04:19 AM, 10-Jun-2026
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले- अमेरिका को इसका जवाब देना होगा
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, उनका अपाचे हेलिकॉप्टर ओमान के तट के निकट उस समय गिर गया, जब वह एक ईरानी ड्रोन से टकरा गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह टक्कर जानबूझकर कराई गई थी या नहीं। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि सैन्य अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि ईरान ने अमेरिकी सेना के एक अपाचे हेलिकॉप्टर को मार गिराया। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों सैनिक सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है, लेकिन अमेरिका को इसका जवाब देना होगा।
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने ट्रंप के आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अमेरिका की सीमाओं से हजारों मील दूर स्थित है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'हमारे क्षेत्र के निकट मौजूद विदेशी सैन्य बल मानवीय भूल, दुर्घटनाओं या संघर्ष की चपेट में आने के कारण लगातार जोखिम में रहते हैं। जोखिम कम करने का सबसे अच्छा उपाय यही है कि वे यहां से चले जाएं।'