फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi in Varanasi: पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- नारी शक्ति से भयभीत हैं परिवारवादी दल

Tue, 28 Apr 2026 05:53 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

खास बातें

PM Modi Varanasi Visit Schedule Today Live Updates in Hindi: पीएम मोदी मंगलवार की दोपहर दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से बरेका पहुंचे। यहां गेस्ट हाउस में विश्राम के बाद शाम करीब पांच बजे बरेका में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में पहुंचे। यहां महिलाओं के बीच से होकर पीएम मंच पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को संबोधित किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:11 PM, 28-Apr-2026

देश की लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी वंदन सम्मेलन में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज देश की लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और उनमें से करीब तीन करोड़ महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि में बनारस की हजारों महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने भोजपुरी में कहा, “अभी त शुरुआत भयल हौ, ई बोनस बढ़त जाई,” जिससे कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं में उत्साह का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का अभियान शुरू हो चुका है और इसमें महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पहली बार सैनिक स्कूलों और रक्षा क्षेत्र के द्वार बेटियों के लिए खोले गए हैं, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई संसद के गठन के बाद महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया और वर्ष 2023 में नारी वंदन अधिनियम लाया गया।

06:10 PM, 28-Apr-2026

नारी शक्ति से डरता है विपक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सोच “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” की भावना पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।

06:08 PM, 28-Apr-2026

पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह करीब 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का संकल्प लिया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू कीं, जिससे अधिक से अधिक लड़कियां स्कूल पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब देश की माताओं-बहनों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तब से भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। 

विज्ञापन
05:53 PM, 28-Apr-2026

PM Modi in Varanasi: अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से आम जनता को मिलेगा लाभ: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने काशी और अयोध्या के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे महाराष्ट्र के लोगों को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या आने के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें भारत की नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक नए युग की शुरुआत के लिए माताओं-बहनों का आशीर्वाद लेने आए हैं। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाते हुए महिला आरक्षण को लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

05:48 PM, 28-Apr-2026

PM Modi in Varanasi: दिव्य शक्तियों की भूमि है काशी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी वंदन सम्मेलन में “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने मंचासीन भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों तथा काशी की महिला पार्षदों और ग्राम प्रधानों का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने काशी की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगरी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकट मोचन की शक्ति और मां गंगा की पावन धारा से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि पर बहनों का यह विशाल समागम कार्यक्रम को और अधिक दिव्य बना रहा है। प्रधानमंत्री ने काशी की महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है। उन्होंने बताया कि इस दौरान हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे।

विज्ञापन
05:36 PM, 28-Apr-2026

10 करोड़ रुपये की लागत से यूपी कॉलेज में हॉकी टर्फ का लोकार्पण

युवाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से यूपी कॉलेज में हॉकी टर्फ का लोकार्पण किया गया है। यह सुविधा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की तैयारी में मदद करेगी। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के तहत मंडलीय अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है, जिससे मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। वहीं, राजघाट पर बन रहा रेलवे का सिग्नेचर ब्रिज व्यापार और आम जनता की आवाजाही को और आसान बनाएगा। नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में भी कदम उठाए हैं, जिससे स्वच्छता और सौंदर्यीकरण दोनों को बढ़ावा मिलेगा। इन सभी योजनाओं से काशी का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होने की उम्मीद जताई जा रही है, साथ ही यह शहर विकास और सांस्कृतिक विरासत के संतुलन का उदाहरण बनकर उभर रहा है।

05:36 PM, 28-Apr-2026

सरकार की विकास योजनाओं का मिल रहा लाभ

काशी में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और शहर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को गति दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई इन परियोजनाओं से शहर के यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिल रहा है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पांडेयपुर लेन का चौड़ीकरण किया गया है, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या में राहत मिलेगी। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के 23 विद्यालयों को स्मार्ट बनाया गया है, जहां आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

05:26 PM, 28-Apr-2026

पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं की दी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी दौरे के दौरान 6332 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से देश और विशेष रूप से वाराणसी की जनता को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए शिलापट्ट पर योजनाओं का विवरण हिन्दी, संस्कृत और अंग्रेजी भाषाओं में अंकित किया गया था, जो इसकी व्यापकता और महत्व को दर्शाता है। जैसे ही 163 योजनाओं का लोकार्पण हुआ, पूरा पंडाल “हर-हर महादेव” और “मां गंगा” के जयघोष से गूंज उठा, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

05:20 PM, 28-Apr-2026

'उस मां को नमन करते हैं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी जैसे पुत्र को जन्म दिया'

नीतिन नबिन ने कहा कि आज महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नए अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, वह अभूतपूर्व है। अपने भावुक संबोधन में उन्होंने कहा कि वह उस मां को नमन करते हैं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी जैसे पुत्र को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्य सराहना और गर्व के पात्र हैं। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने भी इस दौरान जोरदार उत्साह दिखाया। आज महिलाएं एआई से लेकर ओलंपियाड और खेल का नेतृत्व कर रही हैं। बेटी बढ़ाओ बेटी बचाओ जैसी योजनाओं से महिलाएं और बेटियां सशक्त हो रही हैं। ट्रिपल तलाक पर लिए गए फैसले से मुस्लिम महिलाओं को सम्मान मिला है। मैंने काशी की विरासत को देखा है। आपके नेतृत्व में काशी जैसा शहर जीवंत हो उठा है।

05:20 PM, 28-Apr-2026

भारत की आधी आबादी को सम्मान दे रही भाजपा: नीतिन नबिन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबिन ने नारी वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। अपने संबोधन में नीतिन नबिन ने काशी की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक शहर या भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक जीवंत चेतना है। जिस प्रकार मां गंगा भारतीय संस्कृति को सिंचित करती हैं, उसी प्रकार देश की महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को घर का मालिकाना हक दिया गया, जिससे उनका सामाजिक सम्मान बढ़ा है। इसके अलावा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने में अहम भूमिका निभाई है।

05:03 PM, 28-Apr-2026

सीएम योगी ने पीएम को बताया नए भारत का निर्माता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी वंदन सम्मेलन में “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आई महिलाओं का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “नए भारत का निर्माता” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी की ओर से वह प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र विकास की अवधारणा को भी आत्मसात कर रहा है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है और देश तेज गति से उस दिशा में अग्रसर है। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने भी इस दौरान उत्साह के साथ भागीदारी की।

05:02 PM, 28-Apr-2026

पूनम मौर्या ने कही ये बात

महिला शक्ति सम्मेलन में पूनम मौर्या ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की शुरुआत “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ की। अपने संबोधन में उन्होंने मंच पर उपस्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया और आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबिन, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति को उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। पूनम मौर्या ने अपने भाषण में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं के जीवन के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने महिलाओं की रसोई से लेकर उनके आत्मसम्मान तक की चिंता की है और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से मजबूती मिली है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया। आज काशी की बहनें आर्थिक स्वतंत्रता और आत्म सम्मान महसूस कर रही हैं।

05:00 PM, 28-Apr-2026

पीएम मोदी का जताया आभार

सभा में पहुंचीं चिकित्सक डॉ. इंदु सिंह, डॉ. श्वेता तिवारी ने महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की कामना को लेकर पीएम मोदी का आभार जताया। पीएम मोदी को नमो घाट का स्मृति भेंट किया गया। 

04:56 PM, 28-Apr-2026

मंच पर पीएम मोदी का स्वागत

बरेका के मंच पर नए संसद भवन का चित्र देकर पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय पक्षी मोर की प्रतिमा भी दी गई। पीएम के मंच पर पहुंचते ही हर-हर महादेव की जयकार गूंज उठी। 

04:36 PM, 28-Apr-2026

पीएम मोदी मंच पर पहुंचे

जन आक्रोश महिला सम्मेलन में थोड़ी देर में पीएम मोदी मंच पर पहुंच रहे हैं। पीएम के पहुंचते का पल-पल इंतजार हो रहा है। महिला शक्ति की झलक दिख रही है। यहां मंच पर 44 महिलाएं मौजूद हैं और हजारों की संख्या में सभा में महिलाएं पहुंची हैं। इस सम्मेलन की कमान महिलाएं संभाल रही हैं। यहां तक कि सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं।

04:17 PM, 28-Apr-2026

पीएम के स्वागत में बनाई रंगोली

पीएम मोदी के स्वागत में बरेका जनसभा स्थल पर बीएचयू के विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली बनाया है। जिसे देख कर हर कोई आकर्षित हो रहा है। 

04:02 PM, 28-Apr-2026

जन आक्रोश महिला सम्मेलन में मंच पर पहुंचे सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ बरेका में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में पहुंच गए हैं। यहां मंच पर सीएम योगी की मौजूदगी में 44 जनप्रतिनिधियों पर मंच पर बैठाया गया। 

03:20 PM, 28-Apr-2026

छात्रों का पीएम से है ये मांग

वाराणसी के बरेका में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारी संख्या में महिलाएं और छात्राएं पहुंच रही हैं। वहीं सभा में पहुंची छात्राओं की मांग है कि महिलाओं के लिए विभिन्न परियोजनाएं आती रहें और पीएम महिलाओं का विकास करते रहें। 

03:13 PM, 28-Apr-2026

सिंधी महिला संगठन की महिलाओं में दिखा उत्साह

पीएम मोदी के आगमन पर काशीवासियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। बागबान सिंधी महिला संगठन की महिलाएं पीएम का अभिवादन करने सभा स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने गाना गाकर पीएम का स्वागत किया। 

03:00 PM, 28-Apr-2026

पीएम से छात्राओं को उम्मीद

बरेका में आयोजित सभा में महिलाओं का जुटान होने लगा है। सभा स्थल पर पहुंच रही छात्राओं व महिलाओं को पीएम से काफी उम्मीदें हैं। वहीं एक छात्रा का कहना है कि पेपर लीक को लेकर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे अभ्यर्थियों का मेहनत न खराब हो। 

02:42 PM, 28-Apr-2026

बरेका गेस्ट हाउस पहुंचे पीएम मोदी

पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से बरेका स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वे गेस्ट हाउस पहुंचे। करीब पांच बजे वे सम्मेलन में भाग लेने के लिए बरेका में आयोजित सभा स्थल पर पहुंचेंगे। 

02:21 PM, 28-Apr-2026

जनसभा स्थल पर पहुंचने लगीं महिलाएं

बरेका मैदान में आयोजित जनसभा में महिला शक्ति की झलक दिखेगी, जहां मंच पर 44 महिलाएं मौजूद रहेंगी और करीब 25 हजार महिलाओं के जुटने की उम्मीद की गई है। काशी में ये महिलाओं का अब तक का सबसे बड़ा जुटान होगा। इस सम्मेलन की कमान महिलाएं संभाल रही हैं। यहां तक कि सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं।

02:08 PM, 28-Apr-2026

राष्ट्रीय अध्यक्ष व सीएम ने किए बाबा के दर्शन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन व सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही अन्य मंत्रियों ने बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचकर दर्शन- पूजन किए।  
 

02:03 PM, 28-Apr-2026

बरेका हेलीपैड पर पहुंचे पीएम मोदी

पीएम नरेन्द्र मोदी बाबतपुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिये बरेका पहुचे। पीएम विश्राम के बाद करीब पांच बजे सभा स्थल पहुंचेंगे। यहां से देश भर की महिलाओं को संबोधित करेंगे। 

01:53 PM, 28-Apr-2026

काशी पहुंचे पीएम मोदी

पीएम मोदी काशी दौरे पर पहुंच गए हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य मंत्रियों ने पीएम का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उपस्थित रहे। स्वागत के बाद पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से बरेका के लिए रवाना हुए। 

01:35 PM, 28-Apr-2026

मंत्रियों का काफिला बरेका के लिए रवाना 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में भाग लेने के लिए मंत्रियों का काफिला बरेका के लिए रवाना हुआ। इस दौरान मंडुवाडीह चौराहे पर ट्रैफिक रोका गया।

01:21 PM, 28-Apr-2026

सबसे लंबा रोड शो करेंगे पीएम, एक साल बाद दर्शन के लिए आ रहे हैं

पीएम पिछली बार नवंबर 2025 में आए थे। 29 अप्रै को पीएम सबसे लंबा रोड शो करेंगे। 15 किमी के इस रोड शो में पीएम बरेका से मंडुवाडीह होते हुए फुलवरिया फ्लाईओवर के रास्ते लहुराबीर-मैदगिन होते हुए विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। इससे पहले पीएम ने काशी में अपना रोड शो पिछले लोकसभा चुनाव में पर्चा भरने के पहले 13 मई को बीएचयू से विश्वनाथ मंदिर तक किया था। 29 तारीख को पीएम लगभग एक साल बाद दर्शन के लिए आ रहे हैं। ये नितिन नवीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका पीएम के साथ पहला वाराणसी दौरा भी है।  

01:20 PM, 28-Apr-2026

एयरपोर्ट पर पीएम की अगवानी करेंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री

पीएम मंगलवार दोपहर बाद बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से हेलिकॉप्टर से बरेका जनसभा स्थल करीब 5 बजे पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उपस्थित होंगे। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन के अन्य पदाधिकारी और कई मंत्री भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

01:18 PM, 28-Apr-2026

लहुराबीर चौराहे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पीएम के आगमन को लेकर शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर लहुराबीर चौराहे पर यातायात दुरुस्त किया गया है। 

12:56 PM, 28-Apr-2026

कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला विश्वनाथ धाम के लिए रवाना 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का काफिला पुलिस लाइन चौराहा से मकबूल आलम रोड व ताड़ीखाना तिराहा होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना हुआ। पूरे रूट पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। काफिले के गुजरने के दौरान यातायात को नियंत्रित किया गया, जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

12:35 PM, 28-Apr-2026

सीएम योगी ने किया राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार की दोपहर में लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंचे। यहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। 

12:35 PM, 28-Apr-2026

मंत्री पंकज चौधरी का एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री आगमन से पहले प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। उन्होंने माल्यार्पण कर मंत्री का अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से विधायक डॉ. अवधेश सिंह, शैलेंद्र किशोर पांडेय, प्रदीप जायसवाल, पवन सिंह, डॉ. सोभानाथ यादव सहित कई नेता उपस्थित रहे।  

12:34 PM, 28-Apr-2026

सीएम और राज्यपाल का काशी में आगमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को 11:20 बजे वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री वीआईपी लाउंज में कुछ समय तक रुके और कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर जरूरी निर्देश दिए। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचीं। एयरपोर्ट से वह सड़क मार्ग द्वारा सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गईं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय हैं। एयरपोर्ट से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।

12:24 PM, 28-Apr-2026

PM Modi in Varanasi: पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- नारी शक्ति से भयभीत हैं परिवारवादी दल

पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज काशी आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं बरेका में जनसभा स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। पीएम के स्वागत के लिए काशी में मंत्रियों का जमावड़ा मंगलवार की सुबह से लगा है। एयरपोर्ट पर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्री पंकज चौधरी का स्वागत किया गया। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें