फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: मेरठ में मुठभेड़, दबोचा गया लूट करने वाला बदमाश, एक्सप्रेस-वे पर हादसे में तेंदुए की मौत

Wed, 18 Jan 2023 12:13 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मंगलवार को सुबह धूप खिली तो लोगों के चेहरे भी खिल गए। हालांकि शीतलहर का कहर जारी है, लेकिन धूप निकलने से सर्दी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं मेरठ के भामाशाह क्रिकेट स्टेडियम में रण जी के मैच में ओडिशा की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर रही है। देखें अब तक का स्कोर।
विज्ञापन
आरोपी गिरफ्तार। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:09 PM, 17-Jan-2023

मेरठ में मुठभेड़, दबोचा गया बदमाश 

मेरठ के किठौर में बहरोडा रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो बदमाश भागने में सफल हो गए। 

पकड़े गए बदमाश के पास से तीन दिन पूर्व मोदीनगर के सराफ से लूटी गई ज्वेलरी, पर्स आदि बरामद हुआ है। वहीं लूट में शामिल अर्टिगा कार भी पुलिस ने बरामद की है। 

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश अमरोहा जिले के ग्राम बनिया थीद गांव का रहने वाला ज़ुल्फिकार पुत्र अखलाक है।

09:34 PM, 17-Jan-2023

मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में तेंदुए की मौत हो गई। तेंदुए का शव सड़क किनारे पड़ा मिला है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पहुंचे।

09:03 PM, 17-Jan-2023

बेटी की हत्या में पिता-बेटे को उम्रकैद, आन की खातिर की थी हत्या

सहारनपुर में अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-2 सरला दत्ता ने आन की खातिर बेटी की हत्या करने के मामले में दोषी पाए गए पिता को बेटे समेत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने पिता-पुत्र पर 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड भी लगाया है।

सहायक शासकीय अधिवक्ता अमित त्यागी के अनुसार दो अक्टूबर 2016 को प्रधान वाली गली हौजखेड़ी निवासी हिफजुर्रहमान ने थाना कुतुबशेर में बेटी उजमा की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उसके मोहल्ले में रहने वाले शमीम के घर उसका रिश्तेदार मोहल्ला आली निवासी अताउर्रहमान आता जाता रहता था। जो हिफजुर्रहमान की लड़की उजमा के साथ छेड़छाड़ करता था। उसने अताउर्रहमान के खिलाफ पहले छेड़छाड़ की शिकायत भी की थी। जिस पर मोहल्ले वालों ने राजीनामा करके दोनों की शादी कराने का फैसला लिया था।

अताउर्रहमान शादी से बचने को टालमटोल करने लगा। जब उस पर शादी के लिए दबाव डाला तो वह उजमा को देख लेने की धमकी देने लगा था। रिपोर्ट में बताया था कि चार दिन पहले 28 सितंबर 2016 की रात को सब सोए हुए थे। अगले दिन सुबह देखा तो उजमा गैलरी में तख्त पर मृत पड़ी हुई थी। उसे शक है कि अताउर्रहमान ने शादी से छुटकारा पाने के लिए उसकी बेटी उजमा की हत्या कर दी है।

पुलिस ने अताउर्रहमान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आन की खातिर हत्या का मामला पाया। उजमा के घर वालों ने अताउर्रहमान से मिलकर वापस आते हुए उसे देख लिया था और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने विवेचना के उपरांत मृतका के पिता हिफजुर्रहमान और भाई शाजेब के खिलाफ हत्या व सबूत नष्ट करने की धारा में आरोप पत्र दाखिल किया।

सहायक शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि मामले की सुनवाई के उपरांत साक्षी और गवाहों के आधार पर उजमा की हत्या के मामले में दोषी पाते हुए अपर सत्र न्यायाधीश सरला दत्ता की अदालत ने पिता हिफजुर्रहमान व भाई शाजेब को आजीवन कारावास व 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। शाजेब जेल में था, जबकि पिता हिफजुर्रहमान जमानत पर था। सजा सुनाने के बाद अदालत ने दोनों पिता-पुत्र को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

विज्ञापन
08:40 PM, 17-Jan-2023

शांतनु के शतक की बदौलत मेहमान ओडिशा टीम मजबूत स्थिति में

मेरठ में मंगलवार को भामाशाह पार्क में उत्तर प्रदेश व ओडिशा के बीच रणजी ट्रॉफी के चार दिवसीय मुकाबले का आगाज हुआ। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ओडिशा की टीम ने शुरुआती झटकों के बाद संभलते हुए मैच में वापिसी की। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ओडिशा ने 82 ओवर में पांच विकेट खोकर 222 रन बना लिए हैं, जिसमें शतकवीर सलामी बल्लेबाज शांतनु मिश्रा 107 रन व अभिषेक राउत 43 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

पहले दिन मुख्यातिथि आयुक्त सेल्वा कुमारी जे, आईजी प्रवीण कुमार, मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति अध्यक्ष सुरेशचंद जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेलों का शुभारंभ किया। सुबह के समय नमी के चलते पिच ने बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। उत्तर प्रदेश के गेंदबाज शिवम मावी, कुणाल यादव ने शुरुआती ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। जिसमें कुणाल यादव ने सलामी बल्लेबाज अनुराग सारंगी को तीन रन के स्कोर पर चलता किया, जबकि ओडिशा के कप्तान शुभ्रांतु सेनापति को बिना खाता खोले ही क्लीन बोल्ड कर पवेलियन चलता किया। हालांकि स्टार गेंदबाज शिवम मावी को सफलता नहीं मिली, लेकिन उनकी जगह गेंदबाजी करने आए कार्तिकेय जयसवाल ने एक ही ओवर में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कार्तिक बिस्वास चार रन के निजी स्कोर पर और गोविंदा पोड्डर को 0 रन पर कैच आउट कराकर पेवलियन भेजा।

वहीं चार बल्लेबाज सस्ते में आउट होने के बाद पांचवें विकेट के लिए शांतनु और राजेश धूपर ने 126 रन की साझेदारी की। मेरठ के सौरभ कुमार ने जोड़ी को तोड़ते हुए 146 रन के स्कोर पर राजेश को मिड ऑन पर प्रियम के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। पहले दिन के खेल खत्म होने तक ओडिशा 82 ओवर में पांच विकेट खोकर 222 रन बना चुकी है। दोनों टीमों के लिए बुधवार को मैच का दुसरा दिन महत्वपूर्ण होगा।

07:23 PM, 17-Jan-2023

शुगर मिल के दूषित पानी पर रोक लगाने और गन्ना शिफ्ट फ्री कराने की मांग

बागपत जनपद के रमाला में बूढ़पुर गांव के किसानों ने अपनी गन्ने की शिफ्ट फ्री कराने और मिल के दूषित पानी पर रोक की मांग को लेकर मंगलवार को मिल में धरना दिया। उन्होंने समस्या का समाधान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।

शुगर मिल में पहुंचे किसानों ने अधिकारियों से गांव की गन्ने की शिफ्ट फ्री कराने की मांग की। मिल अधिकारियों के शिफ्ट फ्री करने से मना करने पर किसान धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना था कि मिल से निकलने वाले गंदे पानी और छाई से गांव के लोग परेशान है। गंदे पानी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। मिल की छाई से किसानों की फसल खराब हो रही है। जब तक मिल अधिकारी इस पर रोक नही लगाने पर किसानों ने धरना दिया। उन्होंने समस्या का समाधान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। 

किसानों ने कहा कि हमारे गांव की गन्ने की शिफ्ट फ्री होनी चाहिए। इस मौके पर बिजेन्द्र, सतेन्द्र, सचिन प्रधान, विकास, सुभाष, संजय, सुधीर, संजय, पवन, विरेन्द्र, सीटू, कृष्णपाल मौजूद रहे।

विज्ञापन
06:53 PM, 17-Jan-2023

विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

बिजनौर जनपद में चरथावल के कुटेसरा गांव में विवाहिता ने पंखे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंखे पर लटके शव को उतरवाया।

मंगलवार शाम करीब पांच बजे कुटेसरा गांव के मोहल्ला सुलेमान पट्टी में माजिदा (24) ने कमरे के पंखे में फंदा लगाकर जान दे दी। विवाहिता के काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर शक हुआ। कमरे का दरवाजा खटखटाया पर अंदर से कोई आवाज नहीं आने के कारण ससुराल वाले परेशान हो गए। इसी बीच किसी ने महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दे दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पंखे से लटके शव को उतारवाया। विवाहिता की मौत की खबर लगने पर गांव निवासी उसके मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ को हटाया। मृतका का पति मरगूब मजदूरी करता है, उसका निकाह करीब पौने सात साल पहले माजिदा के साथ हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया मामले में तहरीर मिलने के अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

05:04 PM, 17-Jan-2023
मीट दुकान संचालक - फोटो : अमर उजाला

मेरठ में मीट दुकान संचालकों ने थानेदार पर लगाया घूस मांगने का आरोप 

मेरठ के सिवालखास थाना क्षेत्र में मीट की दुकान करने वाले व्यापारियों ने थानेदार पर घूस मांगने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। मीट व्यापारियों का आरोप है कि थानेदार आए-दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। जिस पर एसएसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

दरअसल, सिवालखास में मीट की दुकान का संचालन करने वाले मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद अनस, मोहम्मद ताहिर और मोहम्मद राहत अली सहित लगभग दर्जनभर व्यापारी मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से थाना पुलिस और तमाम विभागों से एनओसी लेकर क्षेत्र में मीट की दुकानों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान थानेदार पिछले काफी समय से उनसे महीना मांग रहे हैं। व्यापारियों ने महीना देने से इनकार किया तो थानेदार ने व्यापारियों का उत्पीड़न शुरू कर दिया और आए-दिन उनकी दुकानें बंद करा देते हैं। व्यापारियों ने इस मामले में एसएसपी से कार्यवाही की मांग की। वहीं, एसएसपी ने पूरे प्रकरण में जांच के आदेश दिए हैं।

03:55 PM, 17-Jan-2023

सीटेट परीक्षा में पेपर लीक कराने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार 

सीटेट परीक्षा का पेपर लीक करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

मेरठ में सीटेट की परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में दो आरोपी सोमवीर निवासी खड़वाली सदर रोहतक, हरियाणा व महक सिंह निवासी गोधरपुर दीवाना जमुनापार, मथुरा मंगलवार सुबह एसटीएफ मेरठ ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने दो लाख में पेपर खरीदकर 2.50 लाख में बेचने की बात स्वीकार की है। इस गैंग का सरगना अमित बताया गया है, जोकि मथुरा का निवासी है। उसकी तलाश में एसटीएफ लगी है।

एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह के मुताबिक 28 दिसंबर 2022 से अलग-अलग जनपदों में सी-टेट की परीक्षा चल रही है। 13 जनवरी को लखनऊ निवासी अमित से आरोपी महक सिंह ने दो लाख रुपये देकर पेपर खरीदा था। सुबह 7 बजे वाली पाली से 30 मिनट पहले आरोपी ने दो अभ्यर्थियों ने यह पेपर बेचना बताया है। उसके बाद आरोपी महक सिंह और सोमवीर ने फरीदाबाद में पेपर बेचा। अब दोनों आरोपियों ने मेरठ में एक व्यक्ति से फोन पर बात की थी और चार अभ्यार्थी को 2.50-2.50 लाख में बेचना तय हुआ था। इससे पहले आरोपी पेपर बेचते कि एसटीएफ की टीम ने दोनों आरोपियों को कंकरखेड़ा में कैलाशी हॉस्पिटल के पास से दबोच लिया है। दोनों ने पूछताछ में कई लोगों के नाम बताए है। बताया गया कि गिरोह का सरगना आगरा का अमित है, जिसकी तलाश में यूपी एसटीएफ लगी हुई है।

हरियाणा से मथुरा तक नेटवर्क
सीटेट परीक्षा में सेंधमारी करने के लिए हरियाणा से मथुरा तक नेटवर्क फैलाया हुआ है। एसटीएफ की पूछताछ में सोमवीर ने बताया कि वह रोहतक हरियाणा में ढाबा चलाता है। वह महक सिंह व अन्य के साथ मिलकर पेपर लीक करते है। पेपर लीक करने के बाद वह अभ्यर्थियों को पढ़ाते व फिर उनसे पैसा लेकर पेपर दे देते है। उन्होंने मथुरा में 13 जनवरी को अभ्यार्थी को पेपर व्हाट्सएप पर भेजा था। उसके बाद फरीदाबाद में भी लीक हुआ पेपर अभ्याथियों को पढ़ाया है। महकसिंह ने बताया कि वह मथुरा में प्रॉपर्टी डीलिंग के आड़ में पेपर लीक करने के धंधा चलाता है। परीक्षा से दो घंटे पहले लीक हुआ पेपर अभ्यार्थी को देता था। वह लखनऊ के अमित से लीक हुआ पेपर खरीदता था। वह लखनऊ में दा मास्टर हब के नाम से कोचिंग चलता है। उसकी मुलाकात अमित से मथुरा में एक आश्रम में हुई थी।

03:17 PM, 17-Jan-2023

शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, सामान जला

सहारनपुर बड़गांव क्षेत्र के गांव कल्लनहेड़ी में सोमवार रात एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक लोग आग को नियंत्रित कर पाते, तब तक घर में रखी खाद्यान सामग्री के अलावा बर्तन, नकदी, कपड़ा, बिस्तर आदि जल चुके थे। 

कल्लनहेड़ी निवासी सलमान पुत्र सहजाद उर्फ नत्थू का गांव में मकान है। जो गरीब मजदूर है और मेहनत मजदूरी करके परिवार का जीवन यापन कर रहा है। उसके मकान की पक्की दीवार है, लेकिन छत कच्ची है। पीड़ित सलमान के अनुसार सोमवार रात विद्युत वॉयरिंग में शॉर्ट शर्किट हो गया। उससे निकली चिंगारी से इन्वर्टर के साथ बैट्री में बुरी तरह आग लग गई और मकान में रखा समस्त खाद्यान, कपड़ा, बर्तन, बेड़, चारपाई, गहने, नगदी आदि जलकर राख हो गए। रात्रि में पीड़ित परिवार की चीख पुकार सुनकर घर से उठ रहे धुएं का गुब्बार को देख पड़ौसी मौके पर पहुंचे और आग को बुझाने लगे। जब तक आग को नियंत्रित कर पाते, तब तक घर में अंदर रखा समस्त सामान जल चुका था। सलमान के अनुसार बैग में रखी करीब पांच हजार रुपये नकदी भी जल गई है। इस घटना से मजदूर का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। घटना के समय उक्त परिवार बराबर में बने एक कमरे में सोया हुआ था। पीड़ित के अनुसार उक्त आग लगने की घटना से उसका करीब ढाई लाख रूपये से ऊपर की संपति का नुकसान हुआ है।

03:13 PM, 17-Jan-2023

बागपत के किरठल में गलत शटडाउन देने से झुलसा लाइनमैन

बागपत के किरठल गांव में विद्युत लाइन ठीक कर रहा लाइनमैन करंट लगने से झुलस गया। परिजनों ने गंभीर हालत में लाइनमैन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के परिजनों ने किरठल बिजली घर के एसएसओ पर शटडाउन के बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू करने का आरोप लगाया। विद्युत निगम से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
किरठल गांव निवासी नयीम किरठल स्थित बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन है। मंगलवार सुबह  वह किरठल गांव के जंगल की हाइटेंशन विद्युत लाइन ठीक करने के लिए गया था। उसने बिजलीघर के एसएसओ से फोन पर शटडाउन लिया। एसएसओ ने कहा कि शटडाउन दे दिया। इसके बाद  विद्युत लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढा कर लाइनमैन ने जैसे ही बिजली के तार को हाथ से पकडा तभी तार मे बिजली होने से लाईनमैन को कंरट लग गया ।कंरट लगने से वह गंभीर रूप से बिजली से झुलस गया और नीचे आ गिरा। परिजनों ने लाइनमैन को निजी अस्पताल शामली में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।घायल लाइनमैन के परिजनों ने बिजली के एसएसओ के खिलाफ हंगामा किया ओर एसएसओ पर लापरवाही से विद्युत सप्लाई छोड़ने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने विद्यृुत निगम के अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी। लेकिन विद्युत अधिकारी नहीं पहुंचे। परिजनों में अधिकारियों के खिलाफ रोष व्याप्त है। इस संबंध मे बिजलीघर के जेई तेजप्रताप राव ने बताया कि लाइनमैन ने शटडाउन लिया था लेकिन एसएसओ ने खेत की लाइन का शटडाउन न देकर गांव की लाइन का शटडाउन दे दिया। जिससे ये हादसा हो गया।

02:16 PM, 17-Jan-2023

नील कमल हॉस्पिटल के मालिक के ड्राइवर से 50 हजार की लूट

मेरठ के नौचंदी थाना इलाके में गढ़ रोड स्तिथ राधा रानी मंडप के पास बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट को अंजाम दे डाला। बताया गया कि बैंक से पैसे लेकर जा रहे नील कमल हॉस्पिटल के मालिक राजेश रस्तौगी के चालक राजिंदर से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने नोटों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। लूट की जानकारी होने पर सीओ सिविल लाइन समेत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में फुटेज खंगाली।

ईव्ज चौराहा निवासी राजेश रस्तौगी का गढ़ रोड पर नील कमल के नाम से हॉस्पिटल है। उनकी पत्नी रुचि  रस्तौगी मंगल पांडे स्तिथ टाटा एआईजी इंसोरेंस कंपनी में जॉब करती है। उन्होंने मंगलवार को चालक राजिंदर को 50 हजार का चेक देकर बैंक से केश लाने को दिया था। चालक जब बैंक से पैसे लेकर पैदल ही जा रहा था इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाश आए और नोटों से बैग लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

01:17 PM, 17-Jan-2023
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी - फोटो : अमर उजाला

बोर्ड परीक्षा: बागपत में कंट्रोल रूम से किया गया केंद्रों का पूर्वाभ्यास

बागपत जिले में बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से परीक्षा केंद्रों का पूर्वाभ्यास किया गया। कार्यालय के अधिकारियों ने केंद्रों पर परीक्षा की तैयारी के लिए व्यवस्था देखी।

बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इनमे 31669 छात्र परीक्षा के लिए पंजीकरण है। 29 जनवरी से जिले में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू हो रही है। परीक्षा को लेकर जिला स्तर पर तैयारी तेज हो गई है। परीक्षा को लेकर मंगलवार को कंट्रोल रूम से केंद्रों का पूर्वाभ्यास किया गया। विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्थ सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, वाइस रिकॉर्डर के अलावा स्ट्रांग रूम, पेयजल, शौचालय व अन्य व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कंट्रोम रूम के नोडल अधिकारी अंतरिक्ष कुमार और परीक्षा प्रभारी गंगा दास गौतम ने बताया कि मंगलवार को कंट्रोल रूम का पूर्वाभ्यास किया गया। केंद्रों पर सभी वयवस्था ठीक मिली।

बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर मंगलवार को कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों का पूर्वाभ्यास किया गया। केंद्रों पर सभी व्यवस्था सही मिली। - रविंद्र कुमार,  जिला विद्यालय निरीक्षण

12:22 PM, 17-Jan-2023
रणजी मैच देखने पहुंचे दर्शक - फोटो : अमर उजाला

शुरुआती झटकों के बाद संभली ओडिशा की टीम

रणजी मैच में शुरुआती झटकों के बाद ओडिशा की टीम थोड़ी संभली है। लंच ब्रेक तक ओडिशा की टीम ने 27 ओवर में 4 विकेट पर 60 रन बनाए हैं। ताजा जानकारी के अनुसार ओडिशा की टीम 47 ओवर तक 4 विकेट खोकर 114 रन बना पाई है। इसमें शांतनु मिश्रा 48 रन और राजेश धूपर 58 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

ओडिशा पहले दिन का खेल खत्म होने तक- 87 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन बनाए। शांतनु मिश्रा 107 रन व अभिषेक राउत 43 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कुणाल यादव व कार्तिकेय जयसवाल 2-2 विकेट, सौरभ कुमार ने 1 विकेट लिया।

11:55 AM, 17-Jan-2023
हाजी याकूब कुरैशी व बेटा इमरान - फोटो : अमर उजाला

याकूब कुरैशी को सोनभद्र जेल में किया गया शिफ्ट

हाजी याकूब कुरैशी सोनभद्र, इमरान सिद्धार्थ नगर और फिरोज कुरैशी बलरामपुर जेल भेजे गए। जेल में हाजी याकूब से मिलने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी। इस संबंध में एक रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। इसके बाद सोमवार देर रात ही तीनों को दूर दराज की जेलों में भेज दिया गया।

पढ़ें पूरी खबर: Meerut News: हाजी याकूब कुरैशी को सोनभद्र, इमरान को सिद्धार्थनगर व फिरोज को बलरामपुर जेल में किया गया शिफ्ट

11:31 AM, 17-Jan-2023

ट्रक ने कक्षा-11 के छात्र को कुचला, मौत

शामली में मंगलवार सुबह बुढ़ाना रोड पर बलभद्र मंदिर के पास ट्रक से कुचलकर बाइक सवार कक्षा-11 के छात्र की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है। 
बलवा गांव निवासी लक्की बीएसएम स्कूल में कक्षा-11 का छात्र था। मंगलवार सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहा था। बुढ़ाना रोड पर बलभद्र मंदिर के पास ट्रक की साइड लगने से वह नीचे गिर गया। टूक का पिछला पहिया छात्र के ऊपर से उतर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि छात्र ने हेलमेट नहीं पहना था। छात्र की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

11:15 AM, 17-Jan-2023

ओडिशा की टीम को लगे शुरुआती झटके

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ओडिशा की टीम को शुरुआती झटके लगे हैं। 15 ओवर में 25 रन पर 4 विकेट ओडिशा की टीम ने गंवाए हैं। उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों में कुणाल यादव व कार्तिकेय जयसवाल ने 2-2 विकेट झटके। हालांकि शिवम मावी अभी खाली हाथ हैं, हालांकि उन्होंने किफायती गेंदबाजी की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनकर ओडिशा को अभी नुकसान में चल रही है। 

10:14 AM, 17-Jan-2023

रणजी मैच: ओडिशा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया

उत्तर प्रदेश (प्लेइंग इलेवन): ध्रुव जुयाल (विकेट कीपर), प्रियम गर्ग, अक्षदीप नाथ, रिंकू सिंह, समीर चौधरी, समर्थ सिंह, करण शर्मा (कप्तान), कुणाल यादव, सौरभ कुमार, शिवम मावी, कार्तिकेय जायसवाल। 

ओडिशा (प्लेइंग इलेवन): अनुराग सारंगी, शांतनु मिश्रा, सुभ्रांशु सेनापति (कप्तान), कार्तिक बिस्वाल, गोविंदा पोद्दार, प्रयास सिंह, राजेश धूपर (विकेटकीपर), अभिषेक राउत, जयंत बेहरा, सुनील राउल, सूर्यकांत प्रधान।

यूपी टीम की प्लेइंग इलेवन में मेरठ के चार खिलाड़ी शामिल - शिवम मावी, प्रियम गर्ग,  समीर चौधरी, सौरभ कुमार।

09:00 AM, 17-Jan-2023

स्टार्टअप इंडिया के लिए सीसीएसयू युवाओं को दे रहा मौका

यदि आपके पास स्टार्टअप का कोई आइडिया है तो आप सीसीएसयू के सहयोग से आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए आपको पंजीकरण कराना होगा। सीसीएसयू को अपना स्टार्टअप आइडिया बताकर आप इनाम भी पा सकते हैं। यदि आपका आईडिया बेहतरीन हुआ तो इसके लिए आपको इनाम भी दिया जाएगा।

पढ़ें पूरी खबर: Meerut News: स्टार्टअप आइडिया देकर सीसीएसयू के सहयोग से आगे बढ़ें युवा

08:53 AM, 17-Jan-2023

बिजनौर प्रशासन की यूपी बोर्ड परीक्षा नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पैनी निगाह है। प्रशासन ने डिप्टी कलेक्टर मांगेराम चौहान को जिला कंट्रोल रूम की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी नामित किया है। उधर डीआईओएस ने तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए हैं।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से प्रस्तावित है। प्रशासन परीक्षा नकलविहीन परीक्षा कराने की व्यवस्था बनाने में लगा है । जिले में 133 परीक्षा केंद्र बने हैं। परीक्षा केंद्रों को जिला कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों से आई पी एड्रेस मांगा गया है।

08:46 AM, 17-Jan-2023

Meerut News Live: मेरठ में मुठभेड़, दबोचा गया लूट करने वाला बदमाश, एक्सप्रेस-वे पर हादसे में तेंदुए की मौत

मेरठ कॉलेज के छात्र विजित तालियान पर हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी प्रिंस का शांति भंग में चालान कर दिया है, जबकि दूसरे आरोपी छात्र संघ के पूर्व महामंत्री चीकू का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मारपीट में चीकू भी घायल हो गया था। वहीं, कुछ छात्रों ने लालकुर्ती थाने में पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में ठीक से कार्यवाही नहीं की जा रही है। उन्होंने एसएसपी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।

सरधना के छुर गांव निवासी विजित तालियान के मुताबिक शुक्रवार रात पूर्व महामंत्री ने फोन कर आधे घंटे में हत्या करने की धमकी दी थी। बाद में नशे की हालत में आरोपी अपने साथी के साथ बेगमबाग स्थित विजित के फ्लैट के पास पहुंचा। यहां मौजूद छात्रों ने पूर्व महामंत्री और उसके एक साथी को पकड़ लिया था।

सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोपियों के पास धारदार हथियार भी थे। पुलिस ने पूर्व महामंत्री और उसके साथी प्रिंस निवासी गंगानगर को पकड़ लिया था, लेकिन बाद में पुलिस ने दोनो को छोड़ दिया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें