फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West UP News Live: फंदे पर लटका मिला MBBS का छात्र, सहारनपुर में एडीओ पंचायत निलंबित, युवती की माैत

Fri, 09 Aug 2024 11:53 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

सहारनपुर देहात कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में देहरादून निवासी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बागपत में तेंदुए का शव मिला है। बांदा में पढ़ रहे छात्र का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
विज्ञापन
निलंबित - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:49 AM, 09-Aug-2024

बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र रोहन कुमार (26) का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। तड़के पत्नी ने देखा तो वह दंग रह गई। सहपाठी के सहयोग से वह उसे लेकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। वहीं, छात्र के परिजनों ने पत्नी और सहपाठी छात्र पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया है। पिता ने कोतवाली में तहरीर भी दी है।

मेरठ जिले के गंगानगर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव निवासी रोहन कुमार शहर कोतवाली क्षेत्र के कुशवाहा नगर में किराए का मकान लेकर पत्नी पीलीभीत के विसलपुर गांव निवासी आकांक्षा (25) के साथ रहता था। रोहन ने बृहस्पतिवार तड़के साढ़े तीन बजे कमरे में लगे जंगले से दुपट्टे बांधकर फंदा लगा लिया।

पत्नी आकांक्षा की नींद खुली तो उसे फंदे से लटका पाया। उसने रोहन के मित्र धर्मेंद्र प्रताप सिंह (एमबीबीएस प्रथम वर्ष) को फोन कर बुलाया और रोहन के परिजनों को जानकारी दी। बाद में रोहन को मेडिकल कॉलेज में मृतत घोषित कर दिया गया।

देर शाम रोहन के पिता प्रवीण कुमार ने बताया कि आकांक्षा ने फोन पर सुबह बताया कि रोहन की डिप्रेशन की वजह से तबीयत खराब है, आप लोग आ जाइये। यहां आए तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। आकांक्षा को रोहन की पत्नी मानने से इन्कार करते हुए कहा कि रोहन ने कभी आकांक्षा का जिक्र उनसे नहीं किया। कोतवाली में आकांक्षा व रोहन के मित्र धर्मेंद्र प्रताप के खिलाफ रोहन के साथ मारपीट कर रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

11:47 AM, 09-Aug-2024

गबन के मामले में एडीओ पंचायत पर गिरी गाज, निलंबित

सहारनपुर ग्राम्य विकास आयुक्त ने एडीओ पंचायत प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया है। इन पर विकास कार्यों की धनराशि गबन करने का आरोप है। मंडलायुक्त ने समिति बनाकर जांच कराई थी, जिसमें यह दोषी पाए गए थे। एडीओ पंचायत पर निलंबन की कार्रवाई से विभाग में खलबली मची है।

दरअसल, मामला 2021 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का है। ग्राम पंचायतों में प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद तीन माह के लिए प्रशासक के तौर पर एडीओ, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को प्रशासक नियुक्त किया था। गंगोह निवासी एक व्यक्ति ने मंडलायुक्त के यहां शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि 98 ग्राम पंचायतों में प्रशासकों ने विकास कार्य के नाम पर आठ करोड़ रुपये का गबन किया है।

इस पर मंडलायुक्त ने संयुक्त विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति बनाई और जांच के आदेश दिए। समिति ने विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख मंगवाए गए, लेकिन अधिकारियों ने कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इनको नोटिस भी भेजे गए थे।

जांच अधिकारी ने रिपोर्ट मंडलायुक्त को सौंपी, जिसमें सभी आरोपी दोषी पाए गए। इसकी सूचना प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास व आयुक्त ग्राम्य विकास को भेजी गई। अब इस मामले में ग्राम विकास आयुक्त ने एडीओ पंचायत प्रमोद को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। वहीं सात आरोपी ग्राम सचिवों की वेतन वृद्धि भी रोकी गई है। इनसे भी रिकवरी होनी है। 

11:47 AM, 09-Aug-2024

बागपत में मादा तेंदुए का शव मिला

बड़ौत के दाहा क्षेत्र में निरपुड़ा गांव के जंगल में शुक्रवार को खेत पर पानी चला रहे किसान को तेंदुए के दो शावक देखें। जिसमें एक मृत पड़ा मिला, जबकि दूसरा किसानों को देखकर खेत में घुस गया। इससे किसानों में दहशत फैल गई। सूचना पर दोघट व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मादा शावक के शव को संतनगर नर्सरी ले गई।

विज्ञापन
11:22 AM, 09-Aug-2024

West UP News Live: फंदे पर लटका मिला MBBS का छात्र, सहारनपुर में एडीओ पंचायत निलंबित, युवती की माैत

सहारनपुर देहात कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में देहरादून निवासी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती की हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या की, पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसमें मौत का सही कारण पता चलेगा। 

दरअसल, देहरादून के सहस्त्रधारा निवासी मीनाक्षी महानगर की बालाजी धाम कॉलोनी में एक महिला के यहां रहती थी। युवती दो महीने पहले महिला के घर आई थी। 

गुरुवार की देर रात युवती छत से गिर गई थी। इसके बाद युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया था। जहां से पुलिस को युवती के मरने की सूचना दी गई। पता लगते ही देहात कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने उस महिला को भी हिरासत में लिया है, जिसके यहां युवती ठहरी हुई थी।

इसके साथ ही एक अन्य युवक को पकड़ा है, जो युवती का दोस्त बताया जा रहा है। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले को लेकर उलझी हुई है। क्योंकि, कॉलोनी में प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है। ऐसे में पुलिस के सामने खुलासा करना चुनौती बना हुआ है। युवती की हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या की। यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें