प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं आप सबको बैस्टिल डे की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं आज भारत-फ्रांस सीईओ फोरम समरता के लिए आप सभी को बधाई। इस वर्ष हम अपनी रणनीति साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। आपसी विश्वास और करीबी साझेदारी की इस शानदार यात्रा में आप जैसे व्यापारी नेताओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को चंदन की लकड़ी से बना सितार उपहार के तौर पर दिया। जानकारी के मताबिक, संगीत वाद्ययंत्र सितार की अनूठी प्रतिकृति शुद्ध चंदन से बनी है। चंदन की लकड़ी पर नक्काशी की कला एक उत्कृष्ट और प्राचीन शिल्प है, जिसका अभ्यास दक्षिणी भारत में सदियों से किया जाता रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन भारत-फ्रांस सीईओ फोरम में हिस्सा लेने पहुंचे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने फ्रांस की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष येल ब्रौन-पिवेट और नेशनल असेंबली के वरिष्ठ नेतृत्व से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। चर्चा में दोनों देशों के बीच संसदीय सहयोग और व्यापार, अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और पर्यावरण सहित द्विपक्षीय संबंधों के क्षेत्रों से संबंधित मुद्दे शामिल थे। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच लोकतंत्र, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के साझा मूल्यों पर प्रकाश डाला। फ्रांसीसी पक्ष ने भारत में व्यापक चुनावी प्रक्रिया की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि भारत स्थायी शांति की बहाली में योगदान देने के लिए तैयार है। आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और फ्रांस हमेशा साथ रहे हैं। हम मानते हैं कि क्रॉस बोर्डर आतंकवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है, इस दिशा में दोनों देश सहमत हैं।
PM मोदी ने कहा कि हमारे सहयोग को एक रचनात्मक रूप देने के लिए हम इंडो-पैसिफिक कॉपरेशन रोडमैप पर काम कर रहे हैं। इंडो-पैसिफिक ट्रांयगुलर डेवेलपमेंट कॉपरेशन फंड के प्रस्ताव पर भी दोनों पक्ष चर्चा में है। इससे पूरे क्षेत्र में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम मार्सिले शहर में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। हम फ्रांस में पढ़ रहे भारतीय मूल के लोगों को दीर्घकालिक वीजा देने के फैसले का स्वागत करते हैं। मैं फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फ्रांस के लोगों को राष्ट्रीय दिवस के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह दिवस विश्व में स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे मूल्यों का प्रतीक माना जाता है, यह मूल्य दोनों देशों के संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है। मुझे खुशी है कि इस अवसर की गरिमा बढ़ाने के लिए भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ियों ने भाग लिया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि मुझे यहां आज बैस्टिल डे परेड में पंजाब रेजिमेंट को देखकर बहुत गर्व महसूस हुआ। हम एक ऐतिहासिक विश्वास के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं और हम मिलकर वैश्विक संकटों का समाधान ढूंढ सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस के एलीसी पैलेस पहुंचे। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनका स्वागत किया।
फ्रांस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में चैनल की वैश्विक सीईओ लीना नायर, एयरोस्पेस इंजीनियर और पायलट थॉमस पेस्केट तथा योगा प्रैक्टिशनर चार्लोट चोपिन से मुलाकात की।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि पेरिस में मुझे उल्लेखनीय चार्लोट चोपिन से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने 50 साल की उम्र में योगाभ्यास करना शुरू किया। वह जल्द ही सौ साल की होने वाली हैं, लेकिन योग और फिटनेस के प्रति उनका जुनून पिछले कुछ वर्षों में और बढ़ा है।
पीएम मोदी ने 'चैनल' की ग्लोबल सीईओ लीना नायर से मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट किया कि भारतीय मूल के किसी व्यक्ति से मिलना हमेशा खुशी की बात होती है, जिसने विश्व मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। कारीगरों के बीच कौशल विकास को और बढ़ावा देने और खादी को और अधिक लोकप्रिय बनाने के तरीकों पर हमारी अच्छी बातचीत हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस में फ्रांस की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष येल ब्रॉन-पिवेट द्वारा आयोजित दोपहर के भोजन में शामिल हुए।
बैस्टिल डे परेड में पंजाब रेजिमेंट के मार्च के दौरान 'सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा...' भी बजाया गया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने हिंदी में ट्वीट किया, "विश्व इतिहास में एक विशालकाय, भविष्य के लिए निर्णायक भूमिका निभाने वाला देश, रणनीतिक साझेदार, मित्र। इस साल की 14 जुलाई की परेड के लिए भारत को सम्मानित अतिथि के रूप में स्वागत करते हुए हमें बहुत खुशी हो रही है।"
भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट ने पेरिस, फ्रांस में बैस्टिल डे परेड के दौरान चैंप्स-एलिसीस के साथ मार्च किया। दल का नेतृत्व कैप्टन अमन जगताप कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजेट मैक्रों और अन्य अतिथिगण पेरिस में बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पेरिस के चैंप्स-एलिसीस में बैस्टिल डे परेड के लिए पहुंचने पर गर्मजोशी से गले मिले। पीएम मोदी सम्मानित अतिथि के रूप में परेड में शामिल हो रहे हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन पेरिस के चैंप्स-एलिसीस में बैस्टिल डे परेड के लिए पहुंचे। इससे पहले मैक्रों ने जीप में सवार होकर परेड देखने के लिए एकत्र हुए लोगों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में बैस्टिल डे परेड में मैजूद अन्य अतिथियों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।
फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजेट मैक्रों और फ्रांस के प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न ने पेरिस में बैस्टिल डे परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
फ्रांस में बैस्टिल डे परेड के लिए भारतीय नौसेना के जवान भी पहुंचे हैं। यहां एक नौसेना के जवान ने कहा, "हमने आज के दिन के लिए पिछले एक महिने से तैयारी कर रहे हैं। हमें बहुत गर्व हो रहा है कि फ्रांस की इतनी महत्वपूर्ण परेड में हिस्सा ले रहे हैं और वह भी अपने देश के प्रधानमंत्री के सामने।" वहीं भारतीय नौसेना में वायु संचालन अधिकारी दिशा ने कहा, "मुझे बहुत खुशी हो रही है और हम बहुत जोश में है। हम अपना अच्छा प्रदर्शन देंगे। हमें गर्व हो रहा है कि हम भारत का अंतरराष्ट्रीय देश में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र के पास से मार्च करते हुए निकलेंगे।"
फ्रांस: भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट पेरिस में बैस्टिल डे परेड में मार्च करने के लिए तैयार है। इस परेड में हिस्सा ले रहे 23वीं बटालियन के कैप्टन जगताप लोगोंवाल ने कहा कि यह मेरे और पलटन के लिए बहुत बड़ा और गर्व का क्षण है क्योंकि हम 107 साल बाद फिर उसी जगह परेड करेंगे, जहां मेरी पलटन के पूर्वजों ने परेड किया था। पहले विश्व युद्ध में 900 सैनिकों से अधिक ने फ्रांस की फौज के साथ बलिदान दिया था।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारतीय पीएम को एक तस्वीर उपहार में दी है। ये तस्वीर 14 जुलाई 1916 की है। इसमें पेरिस के रहने वाले एक व्यक्ति को सिखों को फूल भेंट करते हुए दिखाया गया है। वहीं, इन सर्च ऑफ लॉस्ट टाइम किताब भी दी है। इसके अलावा भी और कई उपहार दिए हैं।
बैस्टिल दिवस परेड को लेकर आज पेरिस की सड़कों पर सुरक्षा वाहन और कर्मचारियों को देखा गया।
पीएम मोदी आज रात करीब 10:30 बजे पीएम भारत-फ्रांस सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद, देर रात पीएम लौवर संग्रहालय जाएंगे, जहां वह एक रात्रिभोज में भी शामिल होंगे। इसके बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों एफिल टावर पर आतिशबाजी का प्रदर्शन देखेंगे।
प्रधानमंत्री एलिसी पैलेस में साढ़े आठ बजे एक औपचारिक स्वागत समारोह में भाग लेंगे, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की जाएगी। बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष ब्राउन-पिवेट ने शाम को साढ़े चार बजे दोपहर का भोजन रखा है, जिसमें पीएम मोदी शामिल होंगे। इसके बाद, शाम करीब 6:15 बजे पीएम विभिन्न विचारकों से मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब डेढ़ बजे बैस्टिल डे परेड देखेंगे। इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ भारतीय दल से भी मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारतीय पीएम को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। आज पीएम मोदी बैस्टिल दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वह फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ भारतीय दल से मुलाकात करेंगे।