फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nikay Chunav Voting : मतदान में नगर पंचायत आगे, वाराणसी नगर निगम पीछे, कुल 40.42 फीसदी वोटिंग

Thu, 04 May 2023 11:56 PM IST
किरन रौतेला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

खास बातें

UP Nikay Chunav 2023 Live: यूपी निकाय चुनाव के पहले चरण क तहत गुरुवार को वाराणसी मंडल (वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर) में मतदान संपन्न हुआ। वाराणसी नगर निगम में मेयर पद के 11 और पार्षद पद के 637 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।  पढ़ें- हर एक अपडेट लाइव...
विज्ञापन
मतदान केंद्र के बाहर का नजारा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:35 PM, 04-May-2023

वाराणसी में पहले चरण का मतदान खत्म

वाराणसी में निकाय चुनाव गुरुवार को नोकझोंक की छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नगर निगम में कुल 40.42 फीसदी जबकि  गंगापुर नगर पंचायत में 78.54 फीसदी मतदान हुआ।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में एक पिता के 48 बच्चे...मतदाता सूची को देख लोगों ने पीट लिया सिर

07:30 PM, 04-May-2023

शहरी सीमा में शामिल होने वालों में दिखा उत्साह

शहर की सरकार चुनने को गुरुवार को हुए चुनाव में शहरी सीमा में हाल ही में शामिल वार्डों के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ मतदान किया। ग्रामीण इलाके से निकलकर शहरी क्षेत्र में वार्ड के आने के बाद लोगों में विकास की उम्मीद जगी है। बातचीत में भी उन्होंने विकास और मूलभूत सुविधाओं के नाम पर वोट देना बताया। शहरी सीमा में शामिल 87 गांवों के लोग अब तक ग्राम प्रधान के लिए मतदान करते थे लेकिन पहली बार पार्षद के चयन को लेकर उनमें उत्साह देखने को मिला। 

07:09 PM, 04-May-2023

मुस्लिम इलाकों में कहीं साइकिल तो कहीं पंजा

शहर की सरकार चुनने के लिए मुस्लिम मतदाताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। बारिश के चलते सुबह मतदान केंद्रों पर भीड़ कम रही। दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गई। जो शाम छह बजे तक बाद तक लगी रही। हालांकि ये मतदान कहीं एकजुट होकर तो कहीं बंटकर पड़े। कहीं पंजा तो कहीं साइकिल को वोट पड़े वार्डों में एक पंजा एक साइकिल का नारा खूब चला। 

विज्ञापन
07:08 PM, 04-May-2023

दोपहर बाद मतदान ने पकड़ी रफ्तार

नगर निगम के चुनाव में सुबह सात बजे जब मतदान शुरू हुआ तो मौसम भी बहुत अच्छा था। मगर, मतदान केंद्रों पर भीड़ नहीं दिखी। दोपहर बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी।  पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन, अपर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, सहित कई पुलिस अधिकारी ने मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। कई मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से कट गया था। 

06:31 PM, 04-May-2023

गंगापुर नगर पंचायत में चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न

नगर पंचायत गंगापुर में चुनाव प्रक्रिया सकुशल संपन्न हुआ। नगर पंचायत के मतदाताओं ने बड़ी संख्या में अपने बूथों पर जाकर मतदान में हिस्सा लिया। प्रथम बार मत देने के लिए आए युवक और युवतियों में काफी जोश देखा गया। मतदान के दौरान पुलिस के अलावा चुनाव में लगे अधिकारी भी चक्रमण करते रहे। नगर पंचायत कार्यालय पर पिंक बूथ बनाया गया। कई वृद्ध महिलाएं भी मतदान करने पहुंचीं। 

विज्ञापन
05:45 PM, 04-May-2023

गाजीपुर: फर्जी मतदान का आरोप, धरने पर बैठे सपा कार्यकर्ता

गाजीपुर के लूदर्स कांवेंट स्कूल बूथ पर गुरुवार दोपहर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों में जमकर बहस हुई। सूचना मिलते ही पहुंचे एडीएम एके सिंह और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया। जानकारी होते ही धीरे-धीरे लोगों की भीड़ लग गई। एडीएम ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। 

05:33 PM, 04-May-2023

चंदौली में शाम पांच बजे तक मतदान का अपडेट

 शाम पांच बजे पीडीडीयू नगर में 57.37 फीसदी,  चकिया में 67.17 फीसदी, चंदौली में 55.81 फीसदी जबकि सैयदराजा में 63.65 फीसदी मतदान हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर गहमागहमी दिख रही है।

05:20 PM, 04-May-2023

वाराणसी में शाम पांच बजे तक का अपडेट

शाम पांच बजे तक वाराणसी नगर निगम में 38.73 फीसदी और नगर पंचायत गंगापुर में 76.06 फीसदी मतदान हुआ है। शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतार लगी है।  वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है।  

05:09 PM, 04-May-2023

दो फर्जी मतदाता पकड़े गए

नरिया में फर्जी मतदाता को लेकर पुलिस और प्रत्याशी समर्थकों के बीच बहस। पुलिस ने सभी को खदेड़कर भगाया। बूथ संख्या 214  लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज नरिया से दो लोग पकड़े गए।

04:53 PM, 04-May-2023

एक पिता के 48 बच्चे...मतदाता सूची में सामने आई बड़ी गलती

निकाय चुनाव में मतदाता सूची को लेकर खूब शिकायतें आईं हैं। वाराणसी में वार्ड नंबर 51 भेलूपुर की मतदाता सूची में बड़ी गलती सामने आई है। सूची के मुताबिक, 48 लोगों के पिता का नाम एक ही है। मतदाता और उनका उम्र अलग-अलग लेकिन सभी के पिता का नाम राजकमल दास लिखा है। 

04:44 PM, 04-May-2023

मतदान में नगर पंचायत आगे, वाराणसी नगर निगम पीछे

वाराणसी जिले में निकाय चुनाव के पहले चरण में मतदान की प्रक्रिया जारी है। गंगापुर नगर पंचायत के मतदाता वाराणसी नगर निगम के वोटरों से मतदान के मामले में आगे हैं। तीन बजे के आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी नगर निगम में 32.06 फीसदी जबकि नगर पंचायत गंगापुर में 65.07 फीसदी मतदान हुआ है। शहर के कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतार लगी है।  बूथों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है। 

04:08 PM, 04-May-2023

चंदौली जिले में मतदान का अपडेट दोपहर तीन बजे तक

दोपहर तीन बजे तक पीडीडीयू नगर में 47.25 फीसदी,  चकिया में 55.90 फीसदी, चंदौली में 45.79 फीसदी जबकि सैयदराजा में 50.8 फीसदी मतदान हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर गहमागहमी दिख रही है। 

03:44 PM, 04-May-2023

गाजीपुर में तीन बजे तक का हाल

गाजीपुर में मतदान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। तीन बजे तक नगर पालिका एवं नगर पंचायत में 44.52 फीसदी मतदान हुआ है। 

03:29 PM, 04-May-2023

वाराणसी में मतदान प्रतिशत

वाराणसी नगर निगम में दोपहर तीन बजे तक 32.06 फीसदी जबकि  नगर पंचायत गंगापुर 65.07 फीसदी मतदान हुआ है। शहर के कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतार लगी है। 
 

02:48 PM, 04-May-2023

फर्जी मतदान करने को लेकर भिड़े, पुलिस ने खदेड़कर भगाया
फर्जी मतदान करने को लेकर चितईपुर के सुसुवाही पंचायत भवन पर दो पक्ष आमने सामने हो गए है। नोकझोंक गाली गलौज शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोग और पुलिस कर्मी मामले को शांत कराने में जुट गए, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। सूचना पर पहुंची चितईपुर पुलिस ने सभी को खदेड़ कर भगाया।सिरगोवर्धनपुर स्थित सन्त रविदास विद्यालय में बने बूथ के कमरे में सुबह के समय अंधेरा होने के कारण एक घण्टे बाद मतदान शुरू हुआ। छित्तूपुर प्राथमिक विद्यालय के बाहर वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने से नाराज मतदाताओं ने हंगामा किया। सबसे ज्यादा दिक्कत मोबाइल लेकर वोट देने के लिए पहुंचने वालों को हुई है।मतदान केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने मोबाइल को बाहर रखवाने के बाद भीतर जाने दिए है।मोबाइल को लेकर नरिया विद्यालय में बने बूथ के बाहर पुलिस की मतदाताओं से नोकझोंक भी हुआ है।

02:42 PM, 04-May-2023
वोट डालने आई महिला का बड़ा आरोप - फोटो : अमर उजाला

'मेरे नाम का वोट किसी और ने डाल दिया है'
नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच वाराणसी से एक हैरान करनी वाली बात सामने आई है। सनबीम स्कूल भगवानपुर में महिला वोट करने पहुंची तो पता चला कि उसके नाम का वोट किसी और ने डाल दिया है। महिला ने कहा- 'मेरे नाम का वोट किसी और ने डाल दिया है। 'मेरा नाम यहां से कटा हुआ है। 

02:31 PM, 04-May-2023
पुलिस महिला को गाड़ी से घर भिजवाया - फोटो : अमर उजाला

गर्मी में वोट डालने आई महिला को पुलिस ने गाड़ी से घर भिजवाया
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने धूप एवं गर्मी में मतदान करने आयी वृद्ध महिला को गाड़ी से घर भिजवाया।

02:29 PM, 04-May-2023
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो हरेराम त्रिपाठी - फोटो : अमर उजाला

पद्मभूषण प्रो वशिष्ठ त्रिपाठी,डॉ शुकदेव त्रिपाठी ने भी वोट डाला
पद्मभूषण प्रो वशिष्ठ त्रिपाठी,डॉ शुकदेव त्रिपाठी ने नगवा के वार्ड क्रमांक 22 के बूथ पर वोट डाला। साथ में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो हरेराम त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

02:14 PM, 04-May-2023

हरिश्चंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज के बाहर भाजपा प्रत्याशी की पुलिस से नोकझोंक

वाराणसी के लोहटिया स्थित हरिश्चंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज के बाहर भाजपा प्रत्याशी की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने जब कोतवाली थाने की पुलिस और पीएसी के जवान पहुंचे तो देखा कि वार्ड नंबर 66 मध्यमेश्वर के भाजपा पार्षद प्रत्याशी मतदान केंद्र के अंदर अपने समर्थकों के साथ खड़े हैं। पुलिस ने पार्षद प्रत्याशी को मतदान केंद्र परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। यह बात  पार्षद प्रत्याशी को नादवार गुजरी और वो  अपने समर्थकों से साथ पुलिस से उलझ गए। करीब 10 मिनट तक वाद-विवाद चलता रहा। बाद में मौके पर मौजूद मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पार्षद प्रत्याशी एक राज्यमंत्री का नाम लेकर पुलिस को अपने अदब में लेने की कोशिश कर रहे हैं। 

01:53 PM, 04-May-2023

25 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड 
निगर निकाय चुनाव की रफ्तार बनारस में सुबह से ही धीमी गति से चल रही है। दोपहर 12:00 बजे तक चुनाव आयोग के अनुसार बनारस में 25 प्रतिशत वोटिंग रिकार्ड की गई। वहीं दोपहर बाद वोटिंग कि रफ्तार और धीमी हो गई। निकाय चुनाव में इस बार सबसे अधिक वोटरों का वोटिंग लिस्ट से नाम गायब होने का मामला सामने आया है। जिले के करीब हर वार्ड में मतदाता सूची से लोगों का नाम गायब था।

01:14 PM, 04-May-2023
85 वर्षीय बीमार बुजुर्ग मोतीलाल - फोटो : अमर उजाला

नगर पंचायत गंगापुर के बलवंत नगर स्थित वार्ड नंबर 7 के मतदान केंद्र पर 85 वर्षीय बीमार बुजुर्ग मोतीलाल भी मतदान के लिए पहुंचे। 

01:11 PM, 04-May-2023
पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह - फोटो : अमर उजाला

पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने परिवार के साथ मतदान किया। नगर पंचायत गंगापुर में मतदान करने के लिए लोग कतार में खड़े दिखे। 

12:34 PM, 04-May-2023

फर्जी मतदान, पुलिस ने पांच महिलाओं और चार युवकों को लिया हिरासत में
चंदौली नगर पंचायत के बूूथ नंबर-पांच पर दस बजे के करीब प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने कुछ लोगों द्वारा फर्जी दस्तावेज पर वोट डालने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच महिलाओं और चार पुरूषों को हिरासत में ले लिया है। वहीं इसको लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में भारी आक्रोश है। लोग धरने पर बैठ गए हैं।

12:08 PM, 04-May-2023
वाराणसी मतदान करने पहुंचे लोग - फोटो : अमर उजाला

जौनपुर में 11 बजे तक 18.90 फीसदी मतदान हुआ। चंदौली में 24.77% मतदान और वाराणसी में नगर निगम में 13.49 % और
नगर पंचायत गंगापुर 36.11% मतदान हुआ। 

11:36 AM, 04-May-2023
पर्ची के साथ सिंबल - फोटो : अमर उजाला

मतदाता सूची में नहीं है नाम
वाराणसी के कई केंद्रों से शिकायत भी आ रही है। लोग वोट डालने तो जा रहे हैं लेकिन लिस्ट में उनका नाम नहीं होने की वजह से निराश वापस लौट रहे हैं। बताया जा रहा है कि कबीर मठ लहरतारा बूथ पर दर्जनों मृत लोगों के नाम वोटर लिस्ट में है। वहीं सैकड़ों मतदाताओं के नाम ही नहीं है।  साथ ही काफी संख्या में वोटर लिस्ट में नाम, पिता, पति के नाम में गड़बड़ी भी पाई गई है। लोगों का आरोप है कि पर्ची के साथ सिंबल लगा कर मतदाताओं को दिया जा रहा है। पोलिंग एजेंट ने पकड़ा।

10:56 AM, 04-May-2023
आम आदमी पार्टी से महापौर प्रत्याशी शारदा टंडन - फोटो : अमर उजाला

कटिंग मेमोरियल से मतदान कर बाहर निकलती आम आदमी पार्टी से महापौर प्रत्याशी शारदा टंडन। 

10:49 AM, 04-May-2023

एक फर्जी वोटर पकड़ा गया
वार्ड नंबर 46 सारंग तालाब स्थित कांशीराम बूथ स्थल पर एक फर्जी वोटर के पकड़े जाने की सूचना है। सारनाथ थाने की पुलिस ने फर्जी वोटर को हिरासत में लिया है।

10:17 AM, 04-May-2023
चंदौली की किरण कुमारी - फोटो : अमर उजाला

नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान पर चंदौली से एक दिल को छूने वाली तस्वीर सामने आई है। चंदौली में दिव्यांग लड़की किरण कुमारी अपने मताधिकार का प्रयोग करने बूथ तक पहुंची और वोट डाला। ये तस्वीर वाकई में प्रभावित करने वाली है। 

10:10 AM, 04-May-2023
कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी अनिल श्रीवास्तव - फोटो : अमर उजाला

 कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी अनिल श्रीवास्तव और उनकी पत्नी सिगरा नगर निगम में मतदान करने पहुंचे। 

09:46 AM, 04-May-2023
वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस तैनात - फोटो : अमर उजाला

नगर निकाय के मतदान को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस मुस्तैदी के साथ तैनात है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हर मतदाता पर नजर रखी जा रही है। फर्जी मतदाताओं पर खासकर ध्यान दिया जा रहा है। 

09:38 AM, 04-May-2023

जौनपुर में 9 बजे तक 8.51 फीसदी मतदान
जिले के सभी नगर निकायों में सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान की गति बढ़ने लगी है। सुबह नौ बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले के सभी 12 नगर निकायों में कुल मिलाकर औसतन 8. 51 फ़ीसदी मतदान हुआ है। इसमें सबसे ज्यादा मतदान मछलीशहर नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 11 फ़ीसदी हुआ है।

09:34 AM, 04-May-2023
89 वर्षीय मतदाता लौटन राम - फोटो : अमर उजाला

मढ़वां निवासी 89 वर्षीय लौटन राम ने नगर निगम  के लिए पहली डाला वोट। बोले इतने वर्षों से जो काम नहीं हुए, वो अब हो जाएँगे, इसी उम्मीद से वोट डाला है। वहीं लालपुर की रहने वाली 67 वर्षीय दुलारी देवी ने  मतदान कर ख़ुशी जताई। बोलीं बूथ घर से आधा किलोमीटर दूर बनता है, दिक़्क़त होती है लेकिन फिर भी वोट देते हैं। मतदान सबको करना चाहिए।

09:32 AM, 04-May-2023
राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु - फोटो : अमर उजाला

राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने परिवार के साथ हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज में बने बूथ पर मतदान किया।  भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सेंट्रल हिंदू स्कूल, कमच्छा में मतदान किया।

09:23 AM, 04-May-2023
पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी - फोटो : अमर उजाला

गाजीपुर में मुहम्मदाबाद के पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी ने मतदान किया। बता दें कि गाजीपुर में सुबह झमाझम बारिश के बीच मतदान शुरू हुआ। करीब साढ़े आठ बजे तक बारिश होती रही। मौसम काफी सुहावना हो गया है।

09:19 AM, 04-May-2023
शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन भी मतदान करने पहुंचे - फोटो : अमर उजाला

वाराणसी के सिगरा महमूरगंज में बूथ संख्या 52 और बूथ संख्या 54 की ईवीएम मशीन पिछले 1 घंटे से खराब है वहीं खोजवा में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन भी मतदान करने पहुंचे। 

08:59 AM, 04-May-2023
स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल - फोटो : अमर उजाला

स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन में आज खोजवा मतदान केंद्र पर परिवार के सदस्यों सहित मतदान किया।

08:33 AM, 04-May-2023
युवाओं और महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया - फोटो : अमर उजाला

युवाओं और महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया
चंदौली में मतदान के लिए युवाओं और महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।  पीडीडीयू नगर पालिका इंटर कॉलेज में पिंक बूथ पर महिलाओं की लंबी कतार देखने को मिली। वहीं युवा भी मतदान के बाद सेल्फी लेते नजर आए। अलोक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदौली में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी अंकुर अग्रवाल ने मतदाताओं से जानकारी ली।

08:17 AM, 04-May-2023
जौनपुर में मतदान के लिए लाइन में खड़े मतदाता - फोटो : अमर उजाला

जौनपुर में मतदान के लिए लगी लंबी लाइन 
जौनपुर के मडियाहू में सुबह से ही मतदान को लेकर जागरूकता का असर दिखा। 8 बजे लम्बी कतार लग गई।

07:38 AM, 04-May-2023

बारिश के चलते मतदान हुआ प्रभावित, कुछ जगहों पर ईवीएम नहीं हुए चालू
कई जगह सात बजे के बाद शुरू हुआ मतदान। दनियालपुर में ईवीएम चालू नही होने से सेक्टर मजिस्ट्रेट को मौके पर भेजा गया। उन्होंने विशेषज्ञ की मदद से ईवीएम चालू करवाएं। इसी प्रकार का कमच्छा में ईवीएम की बैटरी लो होने से मतदान समय से शुरू नहीं हो सका। बैटरी बदल के साथ बजे के बाद मतदान शुरू हुआ।

07:24 AM, 04-May-2023
जौनपुर के 12 निकायों में मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम - फोटो : अमर उजाला

जौनपुर के 12 निकायों में मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जौनपुर के 12 निकायों में मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नगर निकाय के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार की सुबह 7:00 बजे से शुरू हो गई। जिले के कुल 12 निकायों में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए मतदान कराया जा रहा है। चुनावी मैदान में 12 अध्यक्ष व 208 सभासद पदों के लिए कुल 1380 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए कुल 488 मतदान स्थल बनाए गए हैं। सुबह 7:00 बजे से लेकर शाम 6:00 बजे तक 4 लाख 35000 से ज्यादा मतदाता शहर की सरकार चुनने के लिए घरों से निकलेंगे और बूथ पर पहुंचकर अपने मनपसंद प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। सुबह हल्की बारिश के दौरान मतदान स्थलों पर भीड़ तो कम थी, लेकिन सुरक्षा के तगड़े इंतजाम थे। पुलिसकर्मियों ने एक-एक गतिविधि पर नजर बनाए रखा है।

07:12 AM, 04-May-2023
सीएम योगी ने डाला वोट - फोटो : अमर उजाला

सीएम योगी ने डाला वोट
राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनाव के लिए गोरखपुर की वार्ड संख्या-797 में मतदान किया। सीएम योगी सुबह-सुबह गोरखपुर पहुंचे और अपना मत डाला। 

07:10 AM, 04-May-2023
वाराणसी में रिमझिम बारिश - फोटो : अमर उजाला

मतदान से पहले झमाझम बारिश

मतदान से पहले झमाझम बारिश
वाराणसी में मतदान से पहले रिमझिम बारिश शुरू हुई। बारिश से काशी का मौसम सुहावना हो गया है। 

06:35 AM, 04-May-2023

Nikay Chunav Voting : मतदान में नगर पंचायत आगे, वाराणसी नगर निगम पीछे, कुल 40.42 फीसदी वोटिंग

यूपी निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान में गुरुवार को वाराणसी मंडल (वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर) में वोट डाले जा रहे हैं। वाराणसी मंडल के चार जिलों में 24.37 लाख 278 मतदाता वोट करेंगे। बता दें कि वाराणसी नगर निगम में मेयर पद के 11 और पार्षद पद के 637 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह वाराणसी की गंगापुर सहित चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के 236 नगर पंचायत व पालिका अध्यक्ष के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। चारों जिलों में सभासद के 2942 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है, जो कि शाम छह बजे तक चलता रहेगा। पढ़ें- मतदान पर हर एक अपडेट 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें