फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Imran Khan Arrest Live: इमरान को NAB कोर्ट ने आठ दिन की रिमांड में भेजा; पीएम शहबाज ने देश को किया संबोधित

Wed, 10 May 2023 10:14 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

खास बातें

Pakistan Former PM Imran Khan Arrest, PTI Protest Live: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा शुरू हो गई है। मंगलवार को इमरान खान जब सुनवाई के लिए इस्लामाबाद हाईकोर्ट पहुंचे तो उन्हें पाकिस्तान की पैरामिलिट्री फोर्स ने गिरफ्तार कर लिया। जिसका हिंसक विरोध शुरू हो गया है। अभूतपूर्व तरीके से इमरान खान के समर्थकों ने रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय पर हमला कर दिया। साथ ही लाहौर में कॉर्प्स कमांडर के घर पर भी पीटीआई समर्थकों ने हमला बोल दिया। 
 
विज्ञापन
पाकिस्तान में जारी हिंसा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:14 PM, 10-May-2023

प्रदर्शनकारियों को दी चेतावनी
उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ 100 से अधिक NAB मामलों में कोर्ट में पेश हुए। इमरान की गिरफ्तारी भ्रष्टाचार की वजह से हुई है। 60 अरब के घालमेल के मामले में उन पर कार्रवाई हुई है। वे शक के घेरे में हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से मुल्क के हालात गंभीर हो गए हैं। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह दहशतगर्दी है। इमरान ने कानून की धज्जियां उड़ाई हैं। इमरान और पीटीआई समर्थकों ने तोड़फोड़ की, आगजनी की। इमरान के समर्थकों ने देशवासियों को खतरे में डाला। दुश्मन की तरह सरकारी संस्थानों पर हमला किया गया। इमरान की पार्टी ने घटिया हरकत की।  उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई भी शख्स कानून अपने हाथ में लेता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। 

10:07 PM, 10-May-2023

पाक पीएम का संबोधन
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने हिंसा के 31 घंटे बाद देश की आवाम को संबोधित किया। उन्होंने इमरान खान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इमरान के जालिम शासन के बाद हमारी सत्ता आई। सियासत में बदले का अंजाम अच्छा नहीं होता। इमरान के समय कई नेता जेल के अंदर थे। इमरान के जालिम शासन में तुरंत गिरफ्तारी हो जाती है। तब जुर्म नहीं, चेहरा देखा जाता था। उस समय बदले की कार्रवाई होती थी। विपक्षी नेताओं को फर्जी केसों में जेल भेजा गया। इल्जाम पर ही गिरफ्तारी हो जाती थी। हम पर जो इल्जाम लगाए, वो साबित नहीं हुए। हमारा 40 साल का रिकॉर्ड खंगाला गया। हमने कानून का सामना करने से इनकार नहीं किया।

09:56 PM, 10-May-2023

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पाकिस्तान की आवाम को संबोधित कर रहे हैं।

विज्ञापन
05:09 PM, 10-May-2023

इमरान को आठ दिन की रिमांड
इमरान खान को आठ दिन की रिमांड में भेज दिया गया है। NAB कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। इमरान को 17 मई को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

04:50 PM, 10-May-2023

इमरान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
इमरान खान को नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (एनएबी) ने 60 अरब पाकिस्तानी रुपये के घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले में विशेष कोर्ट में सुनवाई हुई। ब्यूरो ने इमरान खान की 14 दिन की रिमांड मांगी। इमरान की बेगम बुशरा के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की गई है। कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा है।

विज्ञापन
04:44 PM, 10-May-2023

पाकिस्तान में हिंसा की घटनाएं जारी
पूर्व PM इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में हिंसा की घटनाएं जारी हैं। अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। पेशावर में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां रेडियो पाकिस्तान की इमारत में आग लगा दी गई है। पंजाब प्रांत में फौज तैनात कर दी गई है। 

03:14 PM, 10-May-2023

लाहौर में पुलिस चौकी पर पीटीआई समर्थकों का हमला
लाहौर में शादमान पुलिस स्टेशन पर पीटीआई समर्थकों के हमला करने की खबर है। इस दौरान पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शनकारी ट्रक में भरकर आए थे और पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। 

03:07 PM, 10-May-2023

इमरान खान को सता रहा मौत का डर
कोर्ट में सुनवाई के दौरान इमरान खान ने कहा कि उन्हें डर है कि उन्हें मारा जा सकता है। पीटीआई चीफ ने कहा कि उन्हें धीरे धीरे मौत वाले इंजेक्शन लगाए जा सकते हैं। इमरान ने कहा कि उन्हें हिरासत में 24 घंटे तक वॉशरूम भी नहीं जाने दिया गया। 

03:01 PM, 10-May-2023

पाकिस्तान के मंत्री अहसान इकबाल ने पीटीआई चीफ इमरान खान की आलोचना की है और उन पर फासीवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक पूर्व खिलाड़ी होने के नाते इमरान को कानून व्यवस्था की इज्जत करनी चाहिए लेकिन इसकी बजाय वह अराजकता को बढ़ावा दे रहे हैं। 

02:58 PM, 10-May-2023
pakistan - फोटो : सोशल मीडिया

हिंसा के चलते पाकिस्तानी पंजाब में सेना तैनात कर दी गई है। कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात को देखते हुए जल्द ही सेना के जवानों की संख्या संबंधी और किन इलाकों में तैनाती की जाएगी, इस पर फैसला लिया जाएगा। वहीं पीटीआई के एक हजार से ज्यादा समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है।  

02:30 PM, 10-May-2023

पाकिस्तान की भ्रष्टाचार निरोधी संस्था नैब ने कोर्ट में इमरान खान की 14 दिन की कस्टडी देने की मांग की है। इमरान खान के मामले पर सुनवाई कर रहे जज मोहम्मद बशीर ने ही भ्रष्टाचार के मामलों में पूर्व पीएम नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज को दोषी ठहराया था। 

02:02 PM, 10-May-2023

इमरान खान को इस्लामाबाद पुलिस लाइन्स में पेश किया गया है। बता दें कि पुलिस लाइन्स में कोर्ट लगाई गई है। इमरान खान को पेश करने के चलते इस्लामाबाद पुलिस लाइन्स के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं पीटीआई नेताओं की गिरफ्तारी की जा रही है। नैब ने कोर्ट में इमरान खान की 14 दिन की न्यायिक हिरासत मांगी है। पीटीआई ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इमरान खान की रिहाई की मांग की है। 

 

01:37 PM, 10-May-2023

पीटीआई नेता असद उमर गिरफ्तार
पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से खबर आ रही है कि पीटीआई नेता असद उमर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस्लामाबाद हाईकोर्ट परिसर से असद उमर की गिरफ्तारी हुई है। असद उमर के साथ अन्य पीटीआई नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया है। ये लोग इमरान खान से मिलने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान इन्हें गिरफ्तार किया गया। 

12:39 PM, 10-May-2023

पीटीआई ने पूरे देश में पार्टी समर्थकों से किया विरोध प्रदर्शन का आह्वान
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने पूरे देश में पार्टी समर्थकों से विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। पीटीआई नेता शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि जब तक उनकी मुलाकात इमरान खान से नहीं कराई जाएगी, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। कुरैशी ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के समय इमरान खान को पीटा गया। 

11:43 AM, 10-May-2023

क्या है अल कादिर ट्रस्ट मामला, जिसमें गिरफ्तार हुए इमरान खान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इमरान खान को अल कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इमरान खान, उनकी पत्नी बुशरा बीबी और कई अन्य पीटीआई नेताओं ने इस्लामाबाद की रियल स्टेट कंपनी बाहरिया टाउन से करीब पांच अरब रुपए और सैंकड़ों कनाल जमीन ली थी। यह जमीन कंपनी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बचाने के बदले ली गई थी। आरोप है कि जमीन दान के रूप में गैर-लाभार्थी संगठन अल कादिर ट्रस्ट को दी गई। खास बात ये है कि इस ट्रस्ट में बस दो ही ट्रस्टी हैं और वो हैं इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी। आरोप है कि इस समझौते के चलते देश के खजाने को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। 

10:36 AM, 10-May-2023

पैरामिलिट्री फोर्स ने क्यों की इमरान खान की गिरफ्तारी?
इमरान खान को पैरामिलिट्री फोर्स ने गिरफ्तार किया था ना कि इस्लामाबाद पुलिस ने। दरअसल पहले पुलिस ही इमरान खान को हिरासत में लेने वाली थी लेकिन आखिरी वक्त में पैरामिलिट्री फोर्स को यह जिम्मेदारी दी गई। 

09:36 AM, 10-May-2023

वॉशिंगटन डीसी में पाकिस्तानी राजदूत के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे पाकिस्तान मूल के लोग।
 

09:33 AM, 10-May-2023

पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, इमरान खान को आज अदालत में पेश किया जाएगा और वह नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो की हिरासत में 4-5 दिन रह सकते हैं। नैब 14 दिन के लिए इमरान खान की हिरासत की मांग कर सकती है। 

09:27 AM, 10-May-2023

दुनिया के कई देशों में भी पीटीआई समर्थक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पीटीआई ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें अमेरिका के शिकागो, न्यूयॉर्क और ब्रिटेन के मैनचेस्टर, लंदन समेत कई शहरों में पीटीआई समर्थक प्रदर्शन करते दिख रहे हैं।   
 

08:46 AM, 10-May-2023

इमरान खान को बुधवार को इस्लामाबाद में पुलिस लाइंस के गेस्ट हाउस में पेश किया जाएगा। इमरान खान की पार्टी पीटीआई के वकीलों का कहना है कि इमरान खान को पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया जा रहा है।  

08:42 AM, 10-May-2023

इस्लामाबाद, कराची, गुंजरावाला, फैसलाबाद, मुल्तान, पेशावर और मरदान जैसे पाकिस्तानी शहरों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं। इस्लामाबाद, पेशावर और लाहौर में धारा 144 लागू कर दी गई है। 
 

08:27 AM, 10-May-2023

Imran Khan Arrest Live: इमरान को NAB कोर्ट ने आठ दिन की रिमांड में भेजा; पीएम शहबाज ने देश को किया संबोधित

पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा शुरू हो गई है। मंगलवार को इमरान खान जब सुनवाई के लिए इस्लामाबाद हाईकोर्ट पहुंचे तो उन्हें पाकिस्तान की पैरामिलिट्री फोर्स ने गिरफ्तार कर लिया। जिसका हिंसक विरोध शुरू हो गया है। अभूतपूर्व तरीके से इमरान खान के समर्थकों ने रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय पर हमला कर दिया। साथ ही लाहौर में कॉर्प्स कमांडर के घर पर भी पीटीआई समर्थकों ने हमला बोल दिया। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें