06:05 PM, 02-Feb-2024
सिंघावली अहीर थाने में निराश्रित गोंवशों को जमा करने का एलान
बागपत के बिनौली में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले गावड़ी के राजेश पायलट पब्लिक हाईस्कूल में हुई किसानों की महापंचायत में भाकियू पदाधिकारियों ने निराश्रित गोंवशों का जल्द समाधान न होने पर क्षेत्र के निराश्रित गाेंवशों को सिंघावली अहीर थाने में जमा करने का एलान किया गया। कहा कि किसानों के हकों व समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सरकार से आरपार की लड़ाई भी लड़ेंगे।
पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग की अवैध छापामारी, आवारा पशुओं द्वारा किसानों की फसल का नुकसान, नलकूपों पर जबरदस्ती मीटर लगाना, गन्ना मूल्य कम वृद्धि गन्ना भुगतान, देहात में सड़कों की बदहाली व पुलिस प्रशासन द्वारा बिना वजह लोगों को परेशान करना अब सहन नहीं किया जाएगा। किसान महापंचायत में मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि संगठित होकर अनुशासन में रहकर समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करें। यूनियन उनके साथ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन, बिजली विभाग के अधिकारियों व मिल अधिकारियों को सुधर जाने की नसीहत दी। जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी और आवारा गोवंश को इकट्ठा कर सिंघावली अहीर थाने में जमा कर देने की चेतावनी दी है। पंचायत में यूनियन के पदाधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।