पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारी शक्ति अनंत और हमारे लिए संभावनाएं भी अपार है। राष्ट्र को सफल होने के लिए ऊर्जा सामुहिता से मिलती है। आज लोग सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गरीबों की मदद कर रहे हैं। गरीब की सेवा का यह भाव समाज को नर में नारायण की प्रेरणा देने वाले हमारे आध्यात्मिक मूल्यों से मिली है। इसलिए देश में विकसित भारत का निर्माण और अपनी विरासत पर गर्व है। कहा कि संकल्पना की हमारी यह यात्रा समय से पहले सिद्धि तक पहुंचेगी। हम सशक्त और समर्थ भारत के सपने को शत प्रतिशत पूरा होता देखेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि आज सदियों का वह बलिदान फलीभूत हो रहे हैं। अमृतकाल में भारत के गौरव और समर्थ का बीज अंकुरित हो रहा है। एक के बाद एक हर क्षेत्र में नया किया जा रहा है। जैसे देश के संत और आचार्य नए मंदिर बनवा रहे हैं वैसे ही मुझे ईश्वर ने राष्ट्ररुपी मंदिर के नवनिर्माण का दायित्व सौंपा। पहली बार भारत को टेक्नालॉजी और डिजिटल टेक्नालॉजी के क्षेत्र में संभावनाओं के केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। हमारी पहचान इन्नोवेशन हब के तौर पर हो रही है। हम पहली बार दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जैसे बड़े मुकाम पर पहुंचे हैं। हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाले पहले देश बने हैं। पहली बार भारत में वंदेभारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन चल रही है। अब बुलेट ट्रेन चलने की तैयारी हो रही है। हाईटेक हाईवे एक्सप्रेसवे का इतना बड़ा नेटवर्क और उसकी ताकत देश के पास है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत पराभव से भी विजय को खींच लाने वाला राष्ट्र है। हम पर सैकड़ों वर्षों तक इतने आक्रमण हुए। कोई और देश होता, कोई और समाज होता तो लगातार इतने आक्रमणों की चोट से पूरी तरह नष्ट हो गया होता। फिर भी हम न केवल डटे रहे, बल्कि और भी ज्यादा मजबूत होकर सामने आए।
पीएम मोदी ने कहा कि कल्कि धाम तैयार करवाने के लिए उन्हें पिछली सरकारों से लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। कोर्ट के चक्कर लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि एक समय उन्हें कहा जा रहा था कि मंदिर बनने से शांति व्यवस्था बिगड़ जाएगी। आज हमारी सरकार में प्रमोद कृष्णम निश्चिंत होकर इस काम को शुरू कर पाए हैं। मुझे भरोसा है कf यह मंदिर इस बात का प्रमाण होगा कि हम बेहतर भविष्य को लेकर कितने सकारात्मक रहने वाले हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि प्रमोद कृष्णम जैसे लोग पूरे विश्वास के साथ उन मान्यताओं को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने भगवान कल्कि धाम के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। कहा कि प्रमोद आचार्य को वह एक राजनीतिक व्यक्ति के रूप में जानते थे। उनसे कोई परिचय नहीं था। लेकिन जब कुछ दिन पहले मेरी उनसे पहली बार मुलाकात हुई तो यह भी पता चला कि वह धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में इतनी मेहनत के साथ लगे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम की तरह ही कल्कि अवतार भी हजारों वर्षों की रूपरेखा तय करेगा। हम ये कह सकते हैं कि कल्कि कालचक्र के परिवर्तन के प्रणेता भी हैं और प्रेरणास्रोत भी हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज विदेशों से हमारी प्राचीन मूर्तियां भी वापस लाई जा रही हैं और रिकॉर्ड संख्या में विदेशी निवेश भी आ रहा है। 22 जनवरी से अब नए कालचक्र की शुरुआत हो चुकी है। प्रभु श्रीराम ने जब शासन किया, तो उसका प्रभाव हजारों वर्ष तक रहा। उसी तरह रामलला के विराजमान होने से अगले हजार वर्षों तक भारत के लिए एक नई यात्रा का शुभारंभ हो रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज एक और तीर्थ का विकास होने के साथ हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार हो रहा है। अगर मंदिर बन रहे हैं तो देश भर में नए मेडिकल कॉलेज भी तैयार हो रहे हैं। विदेश से हमारी प्राचीन मूर्तियां भी वापस लाया जा रहा है। रिकॉर्ड संख्या में विदेशी निवेश भी आ रहा है। यह परिवर्तन का प्रमाण है कि अब समय का चक्र घूम चुका है। एक नया दौर आज हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि इसी कालखंड में हमने विश्वनाथ धाम को निखरते देखा है। इसी कालखंड में हम काशी का कायाकल्प देख रहे हैं। इसी दौर में महाकाल के महालोक की महिमा हमने देखी है। हमने सोमनाथ का विकास देखा है, केदार घाटी का पुनर्निर्माण देखा है। हम विकास भी, विरासत भी के मंत्र को आत्मसात करते हुए चल रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले महीने ही, देश ने अयोध्या में 500 साल के इंतज़ार को पूरा होते देखा है। रामलला के विराजमान होने का वो अलौकिक अनुभव, वो दिव्य अनुभूति अब भी हमें भावुक कर जाती है। इसी बीच हम देश से सैकड़ों किमी दूर अरब की धरती पर, अबू धाबी में पहले विराट मंदिर के लोकार्पण के साक्षी भी बने हैं।
कहा कि संभल में हम जिस अवसर के साक्षी बना रहे हैं यह भारत के सांस्कृतिक नवजागरण का एक और अद्भुत क्षण है। पिछले महीने ही 22 जनवरी को देश में अयोध्या में 500 साल के इंतजार को पूरा होते देखा है। इसके बाद अबू धाबी में पहले विराट मंदिर के लोकार्पण के साक्षी भी हम बने।
उन्होंने कहा कि आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि हर किसी के पास कुछ देने को होता है लेकिन उनके पास नहीं है। इस पर पीएम ने कहा कि प्रमोद जी अच्छा हुआ कुछ दिया नहीं वरना जमाना ऐसा बदल गया है कि अगर आज के युग में सुदामा श्री कृष्ण को एक पोटली में चावल देते वीडियो निकल जाती। इसके बाद कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट में पीआईएल दायर कर देते। जजमेंट आता कि भगवान कृष्ण को भ्रष्टाचार में कुछ दिया गया और भगवान कृष्ण भ्रष्टाचार कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कई एकड़ में फैला ये विशाल धाम कई मायनों में विशिष्ट होने वाला है। ये ऐसा मंदिर होगा, जिसमें 10 गर्भगृह होंगे और भगवान के सभी 10 अवतारों को विराजमान किया जाएगा। 10 अवतारों के माध्यम से हमारे शास्त्रों ने केवल मनुष्य ही नहीं बल्कि अलग-अलग स्वरूप में ईश्वर या अवतार को प्रस्तुत किया। हमने हर जीवन में ईश्वर की ही चेतना के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि इस पवित्र आयोजन का माध्यम भगवान ने उन्हें बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज एक ओर हमारे तीर्थों का विकास हो रहा है तो दूसरी ओर शहरों में हाई टेक इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार हो रहा है। आज अगर मंदिर बन रहे हैं तो देश भर में नए मेडिकल कॉलेज भी बन रहे हैं। यह परिवर्तन इस बात का प्रमाण है कि समय का चक्र घूम चुका है, एक नया दौर आज हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। इसलिए मैंने लाल किले से कहा था 'यही समय है, सही समय है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म-जयंती भी है। ये दिन इसलिए और भी पवित्र और प्रेरणादायक हो जाता है। आज हम देश में जो सांस्कृतिक पुनरोदय देख रहे हैं, अपनी पहचान पर गर्व कर रहे हैं, ये प्रेरणा हमें छत्रपति शिवाजी महाराज से ही मिलती है। मैं इस अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभल में हिंदू तीर्थस्थल कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस मंदिर में दस गर्भगृह होंगे। सभी स्वरुपों की एक साथ स्थापना हुई है।
कल्कि धाम शिलान्यास कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि संबल जिले की इस धरती का मैं हृदय से स्वागत करता हूं। यहां के लोगों का अभिनंदन देखकर गदगद हूं। उन्होंने कहा कि कल्कि धाम के शिलान्यास का सौभाग्य उन्हें मिला है। विश्वास है कि यह भारतीय आस्था के एक और विराट केंद्र के रूप में उभर कर सामने आएगा। 18 साल की प्रतीक्षा के बाद यह अवसर आया है। कहा कि कुछ लोग अच्छे कार्य उनके लिए ही छोड़ गए हैं। आगे भी जितने अच्छे काम रह गए हैं, उनको भी संतों और जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से हम पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के लोगों की आजीविका लगातार बढ़ रही हैं। मोदी की गारंटी ही इसका उदाहरण है। आज भारत की विरासत को वैश्विक मंच पर मान्यता मिलती है। कुंभ के आयोजन यूनेस्को ने मान्यता दी। इसके अलावा अबू धाबी में पहला हिंदू मंदिर बना। जो पहले संभव नहीं हुआ। जो पहले नामुमकिन था आज मुमकिन हुआ है। इसका कारण भारत की नेतृत्व क्षमता है। आजादी के बाद पहली बार 140 करोड़ की आबादी का भारत इस चीज को महसूस कर रहा है आज सीमाएं सुरक्षित हुई है। वैश्विक मंच पर चीन को प्रतिस्पर्धा दे रहा है मुरादाबाद का पीतल आ आइटम। अमरोहा का ढोलक नई पहचान के साथ विश्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संभल से प्रयागराज की दूरी कम हो जाएगी। इसके लिए गंगा एक्सप्रेस तैयार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के संभल में हिंदू तीर्थस्थल कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमने एक नया भारत देखा है। देश नए विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अबू धाबी में भी मंदिर बन गया है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बना। अध्योध्या में पांच सदी का इंतजार खत्म हुआ। कुछ लोगों ने आस्था से खिलवाड़ किया था।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि सब संतो के आशीर्वाद से तमाम लाखों करोड़ों भक्तों की प्रार्थनाओं से प्रधानमंत्री ने निमंत्रण को स्वीकार किया। प्रधानमंत्री के ट्वीट आने पर लोग मुझे लगातार 15 दिन तक यह पूछते रहे कि क्या प्रधानमंत्री कार्यक्रम में आएंगे। उनके पास इसका कोई लिखित उत्तर नहीं था। मैंने उत्तर में सिर्फ इतना कहा जैसे शबरी को विश्वास था कि राम आएंगे वैसे मुझे भी है।
श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मैं श्री कल्कि धाम में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करता हूं। 'सनातन धर्म' के सपने को पूरा करने के लिए देश के कोने-कोने से हजारों संत यहां एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिंदगी में ऐसे पल आते है जब शब्द खो जाते हैं। कहा कि जब धरती पर अर्धम बढ़ता है तब कृष्ण जन्म लेते हैं। भगवान हर युग में आया है और हर युग में आएंगे। उन्होंने कहा कि जब मैं प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने गया था तो मुझे नहीं लग रहा था कि वह निमंत्रण को स्वीकार करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री कल्कि धाम मंदिर के गर्भगृह में पूजा कर मंदिर का शिलान्यास किया। उसके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्री कल्कि धाम पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम थे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंच चुके हैं। पीएम का मंच पर सीएम योगी ने स्वागत किया।
कल्कि मंदिर में चल रही पूजा अर्चना में पीएम मोदी के अलावा सीएम योगी और आचार्य प्रमोद कृष्णम भी हैं। भूमि पूजन कर गर्भगृह में कल्कि धाम की आधारशिला रखी गई है। कल्कि धाम को विष्णु का दसवां अवतार माना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के गर्भगृह में मौजूद हैं। पीएम मोदी कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास कर रहे हैं। इसके बाद पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी संभल पहुंच चुके हैं। हेलीपैड पर उनका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य ने स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे कार्यक्रम स्थल की तरफ निकल गए हैं। उनके संभल पहुंचने पर लोग उत्साहित हैं। कुछ समय बाद वह श्री कल्कि धाम मंदिर मंदिर का शिलान्यास करेंगे।
श्री कल्कि धाम के समारोह में प्रधानमंत्री के शामिल होने के संकेत मिलने के बाद कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णम को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। आजीवन कांग्रेसी रहे आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पहली फरवरी को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण पत्र दिया था। इस निमंत्रण के प्रति प्रधानमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद गर्माई कांग्रेस की अंदरूनी सियासत के बीच 10 फरवरी को प्रमोद कृष्णम पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का पत्र जारी हो गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संभल जिले में रहेंगे। वह यहां ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम का शिलान्यास करने के बाद वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि सुबह 7.30 बजे से गर्भगृह में पूजन चल रहा है। सुबह 10.30 बजे प्रधानमंत्री कल्कि धाम की आधारशिला रखेंगे। वह करीब सात मिनट तक गर्भगृह में पूजन करेंगे। साथ ही कल्कि मंदिर के मॉडल का लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद मंच से जनता को संबोधित करेंगे। शिलान्यास समारोह में यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश के कई मंत्री समारोह में शामिल होंगे।