फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Brazil Visit LIVE: ब्रिक्स समिट में शामिल हुए पीएम मोदी, कहा- आतंकवाद मानवता के लिए सबसे गंभीर चुनौती

Sun, 06 Jul 2025 10:19 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, रियो डी जेनेरियो / ब्रासीलिया।

खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे के चौथे चरण में ब्राजील पहुंचे। पांच देशों की यात्रा पर निकले पीएम मोदी सबसे पहले घाना गए थे। इसके बाद उन्होंने कैरेबियन देश- त्रिनिदाद एंड टोबैगो का दौरा किया। यात्रा के तीसरे चरण में पीएम मोदी अर्जेंटीना गए। अब विदेश दौरे के चौथे पड़ाव पर पीएम मोदी चार दिनों के लिए ब्राजील में रूके हैं। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में वे नामीबिया जाएंगे। जानिए पीएम मोदी के विदेश दौरे से जुड़ी लाइव अपडेट्स
विज्ञापन
बिक्स समिट में पीएम मोदी और अन्य नेता - फोटो : ANI / PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:25 PM, 06-Jul-2025

आतंकवाद मानवता के लिए सबसे गंभीर चुनौती- पीएम मोदी
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 17वें  ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- आतंकवाद आज मानवता के लिए सबसे गंभीर चुनौती बन गया है।

10:18 PM, 06-Jul-2025

ब्रिक्स के वित्त मंत्रियों ने सर्वसम्मति से रखा IMF में सुधार का प्रस्ताव
विकासशील देशों के समूह ब्रिक्स के वित्त मंत्रियों ने शनिवार को अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में सुधार का आह्वान किया। इसमें मताधिकार का विस्तार और यूरोपीय प्रबंधन की परंपरा को समाप्त करना शामिल है। समूह के वित्त मंत्रियों की तरफ से जारी संयुक्त वक्तव्य के अनुसार, पहली बार ब्रिक्स देशों ने प्रस्तावित सुधारों पर सहमति व्यक्त की। सदस्य देशों के नेता दिसंबर में होने वाली आईएमएफ समीक्षा बैठक में साझा प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए सहमत हुए। 

इसमें योगदान और मतदान अधिकारों को परिभाषित करने वाली कोटा प्रणाली में बदलावों पर चर्चा की जाएगी। बयान के अनुसार, कोटा पुनर्गठन में वैश्विक अर्थव्यवस्था में सदस्यों की सापेक्ष स्थिति को प्रतिबिंबित किया जाना चाहिए तथा सबसे गरीब सदस्यों के कोटा हिस्से की रक्षा भी की जानी चाहिए। नए फार्मूले में विकासशील देशों के लिए कोटा बढ़ाया जाना चाहिए। वार्ता पर नजर रखने वाले ब्राजील के एक अधिकारी ने बताया कि ब्रिक्स मंत्रियों ने आर्थिक उत्पादन और क्रय शक्ति के आधार पर एक नए फार्मूले की मांग की, जिसमें मुद्राओं के सापेक्ष मूल्य पर विचार किया जाए, ताकि निम्न आय वाले देशों का बेहतर प्रतिनिधित्व हो सके।

09:10 PM, 06-Jul-2025

'दोहरे मानदंडों का शिकार रहा है ग्लोबल साउथ'
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'ग्लोबल साउथ अक्सर दोहरे मानदंडों का शिकार रहा है। चाहे विकास की बात हो, संसाधनों के वितरण की बात हो या सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की, ग्लोबल साउथ के हितों को प्राथमिकता नहीं दी गई है। जलवायु वित्त, सतत विकास और प्रौद्योगिकी पहुंच जैसे मुद्दों पर ग्लोबल साउथ को अक्सर सिर्फ औपचारिक इशारे ही मिले हैं'। पीएम मोदी ने आगे कहा '20वीं सदी में बनी वैश्विक संस्थाएं 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने में असमर्थ हैं। चाहे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्ष हों, महामारी हो, आर्थिक संकट हो या साइबरस्पेस में नई उभरती चुनौतियां हों, इन संस्थाओं के पास कोई समाधान नहीं है'।

आज दुनिया को एक नई व्यवस्था की जरूरत है- पीएम
17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा, 'आज दुनिया को एक नई, बहुध्रुवीय और समावेशी विश्व व्यवस्था की जरूरत है। इसकी शुरुआत वैश्विक संस्थाओं में व्यापक सुधारों से करनी होगी। सुधार केवल प्रतीकात्मक नहीं होने चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक प्रभाव भी दिखना चाहिए।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '20वीं सदी में गठित वैश्विक संस्थाओं में मानवता के दो तिहाई हिस्से को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। आज की वैश्विक अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देने वाले देशों को निर्णय लेने वाली मेज पर जगह नहीं दी गई है। यह केवल प्रतिनिधित्व का सवाल नहीं है, बल्कि विश्वसनीयता और प्रभावशीलता का भी सवाल है। ग्लोबल साउथ के बिना ये संस्थाएं सिम कार्ड वाले मोबाइल की तरह लगती हैं, लेकिन नेटवर्क नहीं।'

विज्ञापन
09:04 PM, 06-Jul-2025

एआई के युग में हर हफ्ते तकनीक अपडेट होती है- पीएम मोदी
17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा 'एआई के युग में, जहां हर हफ्ते तकनीक अपडेट होती है, यह स्वीकार्य नहीं है कि कोई वैश्विक संस्थान 80 साल में एक बार भी अपडेट न हो। 20वीं सदी के टाइपराइटर 21वीं सदी के सॉफ्टवेयर को नहीं चला सकते'।

09:02 PM, 06-Jul-2025

ब्रिक्स के विस्तार पर बोले पीएम मोदी
17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'ब्रिक्स का विस्तार और नए मित्रों का जुड़ना इस बात का सबूत है कि ब्रिक्स एक ऐसा संगठन है जो समय के हिसाब से खुद को बदल सकता है। अब हमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, विश्व व्यापार संगठन और बहुपक्षीय विकास बैंकों जैसी संस्थाओं में सुधार के लिए भी यही इच्छाशक्ति दिखानी होगी।'
 

विज्ञापन
09:00 PM, 06-Jul-2025

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट की शुरुआत से पहले दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से मुलाकात की।
 

08:58 PM, 06-Jul-2025

वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता- MEA
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'वैश्विक चुनौतियों से निपटने और साझा मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में फैमिली फोटो के लिए ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ शामिल हुए।'
 

08:57 PM, 06-Jul-2025

'ब्रिक्स में वैश्विक भविष्य को आकार देने की अपार क्षमता है'
वहींं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- 'ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में शिखर सम्मेलन में साथी ब्रिक्स नेताओं के साथ, निकट सहयोग और साझा विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए। ब्रिक्स में अधिक समावेशी और न्यायसंगत वैश्विक भविष्य को आकार देने की अपार क्षमता है।'
 

08:13 PM, 06-Jul-2025

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल हुए पीएम मोदी
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शिरकत की।
 

पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट को लेकर कहा कि ब्रिक्स आर्थिक सहयोग और वैश्विक भलाई के लिए एक शक्तिशाली ताकत बना हुआ है, जब समूह के सदस्य देशों के कई शीर्ष नेता शिखर वार्ता के लिए इस समुद्र तटीय ब्राजील के शहर में एकत्र हुए। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लिया, जिसकी मेजबानी प्रभावशाली समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में ब्राजील की तरफ से की जा रही है। ब्रिक्स एक प्रभावशाली समूह के रूप में उभरा है क्योंकि यह दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ लाता है, जो वैश्विक आबादी का लगभग 49.5 प्रतिशत, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का लगभग 26 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है। ब्रिक्स, जिसमें मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं, का विस्तार 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल करने के लिए किया गया, जिसमें इंडोनेशिया 2025 में शामिल होगा। भारत अगले वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता करेगा।

07:57 PM, 06-Jul-2025

पीएम मोदी ने विश्व के नेताओं संग खिंचाई पारिवारिक तस्वीर
ब्राजील में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य विश्व नेता रियो डी जेनेरियो में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पारिवारिक तस्वीर के लिए एकत्रित हुए।
 
 

07:36 PM, 06-Jul-2025

राष्ट्रपति लूला से मिले पीएम मोदी
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए आधुनिक कला संग्रहालय पहुंचे। यहां पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात की।
 

07:33 PM, 06-Jul-2025

राष्ट्रपति लूला ने किया पीएम मोदी का स्वागत
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचने पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा से हाथ मिलाते और गले मिलते हुए।
 

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति लूला का जताया आभार
वहीं इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'रियो डी जेनेरियो में इस वर्ष के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए राष्ट्रपति लूला का आभारी हूं। ब्रिक्स आर्थिक सहयोग और वैश्विक भलाई के लिए एक शक्तिशाली ताकत बनी हुई है।'
 

07:23 AM, 06-Jul-2025

भारत से बड़ी संख्या में उद्योगपति रियो डी जेनेरो पहुंचे हैं
ब्राज़ील में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले भारत से बड़ी संख्या में उद्योगपति रियो डी जेनेरो पहुंचे हैं। उन्होंने भारत और ब्राज़ील के बीच व्यापार को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।

06:45 AM, 06-Jul-2025

बच्चे को दुलारते दिखे पीएम मोदी...
ब्राजील में पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीय लोगों से मुलाकात के दौरान एक बच्चे को भी दुलारा। प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर इन प्रवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इनमें कुछ लोगों ने पीएम मोदी को शॉल-गमछा जैसा वस्त्र भी उपहार में दिया।

06:36 AM, 06-Jul-2025

भारतीय समुदाय ने पारंपरिक अंदाज में किया पीएम मोदी का स्वागत
चौथी बार ब्राजील दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से उत्साहित भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। ऑपरेशन सिंदूर लिखा पोस्टर भी ले रखा था।  महिलाओं ने पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नृत्य के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया। रियो डी जेनेरियो में आयोजित इस स्वागत समारोह में ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित एक विशेष प्रस्तुति भी दी गई।

06:25 AM, 06-Jul-2025

सांस्कृतिक गीत से पीएम मोदी का स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत में भारतीय प्रवासी लोगों के दल ने सांस्कृतिक नृत्य और गीत प्रस्तुत किए।

06:03 AM, 06-Jul-2025

पीएम मोदी के आने का सभी को इंतजार: पटेल
प्रधानमंत्री मोदी की ब्राजील यात्रा के बारे में मेघमणि ऑर्गेनिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और फिक्की गुजरात के उपाध्यक्ष नटू एम पटेल ने कहा कि हम परसों ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील पहुंचे। यहां सभी लोग प्रधानमंत्री मोदी के आने का इंतजार कर रहे हैं। ब्राजील के पास बहुत अच्छी तकनीक है। भारत के पास खेती के क्षेत्र में ब्राजील को देने के लिए कई अच्छी चीजें हैं। आज हर कोई भारत को एक ऐसा देश मानता है जो काम करके दिखाता है और अच्छे नतीजे देता है।
 

05:54 AM, 06-Jul-2025

हर कोई पीएम मोदी से मिलने के लिए उत्साहित: सुरेश
किरी इंडस्ट्रीज ग्रुप के सचिव सुरेश गोंडालिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ब्राजील आना बहुत जरूरी है ताकि बाकी सदस्य देशों को भी फायदा मिल सके। भारत हमेशा से दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहा है। यहां मौजूद सभी लोग पूछ रहे हैं कि प्रधानमंत्री कब आएंगे और सभी उनसे मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं।
 

05:41 AM, 06-Jul-2025

हर जगह नजर आ रहा पीएम मोदी का नेतृत्व: मनीष
पीएम मोदी की ब्राजील यात्रा पर किरि इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मनीष किरी ने कहा कि पिछले तीन दिनों से हम ब्रिक्स देशों के व्यापारियों, उद्योगों और नीति निर्माताओं से खुलकर बात कर रहे हैं। भारत को लेकर सभी का रवैया बहुत सकारात्मक है। आज भारत दुनिया में सबसे उज्ज्वल स्थिति में है। आने वाले समय में भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनने वाला है। पीएम मोदी ने जो बड़े बदलाव और नीतियां लागू की हैं, उनकी वजह से ब्राजील और भारत ही नहीं, बल्कि सभी ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार और सहयोग के नए मौके बन रहे हैं। पीएम मोदी का नेतृत्व हर जगह नजर आ रहा है। ब्राजील में भी उन्हें एक वैश्विक नेता के रूप में देखा जा रहा है। सभी लोग उनके आने का इंतजार कर रहे हैं।
 

05:15 AM, 06-Jul-2025

ब्रिक्स देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और जानकारी साझा करने की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी की ब्राजील यात्रा पर शक्ति ग्रुप के चेयरमैन और एमडी श्रेयांस गोयल ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से हमें ब्रिक्स देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और जानकारी साझा करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ब्राजील इथेनॉल का एक प्रमुख खिलाड़ी है। साल 2005 में हमने पहली बार ब्राजील से भारत में इथेनॉल आयात किया था। लेकिन आज हम ऐसे मुकाम पर खड़े हैं, जहां अगले कुछ वर्षों में हम भारत से इथेनॉल निर्यात करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस शिखर सम्मेलन में इथेनॉल और बायोडीजल जैसे नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र और कृषि, डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी नई तकनीक भारत आएगी। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राजील शुरू से ही ब्रिक्स के सदस्य रहे हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार को और आगे बढ़ाएगी। 
 

04:42 AM, 06-Jul-2025

भारत और ब्राजील की संस्कृतियों को जोड़ने की कोशिश
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा पर ब्राजील में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) की निदेशक ज्योति किरण ने कहा, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह है... ICCR का यह केंद्र भारत और ब्राजील के बीच संपर्क को मज़बूत करने के लिए कड़ी मेहनत करता है। योग और ओडिसी नृत्य कक्षाओं के अलावा, खाना पकाने की कक्षाएं और अन्य उप-सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।
तीन अभिनव परियोजनाएं
बकौल किरण, 'हमारे पास तीन अभिनव परियोजनाएं हैं, जिसमें कैंपस कनेक्ट, एक्सपीरियंस इंडिया डे और सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम, 'इंडिया इन योर लाइब्रेरी' है'। इन सभी परियोजनाओं के जरिए, हम लोगों के बीच संपर्क स्थापित करने की कोशिश करते हैं। इसके जरिए भारत और ब्राजील की संस्कृतियों को जोड़ने की कोशिश भी की जाती है।

04:38 AM, 06-Jul-2025

भारत-ब्राज़ील के रिश्ते और मजबूत हों...
प्रधानमंत्री मोदी के चौथी बार ब्राजील आगमन को लेकर भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य कार्तिक ने कहा, 'मैं हैदराबाद से हूं और पिछले 16 वर्षों से ब्राजील में रह रहा हूं। हम प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए बहुत उत्साहित हैं... हम चाहते हैं कि भारत-ब्राज़ील के रिश्ते और मजबूत हों।

04:33 AM, 06-Jul-2025

प्रधानमंत्री गुजरात के लोगों के लिए रोल मॉडल की तरह
पीएम मोदी के दौरे को लेकर एक अन्य भारतवंशी विजय सोलंकी ने कहा, 'मैं गुजरात से हूं और लंबे समय से ब्राजील में रह रहा हूं। हम बहुत उत्साहित हैं और प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए गौरवान्वित और सम्मानित महसूस कर रहे हैं। विजय ने कहा कि पीएम मोदी उनके लिए एक रोल मॉडल की तरह हैं।

04:27 AM, 06-Jul-2025

पीएम मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए ब्राजील पहुंचे
ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील पहुंच गए। इस दक्षिण अमेरिकी देश के दौरे पर आने के बाद रियो डी जेनेरियो के गैलेओ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ। प्रधानमंत्री मोदी देश के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर ब्राजील पहुंचे हैं। यह उनकी चौथी ब्राजील यात्रा है।

04:10 AM, 06-Jul-2025
पीएम मोदी ब्राजील दौरे पर पहुंचे - फोटो : एएनआई वीडियो ग्रैब

प्रधानमंत्री मोदी के ब्राजील दौरे को लेकर भारतवंशियों में उत्साह
रियो डी जेनेरियो में रहने वाले प्रवासी भारतीय समुदाय की सदस्य पूजा ने बताया, 'मैं गुजरात से हूं और पिछले तीन वर्षों से ब्राजील में रह रही हूं। मैं उनसे मिलने के लिए बहुत उत्साहित हूं।'

04:05 AM, 06-Jul-2025

PM Modi Brazil Visit LIVE: ब्रिक्स समिट में शामिल हुए पीएम मोदी, कहा- आतंकवाद मानवता के लिए सबसे गंभीर चुनौती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अर्जेंटीना के सफल दौरे के बाद ब्राजील रवाना हो गए। यह पीएम मोदी की पांच देशों की यात्रा का चौथा चरण है। ब्राजील में पीएम मोदी रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे । 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई बड़े देशों के नेताओं के साथ शांति और सुरक्षा, बहुपक्षवाद को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग, जलवायु कार्रवाई, वैश्विक स्वास्थ्य और आर्थिक एवं वित्तीय मामलों सहित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ इन मुद्दों पर बातचीत करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन से इतर कई द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं। ब्राजील की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ब्रासीलिया भी जाएंगे। यहां वे राष्ट्रपति लूला के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य और दोनों देशों की जनता के बीच संपर्क सहित आपसी हित के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सामरिक साझेदारी को व्यापक बनाने पर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें