फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

All Party Delegation: 'पाकिस्तान को आतंकवादी राज्य घोषित करें', सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में गए सांसद की मांग

Sun, 08 Jun 2025 12:28 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

All Party Delegation News Updates In Hindi: भारत के सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर दहशतगर्दों के पनाहगाह पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को बेनकाब किया। शिष्टमंडलों ने अल्जीरिया, डेनमार्क, ब्रिटेन, इथियोपिया, फ्रांस, इटली जैसे देशों में भारत का पक्ष मजबूती से रखा। ग्रीस, बहरीन, कतर, रूस, जापान और यूएई जैसे देशों में भी दहशतगर्दों के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति बताई गई। कांग्रेस सांसद शशि थरूर नीत सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका दौरे पर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद नीत शिष्टमंडल जर्मनी दौरे से वापस भारत आ चुका है। वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की कूटनीतिक मुहिम जारी है। अलग-अलग दलों में शामिल इन 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजनयिकों ने पाकिस्तानी दुष्प्रचार को धराशायी किया है। इस खबर में पढ़ें भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेश दौरे से जुड़ी तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
अमेरिका के उप विदेश मंत्री से थरूर नीत शिष्टमंडल की मुलाकात - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:27 PM, 08-Jun-2025

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'हम सबसे मिले और उन सबका कहना है कि किसी भी हालत में आतंकवाद को बंद करना चाहिए और भारत की इस लड़ाई में वो भारत के साथ खड़े हैं...हमारी मांग यही रही है कि पाकिस्तान को आतंकवादी राज्य घोषित किया जाना चाहिए और पाकिस्तान को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग कर दिया जाना चाहिए...इसी को लेकर हमारी बातचीत हुई।'

10:42 AM, 08-Jun-2025

'जब तक पाकिस्तान की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक डर का माहौल बना रहेगा'

शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम पर कहा, '6 देशों में हमारी यात्रा रही। इस दौरान हमने भारतीय मूल के लोगों से तो बातचीत की है, साथ ही साथ हमने मीडिया, थींक टैंक, वहां के सरकारी अधिकारियों से भी बातचीत की और सभी का यही मानना था कि पिछले कई दशकों से हिंदुस्तान पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से लड़ रहा है... हमने सभी देशों को अवगत करवाया कि कैसे वह(पाकिस्तान) IMF से ऋण लेकर अपने नागरिकों के लिए काम नहीं कर रहा बल्कि आतंकवादी ठिकानों को बचा रहा है। मैं आशा करती हूं कि आने वाले समय में सभी देश आतंकवाद के खतरे को समझेंगे... जब तक पाकिस्तान की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक पूरी दुनिया में ऐसे ही डर का माहौल बना रहेगा।'

09:51 AM, 08-Jun-2025

'हमने किसी देश से मध्यस्थता की मांग नहीं की'

भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'हमने यूरोप के छह देशों का दौरा किया और हमें पता चला कि पूरा यूरोप एक नई आर्थिक व्यवस्था में आने की कोशिश कर रहा है और हर देश ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की है। हमने संदेश दिया है कि अगर सीमा पर कोई आतंकवादी गतिविधि देखी जाती है, तो उसका जवाब अलग होगा। हमने किसी देश से मध्यस्थता की मांग नहीं की।'

विज्ञापन
09:49 AM, 08-Jun-2025

विदेशों से अच्छा समर्थन मिला

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद दग्गुबाती पुरंदेश्वरी ने कहा, 'हमने छह देशों का दौरा किया, जहां हमें बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली। हमने सरकारी अधिकारियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की और आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करने की कोशिश की। हमने उन्हें सबूत भी दिए हैं, अब वे स्थिति से अवगत हैं। वे भारत को अपना समर्थन देने के लिए तैयार हैं।'

09:46 AM, 08-Jun-2025

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में ग्रुप-2 का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'भारत वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। हमारे प्रतिनिधिमंडल ने फ्रांस, इटली, डेनमार्क, इंग्लैंड, ब्रुसेल्स और जर्मनी का दौरा किया। हमने संसद, थिंक-टैंक और भारतीय समुदाय के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर विदेशी देशों में बहुत गुस्सा है और सभी देशों ने इसकी निंदा की है। हम यूरोपीय संसद भी गए। भारतीय समुदाय हमसे मिलने के लिए बहुत उत्साहित था। भारत और यूरोप के बीच एक नया रिश्ता स्थापित होने जा रहा है। यह एक बहुत ही संतोषजनक यात्रा थी। भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और इसका असर भी हर जगह दिख रहा है। आतंकवाद के मुद्दे पर पूरा यूरोप भारत के साथ खड़ा है।'
 

विज्ञापन
07:57 AM, 08-Jun-2025

वॉशिंगटन डीसी में प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ट्वीट किया, 'एक बार फिर, जैसा कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा दौरा किए गए सभी देशों में हुआ, हमने वाशिंगटन डीसी में दूतावास के सामने स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आश्चर्यजनक है कि कितनी सारी विश्व राजधानियां महात्मा की मूर्तियों या प्रतिमाओं से सजी हुई हैं, जो 20वीं सदी के शांति, अहिंसा और मानव स्वतंत्रता के सबसे बड़े दूत थे।'

05:05 AM, 08-Jun-2025

पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष अमेरिका में उठीं मानवाधिकार चिंताएं
भारत की नकल करते हुए पाकिस्तान ने भी अपने प्रतिनिधिमंडल विदेशों में भेजे हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त समर्थन नहीं मिल रहा है। अमेरिका पहुंचे पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल से अमेरिकी कांग्रेसी ब्रैड शेरमेन ने सिंध में   लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उठाया। उन्होंने वहां पानी की  कमी, लोगों को जबरन गायब किए जाने और सिंधी लोगों के व्यवस्थित दमन पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने सिंध में सामने आ रहे पर्यावरणीय और मानवीय संकट को भी रेखांकित किया। उन्होंने पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग द्वारा 2011 से 8,000 से अधिक जबरन गायब किए जाने के दस्तावेजों का हवाला दिया, जिनमें से कई की कभी भी उचित जांच नहीं की गई। 

04:24 AM, 08-Jun-2025

क्रिस वान और बुकर से भी वार्ता...
अमेरिका में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सीनेट की विदेश संबंध समिति के सदस्य सीनेटर क्रिस वान होलेन से भी चर्चा की और उन्हें पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद के खतरे के बारे में बताया, जिसने भारत और अमेरिका दोनों को प्रभावित किया है। सीनेटर ने भारत में बार-बार हुए आतंकी हमलों के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति जताई।

03:52 AM, 08-Jun-2025

वैश्विक सुरक्षा मामलों पर की चर्चा...
जर्मनी पहुंचे भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने विदेश और सुरक्षा नीति के प्रभारी प्रमुख सदस्यों, जैसे कि सीडीयू के विदेश नीति प्रवक्ता जुर्गन हार्ड्ट और टिलमैन क्यूबन के साथ-साथ जर्मनी के प्रमुख थिंक-टैंक से भी बातचीत की थी। उन्होंने भारत की स्पष्ट स्थिति को भी स्पष्ट किया कि आतंकियों और उन्हें सहायता या आश्रय देने वालों के बीच कोई अंतर नहीं है।

03:05 AM, 08-Jun-2025

जर्मनी ने भी की मजबूत समर्थन की पुष्टि
जर्मनी ने भी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अपने मजबूत समर्थन और एकजुटता की पुष्टि की। संघीय विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल को भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान द्वारा परमाणु ब्लैकमेल के आगे न झुकने के नई दिल्ली के संकल्प को रेखांकित किया। यूरोपीय देश का दौरा करने के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने जर्मन राजनीतिक और कूटनीतिक नेतृत्व को आतंकवाद के प्रति शून्य-सहिष्णुता के लिए भारत के अडिग एकजुट रुख से अवगत कराया। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री वाडेफुल से मिलकर बहुआयामी भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत एवं गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। यहां एक कार्यक्रम के दौरान शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भारत महात्मा गांधी और महात्मा बुद्ध का है, जो शांति का संदेश देता है। लेकिन संकट के समय भारत को कृष्ण भी याद रहते हैं। प्रियंका ने महाभारत का जिक्र करते हुए आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का जिक्र किया।

02:25 AM, 08-Jun-2025

ट्रंप सरकार में उप विदेशमंत्री बोले- भारत के साथ हमेशा खड़ा है अमेरिका
अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से कहा है कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर भारत के रुख से अवगत कराने के लिए अमेरिका पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान की तरफ से राज्य-पोषित सीमापार आतंकवाद पर अमेरिकी मंत्री को अवगत कराया। लैंडाउ ने कहा, भारत हमारा रणनीतिक साझेदार है, उससे संबंध जरूरी हैं। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर बताया, डॉ. शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल की अमेरिकी उप विदेश मंत्री से स्पष्ट बातचीत हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पहलगाम आतंकी हमले की क्रूरता व ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी दी। लैंडाउ ने इस मुलाकात के बाद बैठक को ‘शानदार’ बताया। 

01:49 AM, 08-Jun-2025

All Party Delegation: 'पाकिस्तान को आतंकवादी राज्य घोषित करें', सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में गए सांसद की मांग

भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं कि अब किसी भी दहशतगर्द के कायराना कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि भारत किसी भी आतंकी वारदात को 'एक्ट ऑफ वॉर' की तरह समझेगा और माकूल जवाब दिया जाएगा। इसी नीति से पूरी दुनिया को अवगत कराने की कवायद के तहत सरकार ने सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों का गठन किया है। भारत से अब तक छह शिष्टमंडल रूस, जापान, यूएई, कतर और गुयाना जैसे देशों में जाकर अलग-अलग मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को बेनकाब कर चुके हैं।

पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा के खिलाफ भारतीय शिष्टमंडल की मुखर मुहिम
दहशतगर्दों के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई से तिलमिलाए पड़ोसी देश पाकिस्तान ने खुद को पीड़ित बताने के लिए दुष्प्रचार का सहारा लिया है। बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की नृशंस हत्या हुई। इसके बाद से ही बीते एक महीने में पाकिस्तान के कई नेता-राजनयिकों ने विदेशी मीडिया के सहारे भारत के खिलाफ जमकर प्रोपेगेंडा किया है। पाकिस्तान के कुत्सित प्रयासों के खिलाफ भारत के सांसद मुखर होकर टिप्पणी कर रहे हैं। अलग-अलग दलों के होने के बावजूद सांसदों ने एक स्वर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी दुनिया के सामने स्पष्टता से रखा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें