फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi US Visit Day-1: मोदी-बाइडन की द्विपक्षीय बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा; दोनों बोले- बेहद सफल रही बैठक

Sat, 21 Sep 2024 10:58 PM IST
अभिषेक दीक्षित वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

खास बातें

PM Modi US Visit Latest News In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा के पहले दिन डेलावेयर में राष्ट्रपति जो बाइडन से उनके निजी आवास पर मुलाकात की। यहीं पर विदेश मंत्रियों की मौजूदगी में दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई। वार्ता के बाद पीएम मोदी वार्षिक ‘क्वाड’ शिखर बैठक में शामिल होंने के लिए रवाना हो गए। इसके अलावा पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा में 'समिट ऑफ द फ्यूचर' को भी संबोधित करेंगे।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से मिलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : यूट्यूब/वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:07 PM, 21-Sep-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच द्विपक्षीय मुलाकात शुरू हो गई। यह मुलाकात राष्ट्रपति बाइडन के डेलावेयर आवास पर हो रही है। बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के लिए राष्ट्रपति के सहायक जेक सुलिवन, भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी और भारतीय प्रतिनिधिमंडल से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी मौजूद रहे। व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि दोनों देशों की उच्च स्तरीय बैठक में विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और उनके भारतीय समकक्ष डॉ एस जयशंकर भी शरीक हुए। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। बैठक समाप्त होने के बाद पीएम मोदी क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए रवाना हो गए।

10:55 PM, 21-Sep-2024

पीएम नरेंद्र मोदी मुलाकात के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के आवास पर पहुंचे। यहां अमेरिकी राष्ट्रपति ने गले मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
 

09:36 PM, 21-Sep-2024

पीएम मोदी ने कहा कि फिलाडेल्फिया में उतर गया हूं। आज क्वाड शिखर सम्मेलन के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। मुझे विश्वास है कि चर्चाएं हमारे रिश्तों को बेहतर बनाने और प्रमुख वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने में योगदान देंगी। पीएम ने एक्स पर पोस्ट किया कि भारतीय समुदाय ने अमेरिका में अलग पहचान बनाई है और विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव डाला है। उनके साथ बातचीत करना हमेशा आनंददायक होता है। मैं प्रवासी भारतीयों को 22 सितंबर को भारतीय समयानुसार रात करीब 9:30 बजे संबोधित करूंगा। 
 

विज्ञापन
09:04 PM, 21-Sep-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होटल डू पोंट पहुंचे हैं। यहां भी प्रवासी भारतीयों ने उनका स्वागत किया। यहां महिलाओं ने गरबा नृत्य की प्रस्तुति दी।  यहां वह क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। 
 

08:26 PM, 21-Sep-2024
फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीयों से मुलाकात करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : ANI

फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मोदी-मोदी के नारे गूंजते रहे। पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात भी की। 
 

विज्ञापन
08:25 PM, 21-Sep-2024

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि मैं अपने घर डेलावेयर में प्रधानमंत्री मोदी, अल्बानीज और किशिदा का स्वागत करूंगा। यह नेता भारत-प्रशांत क्षेत्र के खुले और स्वतंत्र पक्ष का समर्थन करते हैं। साथ ही मेरे और राष्ट्र के मित्र हैं। मैं आशा करता हूं कि शिखर सम्मेलन में हम काफी कुछ हासिल करेंगे। 
 

08:15 PM, 21-Sep-2024
अमेरिका पहुंचे पीएम मोदी। - फोटो : ANI

पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर किया प्रवासी भारतीयों का अभिवादन
संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय यात्रा शुरू करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलाडेल्फिया पहुंचे। अपने विमान से बाहर आने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर प्रवासी भारतीयों का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री डेलावेयर में क्वाड के शिखर सम्मेलन और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भविष्य के शिखर सम्मेलन (एसओटीएफ) में भाग लेंगे। कुछ प्रमुख द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
 

07:41 PM, 21-Sep-2024

वार्षिक ‘क्वाड’ शिखर बैठक में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका पहुंच गए हैं। वे यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। उनका विमान फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गया है। 
 

07:03 PM, 21-Sep-2024

फिलाडेल्फिया एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत को पहुंचे भारतीय प्रवासी
फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर भारतीय प्रवासी पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करने पहुंचे हैं। भारतीय प्रवासी डॉ. अविनाश गुप्ता ने कहा कि हम प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। उनके दौरे से भारत-अमेरिका के संबंध मजबूत होंगे। हम पीएम मोदी को सुनना चाहते हैं। एक अन्य प्रवासी भारतीय ने कहा कि हम अमेरिका में मोदी जी के सांस्कृतिक राजदूत के रूप में रहते हैं। हम मोदी जी के मार्गदर्शन का पालन करके भारत को गौरवान्वित करना चाहते हैं।
 

06:40 PM, 21-Sep-2024

होटल डू पोंट के बाहर गूंज रहे मोदी-मोदी के नारे
डेलावेयर में पीएम मोदी के आगमन को लेकर प्रवासी भारतीय काफी उत्साहित हैं। भारतीयों ने होटल डू पोंट के बाहर मोदी-मोदी के नारे लगाए। प्रवासी भारतीयों का कहना है कि वह पीएम मोदी के आगमन को लेकर उत्साहित हैं। प्रवासी भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 

04:39 PM, 21-Sep-2024

डेलावेयर में कहां रुकेंगे पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका में उतरने के बाद डेलावेयर के विलमिंग्टन स्थित होटल डू पोंट पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर होटल के बाहर जबरदस्त तैयारियां हैं।
 

03:29 PM, 21-Sep-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री के दौरे पर बात करते हुए अमेरिका में भारत के राजदूत और पूर्व विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने प्रधानमंत्री से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। विनय क्वात्रा बताया कि किस तरह से पीएम मोदी ने अपनी ईमानदारी और सहजता से अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी अपना मुरीद बना लिया था। पढ़ें पूरी खबर

02:05 PM, 21-Sep-2024

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को कहा था कि क्वाड शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत में शांति, प्रगति और स्थिरता पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्वाड नेता स्वास्थ्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, उभरती प्रौद्योगिकियों, बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आतंकवाद रोधी क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करेंगे।

02:04 PM, 21-Sep-2024

राष्ट्रपति बाइडन के गृह नगर विलमिंगटन में शनिवार को वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन से हिंद-प्रशांत में सहयोग बढ़ाने की कई नयी पहलों को शुरू करने और यूक्रेन तथा गाजा में संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के तरीके तलाशने की उम्मीद है। क्वाड नेता कैंसर का रोगियों और उनके परिवारों पर प्रभाव, इस बीमारी को रोकने, पता लगाने, उपचार करने और इसे कम करने के लिए एक नई महत्वकांक्षी योजना शुरू करेंगे।

 

11:00 AM, 21-Sep-2024

अमेरिकी कांग्रेस में ‘क्वाड कॉकस’ का गठन
अमेरिकी सांसदों के एक द्विदलीय समूह ने शुक्रवार को अमेरिकी कांग्रेस में ‘क्वाड कॉकस’ के गठन की घोषणा की। क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) शिखर सम्मेलन शुरू होने से एक दिन पहले यह घोषणा की गई। कांग्रेस सदस्य अमी बेरा, रॉब विटमैन और सीनेटर टैमी डकवर्थ व पेट रिकेट्स ने क्वाड कॉकस के गठन की घोषणा की।

10:57 AM, 21-Sep-2024

व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने सिख कार्यकर्ताओं से मुलाकात की
व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने सिख कार्यकर्ताओं के एक समूह से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि अमेरिकी सरकार अपनी धरती पर किसी भी अंतरराष्ट्रीय आक्रमण से अमेरिकियों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा से पहले हुई है, जिसके दौरान वह डेलावेयर में क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में 'भविष्य के शिखर सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। गुरुवार को व्हाइट हाउस परिसर के अंदर आयोजित इस बैठक में अमेरिकी सिख कॉकस समिति के प्रीतपाल सिंह और सिख गठबंधन और सिख अमेरिकी कानूनी रक्षा और शिक्षा कोष (SALDEF) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अमेरिकी सिख कॉकस समिति के संस्थापक प्रीतपाल सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कल हमें सिख अमेरिकियों की रक्षा करने और हमारे समुदाय की सुरक्षा में सतर्कता बरतने के लिए वरिष्ठ संघीय सरकार के अधिकारियों को धन्यवाद देने का मौका मिला।

09:58 AM, 21-Sep-2024

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने किया ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बानीज का स्वागत
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 20 सितंबर को विलमिंगटन, डेलावेयर में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को उनकी साझेदारी के लिए धन्यवाद दिया और पिछले अक्तूबर में वाशिंगटन, डीसी में अल्बानीज की आधिकारिक यात्रा के बाद से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में हुई प्रगति पर बात की। दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया गठबंधन द्विपक्षीय संबंधों का मूल बना हुआ है। इसके तीन स्तंभों रक्षा और सुरक्षा, आर्थिक, जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा में बढ़ता सहयोग इसका उदाहरण है।

09:25 AM, 21-Sep-2024

संयुक्त राष्ट्र के 'भविष्य के शिखर सम्मेलन' में भारत ने कहा कि टिकाऊ जीवनशैली अपनाने से जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न कई चुनौतियों से निपटा जा सकता है और यदि किफायती समाधान पेश किए जाएं तो वैश्विक सफलता की संभावना अधिक है। शुक्रवार को न्यूयॉर्क में शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय में सचिव लीला नंदन ने भी कहा कि जलवायु परिवर्तन पर चर्चा अक्सर केवल उत्सर्जन में कमी पर केंद्रित होती है, लेकिन यदि हम किफायती समाधान पेश करते हैं, न कि केवल निर्णय थोपते हैं तो हमारे सफल होने की संभावना अधिक है। भविष्य का शिखर सम्मेलन वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने और उभरते खतरों से निपटने के लिए बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए विश्व नेताओं, नीति निर्माताओं और अन्य हितधारकों को एक साथ लाता है।

08:57 AM, 21-Sep-2024

आज मुख्य क्वाड सभा का आयोजन क्लेमोंट में स्थित आर्कमेरे अकादमी में होगा। इसमें नेताओं के स्तर की बैठक, कैंसर मूनशॉट कार्यक्रम और एक निजी रात्रिभोज शामिल होगा। आर्कमेरे अकादमी निजी कैथोलिक स्कूल है जहां से राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी शिक्षा प्राप्त की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के लिए रवाना हो गए हैं। अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में क्वाड लीडर्स समिट और भविष्य के शिखर सम्मेलन (SOFT) में भाग लेंगे। इसके साथ ही, वे अपनी यात्रा के दौरान कुछ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
 

08:56 AM, 21-Sep-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा पर विलमिंग्टन विश्वविद्यालय के एक भारतीय छात्र विनय कुमार ने कहा, 'जब मैंने यह सुना तो मुझे बहुत खुशी हुई... वे विशेष रूप से क्लेमोंट, डेलावेयर आ रहे हैं, मुझे बहुत खुशी हो रही है।'

08:56 AM, 21-Sep-2024

न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में नासाउ वेटरन्स मेमोरियल कोलिज़ीयम में तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिवसीय अमेरिकी यात्रा के दौरान 22 सितंबर को एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान यहां प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे।
 

08:55 AM, 21-Sep-2024

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, न्यूयॉर्क: भविष्य के शिखर सम्मेलन के एजेंडे पर निदेशक मिशेल ग्रिफिन ने कहा कि इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य वास्तव में विश्वास और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की कार्यप्रणाली को बहाल करना है। इसलिए, हम देख रहे हैं कि हम वैश्विक स्तर पर एक साथ कैसे काम करते हैं ताकि हम उन सभी वादों को पूरा कर सकें जो हमने पहले ही किए हैं, उन सभी लक्ष्यों को जो हमने पहले ही अपने लिए निर्धारित किए हैं, लेकिन हम उन सभी चुनौतियों और जोखिमों और अवसरों को भी देख रहे हैं जो भविष्य में आने वाले हैं और यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के अन्य प्रमुख संगठन उन चुनौतियों के लिए तैयार हैं।

08:50 AM, 21-Sep-2024

प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के लिए रवाना होने से पहले कहा, 'मैं क्वाड शिखर सम्मेलन में अपने सहयोगियों राष्ट्रपति बाइडन, प्रधानमंत्री अल्बानीज और प्रधानमंत्री किशिदा के साथ बैठक करने के लिए उत्सुक हूं। यह मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करने वाले समान विचारधारा वाले देशों के एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है।'

08:40 AM, 21-Sep-2024
PM Modi - फोटो : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 सितंबर से शुरू होने वाली 3 दिवसीय अमेरिका यात्रा पर भारतीय-अमेरिकी US कांग्रेसी श्री थानेदार ने कहा, 'अमेरिका में रहने वाले भारतीय प्रवासी प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा को लेकर बहुत उत्साहित हैं। बहुत से लोग हैं जो प्रधानमंत्री मोदी से प्यार करते हैं, वे देश के लिए उनके द्वारा किए गए कामों की सराहना करते हैं...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता के कारण भारत एक सुपर आर्थिक शक्ति बन गया है और पूरे अमेरिका में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी उनके अमेरिका पहुंचने पर उनका स्वागत करने के लिए बहुत उत्साहित हैं...'

08:38 AM, 21-Sep-2024
पीएम मोदी का अमेरिका दौरा - फोटो : Amar Ujala

अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन और भविष्य के शिखर सम्मेलन (SOTF) में भाग लेंगे। इसके साथ ही, वे अपनी यात्रा के दौरान कुछ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
 

08:28 AM, 21-Sep-2024

पीएम मोदी का कार्यक्रम
इस बार के अमेरिका दौरे पर पीएम मोदी 21 सितंबर को डेलवेयर के विलमिंगटन में 'क्वाड लीडर्स समिट' में शामिल होंगे। पीएम मोदी 22 सितंबर को न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में 23 सितंबर को 'समिट ऑफ द फ्यूचर' को संबोधित करेंगे। इसमें विभिन्न देशों के नेता एक मंच पर आएंगे और इस बात पर नई अंतरराष्ट्रीय सहमति बनाएंगे कि कैसे वर्तमान को बेहतर और भविष्य को सुरक्षित बनाया जाए। प्रधानमंत्री विश्व के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और परस्पर हितों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीस व जापानी पीएम फुमियो किशिदा मुख्य रूप से शामिल हैं। साथ ही वे हिंद-प्रशांत में क्षेत्रीय सुरक्षा व सहयोग पर चर्चा करेंगे।

08:27 AM, 21-Sep-2024

PM Modi US Visit Day-1: मोदी-बाइडन की द्विपक्षीय बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा; दोनों बोले- बेहद सफल रही बैठक

PM Modi US Visit Latest News In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपनी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के दौरान वे वार्षिक ‘क्वाड’ शिखर बैठक में शामिल होंगे और संयुक्त राष्ट्र महासभा में 'समिट ऑफ द फ्यूचर' को संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा के बारे में मंगलवार को जानकारी दी थी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें