फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel-Hamas War LIVE: गाजा-वेस्ट बैंक के लिए मानवीय सहायता का एलान, अमेरिका देगा एक मिलियन डॉलर की राहत राशि

Thu, 19 Oct 2023 01:25 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, यरुशलम

खास बातें

इस्राइल-हमास युद्ध के बीच मंगलवार को गाजा पट्टी में अल-अहली अरब अस्पताल में कई धमाके हुए। इनमें कम से कम 500 लोगों की मौत हुई है।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने नेतन्याहू को गले लगाकर दिया सांत्वना। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:24 AM, 19-Oct-2023

इस्राइली सेना ने स्कूल के सटे इलाके में की बमबारी

इस्राइल की सेना ने गाजा के खान यूनिस में बुधवार को एक स्कूल के सटे क्षेत्र में बमबारी की। रिपोर्ट के मुताबिक, छर्रे की चपेट में आने से कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। फलस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) द्वारा संचालित इस स्कूल में सैकड़ों लोगों ने शरण ले रखी थी। इस्राइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद गाजा के स्कूलों को विस्थापित लोगों के लिए आश्रय स्थलों में बदल दिया गया है।

01:01 AM, 19-Oct-2023

यहूदी संगठनों ने युद्धविराम की मांग को लेकर अमेरिकी कांग्रेस में दिया धरना

गाजा में युद्धविराम की मांग करने वाले प्रगतिशील यहूदी-अमेरिकी कार्यकर्ता यूएस कैपिटल (अमेरिकी संसद भवन) के अंदर धरना दे रहे हैं। इस तरह वह अपनी मांगों को सांसदों तक पहुंचाना चाहते हैं। वहीं, यहूदी संगठनों द्वारा व्हाइट हाउस के पास भी घंटों तक इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों प्रदर्शनकारी बुधवार को वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के निवास के बाहर जुटे और युद्ध को समाप्त करने का आग्रह किया।
 

11:59 PM, 18-Oct-2023

तेल अवीव में सायरन की आवाज सुन भागते हुए दिखे लोग 

इस्राइल-हमास युद्ध के बीच गाजा पट्टी से सेट इस्राइली क्षेत्रों में रॉकेट हमले का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में हमले की आशंका के कारण लगातार सायरन बज रहे हैं। इस्राइल के प्रमुख शहर तेल अवीव में बुधवार शाम को अचानक सायरन बजने लगे। इसके बाद बाहर घूम रहे लोगों को बंकरों में शरण लेने के लिए भागते हुए देखा गया।

विज्ञापन
10:09 PM, 18-Oct-2023

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि मैंने गाजा और वेस्ट बैंक में मानवीय सहायता के लिए 100 मिलियन डॉलर की घोषणा की है। यह धन एक मिलियन से अधिक विस्थापित और संघर्ष प्रभावित फलस्तीनियों को मदद मुहैया कराएगा। हमारे पास ऐसस तंत्र है, जिससे यह सहायता जरूरतमंदों तक पहुंच सके,  हमास या आतंकवादी समूह तक नहीं।

09:10 PM, 18-Oct-2023

अमेरिका ने इस्राइल पर हमास के हमलों और नागरिकों के खिलाफ सभी तरह की हिंसा की निंदा और गाजा के लिए सहायता के आग्रह वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को वीटो किया।

विज्ञापन
09:10 PM, 18-Oct-2023

इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि वह मिस्र को गाजा पट्टी में मानवीय सहायता पहुंचाने की अनुमति देगा।

07:04 PM, 18-Oct-2023

अमेरिका ने इस्राइल पर हमले के जवाब में हमास के 10 सदस्यों के एक समूह और उसके वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की।

05:05 PM, 18-Oct-2023

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि जब आप अपने लोगों की रक्षा के लिए काम करते हैं तो हम इस्राइल का समर्थन करना जारी रखेंगे। हम निर्दोष नागरिकों और अधिक त्रासदी को रोकने के लिए आपके और पूरे क्षेत्र में भागीदारों के साथ काम करना जारी रखेंगे।
 

05:02 PM, 18-Oct-2023

विश्व का आक्रोश हमास के खिलाफ होना चाहिए 
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह एक अलग तरह का युद्ध होगा क्योंकि हमास एक अलग तरह का दुश्मन है। जबकि इस्राइल नागरिकों की मौतों को कम करना चाहता है, हमास नागरिक हताहतों को अधिकतम करना चाहता है। हमास ज्यादा से ज्यादा लोगों को मारना चाहता है। उन्हें फलस्तीनी लोगों के जीवन की कोई परवाह नहीं है। हर दिन वे दोहरे युद्ध अपराध को अंजाम देते हैं। अपने नागरिकों के पीछे छिपकर वे हमारे नागरिकों को निशाना बनाते हैं, खुद को नागरिक आबादी में शामिल करते हैं और उन्हें मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करते हैं। हमने इसकी कीमत देखी है मानवता के खिलाफ यह भयानक दोहरा युद्ध अपराध हमास पिछले 11 दिनों में कर रहा है। 

नेतन्याहू ने कहा कि कल जब फलस्तीनी आतंकवादियों द्वारा दागा गया एक रॉकेट फेल हो गया और गाजा के एक अस्पताल पर जा गिरा तो पूरी दुनिया का गुस्सा जायज था। यह आक्रोश इस्राइल पर नहीं बल्कि आतंकवादियों पर होना चाहिए।  

04:49 PM, 18-Oct-2023

आईडीएफ तकनीकी इंटेल साक्ष्य जारी किए
इस्राइली रक्षा बल (IDF) ने गाजा में अस्पताल पर हमले में इस्लामिक जिहाद का हाथ होने के महत्वपूर्ण तकनीकी इंटेल साक्ष्य जारी किए हैं। इस्राइली रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने एक ऑडियो जारी किया है। इसमें दावा किया गया है कि यह दो आतंकवादियों के बीच बातचीत है। इसमें आतंकी स्वीकार कर रहे हैं कि अस्पताल पर दागा गया रॉकेट उनके ग्रुप का था।

04:44 PM, 18-Oct-2023

 अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कही ये बात
तेल अवीव में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि आतंकवादी समूह हमास ने 1300 से अधिक लोगों की हत्या कर दी है, जिनमें 31 अमेरिकी भी शामिल हैं। उन्होंने बच्चों सहित कई लोगों को बंधक बना लिया है। उन्होंने ऐसे अत्याचार किए हैं जो ISIS को कुछ हद तक अधिक तर्कसंगत बनाते हैं। उन्होंने नेतन्याहू के साथ बैठक में कहा कि कल गाजा के अस्पताल में हुए विस्फोट से मुझे बहुत दुख हुआ। मैंने जो देखा है, उस आधार पर ऐसा प्रतीत होता है मानो यह काम आपके द्वारा नहीं किया गया है। 

02:36 PM, 18-Oct-2023

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस्राइल दौरे के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का शुक्रिया जताते हुए कहा, "धन्यवाद राष्ट्रपति महोदय.... आज, कल और हमेशा इज़राइल के साथ खड़े रहने के लिए आपका धन्यवाद।" 

02:34 PM, 18-Oct-2023

बाइडन के सामने नेतन्याहू बोले- 7 अक्तूबर का दिन बदनाम रहेगा

तेल अवीव में इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, "7 अक्तूबर को हमास ने एक ही दिन में 1400 इस्राइलियों की हत्या कर दी....7 अक्तूबर, एक और दिन है जो बदनामी में रहेगा। राष्ट्रपति महोदय, आपने सही कहा कि हमास ISIS से भी बदतर है। हमास को हराने के लिए सभ्य दुनिया को एकजुट होना होगा।"

02:12 PM, 18-Oct-2023

अल-अहली अस्पताल पर हुए हमले के लिए फलस्तीनी इस्लामिक जिहाद जिम्मेदार

इस्राइल और हमास के बीच युद्ध में करीब पांच हजार लोगों की मौत हो गई। इस बीच, मंगलवार को गाजा के अस्पताल में विस्फोट हो गया, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई। इस हमले का आरोप दोनों ही एक दूसरे पर मढ़ रहे हैं। बढ़ते विवाद के बीच इस्राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने हमास के आंतकी का एक ऑडियो जारी किया है। इसमें आंतकी को सुना जा सकता है कि वह अस्पताल में जिस रॉकेट से हमला हुआ उसके बारे में बात कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर...

01:34 PM, 18-Oct-2023

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इस्राइल के बेन गुरिओन एयरपोर्ट पर उतरने के बाद तेल अवीव में इस्राइली राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बैठक के लिए रवाना हो गए। 

01:24 PM, 18-Oct-2023

इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच इस्राइल पहुंचे बाइडन

इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इस्राइल के तेल अवीव पहुंचे। 

01:01 PM, 18-Oct-2023

आईडीएफ ने जारी की हमास की ऑडियो रिकॉर्डिंग

इस्राइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने हमास ऑपरेटिव की ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की है जिसमें गाजा अस्पताल में विस्फोट का कारण बनने वाले रॉकेट के बारे में बात की गई है।

12:37 PM, 18-Oct-2023

इस्राइल-हमास युद्ध पर इस्राइल ने गिगी हदीद को घेरा

इस्राइली सरकार ने मॉडल-अभिनेत्री गिगी हदीद द्वारा इस्राइल-हमास के बीच जारी युद्ध को लेकर किए गए पोस्ट की आलोचना की है। हदीद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस्राइल-हमास युद्ध पर चर्च करते हुए इसे अनुचित त्रासदी बताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि वह किसी भी यहुदी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का समर्थन नहीं करती है। अभिनेत्री के इस पोस्ट पर इस्राइल सरकार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पढ़ें पूरी खबर...

11:31 AM, 18-Oct-2023

एक्स पर पोस्ट कर घिरे नेतन्याहू, डिलीट किया तो फलस्तीन बोला- हमारे पास स्क्रीनशॉट

इस्राइल और हमास के बीच पिछले 12 दिनों से युद्ध जारी है, जिसमें करीब पांच हजार लोगों की मौत हो गई। इस बीच मंगलवार को गाजा के अस्पताल में विस्फोट हो गया, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई। हमले के तुरंत बाद इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने एक ट्वीट किया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। अब ट्वीट हटाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। इस हमले का आरोप दोनों ही एक दूसरे पर मढ़ रहे हैं। एक तरफ इस्राइल हमास पर आरोप लगा रहा तो वहीं फलस्तीनी राजदूत ने नेतन्याहू को झूठा बताया है। पढ़ें पूरी खबर...

11:08 AM, 18-Oct-2023

बाइडन के दौरे से पहले इस्राइल में चाक चौबंद सुरक्षा

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के इस्राइल दौरे से पहले यहां सुरक्षा में बढ़ोतरी की गई है। हमास की ओर से हो रहे हमलों के बीच इस्राइल पुलिस ने सभी जगहों की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी है। तेल अवीव से लेकर यरुशलम तक पुलिस घोड़े पर बैठकर दबिश दे रही है। 

10:45 AM, 18-Oct-2023

गाजा पट्टी पर इस्राइल की एयरस्ट्राइक जारी

गाजा में अल-अहली अस्पताल में भीषण धमाके में 500 से ज्यादा लोगों की जान जाने की आशंका है। इसे लेकर कई देशों ने इस्राइल पर बर्बरता के आरोप लगाए हैं। जबकि इस्राइल ने इन हमलों में हाथ होने से साफ इनकार किया है। इस बीच इस्राइल ने गाजा में हमास के ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखा है। बताया गया है कि इस दौरान इस्राइली वायुसेना ने हमास के दो आतंकियों को मार गिराया। इनमें एक का नाम मोहम्मद अलवादिया बताया गया है, जो कि हमास की गाजा सिटी ब्रिगेड में एंटी-टैंक सिस्टम का कमांडर था। वहीं दूसरे का नाम अकरम हिजाज है, जिसे आतंकी फंड्स और हथियारों का सौदागर बताया गया है। 

10:22 AM, 18-Oct-2023

गाजा के अस्पताल में मौतों के बाद कई शहरों में प्रदर्शन

गाजा में अस्पताल में विस्फोट के बाद मासूमों की मौत को लेकर दुनिया के कई शहरों में प्रदर्शन हुए हैं। इनमें वेस्ट बैंक से लेकर लेबनान, जॉर्डन, लीबिया और ईरान जैसे देश शामिल हैं। वेस्ट बैंक में बड़ी संख्या में लोगों को अपनी पुसिस से ही भिड़ते देखा गया। 

10:00 AM, 18-Oct-2023

गाजा में बंधक बनाए गए लोगों को रिहा करने के लिए तैयार हमास

इस्राइल-हमास के बीच जारी युद्ध में अबतक 1400 इस्राइली नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं गाजा पट्टी में करीबन 3000 लोगों की जान गई है। मंगलवार को गाजा पट्टी स्थित अस्पताल में धमाके के बाद कई और लोगों के मारे जाने की खबर है। इस बीच हमास बंधक बनाए गए सैकड़ों इस्राइली नागरिकों को रिहा करने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन इसके लिए उसने एक शर्त रखी है। पढ़ें पूरी खबर...

09:37 AM, 18-Oct-2023

युद्ध के 11वें दिन बैकफुट पर आया हमास

इस्राइल और फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास के बीच चल रहे संघर्ष पर सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी ने बड़ा दिया है। उनका कहना है कि गाजा में कई कमांडरों के मारे जाने के बाद हमास बैकफुट पर है और बंधकों को मेहमान बताकर छोड़ने की बात कर रहा है। रक्षा विशेषज्ञ कुलकर्णी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का इस्राइली दौरा हमास के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा, क्योंकि वे खुलकर हमास का समूल नाश को जरूरी बता चुके हैं और इसके लिए इस्राइल को जो भी चाहिए मुहैया कराएंगे। पढ़ें पूरी खबर...

09:19 AM, 18-Oct-2023

जिन लोगों ने हमारे बच्चों के मारा, उन्होंने अपने बच्चों की भी हत्या की: नेतन्याहू

वहीं, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पूरी दुनिया को यह पता होना चाहिए कि गाजा के बर्बर आतंकवादियों ने ही गाजा के अस्पताल पर हमला किया है, आईडीएफ का इसमें कोई हाथ नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हमारे बच्चों की बेरहमी से हत्या की, उन्होंने अपने बच्चों की भी हत्या कर दी।

08:56 AM, 18-Oct-2023

इस्राइली सेना ने क्या कहा?

उधर इस्राइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के अफसरों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चलता है कि गाजा के अस्पताल में विस्फोट हमास के असफल रॉकेट लॉन्च के कारण हुआ। आईडीएफ ने अपने एनालिसिस के आधार पर कहा कि जिस दौरान अल-अहली अल-महदी अस्पताल में ब्लास्ट हुआ, ठीक उसी दौरान गाजा में कुछ आतंकियों की तरफ से रॉकेटों का एक जत्था अस्पताल के पास से ही छोड़ा गया था। उन्होंने फलस्तीन के संगठन इस्लामिक जिहाद को हमले का जिम्मेदार बताते हुए कहा कि अस्पताल में मासूमों की मौत का जिम्मेदार इस्लामिक जिहाद संगठन ही है। आईडीएफ प्रवक्ता ने कहा कि इस्राइल के पास कई ऑडियो रिकॉर्डिंग हैं, जिसमें हमास के लोग इस धमाके के पीछे इस्लामिक जिहाद को जिम्मेदार बता रहे हैं। 

08:35 AM, 18-Oct-2023

अस्पताल में हमले को लेकर अब तक क्या जानकारी सामने आई?

इस्राइल-हमास युद्ध के बीच मंगलवार को गाजा पट्टी में अल-अहली अरब अस्पताल में कई धमाके हुए। इनमें कम से कम 500 लोगों की मौत हुई है। गाजा में सत्तारूढ़ हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। प्रवक्ता ने कहा कि अस्पताल की ध्वस्त इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। गौरतलब है कि गाजा के कई अस्पताल सैकड़ों लोगों के लिए शरणस्थल बन गए हैं।

08:14 AM, 18-Oct-2023

Israel-Hamas War LIVE: गाजा-वेस्ट बैंक के लिए मानवीय सहायता का एलान, अमेरिका देगा एक मिलियन डॉलर की राहत राशि

इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को अब 12 दिन हो चुके हैं। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से रॉकेट हमलों और गोलीबारी में करीब 5000 की जान जा चुकी है। मंगलवार देर रात ही गाजा पट्टी में एक अस्पताल में हुए धमाके में कम से कम 500 लोगों की जान जाने की खबर है। अभी यह साफ नहीं है कि अस्पताल में यह हादसा किस तरफ से हमले में हुआ। जहां हमास ने अस्पताल में हमले के पीछे इस्राइली वायुसेना को जिम्मेदार ठहराया है, तो वहीं इस्राइल का कहना है कि इस हमले की वजह फलस्तीन के इस्लामिक जिहाद (PIJ) संगठन की ओर से की गई रॉकेटों की बारिश है, जो उसके अपने ही लोगों को निशाना बना गई। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें