गाजियाबाद से शुरू हुआ अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बरेली और बदायूं होते हुए मंगलवार को पीलीभीत पहुंचा। यहां अमर उजाला के कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पीलीभीत की जनता का मूड जानने का प्रयास किया गया। सुबह सवेरे चाय पर चर्चा के दौरान लोग अपनी परेशानियां रखीं। दोपहर में महिलाओं के साथ बातचीत हुई, जिसके बाद युवाओं से उनकी प्रथमिकताएं जानी गईं। शाम चार बजे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पीलीभीत के मुद्दों पर सवाल किए गए।
सपा प्रवक्ता ने भाजपा के विकास के दावे को बड़ा झूठ बतलाते हुए कहा कि पूरी पीलीभीत में जो भी विकास के कार्य हुए हैं वो अखिलेश यादव के कार्यकाल में किए। भाजपा की वर्तमान सरकार तो हमारी बनाई हुई सड़कों की मरम्मत तक नहीं करा पा रही है। भाजपा का विकास केवल कागजों पर ही है वो जमीन पर कहीं दिखाई नहीं देता है। भाजपा ने केवल एक ही काम किया है वो है समाज को बांटने का। इनके कार्यकाल में आज किसान परेशान है। किसानों को खाद तक समय पर नहीं मिल पा रही है। पूरे प्रदेश में गुंडा राज है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। हत्या व लूट की घटनाएं आम हो गई हैं।
04:59 PM, 16-Nov-2021
पीलीभीत में जो विकास हुआ, वो कांग्रेस काल में
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पीलीभीत को जो कुछ मिला है वो केवल कांग्रेस की सरकार में ही मिला। कांग्रेस के बाद आई सभी सरकारों ने यहां कोई कार्यकार्य नहीं किया। यहां मौजूद गन्ना मिलें कांग्रेस सरकार की देन है। स्कूल-कॉलेज हमारी सरकार के द्वारा बनाए गए। भाजपा की वर्तमान सरकार केवल रंगाई-पोताई का काम किया है। यहां मौजूद सड़कें तो बनाई नहीं लेकिरन उन पर इस (भाजपा) सरकार ने टॉल लगाने का काम जरूर किया। आगामी चुनाव में हम जनता के बीच किसानों व बेरोजगारी का मुद्दा लेकर जाएंगे और अपनी सरकार बनाएंगे।
04:53 PM, 16-Nov-2021
पीलीभीत में जनप्रतिनिधियों से जनता के मुद्दों पर चर्चा
भाजपा नेता ने अपनी सरकार की तारीफ करते हुए दावा किया कि योगी जी के शासन में पीलीभीत में कानून का राज स्थापित हुआ है। जिले में गुंडा राज खत्म हुआ है। पहले की सरकारों के दौरान खुलेआम गुंडाराज चलता था। अपराधियों और गुंडों को पहले की सरकारें अपने यहां संरक्षण दिया करती थी लेकिन आज गुंडे राज्य छोड़कर भागने को मजबूर हैं।
पीलीभीत में चर्चा के दौरान युवाओं ने जोशिले अंदाज में अपनी बातें रखीं। चुनावी रथ का यह सिलसिला अभी जारी रहेगा और शाम चार बजे सत्ता के संग्राम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की जाएगी।
02:55 PM, 16-Nov-2021
युवाओं ने उठाई उच्च शिक्षा की सुविधाओं की मांग
युवाओं के साथ चर्चा में उच्च शिक्षा की सुविधाओं की कमी सामने आई। कई युवाओं का कहना है कि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता। अगर उन्हें पीलीभीत में ही अच्छी सुविधाएं मिल जाएं तो उन्हें बाहर जाना ही नहीं पड़ेगा।
विज्ञापन
02:53 PM, 16-Nov-2021
आत्मनिर्भर बनें युवा
युवाओं ने कहा कि भारत को अगर आत्मनिर्भर बनाना है तो सबसे पहले पीलीभीत जैसे छोटे शहरों को आत्मनिर्भर बनाना पड़ेगा। इसके लिए सरकार को न केवल स्टार्टअप योजनाओं का लाना होगा, बल्कि युवाओं तक उन्हें पहुंचाना भी होगा। तभी संभव है कि युवा न केवल रोजगार खोजें बल्कि अपने साथ 15-20 और लोगों को नौकरी देने के काबिल बनें।
02:49 PM, 16-Nov-2021
युवाओं से हो रही बातचीत
पीलीभीत में सत्ता का संग्राम अपने तीसरे पड़ाव पर पहुंच गया है। इसमें शहर के युवाओं से पढ़ाई, रोजगार और उद्योग जैसे मुद्दों पर बातचीत हो रही है।
12:45 PM, 16-Nov-2021
दोपहर दो बजे युवाओं के साथ होगी बातचीत
महिलाओं के साथ कई मुद्दों पर बातचीत के बाद अब दोपहर दो बजे अमर उजाला का चुनावी रथ देवीपुरा स्थित जेएमबी इंस्टिट्युट पहुंचेगा। यहां चुनावी मुद्दों पर युवाओं के साथ चर्चा की जाएगी।
12:41 PM, 16-Nov-2021
बच्चों के लिए पार्क या मैदान जैसी सुविधाओं की कमी
कार्यक्रम में पहुंचीं एक शिक्षिका ने अन्य मुद्दों से इतर एक ऐसा मुद्दा उठाया जिसपर शायद ही किसी का ध्यान गया हो। उन्होंने कहा कि पीलीभीत छोटा शहर है और यहां बच्चों के लिए पार्कों या मैदानों जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। इसकी कमी सबसे ज्यादा कोरोना काल में खली है।
12:29 PM, 16-Nov-2021
अब भी सुधार की गुंजाइश
हालांकि चर्चा के दौरान महिलाएं योगी सरकार के कामों से आशंकि रूप से संतुष्टि जताई। लेकिन साथ ही यह भी कहा कि कई क्षेत्रों में अब भी सुधार की गुंजाइश है।
12:27 PM, 16-Nov-2021
आरक्षण खत्म करने की मांग
महिलाओं ने जाती आधारिक आरक्षण पर भी सवाल उठाए और आरक्षण को पूरी तरह खत्म कर सभी को एक बराबर मानने की मांग उठाई। उनका कहना है कि नौकरियों में एससी, एसटी और जनरल श्रेणी के लोगों में भेदभाव न किया जाए।
12:25 PM, 16-Nov-2021
महिलाएं बोलीं- जागरूकता की कमी
महिलाओं के साथ बातचीत के दौरान कई तरह की बातें सामने आईं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा के लिए व्यवस्था और महंगाई के मुद्दे पर बातचीत की। महिलाओं ने कहा कि सरकार ने कई योजनाएं तो बनाई हैं, लेकिन इसे लेकर जागरूकता नहीं फैल पाई है।
11:52 AM, 16-Nov-2021
कुछ देर में महिलाओं से होगी बात
अमर उजाला का चुनावी रथ पीलीभीत में अपने दूसरे पड़ाव पर पहुंच गया है। यहां अब कुछ ही देर में महिलाओं से बातचीत की जाएगी, जिसमें सरकार से आधी आबादी की उम्मीदों पर चर्चा होगी।
08:16 AM, 16-Nov-2021
दोपहर 12 बजे आधी आबादी से होगी बातचीत
सत्ता का संग्राम के चाय पर चर्चा के दौरान पीलीभीत में कई तरह के विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें लोगों ने अपना-अपना पक्ष रखा। अब दोपहर 12 बजे जेएमबी किड्स स्कूल, रमा गार्डन में महिलाओं से बातचीत होगी।
08:10 AM, 16-Nov-2021
पानी की समस्या से जूझ रहा है पीलीभीत
लोगों ने कहा कि यहां की सड़कें तो अच्छी हैं, लेकिन लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। सप्लाई में आने वाला पानी गंदा और बदबूदार होता है। कई बार तो नल से नाली का पानी निकलता है। जो भी दल पीलीभीत से जीतता है उससे जनता ने इसका समाधान करने की अपील की है।
08:10 AM, 16-Nov-2021
स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने की जरूरत
चाय पर चर्चा को दौरान लोगों ने कहा कि पीलीभीत में बाकी सब तो ठीक है, लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में और काम करने की जरूरत है। लोगों को अच्छे इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़ता है। सरकार को इसपर काम करने की जरूरत है।
08:04 AM, 16-Nov-2021
इन समस्याओं पर हुई चर्चा
सत्ता का संग्राम के कार्यक्रम में सुबह आठ बजे गैस चौराहा पर जनता ने खुलकर अपनी बातें रखीं। चाय पर चर्चा के दौरान लोगों ने महिला सुरक्षा, जनता के प्रति जनप्रतिनिधियों की अनदेखी, यातायात और अन्य समस्याएं सामने रखीं।
07:43 AM, 16-Nov-2021
UP Assembly Elections 2022: पीलीभीत पहुंचा 'सत्ता का संग्राम', जनप्रतिनिधियों से जनता के मुद्दों पर हुई जोरदार चर्चा
सुबह आठ बजे चाय पर चर्चा
सत्ता का संग्राम के कार्यक्रम में सबसे पहले सुबह आठ बजे गैस चौराहा सुनगढ़ी के पास चाय पर चर्चा होगी, जिसमें आम जनता भाग लेगी और अपने मुद्दे रखेगी।