फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: अनुसूचित जाति के युवक की हत्या मामले में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, पढ़ें ताजा खबरें

Thu, 18 May 2023 07:06 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठवासियों के लिए रेलवे जल्द ही एक और ट्रेन का तोहफा देने जा रहा है।अधिकारियों की मानें तो चालू माह के अंत तक यह ट्रेन नई दिल्ली से देहरादून के लिए रवाना की जाएगी। वहीं खरखौदा में पिटबुल कुत्ते ने एक बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पढ़ें ताजा खबरें।
विज्ञापन
अदालत का फैसला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:54 PM, 18-May-2023

बिजनौर में बुधवार-बृहस्पतिवार की मध्यम रात्रि जनपद में बारिश के साथ तेज आंधी आई। आंधी ने बिजली व्यवस्था को ध्वस्त किया। आंधी के साथ बारिश से पेड़, बिजली खंभे, लाइनें टूट गईं। इस आंधी से आम को दस प्रतिशत नुकसान हुआ। बिजली खंभे, तार टूटने, इन्सुलेटर बस्ट आदि का नुकसान होने से विभाग को करीब दस लाख रुपये की हानि हुई।

06:38 PM, 18-May-2023

किसान पर हमले में पिता-पुत्रों को पांच-पांच साल की सजा

मुजफ्फरनगर में छपार थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी गांव में 11 साल पहले किसान पर हमले में पिता-पुत्रों को पांच-पांच साल की सजा सुनाई गई। अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या एक के पीठासीन अधिकारी रितिश सचदेवा ने फैसला सुनाया।

सहायक शासकीय अधिवक्ता कुलदीप पुंडीर ने बताया कि 28 अक्तूबर 2010 को किसान उत्तम अपने भाई के साथ भैंसा-बुग्गी पर सवार होकर खेत में चारा लेने जा रहा था। गांव के बाहर हरपाल सिंह ने अपने पुत्र बबलू और सोमपाल के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। उत्तम घायल हो गया। वारदात का मुकदमा घायल के भाई जयकुमार ने दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल किया। प्रकरण की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या एक के पीठासीन अधिकारी रितिश सचदेवा ने की। तीनों दोषियों को पांच-पांच साल की सजा और 15-15 हजार रुपये के अर्थदंड की सुनाई गई है। अभियोजन की ओर से नौ गवाह पेश किए गए।

04:45 PM, 18-May-2023

अनुसूचित जाति के युवक की हत्या में मामले में दो सगे भाइयों को उम्रकैद

मुजफ्फरनगर में सात साल पहले अनुसूचित जाति के युवक की हत्या के मामले में दो सगे भाइयों को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई। विशेष न्यायालय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जन जनजाति (अत्याचार निवारण) के पीठासीन अधिकारी रजनीश कुमार ने फैसला सुनाया। 

जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राजीव शर्मा और विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र कमार शर्मा ने बताया कि भरतिया कॉलोनी निवासी सोनू सोनकर 20 फरवरी 2016 को शहर के ही अवध विहार में अपना मोबाइल रिपेयर कराने गया था। दुकान पर कहासुनी को लेकर अग्रसेन विहारी निवासी सगे भाई अनित व सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके ऊपर सरिया, हथौड़े और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बीच-बचाव के लिए आए अनिल शर्मा और अनुज चौधरी भी घायल हो गए। परिजनों ने गंभीर हालत में सोनू सोनकर को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया।   

उपचार के दौरान छह मार्च 2016 को सोनू की मौत हो गई थी। मृतक के तहेरे भाई मंगतराम ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल किया। प्रकरण की सुनवाई विशेष न्यायालय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जन जनजाति (अत्याचार निवारण) के पीठासीन अधिकारी रजनीश कुमार ने की। अदालत ने वारदात में सगे भाई अनित व सचिन को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास और 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड नहीं देने पर छह-छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

विज्ञापन
03:30 PM, 18-May-2023

भतीजे ने घर से निकाला, आत्महत्या का प्रयास कर रही वृद्धा को पुलिस ने बचाया

पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के दुल्हैड़ा चुंगी के समीप आत्महत्या का प्रयास कर रही वृद्धा को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचा लिया। वृद्धा को उसके भतीजे ने घर से निकाल दिया था। पल्लवुपरम थाना क्षेत्र के दुल्हैड़ा गांव निवासी महिला अथरकली पत्नी स्व सोहन लाल ने बताया कि उसके परिवार में कोई नहीं है। वह भतीजे के पास रहती थी। आरोप है कि उसे भतीजा परेशान करता था। पुलिस ने दूसरे भतीजा को बुलाकर वृद्धा उसकी साथ भेज दी।  

03:29 PM, 18-May-2023

दहेज हत्या में पति को 10 और सास-ससुर को 7-7 साल की सजा

न्यायालय अपर जिला जज कोर्ट संख्या 4 मेरठ उदयवीर सिंह ने दहेज हत्या के आरोप में आरोपी पति कुलदीप उर्फ सोनू पुत्र राजेंद्र, ससुर राजेंद्र पुत्र भगवत व सास कमलेश पत्नी राजेंद्र को दोषी पाते हुए पति को 10 साल के कारावास व सास ससुर को 7-7 साल की सजा सुनाई। सरकारी वकील वैभव कुमार सिंह ने बताया कि वादी मुकदमा जितेंद्र सिंह ने थाना परीक्षितगढ़ मेरठ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन सरिता की शादी 3 दिसंबर 2003 को आरोपी कुलदीप के साथ हुई थी।

शादी के बाद से वह उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे तथा सभी आरोपी दहेज की मांग करते रहते थे। 6 सितंबर 2007 को वादी के पास फोन आया कि तुम्हारी बहन की मृत्यु हो गई है। उसने अपने परिवार वालों के साथ आरोपी के घर जाकर देखा तो पाया उसकी बहन की लाश पड़ी है। पता चला कि उसकी बहन को जहर देकर मारा गया है। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हो गया। न्यायालय में आरोपियों ने कहा कि उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है, जिसका सरकारी वकील ने कड़ा विरोध किया। 

विज्ञापन
03:28 PM, 18-May-2023

साकिब अखलाक ने कराए वारंट रिकॉल

कोर्ट ने चेक बाउंस के मामले में शाहिद अखलाक के बेटे साकिब अखलाक के वारंट रिकॉल किए। दरअसल वादी आसिफ इकबाल पुत्र हाजी इकबाल निवासी श्याम नगर, लिसाड़ी गेट मेरठ ने मैसर्स अल साकिब एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर एवं पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के बेटे साकिब अखलाक के खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट के तहत वाद दायर किया था। 

आरोपी ने बुधवार को अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में वारंट कॉल कराने हेतु प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर न्यायालय ने सुनवाई करते हुए वारंट रिकॉल कर दिया। संवाद

03:24 PM, 18-May-2023

आंधी से बिजली व्यवस्था चौपट, आम को नुकसान

मुजफ्फरनगर जनपद में गुरुवार सुबह करीब तीन बजे आई तेज आंधी के चलते लोगों को मुसीबतें झेलनी पड़ी। पेड़ उखडकऱ बिजली लाइन पर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पुरकाजी, भोपा, छपार समेत अन्य क्षेत्रों में दोपहर के समय तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। पेयजल की समस्या हुई। आम की फसल को सबसे अधिक नुकसान है। विद्युत निगम के कर्मचारी लाइन ठीक करने में जुटे हुए हैं। 

03:24 PM, 18-May-2023

भगत सिंह मार्केट का एक और वीडियो वायरल

भगत सिंह मार्केट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब एक और वीडियो वायरल हो गया है। युवतियों के साथ युवक धक्कामुक्की, अभद्रता करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो करीब पंद्रह दिन पुराना है। भगत सिंह मार्केट का मामला शासन तक गूंज गया है।

वीडियो वायरल होने के बुधवार को भाजपा नेता अंकित चौधरी सीओ कोतवाली से मिलने गए। अंकित ने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। भाजपा नेता सचिन सिरोही का कहना है कि पुलिस को दूसरे वीडियो का भी संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। 

03:23 PM, 18-May-2023

रेस्टोरेंट में गलत गतिविधियों का आरोप लगाते हुए बजरंग दल का हंगामा

मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के एफ ब्लॉक शास्त्रीनगर में एक रेस्टोरेंट पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को यहां से हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विश्व हिंदू परिषद के महानगर सह धर्म प्रसार प्रमुख अश्वनी गुप्ता को कार्यकर्ताओं ने सूचना दी कि शास्त्रीनगर एफ ब्लॉक स्थित एक रेस्टोरेंट में गलत गतिविधियां चल रही हैं। सूचना पर अश्वनी गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। वहां मौजूद युवक-युवतियां भाग निकले। इसकी सूचना पाकर नौचंदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

अश्वनी गुप्ता ने बताया कि यहां दीवारों पर अश्लील स्लोगन लिखे गए हैं। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के पास से अश्लील सामग्री मिली है। पुलिस ने मौके पर मौजूद चार युवकों को हिरासत में लिया है। नौचंदी इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना का कहना है कि जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

02:44 PM, 18-May-2023
घर में घुसी कार - फोटो : अमर उजाला

अनियंत्रित होकर एक घर में घुसी पुलिसकर्मियों की कार

किरतपुर में बुधवार की रात मौअज्जमपुर मार्ग पर दो पुलिसकर्मियों की कार अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गई। जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिनकों अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुधवार रात भोजपुर निवासी एक महिला ने पुलिस कंट्रोल को सूचना दी कि उसे पड़ौस का एक व्यक्ति परेशान कर रहा है।जिसकी सूचना पर दोनों पुलिसकर्मी दीवान सुधीर कुमार और सिपाही समसपाल अपनी निजी एल्टो कार से भोजपुर पहुंचे और मामले का निस्तारण कराया। जिसके बाद वहां से लौटते समय गांव खेड़ी के सामने तेज रफ्तार पुलिस कर्मियों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे किसान सत्यवीर के घेर मे घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी पूरी दीवार गिर गई और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप घायल पुलिसकर्मियों को मौके से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर किसान ने भी अपने नुकसान की भरपाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरिक्षण रामपाल सिंह का कहना है कि हादसे में घायल पुलिसकर्मियों का उपचार चल रहा है।

09:45 AM, 18-May-2023

मेरठवासियों को मिलने जा रहा वंदेमातरम ट्रेन का तोहफा

रेलवे की तरफ से मेरठवासियों को भी वंदेमातरम ट्रेन का तोहफा मिलने जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो चालू माह के अंत तक यह ट्रेन नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर देहरादून रवाना की जाएगी। रेलवे के उच्चाधिकारी समयसारिणी बनाने में जुटे हैं, ताकि जनशताब्दी की समयसारिणी प्रभावित नहीं हो। रेलवे बोर्ड ने नई दिल्ली से देहरादून तक वंदेमातरम ट्रेन चलाने का विगत दिनों फैसला लिया था, जिसे अब मूर्त रूप देने में अधिकारी जुट गए हैं।

सूत्रों का कहना है कि मई के अंतिम सप्ताह में इस ट्रेन का संचालन शुरू किया जा सकता है। इसके बाबत स्थानीय रेलवे अधिकारियों को अवगत करा दिया है। अधिकारियों ने बताया कि वंदेमातरम ट्रेन की समयसारिणी बनाने का काम किया जा रहा है, ताकि इसका असर दिल्ली से देहरादून जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस पर नहीं पड़े।

उम्मीद है कि दो-तीन दिन में समयसारिणी बनाकर स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड भेज दी जाएगी। सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि दिल्ली-देहरादून के बीच वंदेमातरम एक्सप्रेस ट्रेन जल्द चलाई जाएगी। जब तक समयसारिणी नहीं मिलेगी तब तक नहीं बताया जा सकता है कि कब से संचालन होगा। 

09:23 AM, 18-May-2023

Meerut News Live: अनुसूचित जाति के युवक की हत्या मामले में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, पढ़ें ताजा खबरें

मेरठ के खरखौदा थानाक्षेत्र में गांव नरहेड़ा में आए एक पिटबुल कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे नौ वर्षीय बच्चे सूफियान पर हमला कर दिया। जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने कुत्ते को पकड़कर टंकी परिसर में बने एक कमरे में बंद कर दिया। उधर, बच्चे को दिल्ली रेफर किया गया है।

गांव नरहेड़ा निवासी आबिद का नौ वर्षीय बेटा सूफियान घर के बाहर खेल रहा था। बुधवार दोपहर गांव में घुसे एक पिटबुल कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े तो कुत्ता वहां से भाग गया। परिजनों ने सूफियान को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। 

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के गांव में यह कुत्ता किसी ने पाला होगा, लेकिन कुत्ता हमलावर होने के कारण उसने उसे आवारा छोड़ दिया। कुत्ता ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें