फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: महिला वकील के हत्यारोपी को पेशी के दौरान कोर्ट में पीटा, पुलिस गिरफ्त से फरार हुआ युवक फरार

Mon, 12 Jun 2023 10:46 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ में जल्दी तीन नए बिजलीघर बनकर तैयार होंगे। वही बिजनौर में सोमवार सुबह अस्पताल में प्रसूता की प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
कोर्ट में आरोपी को पीटा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:32 PM, 12-Jun-2023

संदिग्ध परिस्थितियों में नाबालिग लापता, मथुरा मिली लोकेशन
 
मेरठ के कंकरखेड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार सुबह एक नाबालिग लापता हो गया। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में नाबालिक की तलाश की। सोमवार शाम परिजनों ने थाने पर गुमशुदगी की तहरीर दी।
 
गोविंदपुरी निवासी एक युवक ने सोमवार चांद थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसका 13 वर्षीय बेटा सुबह के समय खेलने की बात कहकर घर से निकला था। जब दोपहर बाद तक भी नाबालिग घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई थी। परिजनों ने नाबालिग की आसपास के क्षेत्र में तलाश की थी। वहीं नाबालिग के दोस्तों से भी पूछताछ की थी। जिस पर दोस्तों ने बताया कि वह तो खेलने के लिए ही नहीं आया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे के पास मोबाइल नहीं है। देर शाम नाबालिग ने परिजनों को अनजान नंबर से कॉल कर बताया कि उसे किसी ने पकड़ रखा है। नाबालिग की बात सुन परिजनों के होश उड़ गए। पुलिस ने उक्त नंबर की लोकेशन निकाली। जिस पर मोबाइल की लोकेशन मथुरा की निकली। पुलिस की दो टीमें नाबालिग की बरामदगी के लिए मथुरा के लिए रवाना हो गई है। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि पुलिस टीम रवाना हो गई है। नाबालिक को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।

07:58 PM, 12-Jun-2023

पुलिस गिरफ्त से फरार हुआ युवक फरार

बिजनौर के चांदपुर में पुलिस अभिरक्षण में सीएचसी स्याऊ में चिकित्सा परीक्षण कराने पहुंचा युवक शौचालय जाने के बहाने फरार हो गया। युवक के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक ने घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस शांति भंग के एक आरोपी को सीएचसी स्याऊ में चिकित्सा परीक्षण के लिए लेकर गई थी। सीएचसी स्याऊ पहुंचने पर आरोपी ने पुलिस कर्मियों से शौचालय जाने को कहा। पुलिस कर्मियों ने आरोपी को शौचालय के लिए भेज दिया। आरोपी मौके का फायदा उठाते हुए शौचालय न जाकर पीछे के रास्ते से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की जानकारी पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि वे बाहर हैं, उनकी जानकारी में नहीं है।

07:26 PM, 12-Jun-2023

सतेंद्र सिसोदिया बोले- भाजपा ने बिना भेदभाव किए काम

भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत सोमवार को एक विवाह मंडप में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया। 

सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया एवं विशिष्ट अतिथि युवा क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखवेंद्र सोम द्वारा मां सरस्वती एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष पुष्पार्पित कर किया गया। इसके उपरांत मां सरस्वती की वंदना कर अतिथियों का मालापर्ण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि सतेंद्र सिसोदिया ने केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनाते हुए सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प से आज करोड़ों लोगों को किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, घर-घर शौचालय व उज्जवला योजना का लाभ मिल रहा है। गैस सिलिंडर के लिए पहले लंबी लाइन लगानी पड़ती थी, आज गैस सिलिंडर घर-घर बिना किसी परेशानी के पहुंच रहा है। 

उन्होंने जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पद पर वर्तमान चेयरमैन चौधरी दिनेश कुमार को पुनः प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा सुखवेंद्र सोम ने अपने संबोधन में कहा कि नौ साल पहले देश और प्रदेश की दिशा और दशा का बखान किया। सम्मेलन में लोकसभा प्रभारी महेंद्र धनौरिया, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, अनूप वाल्मीकि, सीपी सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनिका यादव, ब्लॉक प्रमुख आकांक्षा चौहान, चेयरमैन डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. बीरबल सिंह आदि शामिल रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि ने की संचालन भूपेंद्र बोबी, सतवीर चौहान व विवेक सरोहा ने किया।

विज्ञापन
06:43 PM, 12-Jun-2023

हादसे में युवक की मौत

सहारनपुर के छुटमलपुर में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घायल को उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया गया।

06:42 PM, 12-Jun-2023

गंगोत्री हत्याकांड में जावेद दुग्गी को आजीवन कारावास की सजा

बिजनौर में प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायधीश रामअवतार यादव ने गंगोत्री देवी हत्याकांड में दोषी पाते हुए जावेद उर्फ अनीस उर्फ दुग्गी को आजीवन कारावास व 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड की राशि में से आधी धनराशि मृतका के पति रामोतार शर्मा को क्षतिपूर्ति के रूप में दी जाएगी। 

विज्ञापन
06:40 PM, 12-Jun-2023

मंत्रालय में तैनात र्क्लक के पिता को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल में तोड़ा दम

मेरठ के सकौती में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पार कर रहे किसान नरेश (60) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें मोदीपुरम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

05:39 PM, 12-Jun-2023

बसपा सरकार में मंत्री रहे याकूब कुरैशी के बेटे भूरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने जिस मकान को सील किया था, भूरा ने उसी मकान की सील तोड़ दी। इसी मामले में यह कार्रवाई हुई है। 

बताया गया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने फिरोज उर्फ भूरा को तीन साथियों के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार भूरा गैंगस्टर में जेल गया था। अब जमानत पर बाहर है।

04:42 PM, 12-Jun-2023

ट्रेन की चपेट में आने से महिला घायल

बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई, जबकि उसकी आठ वर्षीय पुत्री बाल-बाल बची।

बनमनखी एक्सप्रेस से सीतापुर से लुधियाना सुरेंद्र कुमार का परिवार जा रहा था। नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म दो पर जैसे ही ट्रेन रुकी तो सुरेंद्र कुमार की आठ वर्षीय पुत्री कल्पना पानी लेने के लिए प्लेटफार्म पर उतरी। इसी बीच ट्रेन चल दी। कल्पना की मां नीलम ने पुत्री को आवाज लगाते हुए ट्रेन से उतारने का प्रयास किया लेकिन, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गई।

संयोग से एक चाय वाले ने ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी महिला को खींच लिया। जिससे वह बाल-बाल बच गई। महिला के मुंह, हाथ आदि पर गंभीर चोटें आईं। महिला का पति भी ट्रेन से प्लेटफार्म पर कूद गया, जबकि पांच वर्षीय पुत्री प्राची और सामान ट्रेन में ही रह गया।

04:22 PM, 12-Jun-2023

अधिवक्ता अंजली घर के हत्यारोपी भाटी की कचहरी में पिटाई

अधिवक्ता डॉ. अंजली गर्ग हत्याकांड के मुख्यारोपी रमेश भाटी की पेशी के दौरान पिटाई कर दी गई। कोर्ट के बाहर वकीलों ने आरोपी को पीट दिया। बताया गया कि पुलिस ने सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया था। महिला अधिवक्ता की घर के बाहर दिनदहाड़े हत्या की गई थी। टीपी नगर पुलिस ने रविवार रात को आरोपी को गिरफ्तार किया था। मकान के कब्जे के विवाद में सुरेश भाटी ने ही अंजलि की हत्या की साजिश रची थी।

03:50 PM, 12-Jun-2023

प्रवीण हत्याकांड में विनय त्यागी पर शिकंजा

अजय जड़ेगा गैंग के शूटर प्रवीण शर्मा की हत्या के मामले में ब्रह्मपुरी पुलिस ने 25 हजार के इनामी विनय त्यागी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार को ब्रह्मपुरी पुलिस ने धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई की। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विनय त्यागी पर इनाम घोषित होने के बाद पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुट गई हैं। 

पुलिस के मुताबिक ब्रह्मपुरी निवासी राजीव टूर्री 24 अप्रैल 2015 को घर से आरटीओ कार्यालय के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। एक अधिवक्ता ने बताया था कि कुख्यात विनय त्यागी और मोनू त्यागी ने राजीव टूर्री और प्रवीण शर्मा को अगवा कर लिया। गला दबाकर हत्या के बाद शव गढ़ रोड स्थित काली नदी में फेंक दिया। इस मामले में राजीव के भाई ने ब्रह्मपुरी थाने में विनय त्यागी के खिलाफ हत्या करने की शिकायत की थी। 

विनय त्यागी को 30 जनवरी 2017 को अपहरण मामले में देहरादून में गिरफ्तार किया था। उस समय विनय ने प्रवीण की हत्या करना कुबूल किया था। ब्रह्मपुरी पुलिस ने 2017 में विनय त्यागी के बयानों का रिकार्ड देहरादून के प्रेमनगर थाने से मंगाया था। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी ने बताया कि रिकॉर्ड बयानों के आधार पर विनय त्यागी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 465/2021 के अंतर्गत धारा 302, 34, 364 आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया गया था। विनय तब से ही फरार हैं। इस मामले में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी हुए थे।

03:50 PM, 12-Jun-2023

पिता पुत्र पर नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने किया जानलेवा हमला

सरधना थाना क्षेत्र के गांव बपारसी में रविवार देर रात अपने घेर में सोए पिता पुत्र पर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार ऋषि पाल पुत्र जयसिंह व गौरव पुत्र ऋषि पाल देर रात अपने घर में सोए हुए थे।

इस दौरान दीवार कूदकर अंदर घुसे नकाबपोश बदमाशों ने दोनों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिसमें गौरव की गर्दन से श्वास लेने की नस कट गई तो वही ऋषिपाल के पेट पर आधा दर्जन चाकू से वार किए गए। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

11:24 AM, 12-Jun-2023

बागपत रोड स्थित सरकारी गोदाम में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख

मेरठ के बागपत रोड स्थित सरकारी गोदाम में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया। बताया गया कि गोदाम में परचून का सामान रखा हुआ था। साथ ही शराब और बीयर की भी पेटियां रखी हुई थीं। आग की घटना के दौरान एक गाड़ी भी जलकर राख हो गई। सुबह चार बजे यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां सुबह चार बजे से आग बुझाने में जुटी हैं। 

10:13 AM, 12-Jun-2023

सिटी लॉजिस्टिक प्लान में शहरवासी भी देंगे सुझाव

मेरठ सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है। अब इसे लोगों के सुझाव के साथ गति दी जाएगी। शहरवासी बताएंगे कि शहर की मौजूदा तथा भविष्यगामी क्या बड़ी जरूरतें हैं, इन्हें किस तरह से पूरा किया जा सकता है। सोमवार को कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में स्टेक होल्डर्स की कमिश्नरी सभागार में शाम चार बजे बैठक में विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ  ही शहर के अग्रणी लोग भी शिरकत करेंगे।

परतापुर व सलारपुर में बनेंगे कंटेनर डिपो
फ्रेट कॉरीडोर, रैपिड रेल, मेट्रो आदि विकास परियोजनाओं के साथ ही शहर के चारों ओर एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया जा रहा है। इन विकास परियोजनाओं के तहत आने वाले समय में बढ़ती जनसंख्या के सापेक्ष जरूरत और सुविधाओं के तहत सिटी लॉजिस्टिक प्लान तैयार किया जा रहा है। 

शहर के दो किनारों दिल्ली रोड स्थित परतापुर क्षेत्र और मवाना रोड स्थित सलारपुर में कंटेनर डिपो बनाने की तैयारी है। अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी (यूएमटीसी) की ओर से शहर के अंदर चलने वाले भारी वाहनों को रोकने और कंटेनर डिपो से छोटे वाहनों के जरिये आसानी से सामान फैक्टरी तक पहुंचाने के लिए सिटी लॉजिस्टिक प्लान के लिए सर्वे किया गया है। 

10:12 AM, 12-Jun-2023

तापमान में हल्की गिरावट लेकिन गर्मी का कहर जारी

शनिवार शाम मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादलों की आवक के साथ तेज हवाएं चली। रविवार सुबह भी इसका असर रहा, दोपहर होते होते तेज धूप ने पसीने छुड़ा दिए। दिनभर तेज गर्मी व दोपहर में लू से लोगों को जूझना पड़ा। हालांकि, रविवार को दिन के अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 

मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि अभी मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में वृद्धि होगी। दिन का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

09:31 AM, 12-Jun-2023

Meerut News Live: महिला वकील के हत्यारोपी को पेशी के दौरान कोर्ट में पीटा, पुलिस गिरफ्त से फरार हुआ युवक फरार

बिजनौर में नूरपुर नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव होने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। उसकी मौत होने से परिजन भड़क गए और उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल का स्टाफ फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। 

कस्बे के मोहल्ला मोहम्मद नगर निवासी जाकिर उर्फ सैवन ने अपनी पुत्रवधू फरहीन को रविवार की रात साढे नौ बजे प्रसव पीडा होने पर नहटौर  रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार की सुबह करीब चार बजे उसने पुत्र को जन्म दिया।

बताया जाता हैं कि पुत्र को जन्म देने के बाद प्रसुता फरहीन की हालत बिगडने लगी। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक व अस्पताल स्टाफ ने उन्हे कमरे उसके पास जाने नही दिया।

कुछ समय बाद ही फरहीन की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनो ने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।

इस दौरान चिकित्सक समेत अस्पताल का सभी स्टाफ फरार हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर,कस्बा इंचार्ज विनोद कुमार, महिला उप निरीक्षक चंचल तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से जानकारी ली। पुलिस कार्यवाही में जुटी है। अभी कोई तहरीर मिलने से इंकार किया है। बताया जाता है कि इससे पहले रमजान माह में इसी अस्पताल में मोरना निवासी एक प्रसुता की मौत हुई थी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें