फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP By-Election Live: कुंदरकी में सबसे अधिक वोटिंग, गाजियाबाद सबसे पीछे, जानें कहां कितने फीसदी हुआ मतदान

Wed, 20 Nov 2024 07:13 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, उत्तर प्रदेश

खास बातें

UP Vidhan Sabha Upchunav, By Election 2024 Voting News Live: यूपी की उपचुनाव वाली नाै विधानसभा सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। इन सीटों पर कुल 3435974 मतदाता हैं। 11 महिलाओं समेत 90 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गाजियाबाद और सबसे कम सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं। पढ़ें मतदान से जुड़ा हर अपडेट
विज्ञापन
UP By Election 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:11 PM, 20-Nov-2024

सपा ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम तक छोड़कर आने को कहा
समाजवादी पार्टी ने एक्स पर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि मतदान खत्म होने बाद ईवीएम सील होने तक और उसके बाद जबतक ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम तक नहीं पहुंच जाती है, तब तक आप उसकी निगरानी करें। मतदान खत्म होने के बाद जिस गाड़ी पर ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम जाती है, आपलोग उस गाड़ी के पीछे-पीछे जाकर स्ट्रॉन्ग रूम तक छोड़ कर आए। साथ ही पार्टी के पोलिंग एजेंट पीठासीन अधिकारी से फॉर्म 17 ग (भाग-1) अवश्य प्राप्त करें और उसे निर्वाचन अभिकर्ता को उपलब्ध कराएं।

06:01 PM, 20-Nov-2024

कुंदरकी: पांच बजे तक 57.32% मतदान, केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में शाम पांच बजे तक 57.32% मतदान दर्ज किया गया। मतदान के प्रति लोगों में उत्साह देखा गया।कई मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे के बाद भी मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर सतर्कता बरतते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया। कुंदरकी में कुल 225 मतदान केंद्रों पर 436 बूथ बनाए गए थे। इसमें से 121 क्रिटिकल और 2 बर्नलेबल थे। इस उपचुनाव में 3,84,673 मतदाताओं ने 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया है।

05:54 PM, 20-Nov-2024

खैर में कुल 46.55 प्रतिशत मतदान हुआ
अलीगढ़ की खैर उपचुनाव में सुबह 7 बजे शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। मतदान शुरू होने दो घंटे में मात्र 9.03 प्रतिशत मतदान हुआ। शुरू में चमन नगरिया, खैर में चंडौस के जला कसेरू और सोफा में मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद मतदान शुरू हुआ। मतदान की रफ्तार धीमी रही। सुबह 11:00 बजे तक 19.18, अपराह्न 1: 00 बजे तक 28.80, दोपहर 3: 00 बजे तक 39.86 प्रतिशत ही मतदान हुआ। शाम 5 बजे मतदान समाप्ति तक आधे से कम मतदाताओं ने मतदान किया। खैर उपचुनाव में कुल  46.55 मतदान हुआ।

ये रहा मतदान प्रतिशत
सुबह 9:00 तक मतदान प्रतिशत - 9.03
सुबह 11:00 बजे तक मतदान प्रतिशत - 19.18
अपराह्न 1: 00 बजे तक मतदान प्रतिशत-  28.80
दोपहर 3: 00 बजे तक मतदान प्रतिशत - 39.86
शाम 5: 00 बजे तक मतदान प्रतिशत - 46.55

विज्ञापन
05:46 PM, 20-Nov-2024

कुंदरकी: शाम पांच बजे के बाद भी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़
कुंदरकी उपचुनाव में मतदान के प्रति लोगों का उत्साह शाम को भी कम नहीं हुआ। शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के बाद भी कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें दिखाई दीं। बड़ी संख्या में लोग अपने वोट डालने के लिए कतार में खड़े रहे। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। क्रिटिकल और बर्नलेबल बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए हैं।

05:12 PM, 20-Nov-2024

कानपुर में दो और मुजफ्फरनगर में दो के खिलाफ कार्रवाई
उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नवदीप रिणवा ने कहा कि सपा की ओर से कुछ जगहों पर शिकायत की गई कि पुलिसकर्मी रोक रहे और आईडी चेक कर रहे थे। इसके चलते 5 पर कार्रवाई की गई है। कानपुर में दो, मुजफ्फरनगर में दो और मुरादाबाद में एक को निलंबित कर दिया गया है।

विज्ञापन
05:05 PM, 20-Nov-2024

भाजपा सरकार ने सारी व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया: अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "इस सरकार ने सारी व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया है...ये लोगों को परेशान कर रहे हैं और यह सरकार उन लोगों को परेशान कर रही है जो उनके खिलाफ वोट कर रहे हैं। हालांकि पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की गई है, फिर भी इन पुलिस को तैनात किसने किया? पुलिस का उपयोग कौन कर रहा है? यह सरकार द्वारा किया जा रहा है इसलिए चुनाव आयोग को इस सरकार के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए''

04:48 PM, 20-Nov-2024

दोबारा मतदान कराने की मांग
कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान ने मुख्य निर्वाचन आयोग से इस चुनाव को रद्द करने और दोबारा मतदान कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन पर भाजपा प्रत्याशी को मदद करने का आरोप लगाया और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को हटाने की मांग की। शिकायत में समाजवादी पार्टी ने चुनाव को तत्काल रद्द कर निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है। हाजी रिजवान ने प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की अपील की है।

04:47 PM, 20-Nov-2024

सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान ने चुनाव आयोग से कुंदरकी उपचुनाव रद्द करने की मांग की
कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने प्रशासन और भाजपा पर धांधली के आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष चुनाव की मांग की है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि सत्तारूढ़ दल चुनाव को प्रभावित करने के लिए सरकारी तंत्र और शक्ति का दुरुपयोग कर रहा है। रिजवान ने कहा कि एक वर्ग विशेष को मतदान का अधिकार दिया गया है, जबकि अन्य वर्ग के मतदाताओं को बूथ तक पहुंचने से रोका जा रहा है।

04:36 PM, 20-Nov-2024
UP By Election - फोटो : अमर उजाला

90 साल की बुजुर्ग ने चारपाई पर लेटकर डाला वोट
खैर विधानसभा के उपचुनाव में बुजुर्ग मतदाता का भी वोट डालने का जुनून देखने को मिल रहा है। गांव हजियापुर में 90 वर्षीय श्योरिती देवी को मतदान कराने के लिए परिजन चारपाई पर लिटाकर मतदान केंद्र तक ले गए। जिसने भी रास्ते में उन्हें देखा तो कहा जब इस उम्र में यह वोट डालने जा सकती हैं तो हम भी मतदान करेंगे। मतदान केंद्र पर श्योरिती देवी को देख मतदान कर्मियों ने भी सलाम किया। श्योरिती देवी ने वोट दिया और परिजन उन्हें चारपाई पर ही घर ले गए।

04:14 PM, 20-Nov-2024

कुंदरकी में एक पुलिसकर्मी निलंबित, तीन को ड्यूटी से हटाया
कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग की गाइडलाइंस का पालन न करना कर्मियों को भारी पड़ गया। शिकायत के बाद एसएसपी सतपाल अंतिल ने एक कर्मी को निलंबित और तीन को ड्यूटी को हटा दिया है। प्रशासन का कहना है कि कुछ के खिलाफ जांच चल रही है।  

04:06 PM, 20-Nov-2024

3 बजे तक विधानसभा उपचुनाव में मतदान
खैर विधानसभा- 39.86 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। 
मीरापुर विधानसभा- 49.06 प्रतिशत मतदान।
फूलपुर विधानसभा- 36.58% 

03:56 PM, 20-Nov-2024

मुजफ्फरनगर में आयोग की गाइडलाइन का पालन न करने पर दो उपनिरीक्षक निलंबित
मीरापुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस का अनुपालन न करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर अभिषेक सिंह द्वारा उप निरीक्षक नीरज कुमार थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर और उप निरीक्षक ओमपाल सिंह थाना भोपा, मुजफ्फरनगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

03:29 PM, 20-Nov-2024

कानपुर में तीन बजे तक 40.29 फीसदी मतदान 

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर तीन बजे तक 40.29 फीसदी मतदान हुआ है। अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 39 है। मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर तीन बजे तक कुल 49.06 प्रतिशत मतदान हुआ है।

03:11 PM, 20-Nov-2024

up by election news: चंडौस के बूथ संख्या एक पर ईवीएम खराब

अलीगढ़ की खैर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में चंडौस के बूथ संख्या एक पर ईवीएम खराब हो गई, जिसके कारण मतदान रुक गया है। सुबह खैर के चमन नगरिया, जला कसेरु और सोफा में मतदान बहिष्कार हुआ। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मतदान शुरू हुआ। अन्य मतदान केंद्रों में वोटिंग जारी है। एक बजे तक 28.80 प्रतिशत मतदान हुआ। खैर में मतदान प्रतिशत बहुत धीमा है।

03:08 PM, 20-Nov-2024

मुजफ्फरनगर में दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

मुजफ्फरनगर के मीरापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस का अनुपालन न करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर अभिषेक सिंह ने उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उप निरीक्षक नीरज कुमार थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर और उप निरीक्षक ओमपाल सिंह थाना भोपा, मुजफ्फरनगर पर कार्रवाई की गई है।

02:55 PM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: मिर्जापुर के मझवां में सपा प्रत्याशी का आरोप, समर्थक को उठाकर ले जा रहे हैं

समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. ज्योति बिंद ने पुलिस प्रशासन पर सत्ता पक्ष के दबाव में मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजा है। आरोप है कि सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों द्वारा मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाताओं को धमकाया जा रहा है। सपा समर्थकों को गाड़ी में बैठा कर ले जा रहे हैं। आरोप लगाया कि मिर्जापुर के मझवां विधानसभा क्षेत्र के बरैनी से सेक्टर अध्यक्ष विजय यादव, गोपाल, अरविंद को सुबह छह बजे से घर से उठा लिया गया है। उनका अब तक पता नहीं है। कछवा थाना क्षेत्र के जलालपुर, देहात कोतवाली के चितवनपुर बूथों पर मुस्लिम, यादव, बिंद बाहुल्य गांव में भारी पुलिस बल लगाकर मतदान करने से रोका जा रहा है।

02:44 PM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: लापरवाही पर पुलिसकर्मी हटाए गए

मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में एक बजे तक 41.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद कुछ स्थानों पर लापरवाही सामने आने पर पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।

02:39 PM, 20-Nov-2024

up by election news: चुनाव आयोग ने की बड़ी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश उपचुनाव के बीच चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने मतदाताओं की जांच करने और उन्हें मतदान करने से रोकने के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया। मिली जानकारी के मुताबिक,  मुरादाबाद में तीन और कानपुर में और मुजफ्फरनगर दो पुलिसवाले सस्पेंड किए गए हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने उत्तर प्रदेश चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष और सुचारू मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। दरअसल, समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यूपी उपचुनाव के दौरान कुछ समुदायों को मतदान करने से रोकने की शिकायत की थी। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई की है। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा एक्स पर एक वीडियो साझा किया गया है, जिसमें एक पुलिस कर्मी मतदाता की पर्ची फाड़ता दिख रहा है। कानपुर के एसआई अरुण सिंह और राकेश नादर निलंबित किए गए हैं। इनका मतदाता को वापस करने का वीडियो वायरल हुआ था। वोट न डालने देने के मामले का आयोग ने संज्ञान लिया है।

02:25 PM, 20-Nov-2024

मैनपुरी के करहल में युवती की हत्या... परिजनों का गंभीर आरोप

मैनपुरी के करहल कस्बा की रहने वाली एक युवती की हत्या के बाद लाश को बोरे में बंद कर नगला अंती के पास फेंक दिया गया। बुधवार की सुबह जानकारी हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कर ली। परिजनों का आरोप है कि बेटी भाजपा को वोट देना चाहती थी। उसे रोकने के लिए अपहरण कर हत्या कर दी गई। 

02:14 PM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: कानपुर में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर हंगामा

कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के जीआईसी गेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों पार्टियों की तरफ से फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर खूब हंगामा हुआ। जीआईसी मैदान में दोनों पार्टियों के प्रत्याशी और कार्यकर्ता जमा हो गए हैं। गहमागहमी का माहौल है, भारी संख्या में फोर्स को तैनात किया गया है।

 

02:05 PM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: पोलिंग एजेंट को पीटने को लेकर धरने पर बैठे भाजपा प्रत्याशी

कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के जीआईसी में भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी पोलिंग एजेंट को पीटने के लेकर धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस ने समझा बुझाकर उन्हें बाहर निकाला है। जीआईसी के आसपास भीड़ जमा हो गई है। सुरेश अवस्थी की गाड़ी पर लाल इमली चौराहे पत्थर भी चला है।

02:01 PM, 20-Nov-2024

up by election news: 'वोट डालने से रोका जा रहा है'

मुजफ्फरनगर की मीरापुर इलाके के सीकरी में मतदान केंद्र के बाहर ग्रामीण एकत्र हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें वोट डालने से रोका जा रहा है। सपा प्रत्याशी सुम्बुल राणा सीकरी पहुंचीं, उन्होंने चुनाव अधिकारी को पत्र लिखा है। अमर उजाला संवाददाता से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं के साथ जा रहे हैं, वहीं खड़े रहकर वोट डलवाएंगे।

01:54 PM, 20-Nov-2024

औंछा बूथ पर ईवीएम हुई खराब, एक घंटे से रुका मतदान 

मैनपुरी की करहल विधानसभा के औंछा स्थित चमनऋषि विद्यालय बूथ संख्या-360 पर मतदान करने आए लोग एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं। यहां ईवीएम खराब होने की सूचना है। वोट डालने के इंतजार में लोग लाइन में लगे हुए हैं।

01:53 PM, 20-Nov-2024

मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर 32.29 फीसदी वोटिंग

करहल विधानसभा उपचुनाव में एक बजे तक का वोटिंग प्रतिशत जारी कर दिया गया है। एक बजे तक इस विधानसभा के उपचुनाव में  31.83 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

01:43 PM, 20-Nov-2024

यूपी की नौ सीटों पर एक बजे तक मतदान

मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर 36.77 फीसदी मतदान
मिर्जापुर की मझवां सीट पर 31.68 प्रतिशत वोटिंग
अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर 28.80 प्रतिशत वोटिंग
प्रयागराज की फूलपुर सीट पर 26.67 फीसदी मतदान
मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर 41.01 प्रतिशत मतदान
मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर 32.29 फीसदी वोटिंग
अंबेडकर नगर की कटेहरी सीट पर 36.54 प्रतिशत मतदान
गाजियाबाद सीट पर 20.92 फीसदी मतदान
कानपुर की सीसामऊ सीट पर 28.50 फीसदी मतदान

01:40 PM, 20-Nov-2024

सपा हार रही.. इसलिए लगा रही गलत आरोप: रामवीर सिंह 

कुंदरकी में भाजपा के प्रत्याशी रामवीर सिंह ने कहा कि सपा प्रत्याशी हार रहे हैं। इसलिए वह प्रशासन और दूसरी पार्टियों पर गलत आरोप लगा रहे हैं। मतदान को रोकने जैसी बात बेबुनियाद है। सुबह से ही सभी बूथों पर मतदान चल रहा है। सपा प्रत्याशी हार रहे हैं। उनकी गलतियां ऊपर तक नहीं जाएं इसलिए वह सरकार और प्रशासन को दोषी बता रहे है। कहा कि उन्होंने सपा सरकार के दाैरान मुस्लिम समाज के लोगों पर मुकदमे दर्ज करवाए। इसका गुस्सा लोगों में था। कुछ लोग भाजपा को वोट दे रहे और कुछ बहिष्कार कर रहे हैं। अपनी गलती को छिपाने के लिए सपा प्रत्याशी अर्नगल आरोप लगा रहे हैं। अखिलेश यादव से अनुरोध है कि 2012 से 17 तक के कार्यकाल के दाैरान थाना कुंदरकी और मैनाठेर में दर्ज मुकदमों का समाधान करवाएं।

01:34 PM, 20-Nov-2024

'महाराष्ट्र में भाजपा और उसका गठबंधन हारेगा'

गाजियाबाद सदर सीट पर हो रहे उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 12.87 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान 119 केंद्रों पर चल रहा है। मतदान करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाने के लिए संकल्पित हैं। समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है। अखिलेश यादल और राहुल गांधी लोकतंत्र को बचाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मौका परस्त ताकते खत्म होंगी। क्योंकि ये लोकतंत्र के खिलाफ हैं। महाराष्ट्र में भाजपा और उसका गठबंधन हारेगा। यहां हम यूपी की नौ सीटों पर जीतेंगे। उन्होंने दावा किया है कि 2027 में अखिलेश यादव यूपी के सीएम बनेंगे।

01:31 PM, 20-Nov-2024

मतदान के बीच अखिलेश का भाजपा पर आरोप

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा प्रशासन पर सपा समर्थकों को वोट देने से रोकने के लिए दबाव बना रही है। सपा समर्थकों को वोट करने से रोका जा रहा है। अधिकारी लोगों को वोट नहीं करने दे रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर एक बार पुलिस के लोग वोट करने से रोकते हैं तो दोबारा वोट करने के लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों का नाम लेते हुए उन्हें हटाने की मांग की है। अखिलेश यादव मतदान के बीच  लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के लोग ऐसे अधिकारियों का वीडियो बनाएं और तस्वीरें लें जो कि उन्हें वोट नहीं करने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के दोनों इंजन आमने-सामने आ गए हैं। इसलिए इन चुनाव में बेईमानी हो रही है। भाजपा बेईमानी से चुनाव जीतना चाहती है। अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा कि दिल्ली और दोनों डिप्टी सीएम इनके खिलाफ हैं। वो अपना सिंहासन बचाने के लिए लड़ रहे हैं लेकिन इतना सबकुछ होने के बावजूद सपा प्रदेश की सभी नौ विधानसभा सीटों का उपचुनाव जीत रही है। एक भी विधायक सीएम योगी के पक्ष में नहीं है।
 

01:16 PM, 20-Nov-2024

सपा प्रत्याशी का आरोप- करहल में घूम रहीं संदिग्ध गाड़ियां, भाजपा के लोग मतदान कर रहे प्रभावित

करहल विधानसभा क्षेत्र के घिरोर के गांव शाहजहांपुर बूथ पर पहुंचे सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने कहा कि भाजपा के लोग मतदान को प्रभावित कर रहे हैं। करहल में कई गाड़ियां घूम रही हैं। जहां कमजोर लोग हैं, वहां ये पहुंच रहे हैं और मतदाताओं को डराया जा रहा है।
 

01:11 PM, 20-Nov-2024

भाजपा के बस्ते पर लोगों की भीड़ दिखी

गाजियाबाद की सदर सीट पर हो रहे उपचुनाव के मतदान के बीच विजयनगर स्वदेशी चौक पर भाजपा के बस्ते पर लोगों की भीड़ लगी दिखी। वहीं विधायक अजीत पाल त्यागी ने अपना वोट गीत संजय मेमोरियल पब्लिक स्कूल में डाला है। जबकि चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल में  पहली बार मतदान करने वाली चेस्ठा सिंह पहुंची। जिन्होंने मतदान के बाद स्याही का निशान दिखाया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी भी मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मत का प्रयोग किया।

12:55 PM, 20-Nov-2024

विकास और शिक्षा के मुद्दे पर वोट

गाजियाबाद विधानसभा सीट पर 119 मतदान केंद्रों पर मतदान चल रहा है। ज्यादातर लोगों का कहना है कि वह विकास और शिक्षा के मुद्दे पर वोट कर रहे हैं। कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

12:45 PM, 20-Nov-2024

दिन चढ़ने के साथ बढ़ा मतदान का ग्राफ

गाजियाबाद की सदर सीट पर हो रहे उपचुनाव में सुबह आठ बजे तक मतदान की रफ्तार काफी सुस्त रही। सुबह नौ बजे तक 5.36 फीसदी मतदान हुआ।  नौ बजे के बाद बूथों पर मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है। 11 बजे तक 12.87 फीसदी मतदान हो चुका है।

 

12:35 PM, 20-Nov-2024

मोबाइल लेकर गेट से एंट्री नहीं

कानपुर की सीसामऊ सीट को लेकर श्री सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में मतदाताओं को मोबाइल लेकर गेट से एंट्री नहीं करने दी जा रही है । उनसे कहा जा रहा है कि वह मोबाइल किसी को दें या घर पर रख कर आए, तभी अंदर जाने दिया जाएगा। पुलिस अधिकारी यह भी कह रहे हैं कि मोबाइल मतदान केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है। इसकी पहले ही जानकारी दी गई थी फिर भी तमाम लोग मोबाइल लेकर आ रहे हैं।

12:18 PM, 20-Nov-2024

up by election news: पुलिस पर पोलिंग एजेंट की पिटाई का आरोप

कानपुर की सीसामऊ सीट पर पोलिंग एजेंट बने युवक रशीद अहमद निवासी चमनगंज की पुलिस ने पिटाई कर दी। इस पर सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी और सपा नेता विकास सम्राट मुस्लिम जुबली बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया।

12:15 PM, 20-Nov-2024

कुंदरकी उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 28.54% मतदान 

कुंदरकी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 28.54% मतदान दर्ज किया गया।  शुरुआती घंटों में धीमी रफ्तार के बाद मतदान की गति तेज हुई है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ती जा रही है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस सीट पर सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क के इस्तीफे के बाद उपचुनाव हो रहा है। जिन्होंने 2022 में सपा के टिकट पर इस सीट से जीत दर्ज की थी।

12:15 PM, 20-Nov-2024

up by election: सुबह 11 बजे तक 15.91 प्रतिशत मतदान

कानपुर के अनवरगंज स्थित मनोरंजन संस्थान के बाहर लाइन लगी है। करीब 20 से 25 लोग लाइन में लगे हुए हैं। मिश्रित आबादी वाली जगह पर सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाताओं का कहना है यहां पर लगभग 500 से 600 वोट पड़ चुके हैं। सीसामऊ सीट पर सुबह 11 बजे तक 15.91 प्रतिशत मतदान हो गया है। 

12:12 PM, 20-Nov-2024

मैनपुरी के करहल में 11 बजे तक 20.71 प्रतिशत मतदान

मैनपुरी के करहल में 11 बजे तक 20.71 प्रतिशत मतदान हो गया है। बूथों पर गजब का उत्साह दिख रहा है। करहल विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं के बीच गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 20.71 पहुंच गया है। वहीं, खास बात ये है कि बूथों पर अभी भी लाइनें लगी हुई हैं।

12:08 PM, 20-Nov-2024

यूपी भाजपा ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र

उत्तर प्रदेश भाजपा ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। पत्र में कहा है कि कानपुर की सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र स्थित मस्जिद और मदरसों में बाहर के विधानसभा क्षेत्रों से आए हुए व्यक्तियों को ठहराया गया है, इन लोगों के फर्जी पहचान पत्र बनवाकर मतदान कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग इसका तत्काल संज्ञान लेकर ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर फर्जी मतदान को रोके।  
 

12:03 PM, 20-Nov-2024

'ककरौली के पास दो पक्षों में छोटी सी झड़प हुई'

मुजफ्फरनगर एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया, "मीरापुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान थाना ककरौली क्षेत्र के अंतर्गत गांव ककरौली के पास दो पक्षों में छोटी सी झड़प हुई है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बल प्रयोग कर सभी को वहां से हटा दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मतदान स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से चल रहा है।

11:56 AM, 20-Nov-2024

up by election: कैला भट्ठा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में लगी मतदाताओं की लाइन

गाजियाबाद के नया गंज स्थित कन्या वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज बूथ केंद्र में मतदान के बाद 90 वर्षीय रामजी लाल ने उंगली पर स्याही का निशान दिखाया। विजयनगर के धारा सिंह बालिका विद्यालय में लोग कमी से ही वोट डालने के लिए जा रहे हैं। धारा सिंह बालिका विद्यालय में वोट डालने आए अनिल कुमार शर्मा का कहना है कि जन्म से यही रह रहे हैं। आज वोट डालने के लिए आए तो पता चला कि लिस्ट में नाम ही नहीं है। निराशा होकर लौटना पड़ रहा है। कैला भट्ठा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मतदाताओं की लाइन लगी है।
 

11:47 AM, 20-Nov-2024

शंभू दयाल पीजी कॉलेज का बूथ खाली

गाजियाबाद के चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र में पुलिस अधिकारी ने निरीक्षण किया। कन्या वैदिक स्कूल में कड़ी सुरक्षा में मतदान चल रहा है। शंभू दयाल पीजी कॉलेज में बना बूथ खाली पड़ा है। कैला भट्ठा में सहारा पब्लिक बूथ खाली पड़ा है। कैला भट्ठा में बाजार में चहल पहल दिखाई दे रही है, लेकिन बूथ खाली पड़े हैं।कनौसा कान्वेंट स्कूल के बाहर मतदाता बस्ते से मतदाता पर्ची लेते दिखाई दिए। विजयनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर मतदान केंद्र के बूथ पर मतदान के लिए मतदाता कतार में दिखाई दिए। विजयनगर स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र के बूथ के बाहर मतदाता खड़े दिखाई दिए।

11:38 AM, 20-Nov-2024

यूपी की नौ सीटों पर 11 बजे तक मतदान

मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर 26.18 फीसदी मतदान
मिर्जापुर की मझवां सीट पर 20.41 प्रतिशत वोटिंग
अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर 19.18 प्रतिशत वोटिंग
प्रयागराज की फूलपुर सीट पर 17.68 फीसदी मतदान
मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर 28.54 प्रतिशत मतदान
मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर 20.71 फीसदी वोटिंग
अंबेडकर नगर की कटेहरी सीट पर 24.28 प्रतिशत मतदान
गाजियाबाद सीट पर 12.87 फीसदी मतदान
कानपुर की सीसामऊ सीट पर 15.91 फीसदी मतदान

11:35 AM, 20-Nov-2024

ग्रामीणों ने किया चुनाव का बहिष्कार

अलीगढ़ की खैर में चंडौस के जला कसेरू में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र में कीचड़ और पानी भरा होने से ग्रामीण नाराज हैं। प्रधान पर विकास कार्य नहीं करने का आरोप लगाया है। जिला प्रशासन की टीम ग्रामीणों को मनाने के लिए पहुंची है। वहीं सोफा में मतदान का बहिष्कार हुआ है, जिला प्रशासन के समझाने पर मतदान शुरू हुआ। खैर विधानसभा उपचुनाव में 11 बजे तक 19.33 प्रतिशत मतदान हुआ है।
 

11:21 AM, 20-Nov-2024

मझवां उपचुनाव मतदान: वोटर लिस्ट में नाम ढूंढते रहे मतदाता

मझवां के पड़री में मतदाता सूची में परिवार के लोगों का नाम सूची बद्ध न होने से नाम ढूंढने को लेकर लोग काफी परेशान दिखे। मतदाताओं ने बताया कि परिवार के लोगों का नाम अलग-अलग वार्ड में है। वहीं कुछ सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। बता दें कि बीएलओ द्वारा हर घर जाकर मतदाता पर्ची बांटनी थी, लेकिन अधिकतर गांवों में पर्ची नहीं बांटी गई, जिससे मतदान केंद्रों के पास लोग वोटर लिस्ट में नाम ढूंढने में परेशान दिखे।
 

11:19 AM, 20-Nov-2024

नसीम सोलंकी बोलीं- पर्ची फाड़ रही है पुलिस, महिलाओं का आरोप- बच्चों को मार रहे हैं

सीसामऊ उपचुनाप में सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी क्षेत्र में घूमकर जायजा लेने निकली हैं। इस बीच उन्होंने पुलिस पर कई जगह पर्ची फाड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, हलीम पुलिस चौकी के पास कॉम्पिटेटिव विद्यालय के पास महिला मतदाताओं ने नसीम से बच्चों को मारने की शिकायत की। इसको लेकर पुलिस और नसीम के बीच बहसबाजी भी हो गई। नसीम ने निष्पक्ष चुनाव और सहयोग करने को कहा है। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के दयानंद गर्ल्स इंटर कॉलेज में मतदान न करने देने पर हंगामा हो गया। पार्षद अंकित मौर्य और अन्य कार्यकर्ताओं ने पीठासीन के साथ इस मामले में बात की।
 

11:12 AM, 20-Nov-2024

महिलाओं का हिजाब भी हटवा रही है पुलिस

उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। चुनाव आयोग की स्पष्ट मनाही के बावजूद कानपुर नगर जिले की सीसामऊ सीट पर पुलिस वोटरों का पहचान पत्र चेक कर रही है और महिलाओं का हिजाब भी हटवा रही है। कानपुर ग्वालटोली थाना इलाके के मकबरा मोहल्ले में बैरिकेडिंग करके रास्ता बंद किया गया है। समाजवादी पार्टी की नेता नीलम रोमिला सिंह ने मौके पर हंगामा किया।

11:05 AM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: मतदाताओं से मारपीट का आरोप

कानपुरी की सीसामऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान को लेकर मतदाताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मतदाताओं ने अभद्रता करने का आरोप लगाया है। सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी अपर प्राइमरी स्कूल गांधी पार्क मतदान केंद्र पर पहुंची। उन्होंने मतदाताओं से मारपीट का आरोप लगाया।

11:03 AM, 20-Nov-2024

'वोट डालने पर न लाइट जली और ना पर्ची निकली'

कानपुरी की सीसामऊ सीट पर मतदान के दौरान जीआईसी में नगमा परवीन ने आरोप लगाया कि वोट डालने पर न लाइट जली और ना पर्ची निकली। 

11:01 AM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: मुझेड़ा सादात में भी हंगामे की सूचना

मुजफ्फरनगर के मीरापुर के मुझेड़ा सादात में भी मतदाताओं ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें वोट नहीं डालने दे रही है। बूथ नंबर 234,235,236,237,238 पर हंगामे की सूचना है। वहीं सपा के बस्ते फेंकने और लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया गया है। मीरापुर में सुबह नाै बजे तक 13 प्रतिशत मतदान हुआ।

10:59 AM, 20-Nov-2024

up by election news: पीठासीन अधिकारी का आरोप

मैनपुरी से बड़ी खबर है।करहल विधानसभा उपचुनाव के लिए कंपोजिट विद्यालय नहली पर फर्जी मतदान की सूचना मिलते ही सेक्टर मजिस्ट्रेट और एसडीएम मौके पर पहुंच गए। पीठासीन अधिकारी पोलिंग पार्टी समेत कमरे में अंदर बंद हो गए। पीठासीन अधिकारी का आरोप है कि फर्जी मतदान करने का दबाव बनाया जा रहा है। इस दौरान आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी एक पोस्ट कर बूथ संख्या 407 पर फर्जी मतदान होने की शिकायत की है। वहीं फर्जी मतदान की सूचना पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद भदौरिया भी मौके पर पहुंचे।

10:47 AM, 20-Nov-2024

up by election: चमन नगरिया में मतदान बहिष्कार

अलीगढ़ की खैर विधानसभा क्षेत्र के गांव चमन नगरिया में विद्युत लाइन की चपेट में आकर करंट से दिव्यांग हुए युवक को सरकार द्वारा कोई सहायता प्रदान नहीं करने पर ग्रामीणों ने उप चुनाव का बहिष्कार किया है। मौके पर एसडीएम महिमा राजपूत पहुंची और ग्रामीणों को समझाने में जुटीं।


10:39 AM, 20-Nov-2024

करहल विधानसभा सीट पर सुबह नौ बजे तक 9.67 प्रतिशत मतदान

मैनपुरी की करहल विधानसभा पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है। यहां मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है। सुबह नौ बजे तक 9.67 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं।

10:20 AM, 20-Nov-2024

मुजफ्फरनगर के ककरौली में पुलिस पर वोट डालने से रोकने का आरोप

मुजफ्फरनगर के ककरौली में मुस्लिम मतदाताओं ने पुलिस पर वोट डालने जाने से रोकने का आरोप लगाया। विरोध में जाम लगाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया।

10:16 AM, 20-Nov-2024

कुंदरकी उपचुनाव: सुबह नाै बजे तक 13.59% मतदान 

कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक कुल 13.59% मतदान दर्ज किया गया है। शुरुआती घंटों में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन समय के साथ मतदाताओं में उत्साह बढ़ता नजर आ रहा है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। वहीं, मतदान के दौरान विभिन्न बूथों पर राजनीतिक दलों के एजेंट भी सक्रिय नजर आए। सुबह के समय ठंड के कारण मतदान केंद्रों पर भीड़ कम रही।

10:14 AM, 20-Nov-2024

up by election news: सुबह 9:30 बजे बूथ पर सन्नाटा पसरा

प्रयागराज की फूलपुर के नैका महीन पोलिंग बूथ पर सुबह 9:30 बजे सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह 9:00 बजे तक कुल 8.83 % मतदान हुआ हैl

10:11 AM, 20-Nov-2024

up by election news: ककरौली में पुलिस पर मारपीट का आरोप, हंगामा

मुजफ्फरनगर के ककरौली में ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें यह कहा गया कि उनका वोट पहले ही डल चुका है। जब वह मतदान केंद्र पर पहुंचे तो उन्हें पुलिसकर्मियों ने वापस भेज दिया। इसके विरोध में ग्रामीण मुख्य मार्ग पर उतर आए और पुलिस का विरोध किया। ग्रामीणों ने रोड जाम का एलान भी किया।

10:09 AM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: सपा ने कहा- किथौड़ा(मीरापुर) में रोके जा रहे मतदाता

सपा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि किथौड़ा में मतदाताओं को मतदान से रोका जा रहा है। गांव के बूथ संख्या 266, 267 और 268 का हवाला दिया गया। उधर, मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक हरबंस सिंह और डीएम उमेश मिश्रा कंट्रोल रूम पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

10:08 AM, 20-Nov-2024

अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर 9.03 प्रतिशत वोटिंग

अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर नौ बजे तक 9.06 प्रतिशत हुआ। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा है। 

10:06 AM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: सीसामऊ सीट पर 5.73 फीसदी मतदान

सीसामऊ विधानसभा उप निर्वाचन में सुबह 09.00 बजे तक 05.73 प्रतिशत मतदान हुआ। कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में फोर्स लगी है। 85 वर्षीय चंदा देवी बेटे दिलीप कुमार के साथ हर सहाय के मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंची। उत्तर प्रदेश वस्त्र प्रौद्योगिकी संस्थान में मतदाता आम्रपाली और अनुष्का वोट डालने पहुंची। 

10:04 AM, 20-Nov-2024

up by election: मतदाताओं को वोट करने से रोका जा रहा-सपा

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा के वार्ड 71 में हमीम कॉलेज पर पुलिस द्वारा मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है। सपा ने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की है। कहा है कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।

 

10:00 AM, 20-Nov-2024

up by election news: फूलपुर सीट पर सुबह सात बजे मतदान जारी

प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट के लिए सुबह सात बजे मतदान जारी है। इस सीट पर 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। चार लाख सात हजार से अधिक मतदाता हैं। वोटिंग शाम पांच बजे तक होगी। माक पोल के दौरान तीन बैलेट यूनिट, दो कंट्रोल यूनिट और आठ वीवीपैट बदले गए हैं। पर्ची नहीं बंटने से लोग परेशान हैं। सर्वर धीमा होने से आनलाइन पर्ची निकालना भी कठिन हो रहा है। पंत संस्थान पोलिंग बूथ पर मतदाता बीएलओ से पर्ची बनवाते दिखाई दिए। छतनाग के बूथों पर सिर्फ भाजपा और सपा के बस्ते दिख रहे हैं। बसपा का बस्ता नहीं है।

09:55 AM, 20-Nov-2024

up by election news: आयुक्त और आईजी ने लिया जायजा

कटेहरी सीट पर हो रहे मतदान का आयुक्त अयोध्या मंडल गौरव दयाल और आईजी प्रवीण कुमार जायजा लेने पहुंचे। 

09:47 AM, 20-Nov-2024

up by election news: यूपी की नौ सीटों पर सुबह नौ बजे तक मतदान

यूपी की नौ सीटों पर सुबह नौ बजे तक मतदान
गाजियाबाद सीट पर 5.36 फीसदी मतदान
कानपुर की सीसामऊ सीट पर 5.73 फीसदी मतदान
मिर्जापुर की मझवां सीट पर 10.55 प्रतिशत वोटिंग
मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर 13.01 फीसदी मतदान
अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर 9.03 प्रतिशत वोटिंग
प्रयागराज की फूलपुर सीट पर 8.83 फीसदी मतदान
मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर 13.59 प्रतिशत मतदान
मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर 9.67 फीसदी वोटिंग
अंबेडकर नगर की कटेहरी सीट पर 11.48 प्रतिशत मतदान
 

09:41 AM, 20-Nov-2024

up by election: 'ईमानदारी से भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकती'

इटावा के सैफई में उत्तर प्रदेश उपचुनाव पर समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि "ईमानदारी से भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकती। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बंटवारे की नीतियों के चलते सभी लोग दुखी हैं। अशांति में नुकसान सभी का होता है। रुझान समाजवादी पार्टी के पक्ष में है। लगभग सभी सीटें हम जीतेंगे...महाराष्ट्र और झारखंड में INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

09:20 AM, 20-Nov-2024

up upchunav 2024: सपा उम्मीदवार हाजी रिजवान की पुलिस कर्मियों से हुई बहस

कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान ने प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस गांव के अंदर चेक पोस्ट बनाकर लोगों के आधार कार्ड चेक कर रही है। इसके अलावा मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। आरोप लगाया कि बूथ संख्या 275 पर सपा के पोलिंग एजेंट को तैनात नहीं होने दिया गया। उन्होंने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस भाजपा प्रत्याशी की पर्चियों के आधार पर वोट डलवा रही है। सपा उम्मीदवार और पुलिस के बीच इस मुद्दे को लेकर जमकर बहस हुई। कहा कि इस तरह की कार्रवाई चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करती है। इस मामले में अभी प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थिति को देखते हुए कुंदरकी में माहौल गरमा गया है।

08:59 AM, 20-Nov-2024

up by election news: अलीगढ़ में मतदाताओं की कतार लगी

अलीगढ़ की खैर सीट पर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइन लगनी शुरू हो गई है। टप्पल स्थित जमुना खण्ड इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 16, 17, 18 पर मतदान करने के लिए मतदाताओं की लाइन लगी है। 

08:47 AM, 20-Nov-2024

खैर सीट पर मतदान जारी

अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान चल रहा है। यहां कुल 4,02,819 मतदाता हैं, जिनमें 2,15,088 पुरुष, 1,87,709 महिलाएं और 22 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां 5 उम्मीदवार मैदान में हैं।

भाजपा-रालोद गठबंधन - सुरेंद्र कुमार
सपा-कांग्रेस गठबंधन - चारू कैन
बसपा - डॉ. पहल सिंह
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम ) - नितिन कुमार चौटेल 
राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी - भूपेंद्र कुमार धनगर

08:38 AM, 20-Nov-2024

'विकास के मुद्दे पर वोट डाला'

गाजियाबाद के चिल्ड्रन एकेडमी बूथ नंबर 153 पर 79 वर्षीय राम निवास शर्मा ने मतदान किया। वोट डालने के बाद शर्मा ने बताया कि उन्होंने विकास के मुद्दे पर वोट डाला है।

08:37 AM, 20-Nov-2024

बसपा प्रत्याशी पीएन गर्ग ने किया मतदान

गाजियाबाद के चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल में बने दिव्यांग बूथ पर बसपा प्रत्याशी पीएन गर्ग ने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान के उन्होंने उंगली पर स्याही का निशान दिखाया।

08:33 AM, 20-Nov-2024

गाजियाबाद के कैला भट्टा स्थित मतदान केंद्र में खाली पड़े बूथ

गाजियाबाद के चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल में दिव्यांग मतदान केंद्र बना है। यहां व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। 86 वर्षीय नरेंद्र महेश्वरी को व्हीलचेयर पर ले जाया गया। मतदान के बाद वो उंगली पर स्याही का निशान दिखाते हुए दिखे। कैला भट्टा स्थित मतदान केंद्र में बूथ खाली पड़े हैं।

08:24 AM, 20-Nov-2024

एसडीएम और सीओ ने किया निरीक्षण

मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर उपचुनाव में अधिकारी भी सुबह से सक्रिय हो गए। एसडीएम ने सीओ के साथ कंपोजिट विद्यालय रठेरा के बूथ संख्या 213, 211, 212  पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सख्ती बरतने के निर्देश दिए।

08:20 AM, 20-Nov-2024

बूथ नंबर 256 पर वीवीपैट खराब

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर 48 केंद्रों पर मतदान जारी है। कंट्रोल रूम से केंद्रों पर निगरानी हो रही है। बूथ नंबर 256 पर वीवीपैट खराब हो गई। इसे बदली जा रही है।

08:15 AM, 20-Nov-2024

मीरापुर विधानसभा के गांव चौरावाला में मतदान शुरू

मुजरफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। पुलिस-प्रशासन ने विधानसभा को छह जोन और 33 सेक्टर में बांटा है। डीआईजी सहारनपुर अजय साहनी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। तीन लाख 24 हजार 571 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 164 मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। शहर की कूकड़ा मंडी से रवाना हुई पोलिंग पार्टियां मंगलवार देर शाम अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।

08:09 AM, 20-Nov-2024

कुंदरकी के 223 केंद्रों में मतदान शुरू

मुरादाबाद के कुंदरकी विधानसभा सीट पर 223 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो गई है। क्षेत्र के 3,84,673 मतदाता बुधवार को 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। निष्पक्ष मतदान कराने के लिए कस्बे से लेकर गांवों तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

07:49 AM, 20-Nov-2024

कानपुर में 48 केंद्रों पर मतदान जारी

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान बूथों की निगरानी कंट्रोल बूथ पर की जा रही है। क्षेत्र के 2.71 लाख मतदाता मतदान करेंगे। जिसमें पुरूष 143768 और महिला 127273 मतदाता हैं। ये मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

ये प्रत्याशी मैदान में 
प्रत्याशी               पार्टी        चुनाव चिंह 
नसीम सोलंकी      सपा        साइकिल
वीरेंद्र कुमार         बसपा      हाथी 
सुरेश अवस्थी       भाजपा     कमल 
 

07:48 AM, 20-Nov-2024

गाजियाबाद सीट के लिए मतदान जारी

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक के जीडीए हायर सेकेंडरी स्कूल में लोग वोट डालने पहुंचे। यहां कड़ी सुरक्षा में मतदान चल रहा है। 



 

07:44 AM, 20-Nov-2024

कड़ी सुरक्षा में मतदान जारी

गाजियाबाद के चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल में मतदान चल रहा है। मतदान के बाद स्याही का वृद्ध महिला सतबीर गोस्वामी ने निशान दिखाया। चौधरी छबील दास पब्लिक स्कूल में दिव्यांग  मतदान केंद्र भी बनाया गया है। अकबरपुर बहरामपुर स्थित शन शाइन स्कूल में कड़ी सुरक्षा में मतदान चल रहा है। 

07:40 AM, 20-Nov-2024

मेरा वोट सबसे पहले

मेरा वोट सबसे पहले... मॉडल प्राइमरी स्कूल खैर प्राचीन पर वोट डालने के बाद युवक

07:36 AM, 20-Nov-2024

कटेहरी सीट पर मतदान शुरू

यूपी के अंबेडकर नगर के कटेहरी सीट पर मतदान शुरू हो गया है। महरुआ में मतदान केंद्र पर मतदाता मतदान के लिए पहुंची। 

07:34 AM, 20-Nov-2024

खैर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू

अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। सुबह से ही मतदाता वोट डालने के लिए बूथ पर पहुंचने शुरू हो गए।

06:55 AM, 20-Nov-2024

कुल 3718 बूथों पर होगा मतदान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव में कुल 1917 मतदान केंद्रों के 3718 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) पर मतदान होगा। इन मतदेय स्थलों में 1237 संवेदनशील हैं।

06:38 AM, 20-Nov-2024
वोटिंग कुछ देर में - फोटो : अमर उजाला

अलीगढ़ में मॉक पोल 

उपचुनाव के अंतर्गत अलीगढ़ की खैर विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग बूथों पर सुबह 05:30 बजे मॉक पोल किया गया। मॉक पोल में हर उम्मीदवार के साथ नोटा के बटन को रैंडम तरीके से दबाया जाता है। हर पोल में कम से कम 50 मॉक पोल होते हैं। अगर ईवीएम से बीप की आवाज आती है, तो सही, वरना ईवीएम को बदल दिया जाता है। पीठासीन अधिकारी पोल का प्रमाण पत्र तैयार करता है, उस पर पोलिंग एजेंट के हस्ताक्ष होते हैं। यह प्रक्रिया रिटर्निंग अफसर की निगरानी में किया जाता है। ठीक 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा।

06:28 AM, 20-Nov-2024

थोड़ी देर में शुरू होगा मतदान

मीरापुर (मुजफ्फरनगर), कुन्दरकी (मुरादाबाद), गाजियाबाद, खैर सुरक्षित (अलीगढ़), करहल (मैनपुरी), सीसामऊ (कानपुर नगर), फूलपुर (प्रयागराज), कटेहरी (अम्बेडकरनगर) और मझवां (मिर्जापुर) सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

05:58 AM, 20-Nov-2024

UP By-Election Live: कुंदरकी में सबसे अधिक वोटिंग, गाजियाबाद सबसे पीछे, जानें कहां कितने फीसदी हुआ मतदान

यूपी की उपचुनाव वाली नाै विधानसभा सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। इन सीटों पर कुल 3435974 मतदाता हैं। 11 महिलाओं समेत 90 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गाजियाबाद और सबसे कम सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें