोलैंड ले जाया जाएगा। पोलटावा और ल्वीव के बीच दूरी लगभग 888 किलोमीटर है।

05:00 PM, 09-Mar-2022

हिमाचल के 441 छात्र यूक्रेन से घर लौटे

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि यूक्रेन में फंसे राज्य के 441 छात्र घर लौट आए हैं। आठ छात्र यूक्रेन के पड़ोसी देशों में पहुंचे हैं और वह भारत वापस नहीं लौटना चाहते हैं। केवल नौ और छात्रों की वापसी होना बाकी है। इनमें से सात पोलैंड या रोमानिया पहुंच चुके हैं।

04:32 PM, 09-Mar-2022

अंतरराष्ट्रीय अदालत की सुनवाई में शामिल नहीं होगा रूस

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा है कि यूक्रेन में विशेष अभियान के दौरान चेर्नोबिल और जपोरिजिया परमाणु पावर प्लांट पर नियंत्रण हासिल कर लिया गया है। यह विशेष रूप से परमाणु उकसावे के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए किया गया था, जो एक स्पष्ट जोखिम है। प्रवक्ता ने आगे कहा कि सात और आठ मार्च को द हेग में अंतरराष्ट्रीय अदालत ने यूक्रेन की ओर से पेश किए गए अनंतिम मानक लागू करने के अनुरोध पर रूस के खिलाफ निराधार मुकदमे पर सुनवाई की शुरुआत की थी। इसे देखते हुए हमने इसकी सुनवाई में शामिल न होने का फैसला किया है।

 

04:22 PM, 09-Mar-2022

भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तानी छात्रा को यूक्रेन से निकाला

यूक्रेन में युद्ध के चलते भारत के साथ-साथ कई अन्य देशों के छात्र भी फंसे हुए थे। पाकिस्तान की आसमा शफीक भी ऐसी ही छात्रा थीं। उन्हें अपने देश से मदद नहीं मिल पाई तो भारतीय अधिकारियों ने उन्हें निकाला है। समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों ने बताया है कि वह भारतीय अधिकारियों के साथ पश्चिमी यूक्रेन की ओर बढ़ रही हैं। जल्द ही वह अपने परिवार से मिल सकेंगी। आसमा ने कीव में भारतीय दूतावास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है।

04:01 PM, 09-Mar-2022

कनाडा के पीएम ने जेलेंस्की को दिया संसद को संबोधित करने का निमंत्रण

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बात की है। ट्रूडो ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की से कहा है कि कनाडा यूक्रेन को अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों की एक और खेप भेजेगा। हमने रूस के खिलाफ प्रतिबंध और यूक्रेन के लिए मानवीय सहायता पर भी चर्चा की। मैंने उन्हें कनाडा की संसद को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया है।

04:07 PM, 09-Mar-2022

कांग्रेस ने संकट में भी राजनीति को अहमियत दी: गोयल

पीयूष गोयल ने कहा, राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की बातों को शेयर कर रहे थे। इमरान खान की बातों को अगर राहुल गांधी शेयर करेंगे तो यह बहुत शर्म की बात है। यह चिंता की बात है कि कांग्रेस और इसके सहयोगी दल ऐसे संकट के समय में भी राजनीति को ज्यादा अहमियत देते हैं। हमारे मंत्री जो यूक्रेन के पड़ोसी देशों में गए थे वह किसी अधिकारी की सेवा नहीं ले रहे थे। खुद काम कर रहे थे।

04:02 PM, 09-Mar-2022

कांग्रेस नेताओं ने निकासी कार्य को संकट में लाने वाले बयान दिए: गोयल

गोयल ने कहा कि इस संकट के समय में जब कांग्रेस पार्टी देश का हौसला बढ़ा सकती थी, केंद्र सरकार के साथ खड़े होकर मदद कर सकती थी। तब केरल कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से आपत्तिजनक और गलत पोस्ट शेयर किए गए। जब भारत को रूस और यूक्रेन दोनों की सहायता चाहिए थी तब कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेता रूस के खिलाफ बयान दे रहे थे। ये एक तरह से निकासी कार्य पर संकट पहुंचाने वाले बयान थे। 

03:58 PM, 09-Mar-2022

पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर लगाया राजनीतिक करने का आरोप

गोयल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने यूक्रेन से भारतीयों की निकासी के काम में भी राजनीति करने की कोशिश की। जब उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार पर संकट आता है तो लोग आपसी विवादों को छोड़कर उस संकट से निपटने में लग जाते हैं। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने इस दौरान भी गलत जानकारियां फैलाने के प्रयास किए।

03:56 PM, 09-Mar-2022

पीयूष गोयल ने कहा कि युद्ध ग्रस्त देश यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। इस दौरान कई दूसरे देशों के बच्चे भी भारत का तिरंगा लेकर निकलने में सफल रहे। 

03:52 PM, 09-Mar-2022

पूरी तरह सफल रहा ऑपरेशन गंगा: पीयूष गोयल

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वहां से निकालने के लिए भारत सरकार की ओर से चलाए गए ऑपरेशन गंगा को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बात की। गोयल ने कहा कि भारत जैसा कोई देश नहीं है जिसने अपने नागरिकों को वापस लाने में इतनी गंभीरता दिखाई। बड़े-बड़े देश ऐसा करने में नाकाम रहे। भारत के तो कितने युवा अपने पालतू जानवरों को भी साथ लाए। हमने उनके लिए हर व्यवस्था का ध्यान रखा। 

03:46 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन के साथ वार्ताओं पर बोला रूस

रूस ने कहा है कि यूक्रेन के साथ वार्ताओं में कुछ प्रगति हुई है। रूस ने यह भी कहा है कि हम यूक्रेन में तख्तापलट करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।

03:36 PM, 09-Mar-2022

कुछ भी पर्याप्त नहीं, हमें और मदद की जरूरत: यूक्रेनी सांसद

यूक्रेन के सबसे युवा सांसद शिवतोस्लाव युराश ने कहा है कि पश्चिम से संबंध की बात है तो हमें बहुत सहायता मिली है। हम इसके लिए आभारी हैं। लेकिन कुछ भी पर्याप्त नहीं है। कुछ भी बहुत ज्यादा नहीं है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार युराश ने कहा कि हमें सहायता की आवश्यकता है और जो भी हमारी मदद करना चाहते हैं उनका स्वागत है।

02:14 PM, 09-Mar-2022

चीन ने की अमेरिका की आलोचना

अमेरिका ने रूस पर एक और प्रतिबंध लगाते हुए कच्चे तेल और गैस के आयात पर बैन लगा दिया है। अमेरिका के इस कदम की चीन ने आलोचना की है। उधर,रूस पहले ही कह चुका है कि अगर तेल का आयात रोका जाता है तो यूरोपीय बाजार में तेल के दाम काफी बढ़ जाएंगे। 

02:10 PM, 09-Mar-2022

रूस ने जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट के कर्मचारियों को बनाया बंधक

रूस की ओर से हाल ही में यूरोप के सबसे बड़े जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट पर हमला किया था। अब यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री ने एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि, रूसी सैनिकों ने न्यूक्लियर प्लांट के चार कर्मचारियों को बंधक बनाकर रखा है और उन्हें प्लांट के साथ छेड़छाड़ करने के लिए मजबूर किया गया है। उन्होंने कहा कि, हमें इसे तुरंत रोकना होगा। 

01:55 PM, 09-Mar-2022

गोलीबारी में सेवरोदोनेत्स्क में 10 की मौत

यूक्रेन के पूर्वी शहर सेवरोदोनेत्स्क में रूस की ओर से भारी गोलीबारी की गई। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि इस गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। 

01:02 PM, 09-Mar-2022

जेलेंस्की के तेवर नरम

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के तेवर नरम होते नजर आ रहे हैं। अमेरिकी मीडिया को दिए गए साक्षात्कार में इसके संकेत मिले हैं। रूस के आक्रामक रवैये को देखते हुए जेलेंस्की ने कहा कि, उनका देश नाटो में शामिल होने पर जोर नहीं देगा। उन्होंने यह भी कहा, नाटो उन्हें अब नहीं चाहता। रूस लगातार यूक्रेन को नाटो से दूरी बनाने के लिए कहता रहा है। इस दौरान उन्होंने दोनेस्त्क और लुहांस्क समझौते पर भी विचार के संकेत दिए हैं। 

12:56 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन संकट के लिए नाटो जिम्मेदार- वेनेजुएला राष्ट्रपति

यूक्रेन संकट पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने नाटो को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम देशों ने नाटो का विस्तार कर रूस को उकसाया है। ये सभी देश दशकों तक रूस को धमकियां देते रहे। इसलिए वर्तमान संकट के लिए यही देश जिम्मेदार हैं। 

12:35 PM, 09-Mar-2022

यूक्रेन के सूमी में 22 की मौत

यूक्रेन के सूमी में देर रात रूस की ओर से की गई एयरस्ट्राइक में कम से कम 22 लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक, इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। 

11:13 AM, 09-Mar-2022

कीव के आसपास हवाई हमलों की चेतावनी

यूक्रेन की राजधानी कीव व उसके आसपास के इलाकों में एयर स्ट्राइक की चेतावनी जारी की गई है। सभी से अपील की गई है कि वे जितनी जल्दी हो सके बंकरों में चले जाएं। 

10:10 AM, 09-Mar-2022

जाइतोमिर व खारकीव में तीन बच्चों समेत सात की मौत

यूक्रेन के जाइतोमिर व खारकीव में देर रात हुई रूसी एयरस्ट्राइक में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है। यूक्रेन की ओर से इसकी पुष्टि की गई है। 

09:34 AM, 09-Mar-2022

चेर्नोबिल न्यूक्लियर साइट से IAEA का टूटा संपर्क

रूसी हमलों में यूक्रेन की चेर्नोबिल न्यूक्लियर साइट को नुकसान पहुंचा है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी का कहना है कि, चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र से रिमोट डेटा ट्रांसमिशन खो गया है। अब यह संयंत्र अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को डेटा ट्रांसफर नहीं कर पा रहा है। 

09:27 AM, 09-Mar-2022

यूक्रेन की प्रथम महिला ने वैश्विक मीडिया को लिखा पत्र 

यूक्रेन की प्रथम महिला व राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की पत्नी ओलेना जेलेंस्का ने वैश्विक मीडिया को खुला पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा कि, हम उस ताकत को रोकने का प्रयास कर रहे हैं, जो कल आपके शहर में घुस सकता है। उन्होंने लिखा रूसी टैंक यूक्रेनी सीमा पार कर गए, विमानों ने हमारे हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया, मिसाइल लांचरों ने हमारे शहरों को घेर लिया। यूक्रेनी नागरिकों की सामूहिक हत्या की जा रही है, लेकिन यूक्रेन अपनी सीमाओं की रक्षा करेगा। अपनी पहचान की रक्षा करेगा। ये कभी नहीं झुकेगा। 

08:14 AM, 09-Mar-2022

यूक्रेन में आज फिर से सीजफायर

यूक्रेन में फंसे आम नागरिकों को बाहर निकालने के लिए एक बार फिर से सीजफायर की घोषणा की गई है। यह सीजफायर यूक्रेन के चार से पांच शहरों में जारी रहेगा, जिससे जल्द से जल्द लोगों को बाहर निकाला जा सके। 

08:07 AM, 09-Mar-2022

पेप्सिको ने रूस पर लगाया प्रतिबंध

रूस-यूक्रेन जंग के बीच पेप्सिको ने रूस में अपने सभी उत्पादों के उत्पादन व बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। पेप्सी-कोला समेत सभी उत्पादों को अब रूस की सीमा के अंदर नहीं बेचा जाएगा।

07:35 AM, 09-Mar-2022

Russia Ukraine War Live: रूसी सेना ने किए अस्पताल पर हवाई हमले, 17 घायल, अमेरिका ने कहा- रूस कर सकता है रासायनिक हमला

रूस के खिलाफ लड़ रहे यूक्रेन की मदद के लिए पोलैंड आगे आया था। पोलैंड का कहना था कि, वह अपने लड़ाकू विमानों को इस्तेमाल के लिए यूक्रेन भेजेगा। हालांकि, उसने इसके बदले में अमेरिका से एफ-16 जेट की मांग की थी, लेकिन अमेरिका ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। खबरों के मुताबिक, अमेरिका रूस के खिलाफ रसियन जेट के इस्तेमाल पर तैयार नहीं था। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें