03:49 PM, 08-Jun-2024
मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शराबी की गर्दन काटने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
मेरठ में शनिवार की दोपहर को उस समय पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया, जब पुलिस को एक शराबी द्वारा साथी शराबी की गर्दन काटने की सूचना मिली। जानकारी मिलने पर युवक के परिजन आरोपी को पकड़ लाए और घर में बंद करके उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शराबी युवक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में मामला दो शराबियों में मारपीट का निकाला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के मुताबिक, खुशहाल कॉलोनी का रहने वाला अशरफ पुत्र अली हसन की शुक्रवार की रात माधवपुरम स्थित शराब के ठेके पर श्यामनगर के रहने वाले इमरान के साथ कहासुनी हो गई थी। जानकारी के अनुसार, शनिवार की दोपहर भी माधवपुरम स्थित शराब के ठेके पर दोनों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई। जिसमें इमरान ने अशरफ की गर्दन में टाइल मारकर उसे घायल कर दिया। इसी बीच सड़क से गुजर रहे अशरफ के भतीजे साहिल ने घर जाकर शोर मचा दिया कि इमरान ने अशरफ का कत्ल कर दिया है। जिसके बाद बदहवास परिजन शराब के ठेके पर पहुंचे। जहां अशरफ नहीं मिला। इस दौरान परिजनों ने शराब के ठेके के निकट शराब पी रहे इमरान को पकड़ लिया। गुस्साए परिजन इमरान पर अशरफ की हत्या का आरोप लगाते हुए उसे उठाकर अपने साथ ले गए और अपने घर में बंद कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और इमरान को हिरासत में ले लिया। इमरान का कहना है कि अशरफ के गले में मामूली चोट आई थी, जिसके बाद वह शराब के ठेके से कहीं चला गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।