इमरान खान ने दिया विजयी भाषण
पाकिस्तान में चुनाव नजीते घोषित करने की तय समय सीमा समाप्त होने के बाद परिणाम में देरी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव नतीजों ने सभी को चौंका दिया है। पीटीआई की तरफ से एक्स पर पोस्ट किए गए एआई-जनरेटेड भाषण में पूर्व प्रधानमंत्री खान ने समर्थकों से कहा कि आपने अपना वोट डालकर हकीकी आजादी की नींव रखी है और मैं आपको आम चुनाव 2024 में जीत के लिए बधाई देता हूं। खान ने कहा कि आपके वोट के कारण 'लंदन योजना' विफल हो गई है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को 1,71,024 वोटों के अंतर से जीत मिली है। अपनी सीट जीतने के बाद लाहौर में पार्टी- पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के दफ्तर पहुंचे नवाज शरीफ ने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन), पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
रात 10.20 बजे डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान चुनाव आयोग 165 सीटों के परिणाम घोषित कर चुका है। इमरान समर्थित उम्मीदवार 65 सीटों पर जीत हासिल कर चुके हैं। नवाज शरीफ की पार्टी 45 सीटें जीती है। भुट्टो परिवार की पीपीपी-पी ने 38 सीटों पर जीत हासिल की है। अन्य दलों को 16 सीटें मिली हैं, जबकि जेयूआईएफ को एक सीट मिली है।
पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा, उनकी पार्टी की तरफ से शहबाज शरीफ और पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार सरकार बनाने की संभावनाओं पर मंथन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए जरूरी आंकड़े कैसे बनेंगे, इस बारे में बात करने के लिए शहबाज और इशाक डार आज रात अन्य दलों के नेताओं से संपर्क करेंगे। नवाज शरीफ ने शुक्रवार शाम प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों से भी गठबंधन सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों को मिलकर नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को उबारने में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
त्रिशंकु संसद की अटकलें
74 वर्षीय शरीफ ने कहा कि उनकी पार्टी जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी की तरफ से समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवारों सहित सभी पार्टियों को मिले जनादेश का सम्मान करती है। देश को मुश्किलों से बाहर निकालने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एक साथ बैठने और सरकार बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, हम बार-बार चुनाव नहीं करा सकते। त्रिशंकु संसद की अटकलों के बीच नवाज शरीफ ने कहा, उनकी पार्टी पाकिस्तान को दोबारा संगठित करने के लिए आमंत्रित करती है।
पाकिस्तान में जारी मतगणना के बीच शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ पार्टी मुख्यालय पहुंचे। आधिकारिक नतीजों से पहले समर्थकों को संबोधित करते हुए नवाज ने कहा, 'मैं आपसे प्यार करता हूं... आज आपकी आंखों में रोशनी और चमक दिख रही है। हम आज बधाई दे रहे हैं क्योंकि चुनावों में पीएमएल-एन पाकिस्तान की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।' नवाज शरीफ ने खराब हालात से जूझ रहे पाकिस्तान को दोबारा संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'हमारा एजेंडा केवल खुशहाल पाकिस्तान है। आप जानते हैं कि हमने पिछले कार्यकालों में क्या हासिल किया है।
बता दें कि पाकिस्तान में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को नेशनल असेंबली की 265 में से 133 सीटें चाहिए। एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। पाकिस्तानी संसद के निचले सदन और उच्च सदन को मिलाकर, 336 सीटों में से साधारण बहुमत हासिल करने के लिए 169 सीटों की जरूरत होती है। इसमें महिलाओं और अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित सीटें भी शामिल हैं।
पाकिस्तान में मतदान के बाद जारी गिनती के बीच पूर्व पीएम नवाज शरीफ की पार्टी ने जीत के दावे किए हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने शुक्रवार को कहा, पार्टी सुप्रीमो नवाज शरीफ आम चुनाव के अंतिम नतीजों के बाद 'विजयी भाषण' देने के लिए तैयार हैं।
नवाज के प्रतिद्वंद्वी और 71 साल के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी- पीटीआई भी जीत के दावे कर रही है। नवाज की पार्टी- पीएमएलएन और पीटीआई की जीत के दावों के बीच तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके 74 वर्षीय नवाज शरीफ के पास पाकिस्तान की शक्तिशाली सेना का समर्थन होने की बात भी सामने आई है।
शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर लिखा, पिछली रात मीडिया के एक समूह ने जानबूझकर गलत धारणा बनाई। पीएमएल-एन केंद्र के साथ-साथ पंजाब में भी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा, कुछ नतीजों का इंतजार है। अंतिम नतीजे मिलते ही मियां नवाज शरीफ विजयी भाषण के लिए पीएमएल-एन मुख्यालय जाएंगे।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में शाम 4.15 बजे तक जेल में बंद पूर्व पाकिस्तानी पीएम इमरान खान समर्थित 49 उम्मीदवारों के जीतने की पुष्टि हो चुकी है। इमरान की पार्टी से समर्थन पाने वाले उम्मीदवारों ने 235 सीटों पर चुनावी ताल ठोकी। इसमें 136 पर गिनती पूरी हो चुकी है। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी को 42 सीटें मिली हैं।
पाकिस्तान में निर्वाचन आयोग के अधिकारी आम चुनाव नतीजों में देरी से जूझ रहे हैं। तेजी से सटीक अपडेट के दावे करने वाले मोबाइल एप में शुक्रवार को गड़बड़ी की बात सामने आई। धीमी गति से आ रहे परिणा के बीच धांधली के आरोप भी लग रहे हैं। दरअसल, इस साल पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव प्रबंधन प्रणाली (ईएमएस) एप का बंदोबस्त किया। इस केंद्रीकृत प्रणाली की मदद से चुनावी नतीजों की सारणी रिटर्निंग ऑफिसर को तैयार करनी है। हालांकि, कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक कुल 266 सीटों में से 163 सीटों के अनौपचारिक परिणाम सामने आ चुके हैं। इसके अनुसार पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार 73 सीटों पर आगे चल रहे हैं। पीएमएल-एन 48 और पीपीपी के उम्मीदवार 35 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
शाम करीब 5.30 बजे तक 89 सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। बहुमत का आंकड़ा 134 है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान समर्थित उम्मीदवार रेस में आगे हैं। पीटीआई उम्मीदवारों में 35 जीत चुके हैं। नवाज शरीफ की पार्टी- पीएमएल-एन के उम्मीदवार 28 सीटों पर जीते हैं। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के 18 उम्मीदवार जीते हैं। जेयूआई-एफ और अन्य दलों के आठ उम्मीदवार जीते हैं।
अब तक के नतीजे
पीटीआई समर्थित उम्मीवार: 23
पीएमएल-एन: 18
पीपीपी (पी): 18
जेयूआई-एफ: 0
अन्य: 4
मौलाना फजल उर-रहमान डेरा इस्माइल खान से हारे
JUI-F चीफ मौलाना फजल-उर-रहमान उर्फ मौलाना डीजल खैबर पख्तूनख्वा की डेरा इस्माइल खान (NA-44) सीट से हार गए हैं। उन्हें PTI समर्थक अली अमीन गंडापुर ने हराया।
अब तक के रुझान
नवाज शरीफ जीते
पाकिस्तान की NA-130 सीट से पीएमएल (एन) के मियां मुहम्मद नवाज शरीफ ने 1,71,024 वोटों के साथ चुनाव जीता।
अब तक 14 सीटों के परिणाम आए
क्रिकेटर से राजनेता बने और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक अध्यक्ष 71 वर्षीय इमरान खान जेल में हैं। उन्हें चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था। पार्टी के चुनाव चिह्न 'क्रिकेट बैट' का उपयोग करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद पीटीआई उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इस बीच खबरें हैं कि इमरान समर्थक उम्मीदवार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच चुनाव परिणाम में देरी को लेकर भी कई खबरें आ रही हैं और परिणाम में हेरफेर करने के आरोप लगने लगे हैं।
पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने अब तक आधिकारिक तौर पर खैबर-पख्तूनख्वा (केपी) के केवल चार नतीजे अपलोड किए हैं, जो सभी पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीते हैं। स्थानीय अखबारों की मानें तो अब तक पीटीआई-निर्दलीयों ने छह सीटें जीती हैं, इसके बाद पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने पांच और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने तीन सीटें जीती हैं।
प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, अब तक प्रमुख विजेताओं में पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने लाहौर से एनए 123 सीट 63,953 वोटों के साथ जीत ली है। बलूचिस्तान नेशनल पार्टी के नेता अख्तर मेंगल ने नेशनल असेंबली निर्वाचन क्षेत्र एनए-261 सुरब-कम-कलात-कम-मस्तुंग के लिए 3,404 वोट हासिल करके चुनाव जीता।
पीटीआई का दावा- चुनाव परिणामों में देरी की जा रही
पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी की बेटी मेहर बानो कुरैशी एनए-151 (मुल्तान) में अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। पीटीआई ने दावा किया है कि इमरान खान समर्थित उम्मीदवार के विजयी होने के चलते देश भर में चुनाव परिणामों में देरी की जा रही है।
रुझानों में नवाज-बिलावट पीछे चल रहे
मतगणना के शुरुआती रूझानों के मुताबिक, शरीफ की पार्टी और इमरान की पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच पंजाब प्रांत में कड़ा मुकाबला हो रहा है। पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ लाहौर के एनए-130 सीट पर पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार डॉ. यास्मीन राशिद से पीछे चल रहे हैं। इसी तरह, पीपीपी प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी लाहौर के एनए-127 सीट पर पीछे चल रहे हैं। हालांकि, शरीफ के छोटे भाई शहबाज लाहौर के एनए-123 क्षेत्र में अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं।
मतगणना के बीच इमरान खान ने किया जीत का दावा
पाकिस्तान में मतगणना जारी है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के प्रमुख इमरान खान ने दावा किया है कि लोगों ने बड़ी संख्या में उनके पक्ष में मतदान किया है। इस बार भी उनकी जीत होगी। इमरान ने दावा करते हुए कहा कि उन्हें जनादेश मिलेगा। उन्होंने अपनी जीत पर विश्वास जाहिर किया।