अनियमितता के आरोपों से घिरीं बुढ़ाना ब्लॉक प्रमुख के वित्तीय अधिकार सीज
मुजफ्फरनगर में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों से घिरीं बुढ़ाना ब्लॉक प्रमुख पाल्लो देवी के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए गए हैं। शासन ने आदेश जारी किए हैं।
मोहम्मदपुर राय सिंह गांव निवासी ब्लॉक प्रमुख पाल्लो देवी पर बुढ़ाना क्षेत्र में कराए गए कार्यों पर अनियमितता का आरोप है। शिकायतकर्ता ने ब्लॉक प्रमुख के कार्यों में गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। यही नहीं कार्यों के स्थान को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शासन ने जांच शुरू कराई।
मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया ने बताया कि शासन ने ब्लॉक प्रमुख के वित्तीय अधिकारी सीज करने के आदेश जारी किए है। उनके खिलाफ जांच जारी रहेगी। उधर, ब्लॉक प्रमुख के पुत्र विनोद मलिक का कहना है कि यह कार्य उनके समय के नहीं है। राजनीति के तहत उन्हें निशाना बनाया गया है। पूर्व प्रमुख अजीत उर्फ बबलू के समय के कार्यों को प्रशासन ने गलत तरीके से मेरे कार्यकाल के दर्शाए हैं। उन्हें तो अभी तक प्रशासन ने क्षेत्र में विकास कार्य ही नहीं कराने दिए।
सहारनपुर में पूर्व एमएलसी और खनन माफिया हाजी इकबाल के शहर में स्थित मकान पर पुलिस प्रशासन की टीम ने कुर्की की कार्रवाई की है। न्यू भगत सिंह कॉलोनी स्थित हाजी इकबाल के मकान से एक-एक सामान को पुलिस ने ट्रक में भरा है। इस दौरान सीओ मनीष चंद्र के अलावा 2 थानों के पुलिस और पीएसी बल भी मौजूद रहा। हाजी इकबाल पर गबन का आरोप है। एक ठेकेदार ने जून में माह में इकबाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया था कि ग्लोकल यूनिवर्सिटी में उनसे विभिन्न तरीके के काम कराए गए और उसका पैसा नहीं दिया गया। करीब 35 लाख रुपया इकबाल ने हड़प लिया।
पढ़ें पूरी खबर: Saharanpur News: पैसा हड़पने के मामले में खनन माफिया हाजी इकबाल की संपत्ति कुर्क, भारी पुलिस बल रहा मौजूद
मेरठ में बुधवार सुबह दिल्ली रोड पर जगदीश मंडप और ईरा मॉल के बीच सड़क धंसने के कारण हड़कंप मच गया। सूचना पर एनसीआरटीसी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रोड को ब्लॉक कर दिया है। बता दें कि इस रोड पर रैपिड रेल ट्रैक का भूमिगत निर्माण चल रहा है और कर्मचारी निर्माण कार्य में लगे हैं। संभावना जताई जा रही है कि इसी कारण सड़क का धंसाव हुआ है। बताया गया कि पाइप लाइन फटने की वजह से पूरे सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। फिलहाल इस रोड पर आवागमन बंद कर दिया गया है।
खरखौदा में पुलिस की निष्क्रियता के चलते क्षेत्र के गांव उलधन में बुधवार सुबह उठते ही फिर से दो पक्षों में मारपीट व जमकर फायरिंग हुई। पहले फायरिंग हुई बाद में दोनों पक्ष जंगल की ओर निकल गए जहां बाद में ईदगाह के पास फिर से जमकर फायरिंग हुई। उधर सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। हाथ में तमंचा लहराते हुए युवक वीडियोग्राफी में नजर आ रहा है।
ग्रामीणों ने एक दरोगा पर पूर्व में हुई दो फायरिंग की घटनाओं में उचित कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त दरोगा मिलीभगत कर आरोपी पक्ष को बिना कार्रवाई के ही क्लीन चिट दे देता है।
मेरठ मेें एसएसपी आवास के पास आईसीआईसीआई बैंक के बाहर शराब पीकर उत्पात मचा रहे और से अभद्रता कर रहे चार युवकों को पुलिस ने लाठियां फटकार दी। चार युवकों को पुलिस को पकड़ लिया।
एसएसपी आवास से चंद कदमों की दूरी पर आईसीआईसीआई बैंक है। मंगलवार रात बैंक के सामने सड़क पर गाड़ी खड़ी कर कुछ युवक हंगामा कर रहे थे। उन्होंने तेज आवाज में कार का डीजे बजा रखा था। वह कभी कार की छत पर चढ़कर नाचते तो कभी बोनट पर चढ़कर। हंगामा सुनकर किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कर दिया।
सूचना मिलते ही डायल 112 व लालकुर्ती थाने की जीप मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवकों को समझाने का प्रयास किया तो वह अभद्रता पर उतर आए और भुगतने की धमकी देने लगे। मामला बिगड़ता देख पुलिस चारों को कार सहित थाने ले आई और लॉकअप में बंद कर दिया। एसओ लालकुर्ती नरेश कुमार ने बताया कि युवक अत्याधिक नशे में धुत होकर हंगामा कर रहे थे। फिलहाल उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। सुबह परिजनों की सुपुर्दगी में छोड़ा जाएगा।
विधान सभा चुनावों में सस्ती बिजली का दिखाया गया सपना अब टूटता नजर आ रहा है। बिजली कंपनियों द्वारा नियामक आयोग को दी गई 15.85 प्रतिशत वृद्धि के साथ प्रस्तावित दरों से मेरठ के आठ लाख उपभोक्ताओं को पसीना छूटना शुरू हो गया है। तो विपक्षी दलों ने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया है।
बिजली कंपनियों ने इस बार प्रस्तावित दरों में जहां फिक्स चार्ज पर दस रुपये की वृद्धि प्रस्तावित की है वहीं, घरेलू और कॉमर्शियल विद्युत प्रति यूनिट में भी एक रुपये से 1.50 रुपये तक की बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव दिया है। अगर देहात का कोई परिवार प्रतिमाह 300 यूनिट से अधिक बिजली का उपयोग करता है तो उनको 5.50 रुपये प्रति यूनिट के स्थान पर सात रुपये प्रति यूनिट बिल भुगतान करना पड़ेगा।
शहरी घरेलू उपभोक्ता जो अभी तक 300 यूनिट से अधिक पर 6.50 रुपये प्रति यूनिट बिल भर रहे थे उनको आठ रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से भुगतान करना पड़ेगा। किसानों की ट्यूबवैल का प्रति कनेक्शन फिक्स चार्ज 170 से बढ़कर 190 हो जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में मीटर से संचालित ट्यूबवैल का फिक्स चार्ज 70 से 90 रुपये और प्रति यूनिट दो रुपये के स्थान पर 2.20 रुपये होगी।
दिन और रात कड़ाके की ठंड में गुजर रहे हैं। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है। दिन में कुछ देर के लिए निकली गुनगुनी धूप भी राहत नहीं दे पाई। सर्दी का सितम बढ़ने के साथ मंगलवार को भी दिनभर कोल्ड-डे कंडीशन बनी रही। बुधवार सुबह भी हल्का कोहरा छाया रहा और फिटुर आने वाली ठंड बरकरार है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि सुबह कोहरे के बाद दिन में मौसम साफ रहेगा और 12 जनवरी को सुबह के समय कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम और रात का तापमान सामान्य दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 16-17 डिग्री के आसपास रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 8 से ऊपर रहेगा। सुबह के समय कोहरा और फिर दिन में मौसम साफ रहेगा। 11 की मध्य रात्रि व 12 की सुबह के समय थंडरस्ट्रोम के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।