Israel Hamas War LIVE news and updates: इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष शुरू हुए अब दो हफ्ते से ज्यादा समय हो चुका है। आज 18वां दिन होने जा रहा है। दोनों ही तरफ से अब तक किए गए हमलों में मौतों का आंकड़ा अब साढ़े छह हजार के पार चला गया है। जहां इस्राइल में हमास के हमले में 1400 की जान गई है, वहीं गाजा पट्टी पर इस्राइल की जवाबी कार्रवाई में मौतों का आंकड़ा 5000 के पार जा चुका है। संघर्ष के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन इस्राइल के तेल अवीव पहुंचे हैं। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष से जुड़े अपडेट्स...
इस्राइल पर दागे गए रॉकेट के जवाब में इस्राइली सेना ने सीरिया में हवाई हमला किया। इस्राइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मंगलवार को सीरिया से इस्राइल की ओर रॉकेट दागे गए। इसके जवाब में आईडीएफ लड़ाकू विमानों ने सीरियाई सेना से संबंधित सैन्य बुनियादी ढांचे और मोर्टार लॉन्चर पर हमला किया।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में मेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि आतंकवाद के सभी कार्य गैरकानूनी और अनुचित हैं। चाहे वे नैरोबी या बाली में लोगों को निशाना बनाएं, मुंबई, न्यूयॉर्क या किबुत्ज में लोगों को निशाना बनाएं। आईएसआईएस, बोको हराम, लश्कर ए तैयबा या हमास इन सभी के दहशतभरे काम अनुचित हैं। लोगों को उनके विश्वास, जातीयता, राष्ट्रीयता या कोई अन्य कारण के आधार पर निशाना बनाया जाए, यह ठीक नहीं है। इस परिषद की जिम्मेदारी उन सदस्य देशों की निंदा करने की है, जो हमास या ऐसे भयानक कृत्यों को अंजाम देने वाले किसी भी अन्य आतंकवादी समूह को हथियार देते हैं, धन देते हैं और प्रशिक्षित करते हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि 7 अक्तूबर को हमास ने जिन 1,400 से अधिक लोगों की हत्या की, उनमें से 30 से अधिक संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों के नागरिक थे। पीड़ितों में कम से कम 33 अमेरिकी नागरिक शामिल हैं।
इस्राइल ने हमास कमांडर अब्द अल रहमान को मार गिराया। खलील महजाज और खलील तेथारी को भी इस्राइली सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया।
इस्राइल-गाजा संघर्ष पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में फलस्तीन के विदेश मामलों के मंत्री रियाद अल-मलिकी ने कहा कि अभी जब प्रतिनिधि अपना भाषण दे रहे हैं, संघर्ष की वजह से 60 बच्चों सहित 150 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। दो सप्ताह में 5,700 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं। इनमें 2,300 से अधिक बच्चे और 1,300 महिलाएं शामिल हैं। ऐसे इस्राइल सुरक्षित नहीं बनेगा। कोई भी हथियार, कोई गठबंधन इसकी सुरक्षा में योगदान नहीं देगा। हमारी आजादी साझा शांति और सुरक्षा की शर्त है। यह स्पष्ट होना चाहिए कि यह केवल गाजा पट्टी में फलस्तीनी लोगों के खिलाफ शुरू किए गए इस्राइली युद्ध को तत्काल समाप्त करके ही प्राप्त किया जा सकता है।
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि एक दिन पहले गाजा में इस्राइली हवाई हमलों में 700 से अधिक लोग मारे गए।
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने फलस्तीनी-इस्राइल संघर्ष को और बढ़ने से रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युद्ध के वैश्विक प्रभाव और मौजूदा जंग और शांति के बीच का विकल्प निकालने का हवाला दिया। वांग ने कहा कि मौजूदा फलस्तीनी-इस्राइल संघर्ष अगर और बढ़ा तो और भी गंभीर मानवीय कठिनाई पैदा होगी।
इस्राइल-हमास के बीच चल रहे संघर्ष के बीच फलस्तीन के समर्थन में आज तमिलनाडु के कोयंबटूर में कई संगठनों के सदस्य एक साथ एकत्र हुए।
इस्राइली राष्ट्रपति आईजैक हरजॉग ने फ्रांस के अपने समकक्ष को बताया कि वह लेबनान की स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हिजबुल्ला आग से खेल रहा है। साथ ही मुझे लगता है कि ईरानी साम्राज्य उनका समर्थन कर रहा है और मध्य पूर्व को अस्थिर करने के लिए दिन-ब-दिन काम कर रहा है। वह आग से खेल रहा है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम अपनी उत्तरी सीमा पर किसी और के साथ टकराव की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। हमारा ध्यान हमास के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने और अपने नागरिकों को घर वापस लाने पर है।