10:12 AM, 11-Jun-2026
पश्चिम एशिया तनाव- बहरीन और जॉर्डन में सायरन बजे
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हालात और गंभीर हो गए हैं। कुवैत, बहरीन और जॉर्डन ने सुरक्षा अलर्ट जारी किए हैं। बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए, जिसके बाद लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सरकारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया। इस बीच ईरानी अधिकारियों ने अमेरिकी हमलों के जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने की घोषणा की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि उसने ईरान के सैन्य निगरानी तंत्र, संचार नेटवर्क और वायु रक्षा ठिकानों पर आत्मरक्षा के तहत हमले किए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों समेत 18 महत्वपूर्ण लक्ष्यों को निशाना बनाया है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका दबाव जारी रखता है तो पूरा क्षेत्र गंभीर संकट में फंस सकता है।