अखिलेश यादव का पीडीए रथ रायबरेली शहर में प्रवेश कर गया है। जाम से पूरा शहर पस्त पड़ गया है। जो जहां है, उसे वहीं रोक दिया गया। पूरे शहर को चार जोन में बदल दिया गया है। जीआईसी ग्राउंड की तरफ से इंट्री बंद कर दी गई है।
लखनऊ से शुरू हुई इस यात्रा को पार्टी के जमीनी संपर्क और संगठन को सक्रिय करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए और रथ के साथ चले।
हमारे रंग बढ़ रहे हैं, इसीलिए भाजपा के रंग उड़ रहे हैं। pic.twitter.com/k7IzoGKaFE
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 24, 2026
इसके पहले, रायबरेली की ओर जा रहे अखिलेश यादव का मोहनलालगंज में जोरदार स्वागत हुआ। वह कुछ देर के लिए मोहनलालगंज में रुके। कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। अखिलेश यादव ने भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद रायबरेली के लिए रवाना हो गए।
सपा मुखिया अखिलेश यादव की रथ यात्रा को लेकर सियासी हलचल तेज कर दी है। लखनऊ में अखिलेश के खिलाफ होर्डिंग्स लगाई गईं। सिकंदराबाद चौराहे पर लगाई गई होर्डिंग में गिरिगिटेश लिखा गया। उसी अनुरूप चित्र भी बनाया गया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देखा तो इसे फाड़कर विरोध जताया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रायबरेली से शुरू हुई पीडीए रथयात्रा को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बृहस्पतिवार को अकबरपुर स्थित सर्किट हाउस में तीखी टिप्पणी की। अखिलेश यादव के ‘27 विजय भव’ पोस्टर पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि कुछ दिन बाद इसी रथ पर ‘विजय भव’ की जगह ‘विनाश भव’ लिखा जाएगा।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव रायबरेली में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने जा रहे हैं। सपा नेताओं और पुलिस अधिकारी के बीच हुए विवाद का हवाला देते हुए अखिलेश के रायबरेली दौरे पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव के रथ पर ‘27 विजय भव’ पोस्टर में हनुमान जी के चित्र को लेकर भी राजभर ने तंज कसा।
उन्होंने कहा कि हनुमान भगवान राम के भक्त हैं और अखिलेश यादव अब तक अयोध्या भगवान राम के दर्शन करने नहीं गए हैं। राम के दर्शन किए बिना हनुमान का आशीर्वाद कैसे मिलेगा। राजभर ने शिवपाल यादव पर सपा सांसद रमाशंकर राजभर (सलेमपुर) और राम भुआल निषाद (सुल्तानपुर) के मंच से नीचे बैठने पर भी निशाना साधा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बछरावां में पीडीए रथ पर सवार हुए और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कहा जा रहा है कि इसके साथ ही सपा ने मिशन यूपी में फतेह के लिए शुरुआत कर दी।
यूपी चुनाव 2027 में जीत हासिल करने के लिए सपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। सपा का पीडीए रथ बृहस्पतिवार को रायबरेली पहुंचा जहां पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मिशन 2027 के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
उधर, रायबरेली पहुंचने से पहले शहर में जगह-जगह अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों लिखा- लाल टोपी, साइकिल... यही है गुंडों की पहचान।
वहीं, दूसरे पोस्टर में 'योगी राज में कानून से गुंडई नहीं चलेगी' लिखा गया। सपा मुखिया के आगमन से पूर्व यह पोस्टरबाजी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रही है।