फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 Live: सत्ता के संग्राम को मुरादाबाद लाने के लिए जनता ने कहा शुक्रिया, महिलाओं के विचार और राजनेताओं के जोश ने सोचने पर किया मजबूर

Fri, 12 Nov 2021 03:46 PM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरादाबाद/अमरोहा

खास बातें

Moradabad, UP Vidhan Sabha Chunav 2022 Live Updates : अगर आप मुरादाबाद और अमरोहा के रहने वाले हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' आज यानी शुक्रवार 12 नवंबर को आपके शहर में होगा। आपके पास 'अमर उजाला' के इस विशेष चुनावी अभियान से जुड़ने का अच्छा मौका है। यह आपका अपना मंच है, जहां से आप अपने क्षेत्र, शहर, राज्य और देश के हर मुद्दों को उठा पाएंगे। आप बता पाएंगे कि आने वाले चुनाव में नेताओं और राजनीतिक दलों से आपको क्या उम्मीदें हैं? किन मसलों को लेकर आप वोट करेंगे और नेताओं से आप क्या चाहते हैं?
विज्ञापन
मुरादाबाद में चुनावी रथ पहुंचा जन प्रतिनिधियों के बीच - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:21 PM, 12-Nov-2021

कल लगेगा रामपुर में डेरा

चर्चा में मौजूद लोग जब शांत नहीं हुए तो बहस का समापन कर दिया गया। इस तरह मुरादाबाद और अमरोहा की चुनावी यात्रा का यहीं समापन हो गया। पूरे दिन की अलग-अलग चर्चाओं से निष्कर्ष निकला कि यहां के लोगों को यूनिवर्सिटी, स्टेडियम, मेडिकल कॉलेज आदि चाहिए जिससे उन्हें जिले से बाहर जाकर अपनी जरूरतों को पूरा न करना पड़े। इसके साथ ही अब शनिवार को आप रामपुर के लोगों की राय जान सकेंगे, जहां चुनावी रथ का अगला पड़ाव है।

03:17 PM, 12-Nov-2021

पांच साल में पांच मीटर सड़क नहीं बनी

एक नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में पांच मीटर सड़क भी नहीं बनी है। मेडिकल कॉलेज के नाम पर सरकार आई थी वो भी नहीं दिया, ट्रामा सेंटर भी नहीं दिया। इस पर भाजपा नेता ने आरोपों का खंडन किया। लोगों ने कहा कि भाजपा नेता से पूछो कोई ऐसा प्रोजेक्ट है जिसका शिलान्यास हुआ हो। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि बीते दिनों डिप्टी सीएम मौर्य ने मुरादाबाद मंडल के 385 प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।

 

03:12 PM, 12-Nov-2021

'यूपी में है सबसे ज्यादा अपराध'

एक नेता ने बताया कि नेशनल क्राइम ब्यूरो के आंकड़े कहते हैं कि यूपी में सबसे ज्यादा अपराध है। संजीव दिवाकर ने कहा इस सरकार में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं। न ये सरकार रोजगार दे रही है और न ही व्यापार। 

विज्ञापन
03:03 PM, 12-Nov-2021

भाजपा के शासन में अत्याचार हुआ महिलाओं पर

शुरुआती चर्चा के दौरान सभी लोग साथ बोलने लगे तो अव्यवस्था पैदा हो गई। इसके बाद जब मामला शांत हो गया तो एक जन प्रतिनिधि ने कहा कि कोविड के दौरान अस्पतालों ने लोगों के कपड़े उतारने का काम किया। बहुत लूट हुई कोविड के दौरान। इस पर भाजपा की नेता ने कहा कि सरकार ने सबकी मदद की कपड़े उतारने का काम तो कांग्रेस ने किया। अन्य नेता ने कई सड़कों का नाम लेकर कहा कि ये सड़कें बहुत खराब हैं। वहीं भाजपा नेता का विरोध करते हुए नारी सुरक्षा पर एक नेता ने कहा कि एक महीने पहले ही एक महिला ने मनचलों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। यह कहना बहुत गलत है कि नारी सुरक्षा पूरी तरह से दुरुस्त है। एक महिला नेता ने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं पर बहुत अत्याचार हुआ।
 

02:59 PM, 12-Nov-2021

राजनीतिक प्रतिनिधियों के बीच पहुंचा चुनावी रथ

आधी आबादी से उनकी राय जानने के बाद अब अमर उजाला अपने अमरोहा और मुरादाबाद की चुनावी यात्रा के आखिरी पड़ाव पर आ पहुंचा है, जहां अमर उजाला का चुनावी रथ राजनीतिक पार्टियों के अध्यक्षों व समाज के कई गणमान्य लोगों के बीच है।

विज्ञापन
01:49 PM, 12-Nov-2021

महिलाओं की स्कीमों के बारे में घर-घर हो प्रचार

महिलाओं ने ये भी कहा कि मुरादाबाद का एक मुख्य मुद्दा स्पोर्ट्स स्टेडियम है। यहां खिलाड़ियों के लिए ज्यादा सुविधा होनी चाहिए। इसके साथ ही एक महिला ने कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए बहुत सी स्कीम चलाई है लेकिन उन्हें इसका ज्ञान ही नहीं है। तो कुछ ऐसा करना चाहिए जिससे उन्हें उसके बारे में पता चले। डोर टू डोर कैंपेन के माध्यम से सभी स्कीमों के बारे में प्रचार किया जाए। इसके साथ ही इस चर्चा का समापन हुआ।

01:43 PM, 12-Nov-2021

महिलाओं के प्रति बदले नजरिया

एक महिला ने कहा कि हमें महिलाओं के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है। यह काम परिवार से ही शुरू होना चाहिए क्योंकि ये सरकार नहीं कर सकती। अभी भी उनको घर से ही काम करना पड़ता है और समाज में नजरिया नहीं बदला है, उसमें बदलाव की जरूरत है। कुछ अन्य महिलाओं ने भी इस बात का समर्थन किया।

01:39 PM, 12-Nov-2021

महिलाओं की शिक्षा हो बेहतर

मिसेज मुरादाबाद 2021 ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा का इंतजाम और बेहतर होना चाहिए। उनकी पढ़ाई से उन्हें बहुत लाभ होगा। पूनम चौहान ने बताया कि वह नरेगा पर काम करती हैं। उन्होंने बताया कि आज भी महिलाओं का पैसा अब भी पुरुषों(उनके पति) के खाते में जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए कि महिलाओं के खाते खोले जाएं।

01:37 PM, 12-Nov-2021

एक महिला विशेषज्ञ का कहना है कि महिलाओं के लिए सबसे जरूरी काम सरकार को करना चाहिए कि आबादी के विस्फोट को रोकें। महिलाओं को बच्चा पैदा करने वाली मशीन मान लिया जाता है। इसकी वजह से महिलाओं में स्वास्थ्य से जुड़ी ढेरों समस्याएं हो जाती हैं।

01:33 PM, 12-Nov-2021

महिला सुरक्षा है बड़ा मुद्दा

महिला वोटर किसी भी समाज का अहम हिस्सा होती हैं और अमरोहा में उन्हीं से मुखातिब होने अमर उजाला का चुनावी रथ आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, बुद्धि विहार पहुंच गया है। यहां महिलाओं का कहना है कि महिला सुरक्षा का मामला उनके लिए अहम है क्योंकि आज भी वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। लेकिन उनका ये भी कहना है कि कानून व्यवस्था पहले से ज्यादा बेहतर हुई है।

11:44 AM, 12-Nov-2021

अब आधी आबादी से चर्चा करेगा अमर उजाला

अब अमर उजाला का अगला पड़ाव होगा आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, बुद्धि विहार। यहां दोपहर 1.00 बजे आधी आबादी से चर्चा होगी।

11:35 AM, 12-Nov-2021

एक छात्रा ने कहा कि वह भाजपा सरकार को ही वोट देंगी क्योंकि कोविड जैसी स्थिति जो इस सरकार ने फेस की है वह पहले कभी नहीं देखी गई थी, उसके बाद भी सरकार ने अच्छा काम किया। इसके साथ ही छात्रों खेलों की सुविधाएं बढ़ाने और स्टेडियम बनाने की भी सरकार से अपील की।

11:25 AM, 12-Nov-2021

जो भी सरकार बने युवाओं के लिए करे काम

छात्रों से जब पूछा गया कि इस सरकार को वोट दोगे तो छात्रों ने कहा हम तब देंगे जब सरकार ऐसे ही हमारे लिए अच्छा काम करे। सरकार कोई भी आए युवाओं के लिए और देश के लिए अच्छा काम करे। एक छात्रा ने बताया कि कॉलेज आदि भी योगी सरकार ने बनाया है इसलिए हम उन्हें वोट देंगे।

11:21 AM, 12-Nov-2021

मुरादाबाद से बाहर हैं ज्यादा संभावनाएं

मुरादाबाद के तमाम युवाओं ने कहा कि उन्हें मुरादाबाद से बाहर जाने की जरूरत नहीं है, हालांकि बाद उन्होंने अपने-अपने कारण भी बताए। जैसे किसी ने खेल को कारण बताया, किसी ने बाहर की बेहतर सुविधाओं के बारे में बताया।

अनामिका नाम की छात्रा ने कहा कि बड़े शहर में ज्यादा संभावनाएं हैं। एक अन्य छात्र ने कहा कि बड़े शहर में ज्यादा सैलरी मिलती है, मुरादाबाद जैसे शहर में वेतन ज्यादा नहीं मिलता।

11:16 AM, 12-Nov-2021

युवाओं के बीच पहुंचा अमर उजाला

चाय पर चर्चा के बाद अमरोहा के युवाओं की राय जानने अब अमर उजाला पहुंच चुका है तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू), दिल्ली रोड, मुरादाबाद में।

08:57 AM, 12-Nov-2021

'सड़क बन गई तो कोई एहसान कर दिया क्या'

अनवरी बेगम नाम की एक महिला ने कहा कि सड़क बन गया तो कोई एहसान हो गया। सड़क तो बनानी ही है, इसका एहसान क्या दिखा रहे हो।

एक अन्य शख्स ने कहा कि प्रदूषण की समस्या यहां गर्भ में पल रहे बच्चों को भी परेशान कर रहा है। एक अन्य शख्स ने कहा कि यहां प्यार मोहब्बत की बात हो रही है लेकिन गुरुद्वारे और मंदिर के बाहर तो स्ट्रीट लैंप लगे हैं लेकिन मस्जिद के बाहर नहीं लगे, क्या ये नफरत फैलाने का काम नहीं है।

अंत में एक शख्स ने कहा कि इस जनपद का नाम महात्मा जोतिबा फुले के नाम से फिर से बहाल हो। यहां कोई भी एक स्टेडियम राष्ट्र माता सावित्रि बाई फुले के नाम पर हो।
 

08:51 AM, 12-Nov-2021

एक शख्स ने कहा कि नफरत फैलाने वाली बात नहीं होनी चाहिए। पार्टी के मुद्दे देखिए और लोगों के जागरूक होने के बाद भी लोग हिंदू-मुसलमान पर वोट करते हैं।

टेकचंद सैनी नाम के बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता ने कहा कि जाति धर्म के नाम पर विकास हुआ है, अन्य कोई विकास नहीं हुआ है। मासूम सैफी नाम के शख्स ने बताया कि कोई भी सरकार हमारे मंडल को यूनिवर्सिटी नहीं दे सकी।

एक अन्य शख्स ने बताया कि हमारे यहां सब सदभाव से रहते हैं। कुछ तुच्छ मानसिकता के लोग हर समाज में होते हैं लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आपसी भाईचारा नहीं है। इसी बीच मौजूद लोगों में थोड़ा वाद-विवाद भी हो गया।

हमारे यहां कृषि अनुसंधान केंद्र बना है। गंगाजी के पास में कच्चा पूल टूट जाता था लेकिन हमारी सरकार ने उसे बनवाने का काम किया है। इस पर लोगों ने कहा कि वह अधूरा है पूरा नहीं है।

08:49 AM, 12-Nov-2021

क्या बोला किसान

एक किसान से बात करने पर उसने कहा कि किसान इस वक्त बिल्कुल बेकार है। किसानों की हालत बिल्कुल खराब है। अगर सरकार कुछ काम करती तो ये दिन क्यों देखना पड़ता। किसानों के लिए गन्ने का रेट बढ़ जाना चाहिए और अन्य फसल का भी वाजिब रेट मिलना चाहिए।

ठेला लगाने वाले रिजवान ने कहा कि कोविड जैसे ही हालात अब भी हैं। महंगाई की वजह से बड़ी परेशानी है। गैसे और चावल के दाम कम होने चाहिए।

08:44 AM, 12-Nov-2021

सुनिए क्या बोला चाय वाला

चायवाले से बात करने पर उसने कहा कि मोदी जी मेरे भाई है क्योंकि वो भी चाय बेचते थे और मैं भी लेकिन उन्होंने एक काम बुरा करा। सिलिंडर इतना महंगा कर दिया है। उनका और योगी जी का कोई बच्चा नहीं तो उन्हें उसका दर्द नहीं पता। हालांकि योगी जी को हम दोबारा मौका देंगे अगर वो गरीब का साथ देंगे।

अनिता नाम की एक महिला जो दोने आदि बेचने का काम करती है वो कहती है कि अब तो कोई काम नहीं है। उसने बताया कि उसके बच्चों को भी नौकरी नहीं मिल रही है। महिला का कहना है कि सरकार वैकेंसी निकालती है लेकिन भरती नहीं है।

08:40 AM, 12-Nov-2021

महंगाई ने तोड़ रखी है कमर

मोहित ने बोला कि किसानों की बात सरकार मान ले तो अच्छा है क्योंकि उनकी कमर टूटी पड़ी है। इसके साथ ही महंगाई से भी आम लोग परेशान हैं। कॉलेज आदि भी होने चाहिए। एक अन्य शख्स ने कहा कि सरकार हमारी बाप है और हम उसके बच्चे हैं और उनका फर्ज है कि हमारा ध्यान रखे। हमारे रोजगार का ध्यान रखे। बीते कई सालों से काम में बहुत मंदा है। एक और शख्स बोला कि डीजल पेट्रोल का दाम बढ़ने की वजह से हमारा काम बहुत डाउन है।

08:36 AM, 12-Nov-2021

रोजगार की है परेशानी

एक शख्स ने कहा कि जब सर्वे होता है तब सफाई होती है वरना इसकी भी हवा निकल जाती है। रजा हुसैन सैफी ने कहा कि यहां एक स्टेडियम होना चाहिए, मेडिकल कॉलेज, ट्रामा सेंटर भी होना चाहिए और डिग्री कॉलेज भी। एक शख्स ने कहा कि कोई बताएगा नहीं लेकिन यहां एक सब्जी मार्केट होती थी जो यहां से हटा दिया गया और कई लोगों का रोजगार चला गया। एक अन्य शख्स ने कहा कि जब भाजपा की सरकार आई है तब से कारखाने बंद हैं तो रोजगार कहां से होगा।

08:34 AM, 12-Nov-2021

लाइट, सड़क, सफाई का हुआ काम

अमरोहा के गजरौला के चौपाला चौराहे पर चाय पर चर्चा के लिए के लिए अमर उजाला का चुनावी रथ पहुंच चुका है। यहां जब विकास के बारे में पूछा गया तो कुछ लोगों ने कहा कि यहां लाइट, सड़क, सफाई का काम हुआ है। वहीं बहुत से लोग ऐसे भी रहे जिन्होंने कहा कि कोई विकास नहीं हुआ है। सिर्फ सफाई है और कुछ नहीं।

08:19 AM, 12-Nov-2021

जानिए मुरादाबाद के छह विधानसभा सीटों के बारे में

जिला मुरादाबाद चुनाव के उद्देश्य से छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बांटा गया है। इनमें मुरादाबाद कांठ, ठाकुरद्वारा,बिलारी, मुरादाबाद ग्रामीण, मुरादाबाद शहर, कुन्दरकी शामिल हैं।

08:09 AM, 12-Nov-2021

अमरोहा विधानसभा सीट का हाल

अमरोहा लोकसभा सीट के अंतर्गत चार विधानसभाएं आती हैं। इनमें धनौरी(एस.सी.), नौगावां सादत, अमरोहा और हसनपुर शामिल हैं।

07:16 AM, 12-Nov-2021

मुरादाबाद और अमरोहा में कहां और कब होंगे कार्यक्रम?

1. अमरोहा में चाय पर चर्चा
समय - सुबह 8 बजे
स्थान - चौपला चौराहा, गजरौला (अमरोहा)

2. युवाओं से चर्चा
समय - सुबह 10 बजे
स्थान - तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू), दिल्ली रोड, मुरादाबाद

3. आधी आबादी से चर्चा
समय - दोपहर 1 बजे
स्थान - आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, बुद्धि विहार

4. राजनीतिक दलों से चर्चा
समय - दोपहर 2.30 बजे
स्थान - आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, बुद्धि विहार

07:00 AM, 12-Nov-2021

UP Election 2022 Live: सत्ता के संग्राम को मुरादाबाद लाने के लिए जनता ने कहा शुक्रिया, महिलाओं के विचार और राजनेताओं के जोश ने सोचने पर किया मजबूर

सत्ता का संग्राम अभियान के तहत अमर उजाला का चुनावी रथ आज अमरोहा और मुरादाबाद पहुंचेगा और जन-संवाद के माध्यम से जमीनी मुद्दों की पड़ताल करेगा। आप बने रहें हमारे साथ... 

'सत्ता का संग्राम' में क्या होगा खास?

इस विशेष अभियान के तहत अमर उजाला हर वर्ग के मतदाताओं तक पहुंचेगा। महिलाओं-युवाओं से संवाद होगा और राजनीतिक हस्तियों से सीधे सवाल पूछे जाएंगे। अमर उजाला आपको एक मंच देगा, जहां आप बातों को रख सकेंगे, ताकि जब राजनीतिक हस्तियां चुनावी रैलियां करने आएं तो उन्हें आपसे जुड़े जमीनी मुद्दे भी याद रहें।

विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था
'सत्ता का संग्राम' से जुड़े कार्यक्रमों में जमीनी स्तर पर हिस्सा लेने वाले दर्शकों और श्रोताओं के लिए विशेष प्रोत्साहन की भी व्यवस्था की गई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें