पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, गृहमंत्री और सेना के एक जनरल ने उनकी हत्या की कोशिश की नाकाम साजिश रची। इमरान के करीबी सहयोगी और पीटीआई के वरिष्ठ नेता असद उमर ने एक वीडियो जारी कर यह आरोप लगाया। असद उमर ने अपने बयान में कहा कि पार्टी अध्यक्ष इमरान खान ने तीन संदिग्धों का नाम लिया है, जो आज के हमले के पीछे हो सकते हैं। असद उमर ने कहा कि इमरान खान ने हमें फोन किया और अपनी ओर से देश को यह संदेश देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि तीन लोग- प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, गृहमंत्री सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल नसीर उन पर हमले की साजिश में शामिल थे। हालांकि गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने इमरान खान के इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार जांच में हर तरह का सहयोग देने को तैयार है।
इमरान खान पर हमले में संदिग्ध का बयान लीक हो गया है। इस मामले में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही ने संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित थाने के एसएचओ समेत पूरे स्टाफ को सस्पेंड कर दिया है।पंजाब सरकार के मुताबिक संबंधित थाना के अधिकारियों और सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाएगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में परवेज इलाही ने बयान लीक होने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने पंजाब प्रांत के आईजी को गैर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। परवेज इलाही ने आईजी पंजाब को जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने का भी निर्देश दिया है।
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने हमले में तीन लोगों का नाम लिया। मियां असलम इकबाल और अन्य पार्टी नेताओं ने कहा हमले के लिए पीएम शहबाज शरीफ, राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल जिम्मेदार हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी गोलीबारी की घटना की निंदा की। उन्होंने ट्वीट किया, मैं इमरान खान और उनके साथियों पर गोलीबारी की घटना की निंदा करता हूं और सभी घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
इमरान खान के विरोध मार्च के दौरान उन्हें ले जा रहे कंटेनर-ट्रक पर गोलियां चलाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। लेकिन इमरान खतरे से बाहर हैं। इमरान की पार्टी ने इसे हत्या का प्रयास बताया है।
हमलावर के बयान का एक क्लिप स्थानीय मीडिया में प्रसारित किया गया। संदिग्ध ने एक वीडियो में कहा, 'वह (इमरान) लोगों को गुमराह कर रहे थे और मैं यह नहीं देख सकता था। इसलिए मैंने उन्हें मारने की कोशिश की। उसने कहा, मैंने खान को मारने की पूरी कोशिश की। मैं उन्हें (खान) ही मारना चाहता था और किसी को नहीं।
इमरान खान की पार्टी ने हमले के लिए तीन लोगों पर शक जताया। पीटीआई ने पीएम शहबाज शरीफ, राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल का नाम लिया।
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने इमरान खान पर हमले को जघन्य हत्या का प्रयास बताया। उन्होंने ट्वीट किया, मैं अल्लाह का शुक्रिया अदा करता हूं कि वह सुरक्षित हैं लेकिन उनके पैर में गोलियां लगी हैं, उम्मीद है कि यह गंभीर नहीं होगा।
इमरान खान की पार्टी के वरिष्ठ नेता असद उमर ने एआरवाई न्यूज को बताया कि इमरान खान के पैर में गोली लगी है। उन्होंने कहा कि इस हमले में छह लोग घायल हुए हैं और स्थानीय नेता अहमद चट्ठा सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गृह मंत्री को पूर्व पीएम इमरान खान पर हुई गोलीबारी की तत्काल रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के विरोध मार्च के दौरान गुरुवार को पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया। हमले में उनके पैर में गोली लगी, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं। अज्ञात हमलावर ने पंजाब के वजीराबाद कस्बे के अल्लाहवाला चौक के पास गोलियां चलाईं। हमलावर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। हमलावर का कहना है कि वह अजान के दौरान रैली के शोर-शराबे से नाराज था और उसने सिर्फ इमरान को ही निशाना बनाया था।