फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi US Visit LIVE: 'भारत के लोग आपको विजय यात्रा के लिए सम्मानित करना चाहते हैं', मोदी ने कमला हैरिस को दिया भारत आने का न्योता

Fri, 24 Sep 2021 05:46 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

खास बातें

PM Modi US Visit LIVE:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात की और उन्हें कोरोना के मुश्किल दौर में चुनाव जीतने पर बधाई दी।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया। - फोटो : Twitter/MEA
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:44 AM, 24-Sep-2021

हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि 'चर्चा के दौरान कमला हैरिस ने उल्लेख किया कि अमेरिकी कांग्रेस अत्यधिक प्रशंसनीय थी और इस बात पर ध्यान देती रही कि भारत और अमेरिका दो सबसे बड़े लोकतंत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमारे दोनों लोकतंत्रों ने कैसे काम किया, इसकी काफी सराहना की गई।'

05:29 AM, 24-Sep-2021

पीएम मोदी-हैरिस मुलाकात के दौरान आतंकवाद पर भी हुई चर्चा

विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने पीएम मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के बीच हुई मुलाकात के बारे में बताते हुए कहा कि कमला हैरिस ने आतंकवाद पर पाकिस्तान की भूमिका का उल्लेख किया। उसने कहा कि वहां आतंकी समूह काम कर रहे थे। उसने पाकिस्तान से कार्रवाई करने के लिए कहा ताकि ये समूह अमेरिकी सुरक्षा और भारत को प्रभावित न करें।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने सीमा पार आतंकवाद पर पीएम मोदी के साथ सहमति व्यक्त की और कहा कि भारत कई दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। उन्होंने ऐसे आतंकी समूहों के लिए पाकिस्तान के समर्थन की बारीकी से निगरानी करने की आवश्यकता पर भी सहमत जताई।
 

05:27 AM, 24-Sep-2021

पीएम मोदी ने जापानी पीएम का किया धन्यवाद

  • हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने वैश्विक महामारी के बीच टोक्यो ओलंपिक और पैरालिंपिक की सफलतापूर्वक मेजबानी करने के लिए प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा को विशेष रूप से धन्यवाद दिया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने अफगानिस्तान सहित हाल के घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
  • पीएम मोदी और सुगा ने एक स्वतंत्र और खुले समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। दोनों नेता रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए।
  • पीएम मोदी और पीएम सुगा ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड ट्रेन परियोजना पर भी चर्चा की। उन्होंने परियोजना को सुचारू और समय पर कार्यान्वयन करने के लिए अपने प्रयास को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
 

विज्ञापन
05:21 AM, 24-Sep-2021

हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने दो देशों के बीच आपसी संबंधों को स्वीकार किया और पारस्परिक रूप से लाभकारी शिक्षा संबंधों, ज्ञान के प्रवाह, नवाचार, दोनों देशों के बीच प्रतिभा की सराहना की और कहा कि उन्हें पोषित करने की आवश्यकता है।

05:18 AM, 24-Sep-2021

विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस से पहली बार व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की। उन्होंने अंतरिक्ष सहयोग, सूचना प्रौद्योगिकी, उभरती और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, स्वास्थ्य क्षेत्रों में सहयोग सहित सहयोग के भविष्य के क्षेत्रों पर चर्चा की।

विज्ञापन
05:16 AM, 24-Sep-2021

विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने दी जानकारी

भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पांच बड़ी कंपनियों के सीईओ के साथ मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने ऐसी कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की जिन्होंने भारत में काफी निवेश किया है और भारत में निवेश को और बढ़ाना चाहती हैं।

05:08 AM, 24-Sep-2021

मॉरिसन ने की पीएम मोदी की तारीफ

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि 'अपने अमेरिका दौरे के दौरान अपने अच्छे दोस्त और ऑस्ट्रेलिया के एक महान दोस्त, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। पहली व्यक्तिगत क्वाड बैठक से पहले हमने एक व्यापक और उपयोगी चर्चा की। हम दोनों देशों के बीच साझेदारी को और आगे बढ़ाना और मजबूत करना चाहते हैं।'
 

05:05 AM, 24-Sep-2021

जापान के पीएम के साथ इन विषयों पर हुई चर्चा

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि इतिहास में जापान के साथ भारत की एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी निहित है जो समान मूल्यों पर आधारित है। आज पीएम मोदी ने वाशिंगटन डीसी में जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा से इंडो-पैसिफिक, क्षेत्रीय विकास, व्यापार, डिजिटल अर्थव्यवस्था आदि विषयों पर चर्चा की।
 

04:02 AM, 24-Sep-2021

जापान के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी ने की बैठक

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की।
 

02:05 AM, 24-Sep-2021

मोदी-हैरिस के बीच डेलिगेशन स्तर की वार्ता जारी

प्रधानमंत्री मोदी और कमला हैरिस ने कुछ समय के लिए अकेले बातचीत करने के बाद डेलिगेशन स्तर की बातचीत में भी हिस्सा लिया। इसमें मोदी के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोवाल शामिल रहे। 

01:50 AM, 24-Sep-2021

प्रधानमंत्री मोदी और कमला हैरिस ने अकेले में की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ व्हाइट हाउस में डेलिगेशन स्तर की बैठक में हिस्सा लेने से पहले उनसे अकेले में भी बातचीत की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मोदी और हैरिस की व्हाइट हाउस की बाल्कनी में खड़े हुए एक फोटो भी अपलोड की। 

01:07 AM, 24-Sep-2021

मोदी ने कमला हैरिस को भारत आने का न्योता दिया

आपका अमेरिका का नेतृत्व करना ही आपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। राष्ट्रपति बाइडन और आपके नेतृत्व में हमारे संबंध और ऊंचाई प्राप्त करेंगे। आपकी विजय यात्रा ऐतिहासिक है। भारत के लोग भी चाहेंगे कि आपको इस विजय यात्रा के लिए सम्मानित करें। इसलिए मैं आपको भारत आने का निमंत्रण देता हूं। फिर एक बार इस गर्मजोशी से स्वागत के लिए मैं आपका दिल से आभार व्यक्त करता हूं। 

बता दें कि अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भारतवंशी हैं। अमेरिका के 200 साल से ज्यादा के लोकतांत्रिक इतिहास में हैरिस उपराष्ट्रपति पद पर बैठने वाली पहली अश्वेत महिला भी हैं।

01:02 AM, 24-Sep-2021

  • अमेरिका ने कोरोना की दूसरी लहर के बीच सच्चे मित्र की तरह मदद की। कोरोना जलवायु, क्वाड पर अमेरिका ने अहम पहल की। विश्व की सबसे बड़ी और सबसे पुराने लोकतंत्र के रूप में भारत और अमेरिका नेचुरल पार्टनर हैं। हमारा तालमेल और सहयोग भी निरंतर बढ़ता जा रहा है। 
  • सप्लाई चेन की मजबूती, नवीन टेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष के क्षेत्र में आपकी विशेष रुचि है। मेरे लिए भी यह क्षेत्र प्राथमिकता के हैं। इन क्षेत्रों में सहयोग जरूरी है। आप भारत और अमेरिका के बीच पीपुल टू पीपुल रिलेश से परिचित हैं। 40 लाख से ज्यादा प्रवासी भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों के सेतु हैं। 

12:57 AM, 24-Sep-2021

कोरोना की दूसरी लहर के बीच हमारी मदद के लिए आभारः कमला हैरिस से बोले मोदी

मेरे और मेरे डेलिगेशन का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए मैं आभारी हूं। कुछ दिन पहले मुझे टेलिफोन से आपसे बात करने का मौका मिला था। आपसे आत्मीय तरीके से संवाद करने का जो अवसर मिला था, उसके लिए मैं आभारी हूं। ये वो समय था, जब भारत कोरोना की दूसरी लहर से पीड़ित था। उस समय जिस आत्मीयता से आपने भारत की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उसके लिए मैं फिर से आपका आभार व्यक्त करता हूं।

12:55 AM, 24-Sep-2021

व्हाइट हाउस में मोदी से मिलीं कमला हैरिस, कहा- हमें भारत के साथ काम कर के गर्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से व्हाइट हाउस में मुलाकात की। हैरिस ने कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए कहा कि कोविड पर भारत के साथ अमेरिका ने सहयोग बढ़ाया और हमें इस पर गर्व है। हैरिस ने मोदी के स्वागत पर खुशी जताई और कहा कि हमें पता है कि आप जलवायु संकट को आप बहुत गंभीरता से लेते हैं। इसके लिए अमेरिका से जो आपकी साझेदारी है, उसे सभी को फायदा होगा। 

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा, "जहां तक हिंद-प्रशांत क्षेत्र की बात है, अमेरिका उसका गौरवान्वित सदस्य है। हम दृढ़ता के साथ महसूस करते हैं कि हमें हिंद-प्रशांत को खुला क्षेत्र रखना है। जैसे-जैसे दुनियाभर में लोकतंत्र खतरे में आ रहे हैं। यह जरूरी है कि हमारे सामने कितनी ही चुनौतियां आएं, हम यह साबित करें कि हम अपने यहां और दुनिया में लोकतांत्रिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थानों की रक्षा कर सकें।" 

हैरिस ने आगे कहा, "भारत वैक्सीनेशन के लिए दूसरे देशों के लिए महत्वपूर्ण स्त्रोत रहा है। भारत जल्द ही वैक्सीन के निर्यात की फिर से शुरूआत करने वाला है, मैं इसका स्वागत करती हूं। भारत में रोज़ 1 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है, जो बहुत ही प्रभावशाली कदम है।"

12:43 AM, 24-Sep-2021

अमेरिकी कंपनियों के सीईओ से मिलने के बाद पीएम ने किया ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच अमेरिकी कंपनियों के सीईओ से मिलने के बाद ट्वीट किया। इसमें उन्होंने कहा, "आज सुबह से अमेरिकी कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ भारत में निवेश को लेकर गहन चर्चाएं हुईं। वे सभी भारत की सुधार की दिशा पर सकारात्मक थे। भारत और अमेरिका के बीच करीबी आर्थिक रिश्ते दोनों देशों के लोगों को फायदा पहुंचाएंगे।"

12:08 AM, 24-Sep-2021

मोदी-मॉरिसन की बैठक जारी

11:53 PM, 23-Sep-2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्कॉट मॉरिसन के साथ बैठक को 'एडवांसिंग फ्रेंडशिप विद ऑस्ट्रेलिया' नाम दिया। दोनों के बीच आर्थिक और व्यक्ति से व्यक्ति के रिश्तों (पीपुल-टू-पीपुल लिंक) पर बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मॉरिसन और मोदी ने कोरोनावायरस, व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य मुद्दों पर भी बात की।

11:31 PM, 23-Sep-2021

मोदी के साथ मॉरिसन की बैठक, जयशंकर भी शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन से द्विपक्षीय वार्ता शुरू की। उनके साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद रहे। इसके अलावा कई अन्य अधिकारी भी बैठक का हिस्सा बने।

10:55 PM, 23-Sep-2021

पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम की बैठक शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन के बीच गुरुवार सुबह (भारतीय समयानुसार रात 11 बजे) द्विपक्षीय वार्ता की शुरुआत हुई। इसमें दोनों देशों के बीच चीन, कोरोनावायरस, सुरक्षा और क्वाड से जुड़े मसलों पर बातचीत तय है। इसके अलावा दोनों देश व्यापार बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे। इसमें फ्री ट्रेड डील पर चर्चा भी शामिल है।

10:19 PM, 23-Sep-2021

  • मोदी से मिलने के बाद जनरल एटॉमिक्स के सीईओ विवेक लाल ने कहा, "यह एक शानदार मुलाकात रही। हमने भारत में आ रही तकनीक से लेकर नीति सुधारों पर उभरे विश्वास पर चर्चा की और निवेश के परिप्रेक्ष्य से भारत की क्षमता पर भी बात की।"
  • उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री और उनकी सरकार ने जो नीतियां और सुधार लागू किए हैं वे तारीफ के पात्र हैं। मुझे लगता है कि यह भारत में काफी रुचि पैदा करने के साथ निवेश भी लाएगा।" लाल ने आगे कहा, "कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां हमारे सहयोग पर चर्चा जारी है। मुझे लगता है कि अमेरिकी कंपनियां और अमेरिकी कंपनियों में मेरे साथी भारत को काफी भरोसेमंद गंतव्य की तरह देखते हैं।"

09:59 PM, 23-Sep-2021

भारत की सरकार दोस्ताना, अच्छा साझेदार बनने के लिए ऊंचा स्थान दूंगा

  • श्वार्जमैन ने कहा, "भारत ब्लैकस्टोन के निवेश के लिए सर्वश्रेष्ठ मार्केट रहा है। यह दुनिया का सबसे तेजी से उभरने वाला देश है। इसिए हम भारत को लेकर काफी सकारात्मक हैं।"
  • उन्होंने आगे कहा, "यह बाहरी लोगों के लिए काफी दोस्ताना सरकार है। यह लोग सुधार उन्मुख और निष्पक्ष है। मैं उन्हें निवेश लाने वालों और नौकरी पैदा करने वालों के लिए अच्छा साझेदार बनने के लिए काफी उच्च स्थान देना चाहूंगा।"
  • ब्लैक स्टोन ने राष्ट्रीय अवसंरचना पाइपलाइन और राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन सहित भारत में चल रही परियोजनाओं में निवेश के अवसरों पर चर्चा की

09:37 PM, 23-Sep-2021

  • फर्स्ट सोलर के सीईओ मार्क विडमर ने मोदी के साथ बैठक के बाद कहा, "मुझे लगता है कि भारत ने जो कुछ किया है, पूरी दुनिया उससे सीख सकती है। इससे हमारे लंबी अवधि के जलवायु परिवर्तन को रोकने लक्ष्य परेशानी नहीं खड़ी करेंगे।"
  • विडमर ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व से उद्योग नीति और व्यापार नीति के बीच जो मजबूत संतुलन बनाया है, यह फर्स्ट सोलर जैसी कंपनियों के लिए उत्पादन का उपयुक्त मौका पैदा करता है। उनकी घरेलू क्षमता को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता और जलवायु को लेकर तय किए लंबी अवधि के लक्ष्य भारत में उत्पादन के मौके तलाश रही किसी भी कंपनी के लिए बेहतरीन साबित हो सकते हैं।"

09:28 PM, 23-Sep-2021

ब्लैकस्टोन के चेयरमैन स्टीफन श्वार्जमैन से मिले मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिर में होटल विलार्ड इंटरकॉन्टिनेंटल, वाशिंगटन में ब्लैकस्टोन के चेयरमैन स्टीफन ए श्वार्जमैन के साथ बैठक की। श्वार्जमैन अमेरिका की विपक्षी पार्टी रिपब्लिकन का भी हिस्सा हैं। वे रिपब्लिकन पार्टी के सत्ता में रहने के दौरान सरकार में पद भी संभाल चुके हैं। मोदी की श्वार्जमैन के साथ बैठक उनकी रिपब्लिक नेताओं के साथ करीबी बनाए रखने की कोशिश के तौर पर भी देखी जा सकती है। 

09:24 PM, 23-Sep-2021

  • एडोबी के सीईओ शांतनु नारायण ने मोदी के साथ बैठक के बाद कहा, "भारत को आगे बढ़ाने की उनकी दूरदृष्टि के बारे में सुनना हमेशा से बेहतरीन रहा है। जिन मुद्दों पर हमने बात की, उनमें नवाचार में निवेश शामिल था। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि तकनीक ही चीजों को आगे ले जा सकती है।"
  • नारायण ने भारत की नई शिक्षा नीति पर कहा, "हमारे लिए सबसे बड़ी संपत्ति हमारे लोग हैं। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कुछ अच्छा होता है, तो एडोबी में वैसे भी डिजिटल शिक्षा मदद करती है। हम शिक्षा में रुचि को बढ़ावा देते हैं।"

09:05 PM, 23-Sep-2021

जनरल एटॉमिक्स के सीईओ विवेक लाल से पीएम मोदी की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉशिंगटन में जनरल एटॉमिक्स के सीईओ विवेक लाल से भी मुलाकात की। दोनों के बीच रक्षा उत्पादन को बढ़ाने और वैश्विक सहयोग बढ़ाने को लेकर अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, "पीएम ने उभरती तकनीक और भारत में क्षमता बढ़ाने पर भी बातचीत की।"

09:00 PM, 23-Sep-2021

फर्स्ट सोलर के सीईओ मार्क विडमर से मिले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बैठक फर्स्ट सोलर के सीईओ मार्क विडमर के साथ की। इसमें विडमर ने भारत की पीएलआई स्कीम के इस्तेमाल के जरिए भारत में सोलर पावर उपकरण के उत्पादन की योजना साझा की। साथ ही भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन में शामिल करने पर प्रतिबद्धता जताई। 

08:43 PM, 23-Sep-2021

  • पीएम ने जोर देते हुए कहा कि भारत के पास कई महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स के लिए जगह है। उन्होंने भारत के 5जी के स्तर पर सुधार क्वालकॉम से नाविक (NAVIK) प्रोग्राम में भी हिस्सा लेने का आग्रह किया। 
  • पीएम ने कहा कि क्वालकॉम के पास पहले ही भरोसेमंद भारतीय प्रतिभाएं हैं। यह कंपनी हमारी पीएलआई स्कीम का फायदा लेकर उत्पादन बढ़ाने का काम कर सकती है। उन्होंने भारत की उदार ड्रोन पॉलिसी का जिक्र करते हुए कहा कि इस बढ़ते हुए मार्केट में भी क्वालकॉम के पास नए मौके हैं। 

08:37 PM, 23-Sep-2021

क्वालकॉम सीईओ के साथ बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा

  • न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और क्वालकॉम सीईओ के बीच 5जी से लेकर पीएम के WANI और अन्य कार्यक्रमों पर साथ काम करने को लेकर चर्चा हुई। एमॉन ने कहा कि भारत एक बड़ा बाजार है और इसमें काम करने के जबरदस्त मौके हैं। 
  • क्वालकॉम सीईओ ने भारत के साथ सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने की भी बात कही। पीएम ने उन्हें भरोसा दिया कि भारत क्वालकॉम की तरफ से दिए गए प्रस्तावों पर तुरंत और तेजी से काम शुरू करेगा। 

08:32 PM, 23-Sep-2021

एडोबी चेयरमैन और पीएम मोदी के बीच हुई निवेश पर चर्चा

एडोबी सीईओ के साथ मोदी की बैठक के बाद विदेश मंत्रालय ने ट्वीट में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और एडोबी सीईओ के बीच भारत में एडोबी के कार्यों और आगे के निवेश को लेकर चर्चा हुई। स्वास्थ्य, शिक्षा और रिसर्च-डेवलपमेंट को लेकर भी बातचीत हुई।"

08:10 PM, 23-Sep-2021

एडोबी के चेयरमैन से मिले प्रधानमंत्री मोदी

एडोबी के चेयरमैन शांतनु नारायण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक करने पहुंचे। पीएम से मिलते ही नारायण ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। बता दें कि शांतनु नारायण भारतीय मूल के हैं। उनका जन्म भारत के हैदराबाद में हुआ था और उनकी इंजीनियरिंग की पढ़ाई हैदराबाद की ही ओस्मानिया यूनिवर्सिटी में हुई। नारायण दिसंबर 2007 से एडोबी के चेयरमैन और सीईओ बने हुए हैं। 

08:01 PM, 23-Sep-2021

क्वलकॉम सीईओ ने दिखाई भारत मे काम करने पर रुचि

क्वालकॉम सीईओ क्रिस्टियानो एमॉन के साथ पीएम मोदी की बैठक खत्म। दोनों के बीच भारत में मौकों को लेकर चर्चा हुई। एमॉन ने भारत में 5जी और डिजिटल इंडिया जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने में रुचि दिखाई।

07:34 PM, 23-Sep-2021

क्वालकॉम के सीईओ क्रिस्टियानों आर एमॉन से मिले प्रधानमंत्री मोदी।

07:12 PM, 23-Sep-2021

PM Modi US Visit LIVE: 'भारत के लोग आपको विजय यात्रा के लिए सम्मानित करना चाहते हैं', मोदी ने कमला हैरिस को दिया भारत आने का न्योता

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने अमेरिका दौरे के पहले दिन आठ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसमें पांच कंपनियों के सीईओ के साथ अलग-अलग होने वाली बैठक कुछ ही देर में शुरू हो जाएगी। मोदी आज अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से भी मुलाकात करेंगे। जबकि क्वाड के साझेदार दो देशों- ऑस्ट्रेलिया और जापान के राष्ट्राध्यक्षों के साथ भी उनकी बैठक तय है। 

मोदी बुधवार शाम को (भारतीय समयानुसान आज सुबह) अमेरिका के वॉशिंगटन पहुंचे और यहां भारतीय अमेरिकियों ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। बाद में होटल में उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात भी की। प्रधानमंत्री 24 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद उन्हें क्वाड समिट में भी हिस्सा लेना है। इस ब्लॉग में जानिए मोदी के दौरे के अपडेट्स...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें