11:27 PM, 13-Feb-2023
मेरठ जिले में 32 केंद्रों पर सीबीएसई की परीक्षा देंगे 26,566 अभ्यर्थी
सीबीएसी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं कल से शुरू होने जा रही हैं। जनपद के कुल 26,566 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिले के 32 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। सीबीएसई ने जारी की डेटशीट के अनुसार बुधवार को कक्षा 10वीं की पेंटिंग विषय की परीक्षा सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे की पहली पाली में होगी, जबकि कक्षा 12वीं की उद्यमशीलता विषय की परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू होकर दोपहर 1.30 बजे संपन्न होगी।
सीबीएसई सिटी समन्वयक सुधांशु शेखर ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 26,566 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिसमें 10वीं के 14,042 और कक्षा 12वीं के 12,524 छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग लेंगे। बुधवार को होने वाली परीक्षा के लिए केंद्र घोषित किए जा चुके हैं। कक्षा 10वीं की पेंटिंग की परीक्षा बीआईटी ग्लोबल स्कूल, दयावती मोदी एकेडमी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, केके पब्लिक स्कूल सरधना, एमपीजीएस शास्त्रीनगर, एमपीएस मेन विंग में होगी।
वहीं, कक्षा 12वीं की उद्यमशीलता की परीक्षा दयावती मोदी एकेडमी, बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल, सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल, गार्गी गर्ल्स स्कूल, गोडविन पब्लिक स्कल, गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, द आर्यंस समेत सात केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू रूप से आयोजित करने के सारे इंतजाम किए जा चुके हैं। जिन स्कूलों में केंद्र बनाए गए हैं, वहां सभी सुविधाओं का भी जायजा ले लिया गया है। स्कूल संचालकों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।