फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West UP News Live: फर्जी पासपोर्ट मामले में मेरठ पुलिस को नोटिस, सिपाही ने गोली मारकर की आत्महत्या

Fri, 03 May 2024 08:40 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
लॉरेंस बिश्नोई गैंग वेस्ट यूपी में बढ़ा रहा पैठ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:38 PM, 03-May-2024

अमरोहा में बागपत के सिपाही ने गोली मारकर की आत्महत्या 
 
बागपत पुलिस लाइन से संभल चुनाव ड्यूटी में 2015 बैच का सिपाही तैयब कल गया था। वह वहां से अमरोहा के जोया में अपने घर चला गया। बताया जा रहा है कि वहां घर में उसका पत्नी से विवाद हो गया। इस कारण ही उसने ड्यूटी पर लेकर गए रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि पत्नी से विवाद में गोली मारकर सिपाही के आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। वो चुनाव ड्यूटी में संभल गया था। संभल नजदीक होने के कारण वो अपने घर आ गया था, जिससे चुनाव ड्यूटी पर वही से चला जाए। वहां उसने आत्महत्या कर ली।

11:25 AM, 03-May-2024

मेरठ-बागपत मार्ग पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत

मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव रावा के पास शुक्रवार सुबह 3:00 बजे एक कार नियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में कर सवारी व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कोई भी पीड़ित अभी तक थाने नहीं पहुंचा है न ही दुर्घटना  की कोई तहरीर थानें में दी गई है। मृतक गांव जितरापुर खरखौदा क्षेत्र के किसी गांव का बताया गया है।

08:32 AM, 03-May-2024

बीमा पॉलिसी के नाम पर 14.21 लाख रुपये की ठगी

मेरठ में बीमा पॉलिसी के नाम पर युवक से 14.21 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने रेलवे रोड थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मधुबन कॉलोनी निवासी मयंक मित्तल ने बताया कि 2022 में उनके फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि कुछ बीमा पॉलिसी खरीदने पर उन्हें 10 लाख रुपये का ब्याज रहित ऋण मिलेगा। मयंक ने 4 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी खरीद ली। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी ने जानकारी दी कि ऋण प्राप्त करने के लिए उन्हें अधिक बीमा पॉलिसी खरीदनी होगी। उन्होंने असमर्थता जताई तो उन्हें धमकी दी गई कि अतिरिक्त भुगतान न करने और पॉलिसी न खरीदने पर ऋण की राशि नहीं मिलेगी। मजबूर होकर उन्हें 14.21 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ा। पुलिस ने फिरोज व आयुष गर्ग निवासी नांगलोई दिल्ली, मनोज यादव अमर कॉलोनी दिल्ली, सुमित ठाकुर आर्य समाज रोड उत्तम नगर दिल्ली और सुधीर यादव पांडव नगर पटेल नगर नई दिल्ली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

विज्ञापन
08:31 AM, 03-May-2024

कक्षा तीन के छात्र ने गढ़ दी अपहरण की कहानी 

मेरठ के कंकरखेड़ा में स्कूल जा रहे तीसरी कक्षा के छात्र ने बाइक सवार दो युवकों पर अपहरण करके ले जाने का आरोप लगा दिया। छात्र ने चलती बाइक से कूदकर जान बचाने की कहानी सुना दी। कंकरखेड़ा पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज चेक की तो वह कहीं नजर नहीं आ रहा। पुलिस का कहना है कि छात्र कहानी गढ़ रहा है।

आंबेडकर रोड निवासी युवक ने बताया कि उसकी ससुराल खतौली में है। उसके साले का 11 वर्षीय बेटा मेरठ में रहकर तीसरी कक्षा में पढ़ रहा है। सुबह वह अपनी बहनों के साथ स्कूल जा रहा था। एक दुकान पर वह सामान लेने रुक गया। दोनों बहनें स्कूल चली गईं। आरोप है कि स्पलेंडर बाइक सवार दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। वे उसे बाइक पर बिठाकर मुजफ्फरनगर की तरफ ले जाने लगे। टोल प्लाजा पार करने पर वह चलती बाइक से कूदकर किसी तरह भाग निकला। खतौली पहुंचने पर उसने पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। सीओ दौराला शुचिता सिंह का कहना है कि कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच की है, छात्र कहानी गढ़ रहा है, ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई।

08:06 AM, 03-May-2024

West UP News Live: फर्जी पासपोर्ट मामले में मेरठ पुलिस को नोटिस, सिपाही ने गोली मारकर की आत्महत्या

लॉरेंस बिश्नोई के दो गुर्गों के फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में एडीजी के संज्ञान लेने के बाद एसपी देहात ने कंकरखेड़ा पुलिस को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है।

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे राहुल कुमार और महेंद्र कुमार के फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में कंकरखेड़ा पुलिस, नगर निगम और एक बैंक के अधिकारियों की गर्दन भी फंस गई है।

बीकानेर पुलिस ने राहुल और महेंद्र के दुबई फरार होने के पीछे राजू वैध को मुख्य आरोपी बनाते हुए कंकरखेड़ा पुलिस, नगर निगम और बैंक के अधिकारी को भी लापरवाही का आरोपी बनाया है।

मामला एडीजी के संज्ञान में आया तो उन्होंने एसएसपी से रिपोर्ट मांगी। एसएसपी ने बताया कि जांच एसपी देहात को सौंपी है। एसपी देहात की ओर से कंकरखेड़ा पुलिस को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा गया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें