02:01 PM, 20-Oct-2023
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर केमिकल से भरे कैंटर में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने बुझाई
मेरठ में परतापुर थाना क्षेत्र के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर स्थित काशी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह मेरठ से दिल्ली जा रहे केमिकल से भरे एक कैंटर में अचानक भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
कैंटर की रफ्तार तेज होने की वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। जिसके बाद चालक और उसके साथी ने कैंटर की रफ्तार कम कर उसे साइड में खड़ा कर दिया और दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, इस दौरान एक्सप्रेस-वे जाम लग गया, जिसे हाईवे की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर खुलवाकर वाहनों को दूसरी लाइन से भेजा। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारण का अभी स्पष्ट पता नहीं चला है। कैंटर चालक से पूछताछ की जा रही है, इसके बाद ही कुछ बताया जा सकता है।