फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Lok Sabha Phase 1 Election Live:रामपुर में 55.75, मुरादाबाद में 62.6% मतदान...शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग

Fri, 19 Apr 2024 06:50 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद/ रामपुर

खास बातें

Uttar Pradesh Lok Sabha Election 2024 Phase 1 Polling Live: मुरादाबाद और रामपुर लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। दोनों सीटों पर 18 उम्मीदवार मैदान में हैं। शुक्रवार सुबह से मतदान केंद्रों पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मुरादाबाद में करीब बीस लाख और रामपुर में 17 लाख मतदाता हैं। यहां पढ़ें मतदान से जुड़ा हर अपडेट
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:47 PM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में पुलिस और सपा प्रत्याशी रुचि वीरा में बहस - फोटो : अमर उजाला

मुरादाबाद के मुगलपुरा क्षेत्र में अंसार इंटर कॉलेज के बाहर गाड़ी रोकने को लेकर सपा प्रत्याशी रुचि वीरा और एसएसपी हेमराज मीना के बीच बहस हो गई। पुलिस कर्मियों ने रुचि वीरा की गाड़ी मतदान केंद्र के सामने से हटाने को कहा तो वह गाड़ी से उतर गईं और पुलिस कर्मियों से बहस करने लगी। इसी दौरान एसएसपी हेमराज मीना और एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया भी वहां पहुंच गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में रुचि वीरा और एसएसपी के बीच बहस होती दिख रही है। इसके अलावा गलशहीद एसओ सौरभ त्यागी और सपा प्रत्याशी रुचि वीरा की बनातुल कुरैश गर्ल्स इंटर कॉलेज के बाहर भी बहस हुई है।

05:26 PM, 19-Apr-2024

रामपुर और मुरादाबाद में मतदान सुचारु तरीके से चल रहा है। कई केंद्रों में लंबी कतारें लगी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार पांच बजे तक मुरादाबाद में 58.06 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसके अलावा रामपुर में 52.42 प्रतिशत मतदान हुआ। 

04:39 PM, 19-Apr-2024

सपा सांसद एसटी हसन के कार्यालय में घुसकर दरोगा ने किया दुर्व्यवहार

मुरादाबाद सांसद डॉ. एसटी हसन के कार्यालय में घुसकर एक दरोगा ने उनके कंप्यूटर को खंगाला और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। इस मामले से खफा सांसद ने कहा कि वे दोनों पुलिसकर्मियों की शिकायत चुनाव आयुक्त, लोक सभा की विशेषाधिकार समिति और पुलिस अधिकारियों से करेंगे। सांसद डॉ. एसटी हसन ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर पौने दो बजे उनके कार्यालय में एक दरोगा और सिपाही आए। दोनों ने उनके कार्यालय के कंप्यूटर से छेड़छाड़ करना शुरू किया। कर्मचारियों ने टोका तो हड़काने लगा कि यहां चुनाव की पर्ची बनाई जा रही है। 

विज्ञापन
02:59 PM, 19-Apr-2024
रामपुर में सपा प्रत्याशी की पुलिस से तीखी बहस - फोटो : संवाद

रामपुर में सपा प्रत्याशी की पुलिस से तीखी बहस

टांडा में बीमार और विकलांग लोगों को लेकर आ रहे ई रिक्शे को सीज करने पर सपा प्रत्याशी मोहिबुल्लाह नदवी की पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। उन्होंने पुलिस पर मतदाता को प्रताड़ित करने और मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए आब्जर्वर से शिकायत की है। 

01:38 PM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में मतदान - फोटो : अमर उजाला

सपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत

सपा ने एक्स पर मुरादाबाद लोकसभा के ठाकुरद्वारा में बूथ संख्या 381, 382, 383 पर विशेष धर्म के लोगों को धमकाने का आरोप लगाया। कहा कि इसमें भाजपा के लोग शामिल हैं और चुनाव आयोग से संज्ञान लेने को कहा। उधर, इसका जवाब देते हुए डीएम मुरादाबाद के हैंडल से बताया गया कि सहायक रिटर्निंग अधिकारी 26 ठाकुरद्वारा के मुताबिक बूथ संख्या 381, 382, 383 पर कोई असामाजिक तत्व उपस्थित नहीं है। मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से प्रक्रिया चल रही है।

विज्ञापन
12:41 PM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में मतदान - फोटो : अमर उजाला

पुलिस पर भड़के सपा प्रत्याशी नदवी

रामपुर के रजा डिग्री कॉलेज में सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भड़क गए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की लगातार शिकायत मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी वोट डालने वालों के लिए बाधक बन रहे हैं। यह लोकतंत्र का कत्ल होगा। इस तरह तो चुनाव आयोग से जनता का विश्वास उठ जाएगा।

11:16 AM, 19-Apr-2024
रामपुर में मतदान - फोटो : संवाद

रामपुर के निस्बा में  11 बजे नहीं हुआ मतदान

पटवाई थाना क्षेत्र के निस्बा गांव में सुबह से वोटिंग बंद है। गांव के लोगों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराए गए हैं। पूरे गांव की सड़क खराब पड़ी हुई है। इससे आने-जाने में परेशानी होती है। इस कारण कोई यहां अपनी बरात लाना नहीं चाहता। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि पहले सड़क पर बात होगी। इसके बाद वोट दिया जाएगा। उन्होंने मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग की। मतदान केंद्र में तैनात अधिकारियों ने बताया कि सिर्फ ग्राम प्रधान पति और प्रधान का ही वोट पड़ा है। बाकी किसी ने कोई वोट नहीं डाला है।

09:42 AM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में मतदान - फोटो : अमर उजाला

रामपुर शहर में धीमा, देहात में मतदान  प्रतिशत ज्यादा

रामपुर सीट पर अब तक ग्रामीण इलाके से शहर में मतदान काफी कम हुआ है। देहात में मतदान प्रतिशत अच्छा हुआ है। रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक सबसे कम 7.29 प्रतिशत मतदान हुआ है। मिलक विधानसभा क्षेत्र में 12.71 प्रतिशत,  जबकि स्वार विधानसभा क्षेत्र में 12.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में 11.02 प्रतिशत, बिलासपुर में 10.50 प्रतिशत वोटिंग हुई है। उधर, मुरादाबाद में 11:69 प्रतिशत वोटिंग हुई है। 

08:41 AM, 19-Apr-2024
रामपुर में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते डीएम जोगिंदर सिंह - फोटो : संवाद

UP Lok Sabha Election: रामपुर के चमरौआ में एक घंटा वोटिंग नहीं 

रामपुर के चमरौआ में गांव नगंला गणेश में मशीन खराब होने के कारण एक घंटे तक मतदान ठप रहा। इसके अलावा बूथ संख्या 126 में 45 मिनट के बाद मतदान शुरू हुआ। दोनों जगहों पर मशीनों को बदलकर मतदान सुचारू करवाया गया।

08:21 AM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में मतदान - फोटो : अमर उजाला

मुरादाबाद में वाहनों की चेकिंग 

मुगलपुरा चौराहे पर कार से पहुंचे युवक की कार को नगर मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी ने रुकवा लिया। इसके लिए उसकी तलाशी ली गई। कई जगहों पर खड़े लोगों से पूछताछ की भी की गई। 

08:17 AM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में माता-पिता के साथ पहली बार वोट करती दिविता अग्रवाल - फोटो : अमर उजाला

नेहरू युवा केंद्र में 362 वोट पड़े

दीनदयाल नगर निवासी दिविता अग्रवाल ने अपने मम्मी-पापा के साथ पहली बार मतदान किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर पर मतदान कर रही हैं। नेहरू युवा केंद्र पर 362 वोट पड़ चुके हैं। 

08:00 AM, 19-Apr-2024

मुरादाबाद में बने कंट्रोल रूम से पूरे लोकसभा क्षेत्र में बनाए गए केंद्रों की निगरानी लगातार की जा रही है। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों समेत अन्य को निर्देश में लगातार दिए जा रहे हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी लगातार गश्त पर हैं। 

07:51 AM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में मतदान के लिए लगी लाइन - फोटो : अमर उजाला

मुरादाबाद में 42 मिनट रुका रहा मतदान 

मुरादाबाद के लाजपत नगर स्थित महाराजा हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज मतदान केंद्र के छह बूथों में से पांच पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया था। बूथ संख्या 166 पर ईवीएम मशीन में खराबी के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका। पीठासीन अधिकारी की सूचना पर माइक्रो ऑब्जर्वर भानु प्रताप सिंह ने दूसरी ईवीएम की व्यवस्था कराई। मॉकपोल की कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित बूथ पर 7:42 बजे मतदान शुरू हो सका।

07:44 AM, 19-Apr-2024
रामपुर में मतदान करते सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिबुल्लाह - फोटो : संवाद

Lok Sabha Election 2024: रामपुर में सपा प्रत्याशी ने किया मतदान 

रामपुर में अपने पैतृक गांव रजानगर के बूथ पर मतदान करने के बाद लगा निशान दिखाते सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिबुल्लाह। इस केंद्र पर बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। इसके अलावा रामपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था की एसपी लगातार निगरानी कर रहे हैं। 

07:39 AM, 19-Apr-2024
रामपुर में मतदान के बाद डीएम - फोटो : संवाद

Lok Sabha Election 2024: रामपुर के हामिद इंटर कॉलेज में शुरू नहीं हो पाई वोटिंग 

रामपुर के बूथ संख्या 86 पर वोटिंग शुरू नहीं हुई। आधा घंटे के करीब मतदान प्रभावित रहा। मोहल्ला झंडा स्थित हामिद इंटर कॉलेज में मतदान प्रभावित होने के बाद डीएम और एसएसपी पहुंचे।

07:29 AM, 19-Apr-2024
मुरादाबाद में मतदान करने के बाद बुजुर्ग - फोटो : अमर उजाला

सोनकपुर स्टेडियम बूथ पर पड़े बीस वोट 

मुरादाबाद के सोनकपुर बूथ संख्या 242 पर बीस वोट पड़ चुके हैं। यहां मतदाताओं में उत्साह दिखा। बुजुर्ग भी वोट करने के लिए सबसे पहले पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी भागीदारी देकर वह खुश हैं। 

07:24 AM, 19-Apr-2024
रामपुर केस्वार क्षेत्र के मुंशीगंज गांव स्थित बूथ पर मतदाताओं की लगी कतार। - फोटो : संवाद

रामपुर में मतदान शुरू, केंद्रों पर पहुंचने लगे लोग 

रामपुर लोकसभा क्षेत्र में पहले चरण में मतदान शुरू हो गया है। सुबह सात बजे से पहले ही मतदात केंद्रों में जुटने शुरू हो गए थे। रामपुर जिले के 17.31 लाख मतदाता छह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक बनाए गए 1071 मतदान केंद्रों (1789 बूथ) पर वोट डाले जाएंगे। बृहस्पतिवार को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं, जो शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं थी। 

07:18 AM, 19-Apr-2024
रामपुर के शाहबाद में मतदान के लिए लगी लाइन - फोटो : संवाद

ये प्रत्याशी मैदान में

इस बार मुरादाबाद लोकसभा सीट से 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें भाजपा से सर्वेश सिंह, सपा से रुचि वीरा, बसपा से मो. इरफान सैफी, अपना हक पार्टी के अजय यादव, भारतीय बहुजन समाज पार्टी के ओंकार सिंह, राष्ट्रीय कांग्रेस (जे) पार्टी से गंगा राम शर्मा, समता पार्टी से शकील अहमद, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया के हरकिशोर सिंह, निर्दलीय अमरजीत जाटव, मो. जमशेद, मुर्सरत हुसैन और साधना सिंह शामिल हैं।

06:59 AM, 19-Apr-2024

UP Lok Sabha Phase 1 Election Live:रामपुर में 55.75, मुरादाबाद में 62.6% मतदान...शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग

मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र के बीस लाख 56 हजार मतदाता शुक्रवार(आज) मतदान कर अपना सांसद चुनेंगे। इस बार 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान कराने के लिए 1728 पोलिंग पार्टियों को तैनात किया गया है। सुबह सात बजे से मतदान करने के लिए लोगों की लाइन लगने लगी है। शाम छह बजे तक मतदान होगा। आयोग ने मतदान के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें