फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haldwani News Live: हल्द्वानी हिंसा पर नया अपडेट, उपद्रवियों को पकड़ने की कार्रवाई जारी

Sat, 10 Feb 2024 05:13 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी

खास बातें

Haldwani Violence Today News Live: हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने एसओ मुखानी, सहायक नगर आयुक्त और एसओ बनभूलपुरा की तहरीर पर 18 नामजद समेत पांच हजार उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटनास्थल और आसपास के इलाके से पांच शव बरामद कर लिए गए हैं। एक व्यक्ति की मौत बरेली ले जाते समय हो गई, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 
विज्ञापन
Haldwani Violence - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:13 PM, 10-Feb-2024

हल्द्वानी हिंसा में बदायूं के युवक की भी हुई थी मौत

हल्द्वानी में हुए बवाल में बदायूं के सहसवान कस्बे के एक युवक की भी मौत हुई है। उसके सिर में गोली लगी थी। उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को उसके परिवार वालों ने शव को चुपचाप लाकर दफन कर दिया। 

03:49 PM, 10-Feb-2024

पांच लिए गए हिरासत में

हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, फोटो से उपद्रवियों की तलाश कर रही है। इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

02:48 PM, 10-Feb-2024

वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, फोटो से उपद्रवियों की तलाश

अमर उजाला से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस से चूक हुई है। तभी इतनी बड़ी घटना घटित है। पुलिस वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, फोटो से उपद्रवियों की तलाश कर रही है। इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
01:58 PM, 10-Feb-2024

मुख्य सचिव के साथ डीजीपी ने किया निरीक्षण

शुक्रवार को मुख्य सचिव राधा रतूड़ी के साथ डीजीपी अभिनव कुमार ने बनभूलपुरा थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस सुनियोजित तरीके से थाना फूंका गया। वाहन फूंके गए। पुलिस पर पथराव किया गया, उससे साफ है कि इसके पीछे बड़ी साजिश रची गई है।

01:47 PM, 10-Feb-2024

उपद्रवियों पर लगाया जाएगा यूएपीए और एनएसए

डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि उपद्रवियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस चुन-चुनकर इनके खिलाफ यूएपीए और एनएसए के तहत कार्रवाई करेगी। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया, वह साजिश की ओर इशारा कर रहा है। कहा कि इसकी जांच की जाएगी।

विज्ञापन
01:19 PM, 10-Feb-2024

हिंसा की होगी मजिस्ट्रीयल जांच

हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना इलाके में हुई हिंसा की घटना की मजिस्ट्रीयल जांच होगी। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी और निकटवर्ती इलाकों में हुई हिंसात्मक घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जांच अधिकारी नामित किया गया है। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने निर्देश पर मंडलायुक्त दीपक रावत मजिस्ट्रीयल जांच करेंगे। कुमाऊं आयुक्त को 15 दिनों के भीतर घटना की निष्पक्ष जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।  

12:55 PM, 10-Feb-2024

बाहरी इलाकों से कर्फ्यू हटाया

उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में कर्फ्यू जारी है। हालांकि बाहरी इलाकों से कर्फ्यू हटा दिया गया है। बनभूलपुरा में ही धार्मिक स्थल तोड़ने पर भीड़ ने गुरुवार को आगजनी और तोड़फोड़ की थी। हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने एसओ मुखानी, सहायक नगर आयुक्त और एसओ बनभूलपुरा की तहरीर पर 18 नामजद समेत पांच हजार उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटनास्थल और आसपास के इलाके से पांच शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग कब्जे में ले ली है। 

11:56 AM, 10-Feb-2024

दमुवाढूंगा में किराएदार को हटाने के लिए 5 दिन का दिया समय

बनभूलपुरा में हुए बवाल का असर शहर के अन्य इलाके में भी देखने को मिला है। दमुवाढूंगा के मल्ला चौफला क्षेत्र में राजू आर्या के एक घर में रह रहे समुदाय विशेष के परिवार को हटाने के लिए कुछ लोग पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पांच दिन में परिवार से घर छोड़ने को कहा गया है। वहीं तारा सिंह मेहरा के किराए की दुकान को भी खाली करने के लिए स्थानीय लोगों ने कहा है।

 

11:36 AM, 10-Feb-2024

कर्फ्यू के कारण कम दिखे वाहन

कर्फ्यू के कारण नैनीताल रोड, बरेली रोड, रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड में सन्नाटा दिखाई दिया। हालांकि नैनीताल रोड में वाहन चले लेकिन उनकी संख्या काफी कम थी। अधिकतर वाहन विभागीय अधिकारियों, पुलिस और प्रशासन के ही घूमते दिखे। शाम को सड़कों में लोग भी नहीं दिखाई दिए।

 

11:26 AM, 10-Feb-2024

सड़कों पर पसरा सन्नाटा, पूरी तरह बंद रहा बाजार

शुक्रवार को हल्द्वानी का बाजार पूरी तरह बंद रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रही। किराना से लेकर फल-सब्जी के लिए लोगों को तरसना पड़ा। शहर के इतर ग्रामीण इलाकों में भी अधिकतर दुकानें बंद रहने से जनजीवन पर असर दिखाई दिया। सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस, अधिकारियों के वाहनों के अलावा जरूरी कामकाज के लिए जाने वाले लोगों के वाहन ही सड़कों पर चले।

11:02 AM, 10-Feb-2024

इंटरनेट सेवा रही बंद, लोग रहे परेशान

बनभूलपुरा क्षेत्र में हुए बवाल के बाद सुरक्षा के दृष्टिगत शहर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। इससे लोगों का आमजीवन काफी प्रभावित रहा। कर्फ्यू लगने से घरों में कैद लोग बिना इंटरनेट के काफी परेशान रहे। शहर में बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। बीएसएनएल, वोडाफोन, एयरटेल, जियो समेत अन्य नेटवर्क पर इंटरनेट सेवा संचालित नहीं हो पाई। ऐसे में सैकड़ों यूजर्स सूचना न मिल पाने के कारण परेशान रहे। इंटरनेट सेवा बंद होने से वर्क फ्राॅम होम से जुड़े लोगों का काम प्रभावित रहा वहीं परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी खासी दिक्कत हुई। बीएसएनएल के डीजीएम भीम बहादुर ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से जब तक अनुमति नहीं दी जाएगी तब तक संचार सेवा सुचारु नहीं होगी। बताया कि शहर के बाहरी क्षेत्र में भी इंटरनेट को बंद किया जा रहा है, जिस कारण किसी भी प्रकार से सोशल मीडिया के पोस्ट या अन्य किसी माध्यम से शहर में अराजकता का माहौल न बने। 

10:47 AM, 10-Feb-2024

कर्फ्यू में छूट को लेकर आज हो सकता है फैसला
जिला प्रशासन शनिवार को कर्फ्यू में छूट को लेकर फैसला ले सकता है। जिला प्रशासन के अनुसार इस संबंध में जल्द निर्णय लिया जा सकता है। बृहस्पतिवार को बनभूलपूरा में हिंसा के बाद से कोई अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई।
 

10:22 AM, 10-Feb-2024

देवभूमि की फिजा खराब करने का प्रयास किया, अब कानून अपना काम करेगा : धामी

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि की फिजा खराब करने का प्रयास किया गया है। ऐसे हालात कभी नहीं हुए। कानून अपना काम करेगा। पत्रकारों से हुई वार्ता में सीएम ने कहा कि अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गई थी, उस पर सुनियोजित हमला किया गया। पुलिस कर्मियों, अधिकारियों को टारगेट किया गया, विशेषकर महिला पुलिस कर्मियों को मारा-पीटा गया है। धामी ने कहा कि जिन लोगों ने सरकारी संपत्ति या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उन उपद्रवियों को चिह्नित कर उनसे नुकसान की भरपाई कराई जाएगी।
 

10:02 AM, 10-Feb-2024

करीब पांच करोड़ के नुकसान का अनुमान

इस दौरान उन्होंने उपद्रवियों पर एनएसए लगाने की बात कही। सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट ने बताया कि नगर निगम को करीब पांच करोड़ के नुकसान का अनुमान है। पुलिस नुकसान का आकलन कर रही है। एक अनुमान के मुताबिक एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान पुलिस को हुआ है। इस बीच शहर में दूसरे शहरों से पुलिस फोर्स और पीएसी के जवानों की आमद बनी हुई है।

09:40 AM, 10-Feb-2024

भारी हिंसा के बाद शुक्रवार को शांत रहा शहर

बृहस्पतिवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में हुई भारी हिंसा के बाद शुक्रवार को शहर शांत रहा। कर्फ्यू का संबंधित क्षेत्र में सख्ती से पालन कराया गया जबकि शेष शहर में वाहनों की आवाजाही होती रही और दुकानें बंद रहीं। दोपहर करीब 12 बजे मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और डीजीपी अभिनव कुमार बनभूलपुरा पहुंचे और थाने का जायजा लिया। 

09:35 AM, 10-Feb-2024

Haldwani News Live: हल्द्वानी हिंसा पर नया अपडेट, उपद्रवियों को पकड़ने की कार्रवाई जारी

हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने एसओ मुखानी, सहायक नगर आयुक्त और एसओ बनभूलपुरा की तहरीर पर 18 नामजद समेत पांच हजार उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटनास्थल और आसपास के इलाके से पांच शव बरामद कर लिए गए हैं। एक व्यक्ति की मौत बरेली ले जाते समय हो गई, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 

पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग कब्जे में ले ली है। पुलिस ने कई डीबीआर की हार्ड डिस्क कब्जे में ली है। क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बल और भारी संख्या में वाहनों के साथ फोर्स ने बनभूलपुरा इलाके में फ्लैग मार्च किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हल्द्वानी पहुंचे और घायल पुलिस, निगम के कर्मचारियों के साथ ही घायल पत्रकारों से भी मुलाकात की। उन्होंने हल्द्वानी हिंसा को सुनियोजित तरीके से की गई गहरी साजिश करार दिया। कहा कि दंगाइयों से नुकसान की भरपाई की जाएगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें