फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War LIVE: 18 अक्तूबर को इस्राइल जा सकते हैं US राष्ट्रपति बाइडन, ब्रिटेन ने किया मदद का एलान

Tue, 17 Oct 2023 02:22 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, येरुशलम

खास बातें

Israel Hamas Palestine War Live News in Hindi: इस्राइल पर हमास की ओर से हमला शुरू किए अब 10 दिन हो चुके हैं। इस हमले की वजह से इस्राइल में अब तक 1400 लोगों की जान जा चुकी है। दूसरी तरफ इस्राइल की तरफ से गाजा पट्टी पर किए गए पलटवार में मौतों का आंकड़ा अब 2500 के करीब पहुंच चुका है। यह स्थिति तब है, जब इस्राइल की ओर से गाजा पर सिर्फ हवाई हमले किए गए हैं। बताया गया है कि इस्राइली सेना जल्द ही गाजा पर समुद्र और जमीनी मार्ग से भी हमला कर सकती है। इन स्थितियों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइल को सतर्क रहने और गाजा में किसी तरह के कब्जे को गलत करार दिया है। इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष पर यहां पढ़ें ताजा अपडेट...
विज्ञापन
इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी पर हमले जारी। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:22 AM, 17-Oct-2023

तेल अवीव में सायरन बजने पर नेतन्याहू और ब्लिंकन को लेनी पड़ी शरण 

तेल अवीव में रॉकेट हमले की आशंका के बीच सायरन बजने के बाद इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कुछ समय के लिए बंकर में शरण ली। इस घटना ने शीर्ष अमेरिकी राजनयिक के सामने आने वाले जोखिमों को रेखांकित किया। ब्लिंकन इस समय संघर्ष को रोकने के लिए मध्य पूर्व के दौरे पर हैं।

01:52 AM, 17-Oct-2023

बंधकों के परिवारों से मिले फ्रांस के पूर्व प्रधानमंत्री मैनुएल वाल्स

तेल अवीव पहुंचे फ्रांस के पूर्व प्रधानमंत्री मैनुएल वाल्स ने कई फ्रांसीसी नागरिकों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, जो इस्राइल पर हमास के हमले के बाद से लापता हैं। फ्रांस की नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कार्ल ओलिव ने कहा, हमने बंधक बनाए गए लोगों के परिवार के सदस्यों के साथ एक घंटे से अधिक समय बिताया। उन्होंने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की प्राथमिकता बंधकों को बचाना है और इस समय वह भागीदारों के साथ बात कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि सभी बंधकों को रिहा किया जाए।

 

01:12 AM, 17-Oct-2023

इस्राइली सेना ने तीन रॉकेट को आसमान में किया नष्ट

इस्राइल की सेना ने तेल अवीव शहर की ओर दागे गए तीन रॉकेट को आसमान में ही नष्ट कर दिया। इस तरह से इस्राइली सेना एक दिन में तीसरी बार रॉकेट हमले को रोकने में सफल रही। वीडियो में तेल अवीव के आसमान में विस्फोट देखे जा सकते हैं। इस्राइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने ट्वीट किया कि तेल अवीव और येरूशलम में सायरन बज रहे हैं।

विज्ञापन
10:42 PM, 16-Oct-2023

ब्रिटेन ने फलस्तीनी नागरिकों के लिए सहायता की घोषणा की

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बढ़ते इस्राइल-गाजा संघर्ष के बीच सोमवार को कब्जे वाले फलस्तीनी क्षेत्रों (ओपीटी) में नागरिकों के लिए मानवीय सहायता का एलान किया। इसके लिए मानवीय सहायता निधि में 10 मिलियन जीबीपी की घोषणा की गई। उन्होंने पुष्टि की कि जंग के दौरान छह ब्रिटिश नागरिक मारे गए हैं। 10 अभी भी लापता हैं। हाउस ऑफ कॉमन्स में संसद के सदस्यों को संबोधित करते हुए सनक ने हमास की निंदा की। उन्होंने सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमास के हमलों को नरसंहार करार दिया।

10:29 PM, 16-Oct-2023

वास्तविक संघर्ष का क्षण: नेतन्याहू

इस्राइल के प्रधानमंत्री के कार्यालय ने ट्वीट किया कि 25वें नेसेट के दूसरे सत्र की शीतकालीन असेंबली के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह उन लोगों के खिलाफ वास्तविक संघर्ष का क्षण है, जो हमें नष्ट करने के लिए हमारे खिलाफ उठे हैं।

विज्ञापन
08:42 PM, 16-Oct-2023

नरसंहार के लिए जिम्मेदार लोगों को निशाना बनाना जारी रखेगा इस्राइल

इस्राइली पीएमओ की प्रवक्ता ताल हेनरिक ने कहा कि आईडीएफ उस नरसंहार के लिए जिम्मेदार लोगों को निशाना बनाना जारी रखेगा। पिछले कुछ घंटों में, इस्राइल रक्षा बलों ने गाजा पट्टी में दर्जनों हवाई हमले किए। लक्ष्यों में हमास मुख्यालय, मोर्टार लॉन्चिंग स्थान शामिल थे। आईडीएफ ने हमास कमांडो बलों के एक कमांडर अली काधी के कमांड सेंटर पर भी हमला किया, जो दो दिन पहले इस्राइली हमले में मारा गया था। 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को इस्राइल में आमंत्रित किया है। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही राष्ट्रपति की मेजबानी करेंगे।

08:42 PM, 16-Oct-2023

1,500 से अधिक इस्राइली मारे गए हैं और 3,900 घायल

इस्राइली पीएमओ की प्रवक्ता ताल हेनरिक ने कहा कि आज यह उजागर करना महत्वपूर्ण है कि परिवारों ने इजराइल के पीएम को क्या बताया और उन्होंने पूरे इजराइल राष्ट्र को क्या बताया। उन्होंने पीएम से कहा कि हमें अपना सिर ऊंचा रखना चाहिए। हमास के खिलाफ जो करना चाहिए, वहीं करना चाहिए। लचीलापन हमारी ताकत है। जो लोग सबसे ज्यादा दर्द सह रहे हैं, वे ही हमें सबसे ज्यादा ताकत दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईडीएफ को हमास के खिलाफ अहम सबूत मिले। इससे पता चलता है कि हमास आतंकवादी कैसे हैं। अब तक 1,500 से अधिक इस्राइली मारे गए हैं और 3,900 घायल हुए हैं।

हेनरिक ने बताया कि मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि इस्राइल हमास के साथ युद्ध में है, न कि फलस्तीन के लोगों के साथ। पिछले 96 घंटों से हम गाजा में फलस्तीनियों से सुरक्षित क्षेत्रों में जाने का आग्रह कर रहे हैं। हमने इस बात के व्यापक सबूत देखे हैं कि हमास उन्हें आगे बढ़ने से रोक रहा है और उन्हें ढाल बना रहा है। इस युद्ध में निर्दोष नागरिकों को मोहरे के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

06:33 PM, 16-Oct-2023

पाकिस्तान में दो फलस्तीनी छात्रों पर चाकू से हमला

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक मेडिकल कॉलेज के दो फलस्तीनी छात्र स्थानीय गुंडों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना रविवार को लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर गुजरांवाला शहर में हुई। पुलिस के अनुसार, गुजरांवाला मेडिकल कॉलेज के पीड़ित अब्दुल करीम और खल्दून अलशेख ने स्थानीय गुंडों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि वे उनकी महिला सहपाठियों को छेड़ रहे थे।

05:59 PM, 16-Oct-2023

विपक्ष के कुछ नेता फलस्तीनी दूतावास पहुंचे

इस्राइल और हमास के बीच युद्ध के बीच बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली, कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर और जनता दल (यूनाइटेड) के नेता केसी त्यागी सहित कुछ विपक्षी नेता सोमवार को फलस्तीनी दूतावास पहुंचे। इनके साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान भी थे। भट्टाचार्य ने कहा कि वे गाजा में युद्ध और मानवीय संकट के मद्देनजर फलस्तीन के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए दूतावास गए थे।

05:19 PM, 16-Oct-2023

बाइडन इस्राइल का दौरा करेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को इस्राइल का दौरा करेंगे।

03:43 PM, 16-Oct-2023

120 से अधिक बंधकों की पुष्टि, मंत्री की हमास को चेतावनी

इस्राइल के प्रवासी मामलों के मंत्री अमीचाई चिकली ने कहा कि जहां तक मुझे पता है, हमारे पास 120 से अधिक बंधकों की पुष्टि हो चुकी है। हम उन्हें घर वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। यह आसान नहीं होगा। जैसा कि आप जानते हैं कि हमास ने दया, मानवीय मूल्य को भी ताक पर रख दिया है। इसलिए हमें हमास से कोई उम्मीद नहीं है। फिर भी हमें विश्वास है कि हम बुद्धिमत्ता, प्रयासों से शायद उनमें से कुछ को बचा सकते हैं।

अमीचाई चिकली ने कहा कि हमास के आतंकवादियों के लिए मेरी सिफारिश है- हथियार डालो, अपने हाथ ऊपर करो, सुरंगों से बाहर निकलो। तब हम शायद आप पर दया दिखाएं।

चिकली ने कहा कि मैं भारत के लोगों को बताना चाहता हूं कि हम समान मूल्यों को साझा करते हैं। हम जीवन को महत्व देते हैं। हम अच्छाई को महत्व देते हैं। हम मानवीय मूल्यों में विश्वास करते हैं। मैं भारत के नेतृत्व को धन्यवाद देना चाहता हूं कि वह क्रूर जिहादी बर्बर इस्लामवादियों के खिलाफ इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर हमारे साथ रहने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सिर्फ हमारा युद्ध नहीं है, यह आपका भी युद्ध है और हम आपके समर्थन से इसे जीतेंगे।

03:12 PM, 16-Oct-2023

ईरान बोला- इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष में शामिल हो चुका है अमेरिका

ईरान ने सोमवार को अमेरिका को घेरते हुए कहा कि इस्राइल और फलस्तीन के बीच संघर्ष में अमेरिका पहले ही सैन्य स्तर पर शामिल हो चुका है। ईरान ने कहा कि गाजा पट्टी में इस्राइल की तरफ से जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए अमेरिका को भी जिम्मेदार माना जाना चाहिए। 

02:59 PM, 16-Oct-2023

इस्राइल की सेना बोली- हमास ने 199 लोगों को बंधक बनाया

इस्राइल की सेना ने कहा है कि हमास ने गाजा में कम से कम 199 इस्राइली नागरिकों को बंधक बना रखा है। इस्राइल के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह आंकड़ा पहले के 120 बंधकों के अनुमानित आंकड़े से काफी ज्यादा है।

02:37 PM, 16-Oct-2023

‘कृपया गाजा को बचा लें, मैं आपसे विनती करती हूं’: संयुक्त राष्ट्र एजेंसी की कर्मचारी

गाजा पट्टी में इजराइल की बमबारी के बीच फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी के लिए काम करने वाले कर्मचारियों ने रविवार को कहा कि वहां पर हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा बुजुर्गों के लिए खाद्यान्न, पानी और दवाओं की तत्काल आपूर्ति करने की अपील की।

‘यूएन रिलीफ एंड वर्क्स एजेंसी फॉर पेलेस्टाइन रिफ्यूजीस इन नियर ईस्ट’ (यूएनआरडब्ल्यूए) ने गाजा में फलस्तीनी शरणार्थियों के समर्थन में आपात अपील जारी कर कहा कि गाजा पट्टी में हिंसा में भारी वृद्धि का खामियाजा लाखों फलस्तीनी शरणार्थी भुगत रहे हैं। गाजा के खान युनिस में यूएनआरडब्ल्यूए आश्रय गृह की प्रमुख राविया हलास ने एक वीडियो में कहा, “ कृपया गाजा को बचा लें। मैं आपसे विनती करती हूं, गाजा को बचाएं। यह मर रहा है।” यूएनआरडब्ल्यूए ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह वीडियो साझा किया है।

02:18 PM, 16-Oct-2023

बंधकों को रिहा करें, मानवीय मदद पहुंचाने की अनुमति दें: संयुक्त राष्ट्र की अपील

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुतारेस ने हमास से सभी बंधकों को बिना किसी शर्त के तुरंत रिहा करने की अपील की और इजराइल से गाजा पट्टी में नागरिकों तक त्वरित और निर्बाध मानवीय मदद पहुंचाने की अनुमति देने का आग्रह किया। हमास शासित गाजा पट्टी में लगभग 23 लाख लोग रहते हैं, जहां पूरी तरह से घेराबंदी कर दी गई है। फलस्तीन के चरमपंथी समूह हमास के साथ जारी युद्ध के चलते इजराइल ने गाजा पट्टी में भोजन, पानी और ईंधन की आपूर्ति बंद कर दी है।

01:42 PM, 16-Oct-2023

इस्राइल के अफसर बोले- गाजावासियों को उत्तर से दक्षिण में भेजे जाने की कोशिश जारी

इस्राइल-हमास के संघर्ष के बीच येरुशलम में लेफ्टिनेंट कर्नल पीटर लर्नर ने कह कि इस्राइल में हमास के हमलों के बीच सुरक्षा को लेकर अब भी चिंता है। पिछले 24 घंटों में हम तीन बार आतंकियों का सामना कर चुके हैं। हम अब भी उत्तरी गाजा में रहने वाले लोगों को दक्षिण की तरफ भेजने का प्रयास कर रहे हैं।

01:19 PM, 16-Oct-2023

इस्राइल-हमास संघर्ष पर नेतन्याहू बोले- कोई युद्धविराम नहीं

इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष पर अब 10वें दिन में पहुंच चुका है। इस बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट किया, 'कोई युद्धविराम नहीं है।'

12:25 PM, 16-Oct-2023

हिज्बुल्ला अगला निशाना!: इस्राइल ने लेबनान सीमा से अपने नागरिकों को हटाया

इस्राइल ने लेबनान से सटी अपनी सीमा से नागरिकों को हटाना शुरू कर दिया है। बताया गया है कि वह देश के उत्तर में लेबनान की सीमा से दो किलोमीटर अंदर तक के इलाके में रहने वाले 28 समुदायों को हटा रहा है और उन्हें सुरक्षित इलाकों में सरकारी गेस्ट हाउस में रखना शुरू कर रहा है। गौरतलब है कि इस्राइल पर बीते कुछ दिनों में गाजा पट्टी के अलावा लेबनान की तरफ से भी रॉकेट दागे गए हैं। इस्राइल का कहना है कि यह हमले ईरान समर्थित हिज्बुल्ला संगठन की ओर से किए गए हैं और इनका माकूल जवाब भी दिया जा रहा है। ऐसे में इस्राइल का ताजा कदम हिज्बुल्ला के लिए चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। 

12:00 PM, 16-Oct-2023

चीन में फलस्तीन के राजदूत की अपील- चीन रुकवाए इस्राइल-हमास संघर्ष

चीन में फलस्तीन के राजदूत ने कहा है कि बीजिंग को इस्राइल और हमास के बीच जारी संघर्ष को रुकवाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि चीन भी उन देशों की श्रेणी में शामिल हो, जो इस संघर्ष को रोक सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की मौत हो रही है और जो कुछ भी हो रहा है हमें उसे रोकना होगा। 

11:31 AM, 16-Oct-2023

गाजा में अब मृतकों की संख्या 2750 के पार

इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी पर किए जा रहे हमलों में मृतकों की संख्या 2750 के पार पहुंच गई है। दूसरी तरफ 9700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। 

10:42 AM, 16-Oct-2023

भारत के समर्थन पर इस्राइली अभिनेत्री ने जताया आभार

इस्राइली अभिनेत्री रोना ली शिमोन ने इस्राइल-हमास के बीच जारी युद्ध पर बात करते हुए भावुक हो गई। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भारत की तारीफ की है। शिमोन ने कहा कि भारत जैसे महान सहयोगी देश के लिए वह हमेशा आभारी रहेगी। शिमोन वेब सीरीज फौदा में निभाए अपने किरदार के लिए बहुत मशहूर हुई थी।

10:18 AM, 16-Oct-2023

गाजा पर कब्जे की कोशिश बड़ी गलती होगी: जो बाइडन

इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन इस्राइल का दौरा करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, आंतरिक सूत्रों से अभी तक इस्राइल के दौरे को लेकर कोई भी चर्चा नहीं गई है। एक साक्षात्कार के दौरान राष्ट्रपति बाइडन ने गाजा पट्टी पर लंबे समय से कब्जा करने की कोशिश पर इस्राइल को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इस्राइल को लंबे समय तक गाजा पट्टी को अपने नियंत्रण में नहीं रखना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार इस्राइल युद्ध के नियमों के अनुसार कार्य करेगा। निर्दोष नागरिकों को दवा, पानी और भोजन पहुंचाया जाएगा।

09:56 AM, 16-Oct-2023

गाजा में कई दिनों से नहीं नहाए लोग, पीने के पानी को तरसे

इस्राइल द्वारा गाजा पट्टी में बिजली, पानी की सप्लाई काटी हुई है। इसके चलते गाजा में लोगों के पास पीने के पानी की भारी किल्लत हो गई है। गाजा में रहने वाले अहमद हामिद (43) अपनी पत्नी और सात बच्चों के साथ गाजा छोड़ चुके हैं और मिस्त्र-गाजा की सीमा पर स्थित शहर रफाह की तरफ जा रहे हैं। अहमद हामिद ने बताया कि 'वह और उनके परिवार के लोग कई दिनों से नहाए नहीं हैं। यहां तक की शौचालय जाने के लिए भी हमें लाइन में लगना पड़ रहा है।' जानें गाजा के ताजा हालात...

09:27 AM, 16-Oct-2023

‘बच्चों का खून हो रहा था, तब आप...’, UN-WHO पर भड़का इस्राइल

हमास और इस्राइल के संघर्ष में अभी तक 3900 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र (UN) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का हमास के प्रति हमदर्दी दिखाने पर यूएन में इस्राइल के राजदूत गिलाद एर्दान ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूछा, ‘आपका गुस्सा तब कहां था? जब हमास के आंतकवादियों ने इस्राइल में बच्चों की हत्या की, महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया और जिंदा बचे लोगों को बंधक लिया।’ 

09:06 AM, 16-Oct-2023

फलस्तीनी शरणार्थियों को स्वीकार नहीं करना चाहिए: फ्लोरिडा के गवर्नर

इस्राइल और हमास युद्ध के बीच फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डी सेंटिस का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को गाजा से भागने वाले फलस्तीनी शरणार्थियों को स्वीकार नहीं करना चाहिए। उनकी यह टिप्पणी तब आई है जब इस्राइल द्वारा उत्तरी गाजा के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू करने की आशंका है, जो हमास के नियंत्रण में है। 

08:39 AM, 16-Oct-2023

बिना किसी शर्त के बंधकों को तुरंत रिहा करे हमास: यूएन महासचिव

हमास और इस्राइल के संघर्ष में अभी तक कई हजारों लोगों की जान जा चुकी है। स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इस्राइल दावा कर रहा है कि हमास ने कई लोगों को बंधक बना लिया है। ऐसे में, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने हमास से बिना किसी शर्त के बंधकों को तत्काल रिहा करने को कहा है। पढ़ें पूरी खबर...

08:05 AM, 16-Oct-2023

Israel Hamas War LIVE: 18 अक्तूबर को इस्राइल जा सकते हैं US राष्ट्रपति बाइडन, ब्रिटेन ने किया मदद का एलान

Israel Hamas Palestine War Live News in Hindi: इस्राइल पर हमास की ओर से हमला शुरू किए अब 10 दिन हो चुके हैं। इस हमले की वजह से इस्राइल में अब तक 1400 लोगों की जान जा चुकी है। दूसरी तरफ इस्राइल की तरफ से गाजा पट्टी पर किए गए पलटवार में मौतों का आंकड़ा अब 2500 के करीब पहुंच चुका है। यह स्थिति तब है, जब इस्राइल की ओर से गाजा पर सिर्फ हवाई हमले किए गए हैं। बताया गया है कि इस्राइली सेना जल्द ही गाजा पर समुद्र और जमीनी मार्ग से भी हमला कर सकती है। इन स्थितियों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइल को सतर्क रहने और गाजा में किसी तरह के कब्जे को गलत करार दिया है। इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष पर यहां पढ़ें ताजा अपडेट...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें