रोजगार का सबसे बड़ा माध्यम बनकर उभरा एमएसएमई
भदोही के सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि एमएसएमई देश में रोजगार का सबसे बड़ा माध्यम बनकर उभरा हुआ है। हमारे युवाओं को इसका भरपूर फायदा उठाना चाहिए। व्यापारियों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि आपकी जो भी समस्याएं हैं उनका समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा।
व्यापारियों को सब्र की जरूरत: अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कोरोना काल के समय में देश के व्यापारियों ने बहुत ही सब्र दिखाया, इस सब्र की आज भी जरूरत है। ट्रंप टैरिफ के बाद जीएसटी रिफॉर्म हुआ है। इसका पूरा फायदा व्यापारियों और छोटे कामगारों को जरूर मिलेगा। हमारी सरकार आज भी व्यापारियों के हित के लिए काम कर रही है। देश के 20 करोड़ एमएसएमई के साथ सरकार कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है।
इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को आना होगा आगे
भदोही में कालीन समेत कई उद्योगों के विकास पर मंथन किया गया। इस दौरान डीएम शैलेश कुमार ने कहा कि इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए व्यापारियों को खासतौर से युवाओं को आगे आना होगा।
एमएसएमई को डेवलप करने के लिए उद्योग को और बढ़ाना होगा
पीयूष बरनवाल ने कहा कि एमएसएमई को डेवलप करना है तो हमारे उद्योग को और बढ़ाना होगा। उसकी वजह यह है कि हम लोग प्रकृति को ज्यादा हानि नहीं पहुंचाते। साधारण काम करके भी पूर्वांचल के लोग आगे बढ़ रहे हैं, इसमें सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। एक जमाना था हैंडलूम चलाने वाले साइकिल से चलते थे, उन्होंने मेहनत और लगन से काम भी किया लेकिन उनके बच्चे अब इस रोजगार में, इस व्यापार में आना नहीं चाहते हैं। हमें उन भटके युवाओं को इस रोजगार की तरफ आकर्षित करवाना होगा। नए लोगों को प्रोत्साहन की जरूरत है।
जीएसटी राहत और टैरिफ मुद्दे पर हो रही चर्चा
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु तिलक मंच पर आ गए हैं। इस बीच उद्योग जगत के दिग्गजों और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के बीच जीएसटी राहत से लेकर टैरिफ को लेकर चर्चा की जा रही है।
कारोबार को और संबल देने की जरूरत
सिद्धनाथ सिंह कालीन निर्यातक ने साफ लफ्जों में कहा कि हमें उद्योग के लिए जमीन चाहिए। कहा कि भाजपा शासन में कारोबार काफी अच्छे तरीके से बढ़ रहा है। इसे और संबल देने की जरूरत है। वहीं डॉ. राजीव कुमार वार्ष्णेय, भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान के डायरेक्टर ने कहा कि टेक्निकल सपोर्ट को और बढ़ाने की जरूरत है।
गांव में बैठकर इंटरनेशनल कारोबार करना आत्मनिर्भरता की पहचान
कालीन निर्यातक संजय गुप्ता ने कहा कि हम आज गांव में बैठकर इंटरनेशनल कारोबार कर ले रहे हैं, यह आत्मनिर्भरता की पहचान है। ऐसे में एमएसएमई गांव के युवाओं और महिलाओं को काफी लाभ पहुंचा रहा है। हम अपनी विरासत का डंका पूरी दुनिया में बजा सकते हैं, यह बढ़िया मौका है।
करोड़ों युवा उठा रहे एमएसएमई का लाभ
राजेश कुमार कालीन कारोबारी ने कहा कि एमएसएमई में युवाओं की भागीदारी प्रमुख रूप से हो रही है। सरकार की इस योजना का लाभ देश के करोड़ों युवा उठा रहे हैं। छोटे काम में अच्छा मुनाफा कमाकर वह अपना भविष्य बना रहे हैं। एमएसएमई के तहत यूपी की काली नगरी में बहुत सारे बदलाव देखने को मिले हैं, जो काबिले तारीफ है।
विधायक सुनील पटेल का स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक सुनील पटेल का स्वागत किया गया। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए अमर उजाला को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कल के एमएसएमई विषय पर शुरू हुई चर्चा
कार्यक्रम के पहले सत्र में कल के एमएसएमई विषय पर चर्चा शुरू हो गई है। इसमें ओबीटी के निदेशक राजेश कुमार, ऑल इंडिया कारपेट मेन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के पूर्व अध्यक्ष रवि पटौदिया, कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के प्रशासनिक समिति सदस्य संजय गुप्ता शामिल हैं। ये सभी कल के एमएसएमई पर चर्चा कर रहे हैं।
केंद्रिय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
एमएसएमई कॉन्क्लेव में केंद्रिय मंत्री अनुप्रिया पटेल का आगमन हो गया है। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। थोड़ी ही देर में उद्योगों के विकास और चुनौतियों पर चर्चा शुरू होगी।
एमएसएमई कॉन्क्लेव में पहुंचे सांसद डॉ. विनोद बिंद
भदोही के जलालपुर स्थित ग्रीन व्यू पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. विनोद बिंद पहुंच गए हैं। उनका स्वागत किया गया। थोडी देर में उद्योगों के विकास पर मंथन शुरू होगा।
'भदोही के व्यापार के लिए नुकसानदेह होगा टैरिफ'
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के भदोही शाखा के महासचिव नारायण बोहरा ने कहा कि लोकल उद्योग को लेकर फिलहाल सबसे बड़ी समस्या टैरिफ को लेकर है। इससे व्यापार बहुत प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सरकार से अनुरोध करते हैं कि टैरिफ का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। भदोही के व्यापार के लिए काफी नुकसानदेह होगा।
'एमएसएमई के लिए कई योजनाएं लाभकारी'
इम्तियास अहमद ने कहा कि सरकार ने एमएसएमई के लिए कई स्किम निकाले हैं। इनमें बात करें यूपी की तो ओडीओपी के साथ ही रोजगार के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे में पढ़े- लिखे युवा व अन्य लोग जिनको व्यापार में रुचि है वे आगे बढ़ रहे हैं। हर तरह के व्यापार में लोगों को सहयोग मिल रहा है। कार्पेट का बिजनेस काफी अच्छा चल रहा है। फिलहाल टैरिफ के कारण कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुनिया भर में प्रसिद्ध है भदोही की कालीन
भदोही अपनी मखमली कालीनों के लिए देश से लेकर विदेश तक विख्यात है। यहां की बनी कालीन आज न सिर्फ संसद भवन की शोभा बढ़ा रही, बल्कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में भी भदोही की कालीन अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इस उद्योग से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 13 लाख लोग जुड़े हैं। जिसमें केवल भदोही मिर्जापुर परिक्षेत्र से ही छह लाख लोग जुड़े हैं। इसमें महिलाएं भी हैं।
एमएसएमई कॉन्क्लेव के दूसरे सत्र में स्थानीय चुनौतियां और अवसर विषय पर चर्चा होगी। इसमें भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) भदोही के निदेशक प्रो. राजीव कुमार वार्ष्णेय, सीईपीसी प्रशासनिक समिति सदस्य असलम महबूब और एकमा के मानद सचिव पीयूष बरनवाल अपनी बात रखेंगे। सभी दिग्गज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने लगे हैं।
पहला सत्र : कल के एमएसएमई पर होगी चर्चा
कार्यक्रम के पहले सत्र में कल के एमएसएमई विषय पर चर्चा होगी। इसमें ओबीटी के निदेशक राजेश कुमार, ऑल इंडिया कारपेट मेन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के पूर्व अध्यक्ष रवि पटौदिया, कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के प्रशासनिक समिति सदस्य संजय गुप्ता होंगे। ये सभी कल के एमएसएमई पर अपनी बात रखेंगे।
एमएसएमई कॉन्क्लेव का ये है उद्देश्य
एमएसएमई कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग जगत की हस्तियों, अधिकारियों और विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाना है ताकि उत्तर प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास की दिशा में उपयोगी संवाद हो सके। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ और उद्यमी अलग-अलग सत्र में कल के एमएसएमई और चुनौतियों और अवसर विषय पर अपनी बात रखेंगे।
कार्यक्रम में शिरकत करेंगे उद्योग जगत के ये दिग्गज
एमएसएमई का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख उद्यमी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद, ऑल इंडिया कार्पेट मेन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन और ऑल इंडिया कार्पेट यार्न स्पिनर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी व सदस्यों के साथ अन्य एमएसएमई उद्यमी होंगे।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल करेंगी कॉन्क्लेव का शुभारंभ
भदोही के जलालपुर स्थित ग्रीन व्यू पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में थोड़ी देर में कॉन्क्लेव का शुभारंभ केंद्रीय परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल करेंगी। उनके साथ भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी होंगे।