फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi In Brazil Live: PM मोदी ने बताया BRICS का नया मतलब, बोले- अब बनेगा मजबूती, नवाचार और सहयोग का मंच

Mon, 07 Jul 2025 10:27 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रियो डी जेनेरियो।

खास बातें

PM Modi Brazil Visit Live Updates News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिनों के ब्राजील दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन से इतर उन्होंने कई अहम द्विपक्षीय बैठकों में भी भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने मंच से BRICS का नया मतलब बताया। उन्होंने कहा कि अब ये सिर्फ विकास ही नहीं बल्कि मजबूती, नवाचार और सहयोग का भी मंच बनेगा। जानिए पीएम मोदी के विदेश दौरे से जुड़ी लाइव अपडेट्स
विज्ञापन
ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:38 AM, 08-Jul-2025

जयशंकर की रूसी विदेश मंत्री  से द्विपक्षीय सहयोग पर वार्ता
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बैठक में द्विपक्षीय सहयोग, आतंकवाद, पश्चिम एशिया, ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) पर चर्चा की। इससे पहले ब्रिक्स सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि आतंकवाद की निंदा सुविधा का मामला नहीं, बल्कि एक सिद्धांत होना चाहिए। लावरोव के साथ इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। 

जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि रूसी विदेश मंत्री लावरोव से मिलकर अच्छा लगा। द्विपक्षीय सहयोग, आतंकवाद, पश्चिम एशिया, ब्रिक्स और एससीओ पर चर्चा हुई। इस दौरान द्विपक्षीय मुद्दों और वैश्विक चुनौतियों पर विचार साझा किए। बैठक की अहमियत इस वजह से भी बढ़ जाती है, क्योंकि इसी सम्मेलन में ब्रिक्स नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की थी। इससे पहले जयशंकर और लावरोव इस साल फरवरी में जोहानिसबर्ग में मिलेे थे। 

10:26 PM, 07-Jul-2025

बहुपक्षवाद को आगे बढ़ाने के लिए ब्रिक्स एक महत्वपूर्ण मंच है- सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि ब्रिक्स समावेशी बहुपक्षवाद को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, खासकर तब जब वैश्विक संस्थाएं वैधता और प्रतिनिधित्व के संकट का सामना कर रही हैं। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नर (एफएमसीबीजी) की बैठक में बोलते हुए सीतारमण ने कहा कि भारत ने मजबूत घरेलू मांग, विवेकपूर्ण व्यापक आर्थिक प्रबंधन और लक्षित राजकोषीय उपायों के संयोजन के माध्यम से लचीलापन प्रदर्शित किया है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि व्यापार और वित्तीय प्रतिबंधों के प्रति भारत की नीतिगत प्रतिक्रिया बाजारों में विविधता लाने, बुनियादी ढांचे पर आधारित विकास को बढ़ावा देने और प्रतिस्पर्धात्मकता और उत्पादकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संरचनात्मक सुधारों को लागू करने पर केंद्रित रही है। मंत्री ने भारत के इस दृष्टिकोण को रेखांकित किया कि समावेशी बहुपक्षवाद को आगे बढ़ाने के लिए ब्रिक्स एक महत्वपूर्ण मंच है, और विशेष रूप से जब वैश्विक संस्थाएं वैधता और प्रतिनिधित्व के संकट का सामना कर रही हैं, तो ब्रिक्स को सहयोग को मजबूत करके, विश्वसनीय सुधारों की वकालत करके और वैश्विक दक्षिण की आवाज को बढ़ाकर उदाहरण पेश करना चाहिए।

उन्होंने कहा, 'जबकि जलवायु और विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में दक्षिण-दक्षिण सहयोग महत्वपूर्ण बना हुआ है, वैश्विक दक्षिण से जलवायु कार्रवाई का मुख्य बोझ उठाने की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए और ब्रिक्स देश सतत विकास पर सहयोग को गहरा करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।' ब्रिक्स एफएमसीबीजी बैठक के मौके पर, वित्त मंत्री सीतारमण ने रूसी और चीनी समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं और द्विपक्षीय सहयोग और हितों के मुद्दों पर चर्चा की।

10:20 PM, 07-Jul-2025

पीएम मोदी ने उरुग्वे के राष्ट्रपति यामांडू ओरसी से की मुलाकात
पीएम मोदी आज ब्राजील में ब्रिक्स समिट से इतर उरग्वे के राष्ट्रपति यामांडू ओरसी से मुलाकात की है, इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने डिजिटल सहयोग, आईसीटी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और यूपीआई, रक्षा, रेलवे, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, ऊर्जा, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। चर्चा का एक प्रमुख क्षेत्र द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को मजबूत करना था। दोनों पक्षों ने भारत-मर्कोसुर अधिमान्य व्यापार समझौते के विस्तार में रुचि व्यक्त की, जिसका उद्देश्य अधिक आर्थिक क्षमता और व्यापार पूरकता को खोलना है।
 

प्रधानमंत्री ने पहलगाम में हाल ही में हुए बर्बर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करने के लिए राष्ट्रपति ओरसी के प्रति आभार व्यक्त किया और आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ उरुग्वे की एकजुटता की सराहना की।

विज्ञापन
09:09 PM, 07-Jul-2025

बोलीविया के राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी की बैठक
ब्राजील में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर रियो डी जेनेरियो में बोलीविया के राष्ट्रपति लुइस अल्बर्टो आर्से कैटाकोरा के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और हासिल की गई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों, व्यापार और वाणिज्य, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और यूपीआई, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, पारंपरिक चिकित्सा, लघु और मध्यम उद्योग, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में सहयोग पर चर्चा की। 

दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और इस क्षेत्र में टिकाऊ और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी विकसित करने की क्षमता को पहचाना। उन्होंने दोनों देशों के बीच चल रहे विकास सहयोग पर संतोष व्यक्त किया, जिसमें त्वरित प्रभाव परियोजनाएं और आईटीईसी छात्रवृत्ति कार्यक्रमों के तहत क्षमता निर्माण पहल शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने लाज पाज और देश के कई अन्य हिस्सों में मार्च-अप्रैल 2025 में आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर बोलीविया के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने के लिए बोलीविया को बधाई भी दी।
 

09:07 PM, 07-Jul-2025

  • पीएम कमला को अयोध्या राम मंदिर की चांदी की प्रतिकृति

प्रधानमंत्री मोदी ने कमला पर्साद-बिसेसर को अयोध्या राम मंदिर की चांदी से बनी सुंदर और बारीक कारीगरी वाली प्रतिकृति भेंट की।



राम मंदिर की प्रतिकृति- यह भक्ति, धर्म और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।
चांदी से निर्मित- यह उत्तर प्रदेश के कारीगरों की तरफ से बनाई गई है। यह भारत की मंदिर कला, भक्ति परंपरा और अयोध्या की धार्मिक महत्ता को दुनिया तक पहुंचाता है।

विज्ञापन
09:05 PM, 07-Jul-2025

  • त्रिनिदाद और टोबैगो की पीएम कमला को सरयू जल से भरा कलश

प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिडाड और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साद-बिसेसर को अयोध्या की पवित्र सरयू नदी का जल भरे हुए कलश उपहार में दिया।



यह शुद्धता, पवित्रता और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। सरयू जल- यह अयोध्या से जुड़ा है, जो भगवान राम का जन्मस्थान माना जाता है। यह उपहार भारतीय धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिकता को दर्शाता है।

09:05 PM, 07-Jul-2025

  • अर्जेंटीना की उपराष्ट्रपति विलारूएल को मधुबनी चित्रकला

प्रधानमंत्री मोदी ने अर्जेंटीना की उपराष्ट्रपति विक्टोरिया विलारूएल को पारंपरिक मधुबनी चित्रकला में बना सूर्य का चित्र भेंट किया।



मधुबनी चित्रकला- बिहार के मिथिला क्षेत्र की प्रसिद्ध लोककला है, जिसमें फूल-पत्तियों और गहरे रंगों से चित्र बनाए जाते हैं। इसमें सूर्य का चित्र बना है, जो ऊर्जा, जीवन और प्रकाश का प्रतीक है। यह उपहार भारत की प्राचीन कला परंपरा और सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाता है।

08:56 PM, 07-Jul-2025

पीएम मोदी ने वैश्विक नेताओं के दिए खास तोहफे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग देशों के नेताओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक उपहार दिए है। इन उपहारों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल भारत की संस्कृति और कलाओं को प्रस्तुत किया, बल्कि विश्व के नेताओं से भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव भी स्थापित किया।
  • अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर को चांदी का शेर


प्रधानमंत्री मोदी ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिली को चांदी से बना शेर उपहार में दिया, जो फुचसाइट पत्थर पर बनाया गया है। यह खास उपहार राजस्थान के कारीगरों ने बनाया है।



तोहफे की खासियत - चांदी का शेर- यह साहस, नेतृत्व और ताकत का प्रतीक है। फुचसाइट पत्थर- इसे हीलिंग स्टोन यानी चिकित्सकीय पत्थर कहा जाता है। यह आत्मिक शक्ति और मानसिक शांति से जुड़ा है। तोहफे का महत्व- यह उपहार भारत की कला, संस्कृति और खनिज संपदा को दर्शाता है।

07:34 PM, 07-Jul-2025

ब्रिक्स को भारत ने दी नई परिभाषा, मोदी बोले- अब बात केवल विकास की नहीं, टिकाऊ भविष्य की भी होगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत ब्रिक्स समूह को नए मायनों में परिभाषित करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि अब BRICS का अर्थ होगा- बिल्डिंग रेजिलेंस ऐंड इनोवेशन फॉर कॉपरेटिव ऐंड सस्टेनबिलिटी, यानी मजबूती, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास। ब्राजील में आयोजित इस सम्मेलन में मोदी ने विकासशील देशों के लिए मिलकर काम करने और आपसी सहयोग बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता है नवाचार और टिकाऊ भविष्य।

03:34 PM, 07-Jul-2025

कैंसर के खिलाफ साझा जंग: टाटा मेमोरियल अस्पताल ने बिम्सटेक देशों के लिए शुरू किया विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

टाटा मेमोरियल अस्पताल ने बिम्सटेक देशों के लिए एक खास कैंसर देखभाल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाना और कैंसर उपचार में दक्षता को मजबूत करना है। शुरुआत में बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार और नेपाल के कुल 21 प्रतिभागियों को रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन और रेडियोलॉजी के तीन मॉड्यूल में चार सप्ताह का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव सीएसआर राम ने कहा कि इससे बिम्सटेक देशों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और भविष्य में अनुसंधान नेटवर्क भी बनेगा। टीएमसी निदेशक डॉ. सुदीप गुप्ता ने बताया कि मुंबई स्थित केंद्रों में अत्याधुनिक तकनीकों पर यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है, आगे इसे देशभर के अन्य टीएमसी इकाइयों में भी विस्तार दिया जाएगा। यह कार्यक्रम बिम्सटेक देशों में स्वास्थ्य सहयोग को नई दिशा देगा।

08:05 AM, 07-Jul-2025

ऐतिहासिक होगा पीएम मोदी का ब्राजील दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अब ब्रासीलिया जाएंगे, जहां उन्हें राजकीय अतिथि का सम्मान दिया जाएगा। ब्राजील में भारत के राजदूत दिनेश भाटिया ने कहा कि यह 57 साल में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री का ब्राजील का पहला राजकीय दौरा है। भाटिया ने कहा कि हमें उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिनमें अक्षय ऊर्जा, आतंकवाद से निपटना, कृषि में अनुसंधान सहयोग साथ ही गोपनीय जानकारी का आदान-प्रदान के समझौते शामिल हैं।

07:35 AM, 07-Jul-2025

तेजी से बदलती दुनिया में ब्रिक्स सम्मेलन की अहमियत
ब्रिक्स समिट को लेकर भारत के आर्थिक संबंधों के सचिव दम्मू रवि ने ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर कहा कि 'तेजी से बदलती दुनिया में ब्रिक्स सम्मेलन की काफी अहमियत है। भारत, ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य देश है और अगले साल ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत करेगा। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स सम्मेलन में दोहराया कि 20वीं सदी के वैश्विक संगठनों में 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने की क्षमता का अभाव है।

07:05 AM, 07-Jul-2025

वियतनामी समकक्ष के साथ पीएम मोदी की बातचीत
ब्राजील में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चीन्ह के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। पीएम मोदी ने कहा कि बैठक के दौरान अच्छी बातचीत हुई।

06:35 AM, 07-Jul-2025

BRICS से जुड़े इंडोनेशिया और बेलारूस, मलेशिया सहित 10 साझेदार देश
ब्राजील में आयोजित 17वें ब्रिक्स सम्मलेन में 10 साझेदार देशों का सदस्य के रूप में स्वागत किया गया। ब्रिक्स देशों के नेताओं ने सदस्य के रूप में इंडोनेशिया का स्वागत किया, जबकि बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, नाइजीरिया, मलेशिया, थाईलैंड, क्यूबा, वियतनाम, युगांडा और उज्बेकिस्तान का स्वागत किया।

06:11 AM, 07-Jul-2025

BRICS के मंच पर सीओपी 33 की मेजबानी पर चर्चा, भारत की उम्मीदवारी का स्वागत
ब्रिक्स देशों के नेताओं ने वर्ष 2028 में जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसी सी) के 33वें सम्मेलन (सीओपी 33) की मेजबानी के लिए भारत की उम्मीदवारी का स्वागत किया है। रविवार को 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इस संबंध में एक संयुक्त घोषणापत्र भी जारी हुआ। इसमें सभी देशों ने पेरिस समझौते के उद्देश्य और लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए एकजुट रहने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

06:02 AM, 07-Jul-2025

BRICS के मंच पर नेताओं ने एकतरफा टैरिफ पर जताई चिंता
ब्रिक्स समूह के नेताओं ने एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों के बढ़ने पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की, जिसे टैरिफ पर वाशिंगटन की नीति के अप्रत्यक्ष संदर्भ के रूप में देखा गया। ब्रिक्स ने दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में ध्रुवीकरण और विखंडन की वर्तमान स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। इसमें कहा गया, हम कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्र की स्थिति के बारे में अपनी गंभीर चिंता दोहराते हैं।

05:55 AM, 07-Jul-2025

ईरानी विदेश मंत्री से जयशंकर की मुलाकात
ब्रिक्स देशों के सम्मेलन में ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची भी पहुंचे। ब्राजील दौरे पर आए ईरानी समकक्ष से विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मुलाकात कर पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर बातचीत की। विदेश मंत्री जयशंकर ने एक्स पर तस्वीर साझा कर लिखा, 'हमारी बातचीत हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर केंद्रित रही।'

05:45 AM, 07-Jul-2025

जयशंकर मैक्सिको के विदेश मंत्री से भी मिले
ब्राजील में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने मैक्सिको के विदेश मामलों के सचिव जुआन रामोन डे ला फ़ुएंते से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने "स्वास्थ्य, डिजिटल, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष पर ध्यान केंद्रित करते हुए दोनों देशों की साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

05:22 AM, 07-Jul-2025

आतंकवाद के मुद्दे पर भारत की दो टूक, पीएम मोदी ने कही यह बात
गौरतलब है कि दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में मेजबान ब्राजील के अलावा रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका भी शामिल हुए। इनके साथ-साथ नए सदस्य मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया के नेता भी रियो डी जेनेरियों पहुंचे। रविवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद की निंदा 'सुविधाजनक' तरीके से नहीं, 'सैद्धांतिक' रूप से की जानी चाहिए। उन्होंने इसे वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में मानवता के लिए 'सबसे गंभीर चुनौती' बताया।

05:05 AM, 07-Jul-2025

फिर दिखी भारत और रूस के रिश्तों की अहमियत, ब्राजील में लावारोव-जयशंकर की मुलाकात
ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन के लिए ब्राजील में मौजूद विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव ने सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की। रियो डी जेनेरियो में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग, रविवार को हुई इस मुलाकात के दौरान भारत और रूस के बीच रिश्ते को लेकर अहम बातें हुईं। बता दें कि इससे पहले दोनों नेताओं ने इसी वर्ष फरवरी में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति पर चर्चा की।

04:45 AM, 07-Jul-2025

पीएम मोदी ने मलयेशियाई प्रधानमंत्री के साथ अहम बैठक की
मलयेशियाई प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी ने ब्राजील में द्विपक्षीय बैठक की। रियो डी जेनेरियो में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे मलयेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

04:25 AM, 07-Jul-2025

ब्राजील में कैरेबियन देश क्यूबा के राष्ट्रपति और पीएम मोदी की मुलाकात
17वें ब्रिक्स सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैरेबियन देश क्यूबा के राष्ट्रपति के साथ भी बैठक की। इस द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।

04:00 AM, 07-Jul-2025

PM Modi In Brazil Live: PM मोदी ने बताया BRICS का नया मतलब, बोले- अब बनेगा मजबूती, नवाचार और सहयोग का मंच

ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स देशों का सम्मेलन आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में भारत में आतंकी हमले की कड़े निंदा की गई। ब्रिक्स के मंच से जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बीते 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की निंदा की गई। इसके अलावा पीएम मोदी ने भी वैश्विक व्यवस्था में बदलाव और समय के साथ चलने का आह्वान किया। उन्होंने दो टूक कहा, 20वीं सदी के टाइपराइटर पर 21वीं सदी का सॉफ्टवेयर नहीं चलाया जा सकता। पीएम मोदी इस सम्मेलन में भाग लेने के बाद कई अहम द्विपक्षीय बैठकों में शामिल हुए।

पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर की द्विपक्षीय बैठक
बता दें कि इस साल के ब्रिक्स समिट में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्राध्यक्ष व्लादिमीर पुतिन नहीं पहुंच सके हैं। पीएम मोदी ने ब्रिक्स देशों की बैठक के बाद सम्मेलन से इतर मलयेशियाई समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक की। पीएम मोदी ने क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी रूसी समकक्ष सर्गेई लावारोव के साथ द्विपक्षीय बैठक की। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें