फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Europe Tour: नीदरलैंड में समकक्ष रॉब-शाही परिवार से मिले पीएम मोदी; अब स्वीडन में भी स्वागत की तैयारी

Sun, 17 May 2026 04:08 AM IST
Jyoti Bhaskar वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, एम्स्टर्डम / हेग (नीदरलैंड)।

खास बातें

PM Modi Netherlands Europe Tour Visit Live Updates: चार यूरोपीय देशों के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यात्रा के पहले चरण में नीदरलैंड में हैं। पीएम मोदी ने यहां के राजा विलियम और रानी मैक्सिमा से मुलाकात के बाद डच प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। उन्होंने भारतीय प्रवासियों को भी संबोधित किया। नीदरलैंड के बाद पीएम मोदी स्वीडन जाएंगे, जहां उनके स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम मोदी के दौरे की झलकियों और कार्यक्रमों में उनके वक्तव्यों का ब्योरा इस खबर में पढ़िए? अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पीएम के इस विदेश दौरे से जुड़े तमाम सवालों के जवाब भी मिलेंगे
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:08 AM, 17-May-2026

भारतीय राजदूत पीएम मोदी के स्वीडन आगमन पर क्या बोले?

स्वीडन में भारत के राजदूत अनुराग भूषण ने पीएम मोदी के दौरे पर कहा, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री रविवार को आ रहे हैं। दोनों की मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहेंगे। इस औपचारिक चर्चा के बाद शाम को प्रधानमंत्री दो व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वे स्वीडन के चुनिंदा सीईओ के एक समूह के साथ दोनों देशों के बीच निवेश और व्यापार बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा, यूरोपियन राउंडटेबल ऑफ इंडस्ट्रीज का एक कार्यक्रम भी निर्धारित है। ये यूरोप के 60 शीर्ष सीईओ का एक समूह है। प्रधानमंत्री भारत और यूरोप के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीईओ के समूह के साथ भी बातचीत करेंगे।

पीएम के आगमन पर गोथेनबर्ग में विशेष उत्साह
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री स्वीडन में बेहद लोकप्रिय हैं। विशेष रूप से गोथेनबर्ग में बहुत ऊर्जा महसूस हो रही है क्योंकि प्रधानमंत्री पहली बार गोथेनबर्ग आ रहे हैं। भारतीय प्रवासियों का केंद्र होने के अलावा गोथेनबर्ग स्वीडिश उद्योग का केंद्र और नवाचार आधारित पारिस्थितिकी तंत्र भी है। यहां कई विश्वविद्यालय, संस्थान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रतिष्ठान हैं।

03:25 AM, 17-May-2026

पीएम मोदी स्वीडन दौरे पर वोल्वो के मुख्यालय जा सकते हैं

यूरोप दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन के समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर इस देश का दौरा करेंगे। अपनी विदेश यात्रा के तीसरे चरण में स्वीडन आगमन के बाद पीएम मोदी गोथेनबर्ग में वोल्वो के मुख्यालय भी जा सकते हैं। दोनों देशों के बीच अहम समझौते होने की उम्मीद है। भारतीय प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर वोल्वो ग्रुप के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) जेन्स होल्टिंगर ने कहा, पीएम मोदी की यात्रा हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। यह स्वीडन और भारत के बीच मजबूत संबंधों को दिखाने का भी अवसर है। वोल्वो ग्रुप पिछले 25 वर्षों से भारत में कार्यरत है... भारत में हमारे लगभग 5,000 सहकर्मी हैं, जो विश्व में हमारा दूसरा सबसे बड़ा अनुसंधान केंद्र है।

भारत भविष्य के लिए एक बेहतरीन मंच
देश में मौजूद अवसरों का जिक्र करते हुए वोल्वो के सीटीओ जेन्स होल्टिंगर ने कहा, 'हम भारत को भविष्य के लिए एक बेहतरीन मंच के रूप में देखते हैं। हमारा दृढ़ विश्वास है कि भारत एक समृद्ध अर्थव्यवस्था है जिसमें अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं।'

दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक और साझा मूल्यों पर आधारित
वोल्वो ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कमल बाली ने कहा, पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और स्वीडन के संबंधों में एक बहुत ही महत्वपूर्ण और मील का पत्थर साबित होगा। भारत और स्वीडन के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं, जो दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक और साझा मूल्यों, जैसे पारदर्शिता, विश्वास और समझ पर आधारित हैं।

भारत और स्वीडन के बीच व्यापार
उन्होंने कहा, भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास और घरेलू मांग के साथ-साथ डिजिटल और विनिर्माण क्षेत्रों में मौजूद भारतीय प्रतिभा की क्षमताओं को लेकर स्वीडन बहुत आश्वस्त है। इसका लाभ स्वीडिश कंपनियां उठाना चाहती हैं। कमल बाली के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी का दौरा भारत और स्वीडन के बीच व्यापार के और अधिक अवसर खोलेगा और दोनों देशों के लिए फायदेमंद होगा।'

03:05 AM, 17-May-2026

मित्रता का एक प्रमुख स्तंभ आर्थिक सहयोग भी है

पीएम मोदी ने एक अन्य एक्स पोस्ट में लिखा कि भारत और नीदरलैंड के बीच मित्रता का एक प्रमुख स्तंभ आर्थिक सहयोग भी है। उन्होंने कहा, 'भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) अनगिनत अवसर प्रदान करता है। फिनटेक, महत्वपूर्ण खनिजों, सेमीकंडक्टर, हरित हाइड्रोजन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हमने सांस्कृतिक सहयोग और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की।'

विज्ञापन
02:35 AM, 17-May-2026

भारत और नीदरलैंड के बीच रक्षा उद्योग, समुद्री सुरक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक सहयोग पर बातचीत

प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ हुई विस्तृत बातचीत को पीएम मोदी ने सफल करार दिया। उन्होंने एक्स हैंडल पर द्विपक्षीय वार्ता और जेटेन के साथ अलग से हुई चर्चाओं की झलकियों को साझा कर लिखा, 'कई विषयों पर चर्चा हुई। इनमें से एक विषय रक्षा और सुरक्षा था। मैंने रक्षा उद्योग के लिए जल्द से जल्द एक कार्य योजना तैयार करने की संभावना पर चर्चा की।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड अंतरिक्ष यात्रा, समुद्री प्रणालियों और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग कर सकते हैं।

02:20 AM, 17-May-2026
नीदरलैंड के हेग में पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

सूरीनामी हिंदुस्तानी समुदाय के लिए ओसीआई कार्ड पर बड़ा फैसला

प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड यात्रा की झलकियों को एक्स पर साझा करते हुए एक अन्य पोस्ट में लिखा, 'भारत-नीदरलैंड साझेदारी का जीवंत सेतु भारतीय प्रवासी हैं। सूरीनामी हिंदुस्तानी समुदाय के लिए ओसीआई कार्ड की पात्रता को चौथी पीढ़ी से छठी पीढ़ी तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है। हमारे निर्णय का नीदरलैंड में प्रवासी समुदाय ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया है!'

विज्ञापन
02:04 AM, 17-May-2026
पीएम मोदी के नीदरलैंड दौरे पर 17 बड़े फैसले - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

पीएम के नीदरलैंड दौरे के बाद दोनों देशों में क्या बदलेगा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए। तकनीक, शिक्षा, सेहत और खनिज के अलावा नवाचार को लेकर भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। नीदरलैंड दौरे पर सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पर भी साझेदारी का निर्णय हुआ है। इसके तहत डच कंपनी ASPL और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स आपसी सहयोग बढ़ाएंगी। पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच हुए फैसलों को ठोस और महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के विकास और समृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा।

12:36 AM, 17-May-2026
पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

पिछले एक दशक में भारत-नीदरलैंड संबंधों में काफी प्रगति हुई है: पीएम मोदी

डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत-नीदरलैंड संबंधों में काफी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा, 'हम नीदरलैंड को भारत के सबसे महत्वपूर्ण साझेदारों में से एक मानते हैं।लोकतांत्रिक मूल्य, बाजार अर्थव्यवस्था और जिम्मेदार व्यवहार भारत और नीदरलैंड के साझा दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमें हर क्षेत्र में नीदरलैंड की विशेषज्ञता और भारत की गति और कौशल को शामिल करना चाहिए। नवाचार और निवेश का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'हमें इनोवेशन, निवेश, स्थिरता और रक्षा के क्षेत्रों में भारत-नीदरलैंड सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जरूरत है। हमारे साझा दृष्टिकोण के तहत, हम भारत-नीदरलैंड संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं।'

11:10 PM, 16-May-2026

पीएम मोदी उम्र में दोगुने, लेकिन उत्साह युवाओं से कम नहीं

नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ मुलाकात और द्विपक्षीय वार्ता के समय पीएम मोदी को अपनी ट्रेडमार्क परिधान कुर्ते और पायजामे और हाफ जैकेट के साथ शॉल लिए देखा गया। उनकी उम्र की तुलना में लगभग आधे, 38 साल के जेटेन कोर्ट-पैंट और टाई लगाए दिखे। दोनों की मुताकाल के कई वीडियो सामने आए हैं, इसमें देखा जा सकता है कि पीएम मोदी अपने डच समकक्ष की तुलना में भले ही उम्र में दोगुने बड़े हैं, लेकिन उनका उत्साह युवाओं से कम नहीं है।

10:59 PM, 16-May-2026

पीएम मोदी ने नीदरलैंड के 38 वर्षीय समकक्ष से की मुलाकात

पीएम मोदी ने नीदरलैंड के शाही परिवार से मुलाकात के बाद 38 वर्षीय डच समकक्ष से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड में अपने समकक्ष रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत की। दोनों की मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है।

05:37 PM, 16-May-2026

नीदरलैंड के शाही परिवार से मिले पीएम मोदी, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा

अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द हेग में नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की, जहां दोनों देशों के बीच मजबूत होते कूटनीतिक और आर्थिक रिश्तों पर चर्चा हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन और जल प्रबंधन जैसे भविष्य के क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
 

02:32 PM, 16-May-2026

आज का भारत इनोवेशन पॉवर है- पीएम मोदी

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा- बीते वर्षों में भारत ने धरती से चंद्रमा की दूरी जितनी है, उससे भी 11 गुना अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है। एक दशक पहले हम मोबाइल फोन इंपोर्ट करते थे, आज भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफेक्चरर है। इसके अलावा आज के भारत की एक और पहचान है। आज का भारत इनोवेशन पॉवर है। आज हमारे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। ये भारतीयों के इनोवेशन का बहुत बड़ा प्रमाण है। भारत में चिप निर्माण, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सबसे बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अभी भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट पर काम चल रहा है। इनमें से दो प्लांट में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। यानी अब चिप भी, भारत में डिजाइन, भारत में निर्मित होगी।

02:28 PM, 16-May-2026

'भारत की संस्कृति आज भी यहां के लोगों के दिलों में मजबूती से बसी है'

हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आपके पूर्वज जब यहां आए तो बहुत सी चीजें पीछे छोड़ गए, लेकिन कुछ चीजें हमेशा उनके साथ रहीं - उनकी मिट्टी की सुगंध, उनके त्योहारों की यादें, भक्ति गीतों की मधुरता और उनके पूर्वजों द्वारा विरासत में मिले मूल्य। मानव इतिहास इस बात का साक्षी है कि समय के साथ कई संस्कृतियां लुप्त हो गईं। लेकिन भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति आज भी यहां के लोगों के दिलों में मजबूती से बसी हुई है।'

02:24 PM, 16-May-2026

भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है- पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों से संवाद में कहा- आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आपने हाल में देखा होगा कि दुनिया की सबसे बड़ी और सफल एआई समिट भारत ने आयोजित की। उससे पहले जी-20 की सफल समिट भी भारत ने आयोजित की थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत बड़ी आकांक्षाओं से भरा है और निकट भविष्य में वह ओलंपिक खेलों की मेजबानी करना चाहेगा और वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने का भी बड़ा सपना देखेगा। भारत दुनिया का ग्रोथ इंजन बनना चाहता है।

02:17 PM, 16-May-2026

लोकतांत्रिक जगत में 25 साल, मेरे लिए सौभाग्य की बात है- पीएम मोदी

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा मैं बहुत छोटी आयु में ही देशभक्ति के रंग में रंग गया। आप ही मेरे परिवार बन गए। अहम् से वयम् का रास्ता चुन लिया। फिर आपका सुख ही मेरा सुख बन गया और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा- 13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में... 12 वर्ष प्रधानमंत्री का सेवाकाल... लोकतांत्रिक विश्व में 25 वर्षों तक... करोड़ों-करोड़ वोटर्स का लगातार समर्थन... ये मेरे लिए बहुत ही बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिए ये सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है... ये आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है।

02:14 PM, 16-May-2026

आज का भारत बड़े सपने देखना चाहता है- पीएम मोदी

नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देखना चाहता है। इसकी आकांक्षाएं असीमित हैं और इसलिए यह स्टार्टअप इकोसिस्टम में योगदान देना चाहता है। आज देश कह रहा है- हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं करना चाहिए, हमें सबसे अच्छा चाहिए, हमें सबसे तेज चाहिए। इसलिए जब भारत में आकांक्षाएं असीमित हैं, तो प्रयास भी असीमित हो रहे हैं। आज भारत का युवा आकाश छूना चाहता है।
 
 

02:11 PM, 16-May-2026

'13 साल पहले भारत में घटी थी विशेष घटना'

हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने 2014 के लोकसभा फैसले की सराहना की, जब उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पहली बार सत्ता संभाली थी। 16 मई को घोषित जनादेश को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'तेरह साल पहले, इसी दिन भारत में एक विशेष घटना घटी थी। एक मजबूत और शक्तिशाली सरकार सत्ता में आई और एक कमजोर सरकार का शासन समाप्त हुआ। तब से देश का विकास हुआ है, इसलिए यह एक विशेष दिन है।' कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।
 

02:11 PM, 16-May-2026

पीएम मोदी ने भारत और भारतीयों की भावना की सराहना की

नीदरलैंड के हेग में रहने वाले भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और भारतीयों की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट का रंग, पता या समय क्षेत्र बदल सकता है, लेकिन भारतीयता नहीं बदल सकती। उन्होंने भारतीय समुदाय द्वारा उनके प्रति दिखाए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी आभार व्यक्त किया।

02:08 PM, 16-May-2026

आप पर हर भारतवासी को गर्व है- पीएम मोदी

प्रवासी भारतीय से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा - आप नीदरलैंड के समाज और यहां की इकोनॉमी में जो योगदान कर रहे हैं उस पर हर भारतवासी को गर्व है। मैं आज इस अवसर पर नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूं।
 

02:02 PM, 16-May-2026

नीदरलैंड सरकार प्रवासी भारतीयों की बहुत प्रशंसा करती है- पीएम मोदी

भारतीयों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब भी मैं नीदरलैंड की सरकार से बात करता हूं तो वो प्रवासी भारतीयों की बहुत प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं नीदरलैड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। पीएम ने कहा, समय के साथ कई देशों की संस्कृति खत्म हो गई लेकिन भारत की संस्कृति कभी नहीं बदली। उन्होंने कहा, यहां आकर मैं भारत जैसा ही महसूस कर रहा हूं। नीदरलैंड, भारत की दोस्ती का प्रतीक है।
 

01:55 PM, 16-May-2026

'हेग सिटी ऑफ पीस के नाम से मशहूर है'

नीदरलैंड के हेग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत कर रहे हैं। सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इतना प्यार और उत्साह देखकर मैं एक पल के लिए भूल ही गया कि मैं नीदरलैंड में हूं, और ऐसा लगा जैसे मैं भारत में ही किसी उत्सव में भाग ले रहा हूं... ऐसा लगता है कि हेग भारतीय मित्रता का जीवंत प्रतीक बन गया है'।
 

01:52 PM, 16-May-2026

पीएम मोदी ने देखी भारतीय संस्कृति की झलक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेग में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम के स्थल पर पहुंचे और कलाकारों के प्रदर्शन को देखा, साथ ही भारतीय संस्कृति की झलक भी देखी। इस दौरान वहां मौजूद जनता ने उनका तालियां बजाकर स्वागत किया
 
 

01:32 PM, 16-May-2026

भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत करेंगे पीएम

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी कि वे कुछ ही समय में नीदरलैंड में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा- कुछ ही समय में, मैं नीदरलैंड के हेग में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करूंगा। भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करना हमेशा ही सुखद अनुभव होता है।
 

10:53 AM, 16-May-2026

पीएम मोदी ने साझा की नीदरलैंड्स दौरे की तस्वीरें

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने नीदरलैंड्स दौरे की कुछ तस्वीरें साझा की है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा - कल नीदरलैंड्स में भारतीय प्रवासियों द्वारा किया गया स्वागत समारोह उल्लेखनीय था। इस स्वागत समारोह में कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम जैसी नृत्य शैलियों का प्रदर्शन शामिल था। इसके अलावा, गरबा नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।
 

06:48 AM, 16-May-2026

पीएम के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम 

इसके अलावा प्रधानमंत्री हेग के होटल में पहुंचते ही पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। इसमें महिलाओं-पुरुषों की एक टीम को सांस्कृतिक नृत्य पेश करते देखा गया। प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कार्यक्रम पेश करने वाले कलाकारों के दल में शामिल गौतम ने कहा, 'हमने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में गरबा प्रस्तुत किया। हमने उनसे बातचीत की। हम सभी उनकी नीदरलैंड यात्रा को लेकर बहुत खुश और उत्साहित हैं।' एक अन्य कलाकार कलाकार रीमा ने कहा कि हम सभी को प्रधानमंत्री मोदी के सामने प्रस्तुति देकर बहुत खुशी हुई... पूरा अनुभव अद्भुत था।
 

05:47 AM, 16-May-2026

हेग में आध्यात्मिक प्रस्तुति, पीएम मोदी ने की सराहना 

प्रधानमंत्री मोदी हेग शहर में एक आध्यात्मिक प्रस्तुति के साक्षी भी बने। गायन और संगीत के साथ कई गई खास तैयारी की उन्होंने सराहना भी की।

03:46 AM, 16-May-2026

दोनों देशों के रिश्ते में नागरिकों की भी अहम भूमिका

द्विपक्षीय संबंधों में नागरिकों की भी अहम भूमिका रही है। नीदरलैंड में भारतीय मूल और एनआरआई (नॉन रेसिंडेंड इंडियंस) समुदाय के 90,000 से अधिक लोग रहते हैं। यहां सूरीनाम-हिंदुस्तानी समुदाय के भी 2,00,000 से अधिक सदस्य रहते हैं। डच विश्वविद्यालयों में वर्तमान में लगभग 3,500 भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।

03:10 AM, 16-May-2026

पीएम मोदी का नीदरलैंड दौरा इतना अहम क्यों?

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की अहमियत समझाते हुए विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि नीदरलैंड यूरोप में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक गंतव्यों में से एक है। वित्त वर्ष 2024-25 में 27.8 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ। भारत में निवेश के मामले में ये चौथा सबसे बड़ा देश भी है। इसका कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) 55.6 अरब अमेरिकी डॉलर है।

02:42 AM, 16-May-2026

नॉर्वे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन: 18 मई को पीएम नॉर्वे पहुंचेंगे, समिट में करेंगे शिरकत

प्रधानमंत्री अपनी यूरोप यात्रा के दौरान नॉर्वे भी जाएंगे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 43 वर्षों में पहली नॉर्वे यात्रा होगी। वहां वह पीएम योनास गार स्टोरे के साथ व्यापार, निवेश, ब्लू अर्थव्यवस्था, हरित प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष सहयोग पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री भारत-नॉर्वे बिजनेस एंड रिसर्च समिट को भी संबोधित करेंगे। 19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के पीएम भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार नॉर्डिक देश प्रौद्योगिकी, नवाचार, डिजिटलीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के अहम साझेदार बनकर उभरे हैं।

02:14 AM, 16-May-2026

स्वीडन में यूरोपीय गोलमेज सम्मेलन में होंगे मुख्य अतिथि

नीदरलैंड के बाद पीएम स्वीडन जाएंगे, जहां वह भारत-स्वीडन नवाचार साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। वार्ता में एआई, हरित परिवर्तन, रक्षा सहयोग, जलवायु कार्रवाई और उभरती तकनीकों पर विशेष ध्यान रहेगा। पीएम मोदी यूरोपीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन में मुख्य अतिथि भी होंगे, जहां यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेन भी मौजूद रहेंगी।

02:05 AM, 16-May-2026

यात्रा के अंत में इटली प्रवास...

यूरोपीय देशों की यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 19-20 मई को इटली जाएंगे। वहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से होगी। दोनों नेता व्यापार, निवेश और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री रोम स्थित संयुक्त राष्ट्र की संस्था फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि 2023 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी के बीच सात मुलाकातें हो चुकी हैं।

01:45 AM, 16-May-2026

नीदरलैंड यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार और निवेश, नागरिकों के संपर्क पर भी जोर

पीएम मोदी की यूरोप यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को इस वर्ष अंतिम रूप दिया गया है। यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार, निवेश, हरित प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्टार्टअप और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के संबंध अब पारंपरिक व्यापार और कृषि से आगे बढ़कर सेमीकंडक्टर, रक्षा, समुद्री सहयोग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों तक पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय को भी संबोधित करने के अलावा शीर्ष कारोबारी नेताओं से भी बातचीत करेंगे।

01:20 AM, 16-May-2026

यूरोपीय देशों में पीएम मोदी का कार्यक्रम कैसा?

12:59 AM, 16-May-2026

प्रवासी भारतीयों के बीच पहुंचे पीएम मोदी

नीदरलैंड के हेग पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय प्रवासियों ने भी जोरदार स्वागत किया। नीदरलैंड दौरे के दौरान एक होटल में पहुंचे पीएम मोदी को बच्चों और महिलाओं के बीच भी देखा गया। पीएम मोदी के आगमन से उत्साहित प्रवासियों ने तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

12:20 AM, 16-May-2026

नीदरलैंड दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी का पहला बयान

नीदरलैंड पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'एम्स्टर्डम पहुंच गया हूं। नीदरलैंड्स की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति दी है। इससे सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने का अवसर मिलता है। मैं प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से बातचीत करूंगा और यहां के राजा महामहिम विलियम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करूंगा।' प्रधानमंत्री ने कहा कि वे 16 तारीख की सुबह एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करने को लेकर भी उत्सुक हैं।

11:50 PM, 15-May-2026

PM Modi Europe Tour: नीदरलैंड में समकक्ष रॉब-शाही परिवार से मिले पीएम मोदी; अब स्वीडन में भी स्वागत की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंचे, जहां वे व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ वार्ता करेंगे। मोदी 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात की संक्षिप्त यात्रा के बाद नीदरलैंड पहुंचे। इस यूरोपीय देश की मोदी की 2017 के बाद दूसरी यात्रा है।



एम्सटर्डम पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत किसने किया?
नीदरलैंड के हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत एडजुटेंट-जनरल रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार ने किया। लुडगर राजा विलियम-अलेक्जेंडर के सैन्य परिवार प्रमुख भी हैं। इसके अलावा विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन समेत नीदरलैंड सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पीएम का स्वागत किया। शाही परिवार से मुलाकात के अलावा पीएम जेटेन के साथ द्विपक्षीय बातचीत
इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड में अपने समकक्ष जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राजा विलियम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे। यात्रा के दौरान मोदी के भारतीय समुदाय को संबोधित करने और प्रमुख डच व्यापार नेताओं के साथ बातचीत करने की भी उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- PM Modi UAE Visit: भारत में $5 अरब का निवेश करेगा यूएई; रक्षा, ऊर्जा और गैस सप्लाई पर हुए कई अहम समझौते

यूरोप यात्रा से पहले UAE में रुके पीएम मोदी
नीदरलैंड आने से पहले पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में लगभग ढाई घंटे तक रूके। इस संक्षिप्त ठहराव के दौरान उन्होंने अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता की। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच अहम समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें