यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरीना वीरेशचुक ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर कहा कि रूस के साथ युद्ध के दौरान यूक्रेन के क्षेत्रों से शनिवार को कुल 4,217 लोगों को निकाला गया।
भारी बमबारी और गोलाबारी से यूक्रेनी शहरों के नष्ट होने के सिलसिले के बीच पोप फ्रांसिस यूक्रेन जा सकते हैं। पत्रकारों से बात करते हुए पोप ने कहा कि वह यूक्रेन की यात्रा करने की सोच रहे हैं। सीएनएन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मीडिया ने सवाल पूछा कि क्या वह कीव जाने पर विचार कर रहे हैं, इस पर पोप फ्रांसिस ने एक लंबे विराम के बाद जवाब दिया, हां, इसकी योजना बन रही है।
गवर्नर विटाली किम के अनुसार, दक्षिणी यूक्रेन के शहर मायकोलिव में एक सरकारी इमारत पर हमले में कम से कम 35 लोग मारे गए हैं। एक ऑनलाइन पोस्ट में किम ने कहा कि हमले के बाद बचावकर्मियों द्वारा मलबे को हटाने और पीड़ितों की तलाश का काम जारी है।
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान एक और पत्रकार की मौत हो गई है। फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर मक्सिम लेविन, जो एक यूक्रेनी समाचार वेबसाइट के लिए काम कर रहे थे और लंबे समय से रॉयटर्स के लिए भी योगदान देते थे, वह यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को कवर करते समय मारे गए हैं। समाचार वेबसाइट LB.ua ने शनिवार को कहा कि रॉयटर्स के अनुसार, उनका शव 1 अप्रैल को यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्तर में एक गांव में मिला था। लेविन, 1981 में पैदा हुए एक वृत्तचित्र फिल्म निर्माता थे, जिन्होंने 2013 से रॉयटर्स के लेइन कवरेज में योगदान दिया था। वह हुता मेझीहिरस्का गांव में काम कर रहे थे। इस इलाके में भारी गोलाबारी हुई थी।
ब्रिटेन सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा केंद्र उन दावों की जांच कर रहा है कि चीन ने रूसी आक्रमण से कुछ समय पहले यूक्रेन के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर साइबर हमले किए थे। खुफिया मेमो के अनुसार, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय सहित 600 से अधिक वेबसाइटों के हैकिंग का प्रयास किया गया था और इसे चीनी सरकार द्वारा समन्वित किया गया था। गार्जियन के वैश्विक प्रौद्योगिकी संपादक डैन मिल्मो ने यह रिपोर्ट दी है।
यूक्रेन में एलन मस्क की स्टारलिंक सर्विस अपनी सेवाएं दे रही है। अब इरपिन और रोमानिव्का शहर में स्टारलिंक ने मोबाइल संचार सेवा शुरू कर दी है। यूक्रेनी सेना ने इन शहरों को रूस से मुक्त कराए जाने का दावा किया है। रूसी मीडिया का कहना है कि यूक्रेन में इस तरह का यह पहला मामला है।
यूनेस्को के मुताबिक, रूसी हमले में यूक्रेन के खारकीव को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां पर 18 ऐतिहासिक स्थलों को नुकसान हुआ है।